बीपीटी कोर्स: योग्यता, एडमिशन प्रोसेस, सिलेबस, फीस और करियर की जानकारी

2 minute read
BPT Course Details in Hindi

बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी (BPT) एक 4.5 वर्ष का ग्रेजुएट लेवल हेल्थकेयर कोर्स है, जिसमें चार साल की अकादमिक पढ़ाई और 6 महीने की अनिवार्य क्लिनिकल इंटर्नशिप शामिल होती है। यह कोर्स मूवमेंट डिसऑर्डर, रोग से उभरने की प्रक्रिया और पुनर्वास की तकनीकों पर केंद्रित है, जिससे छात्र रोगियों की शारीरिक समस्याओं का मूल्यांकन और उपचार कर सकें। यह कोर्स खासकर उन छात्रों के लिए उपयोगी है जो स्वास्थ्य सेवा, स्पोर्ट्स मेडिकल, पुनर्वास केंद्रों, अस्पतालों, क्लीनिक या पर्सनल प्रैक्टिस में करियर बनाना चाहते हैं।

इस ब्लॉग में आप BPT कोर्स की योग्यता, एडमिशन प्रोसेस, सिलेबस, फीस, करियर विकल्प और संभावित सैलरी सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से जानेंगे ताकि सही निर्णय लेने में मदद मिले।

विवरण बीपीटी कोर्स ओवरव्यू 
BPT की फुल फॉर्म बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी
कोर्स लेवल अंडरगेजुएट 
कोर्स की अवधि 4.5 वर्ष
इंटर्नशिप अनिवार्य 
एडमिशन क्राइटेरिया मेरिट और एंट्रेंस बेस्ड 
योग्यता 12वीं कक्षा साइंस स्ट्रीम (PCB)
एंट्रेंस परीक्षा CUET, NEET,  KCET, IPU CET, BCECE, LPU NEST (प्रवेश परीक्षा संस्थान और राज्य के अनुसार अलग-अलग)
भारत के प्रमुख कॉलेज IIHER पटना, BHU, KGMU, LPU जालंधर आदि 
जॉब प्रोफाइलफिजियोथेरेपिस्ट, फिटनेस और वेलनेस कंसल्टेंट, न्यूरो फिजियोथेरेपिस्ट, स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपिस्ट, फिजियोथेरेपी रिसर्च असिस्टेंट आदि। 
रोजगार के क्षेत्र सरकारी और निजी अस्पताल, पुनर्वास केंद्र, फिजियोथेरेपी क्लीनिक, फिटनेस सेंटर और जिम, मेडिकल कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान आदि। 
टॉप रिक्रूटर्स अपोलो अस्पताल, फोर्टिस हेल्थकेयर, मैक्स हेल्थकेयर, मेदांता – द मेडिसिटी, मणिपाल अस्पताल, कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल, ओलंपिक प्रशिक्षण केंद्र आदि। 

BPT कोर्स क्या है?

BPT का फुल फार्म ‘बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी है’, जो एक 4.5 वर्ष का अंडरग्रेजुएट (UG) कोर्स है जिसमें अकादमिक स्टडी और 6 महीने की अनिवार्य क्लीनिकल इंटर्नशिप शामिल होती है। यह कोर्स शारीरिक विकलांगता, गति की समस्याओं और पुनर्वास के आकलन, निदान और उपचार के लिए छात्रों को नॉलेज और स्किल प्रदान करता है।

फिजियोथेरेपी एक हेल्थकेयर प्रोफेशन है जिसमें शरीर की गतिशीलता, पेन मैनेजमेंट और कार्यात्मक सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसमें एक्सरसाइज, मैनुअल थेरेपी और अन्य तकनीकों का उपयोग होता है ताकि रोगी जल्दी ठीक हो सके और सामान्य जीवन वापस पा सके।

BPT कोर्स इसलिए चिकित्सा एवं संबद्ध स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दुर्घटना, चोट, सर्जरी के बाद रिकवरी और जीवन‑शैली से जुड़ी शारीरिक समस्याओं के इलाज में विशेषज्ञता प्रदान करता है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में बहुमूल्य योगदान मिलता है।

बीपीटी कोर्स क्यों करें?

बीपीटी कोर्स आज के समय में एक समझदारी भरा और भविष्य-सुरक्षित करियर विकल्प माना जाता है। इसके पीछे कुछ प्रमुख कारण निम्नलिखित हैं:

  • स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती जरूरत
    भारत में अस्पतालों, पुनर्वास केंद्रों, फिटनेस और वेलनेस क्लीनिकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही प्रशिक्षित फिजियोथेरेपिस्ट की मांग भी बढ़ रही है, जिससे BPT पास छात्रों के लिए रोजगार के अच्छे अवसर बनते हैं।
  • खेल और पुनर्वास क्षेत्र में बढ़ता अवसर
    खेल और फिटनेस के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण खेल फिजियोथेरेपी जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित विशेषज्ञों की जरूरत बढ़ी है। इसके अलावा जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों और बढ़ती उम्र की आबादी के कारण पुनर्वास सेवाओं की मांग भी लगातार बढ़ रही है।
  • निजी प्रैक्टिस और विभिन्न कार्यक्षेत्र
    BPT कोर्स के बाद छात्र अस्पतालों, खेल संस्थानों, फिटनेस केंद्रों, शोध संस्थानों और पुनर्वास क्लीनिकों में काम कर सकते हैं। अनुभव बढ़ने के साथ वे अपनी निजी प्रैक्टिस शुरू करने की दिशा में भी आगे बढ़ सकते हैं।
  • लंबे समय तक करियर की स्थिरता
    स्वास्थ्य क्षेत्र की निरंतर जरूरतों के कारण इस क्षेत्र में करियर की स्थिरता बनी रहती है। आगे चलकर उच्च अध्ययन या निजी प्रैक्टिस के साथ आय और करियर में आगे बढ़ने की संभावनाएं भी बेहतर होती हैं।

BPT कोर्स की अवधि और स्ट्रक्चर

बीपीटी (बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी) कोर्स की कुल अवधि, अकादमिक संरचना और क्लिनिकल ट्रेनिंग का सामान्य फ्रेमवर्क नीचे टेबल के माध्यम से दर्शाया गया है। यह स्ट्रक्चर छात्रों को चरणबद्ध तरीके से थ्योरी, प्रैक्टिकल स्किल्स और वास्तविक क्लिनिकल एक्सपोज़र के लिए तैयार करता है। अधिकांश भारतीय मान्यता प्राप्त संस्थानों में BPT कोर्स का यह स्ट्रक्चर लगभग समान रहता है।

पैरामीटरविवरण
कोर्स की कुल अवधि4.5 वर्ष
अकादमिक पढ़ाई4 वर्ष
क्लिनिकल इंटर्नशिप6 महीने (अनिवार्य)
कोर्स का स्वरूपथ्योरी, प्रैक्टिकल और क्लिनिकल ट्रेनिंग का संयोजन
प्रथम वर्षबेसिक मेडिकल साइंसेज और फिजियोथेरेपी की नींव तैयार करने पर फोकस
द्वितीय–तृतीय वर्षफिजियोथेरेपी टेक्नीक्स, प्रैक्टिकल स्किल डेवलपमेंट और क्लिनिकल ऑब्ज़र्वेशन
चतुर्थ वर्षएडवांस्ड क्लिनिकल एप्लीकेशन, केस-आधारित ट्रेनिंग और रिसर्च वर्क
इंटर्नशिप का स्वरूपविभिन्न विभागों में रोटेशन के साथ वास्तविक मरीजों पर कार्य अनुभव
डिग्री प्रदान करने की शर्त6 महीने की क्लिनिकल इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूर्ण करना अनिवार्य

बीपीटी कोर्स के लिए योग्यता

कैंडिडेट्स को यह जानना जरूरी है कि BPT एक अंडरग्रेजुएट कोर्स है, जिसमें स्पेशलाइजेशन नहीं होता। हालांकि कुछ संस्थानों में प्रवेश परीक्षा, न्यूनतम अंक या अन्य शर्तें अलग-अलग हो सकती हैं, इसलिए एडमिशन से पहले संबंधित कॉलेज की आधिकारिक जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए। नीचे बीपीटी कोर्स के लिए सामान्य योग्यता का विवरण दिया गया है:

क्राइटेरियाविवरण
शैक्षणिक योग्यता12वीं कक्षा साइंस स्ट्रीम (PCB विषयों के साथ)
न्यूनतम अंक50 प्रतिशत (आरक्षित वर्गों के लिए छूट संभव)
आयु सीमान्यूनतम 17 वर्ष

नोट: यहाँ दी गई योग्यता सामान्य जानकारी पर आधारित है। वास्तविक शर्तें विश्वविद्यालय, राज्य और प्रवेश प्रक्रिया के अनुसार अलग हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें: NEET के बिना मेडिकल कोर्स

BPT कोर्स के लिए प्रवेश परीक्षाएं (2026)

BPT कोर्स में एडमिशन के लिए राष्ट्रीय, राज्य और संस्थान स्तर पर अलग-अलग प्रकार की प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं, यहां कुछ परीक्षाओं की तिथियां बताई गई हैं:

एग्जाम नामस्तरएग्जाम डेट (2026)
NEET-UGराष्ट्रीयसंभावित: 3 मई 2026 (आधिकारिक तिथि NTA द्वारा घोषित की जानी बाकी)
CUET-UGराष्ट्रीय11 मई से 31 मई 2026
KCETराज्य (कर्नाटक)23 और 24 अप्रैल 2026
IPU CETयूनिवर्सिटीअप्रैल–मई 2026 (संभावित), तिथियों की आधिकारिक घोषणा अभी शेष
LPU NEST (परीक्षा केंद्र आधारित परीक्षा)यूनिवर्सिटी20 जनवरी से 05 फरवरी 2026
LPU NEST (दूरस्थ रूप से पर्यवेक्षित परीक्षा)यूनिवर्सिटी10 जनवरी से 05 फरवरी 2026

नोट: परीक्षा तिथियाँ संबंधित परीक्षा प्राधिकरण द्वारा जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन पर आधारित होती हैं और इनमें बदलाव संभव है। उम्मीदवारों को आवेदन से पहले आधिकारिक वेबसाइट जरूर चेक करनी चाहिए।

यह भी पढ़ें: BASLP कोर्स क्या है?

BPT एडमिशन प्रोसेस (स्टेप-बाय-स्टेप)

BPT कोर्स की सामान्य योग्यता पूरी करने के बाद एडमिशन की प्रक्रिया कुछ तय चरणों में पूरी होती है। अलग-अलग राज्यों और संस्थानों में प्रक्रिया में हल्का अंतर हो सकता है, लेकिन कुल मिलाकर एडमिशन का फ्लो नीचे दिए गए स्टेप्स के अनुसार रहता है:

  1. आवेदन: सबसे पहले कैंडिडेट को उस कॉलेज या यूनिवर्सिटी में आवेदन करना होता है, जहाँ वह BPT कोर्स में एडमिशन लेना चाहता है। अधिकांश संस्थान अपनी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन फॉर्म जारी करते हैं। आवेदन करते समय शैक्षणिक विवरण, पहचान प्रमाण, फोटो और अन्य आवश्यक जानकारी सावधानी से भरनी होती है।
  2. प्रवेश परीक्षा / मेरिट आधार: NCAHP के नए नियमों के अनुसार 2026-27 सत्र से BPT सहित कई एलाइड और हेल्थकेयर UG कोर्सेज में एडमिशन के लिए NEET-UG देना अनिवार्य होगा। हालांकि, कुछ संस्थानों या राज्यों में नियम अलग हो सकते हैं। इसलिए कैंडिडेट्स को संबंधित कॉलेज की आधिकारिक सूचना जरूर देखनी चाहिए।
  3. काउंसलिंग प्रक्रिया: प्रवेश परीक्षा या मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद काउंसलिंग प्रक्रिया आयोजित की जाती है। इसमें छात्र अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स विकल्प भरते हैं। काउंसलिंग राज्य स्तर या यूनिवर्सिटी अथॉरिटी द्वारा कराई जाती है, जिसके बाद रैंक और उपलब्ध सीटों के आधार पर कॉलेज अलॉट किया जाता है।
  4. डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन: सीट अलॉटमेंट के बाद कैंडिडेट्स को जरूरी दस्तावेज़ जमा करने होते हैं। आमतौर पर इसमें 12वीं की मार्कशीट, पहचान पत्र, जन्म तिथि प्रमाण, NEET स्कोरकार्ड (जहाँ लागू हो), पासपोर्ट साइज फोटो और अन्य संबंधित प्रमाण पत्र शामिल होते हैं। यह चरण एडमिशन की वैधता के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है। यहां उन डाक्यूमेंट्स का विवरण दिया गया है, जो एडमिशन के समय आमतौर पर वेरिफिकेशन के लिए मांगे जाते हैं:
    • कक्षा 10वीं मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट
    • कक्षा 12वीं मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट (+12 PCB)
    • पासपोर्ट साइज फोटोज 
    • आधार कार्ड, पासपोर्ट या अन्य वैध ID प्रूफ
    • बर्थ सर्टिफिकेट
    • कैरेक्टर सर्टिफिकेट
    • एंट्रेंस एग्जाम एडमिट कार्ड और स्कोरकार्ड
    • ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC)
    • माइग्रेशन सर्टिफिकेट
    • डोमिसाइल सर्टिफिकेट
    • कैटेगरी सर्टिफिकेट (SC/ST/OBC/EWS आदि के लिए, यदि लागू हो) 
  5. एडमिशन कन्फर्मेशन: अंतिम चरण में निर्धारित फीस जमा करनी होती है और कॉलेज द्वारा तय की गई सभी औपचारिकताएँ पूरी करनी होती हैं, जैसे डॉक्यूमेंट सत्यापन और मेडिकल फिटनेस। इन सभी स्टेप्स के पूरा होने के बाद ही बीपीटी कोर्स में एडमिशन कन्फर्म माना जाता है।

BPT कोर्स का सिलेबस

BPT कोर्स का सिलेबस थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों पर आधारित होता है, जिसमें कोर सब्जेक्ट्स के साथ क्लिनिकल ट्रेनिंग भी शामिल रहती है। इसका उद्देश्य छात्रों को फिजियोथेरेपी से जुड़े बेसिक कॉन्सेप्ट्स से लेकर एडवांस्ड ट्रीटमेंट एप्रोच तक की समझ देना होता है।

ध्यान दें: यहाँ दिया गया सिलेबस केवल सामान्य जानकारी के लिए (indicative) है। वास्तविक सिलेबस विश्वविद्यालय, राज्य अथॉरिटी और नियामक संस्था के अनुसार थोड़ा अलग हो सकता है।

प्रथम वर्ष का सिलेबस 

  • ह्यूमन एटॉमी
  • ह्यूमन फिजियोलॉजी
  • क्लिनिकल बायोकेमिस्ट्री
  • जनरल साइकोलॉजी
  • बेसिक नर्सिंग और फर्स्ट ऐड
  • इंग्लिश / कम्युनिकेशन स्किल्स
  • ओरिएंटेशन / इंट्रोडक्शन टू फिजियोथेरेपी

द्वितीय वर्ष का सिलेबस 

  • बायोमैकेनिक्स और काइन्सियोलॉजी
  • एक्सरसाइज थेरपी-I
  • इलेक्ट्रोथेरेपी-I
  • पैथोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी
  • फार्माकोलॉजी
  • क्लिनिकल ऑब्ज़र्वेशन/ प्रैक्टिकल ट्रेनिंग

तृतीय वर्ष का सिलेबस 

  • एक्सरसाइज थेरपी-II
  • इलेक्ट्रोथेरेपी-II
  • ऑर्थोपेडिक्स
  • जनरल मेडिसिन (इन्क्लूडिंग पीडियाट्रिक्स और साइकियाट्री)
  • जनरल सर्जरी
  • कम्युनिटी मेडिसिन/पब्लिक हेल्थ
  • रिसर्च मेथडोलॉजी और बायोस्टैटिस्टिक्स
  • क्लिनिकल रोटेटरी ट्रेनिंग

चतुर्थ वर्ष का सिलेबस 

  • ऑर्थोपेडिक कंडीशन्स में फिजियोथैरेपी
  • न्यूरोलॉजिकल कंडीशन्स में फिजियोथैरेपी
  • कार्डियोवैस्कुलर और रेस्पिरेटरी फिजियोथैरेपी
  • कम्युनिटी-बेस्ड रिहैबिलिटेशन में फिजियोथैरेपी
  • रिसर्च प्रोजेक्ट/सिनॉप्सिस
  • सुपरवाइज़्ड इंटर्नशिप/क्लिनिकल ट्रेनिंग

यह भी पढ़ें: ऑप्टोमेट्री कोर्स की पूरी जानकारी 

भारत के प्रमुख BPT कॉलेज और फीस

BPT कोर्स के लिए कुछ प्रमुख कॉलेज और संस्थानों की सूची नीचे दी गई है, जहाँ फिजियोथेरेपी से संबंधित कोर्स उपलब्ध कराए जाते हैं। यह सूची केवल संकेतात्मक (indicative) है। किसी भी कॉलेज की गुणवत्ता, फैकल्टी और सीट उपलब्धता समय-समय पर बदल सकती है, इसलिए एडमिशन से पहले आधिकारिक वेबसाइट और मान्यता की जानकारी अवश्य जांचें।

सरकारी संस्थान

BPT कोर्स ऑफर करने वाले सरकारी कॉलेजBPT कोर्स की कुल फीस (INR)
स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IPGMER), चंडीगढ़10,500
पंडित भगवत दयाल शर्मा स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान41,000
जामिया मिलिया इस्लामिया1 लाख
केरल यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (KUHS)1.35 लाख
दिल्ली फार्मास्युटिकल साइंसेज एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी (DPSRU)2.4 लाख
गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी (GGSIPU)3.15 लाख
जामिया हमदर्द6.6 लाख

प्राइवेट संस्थान

BPT कोर्स ऑफर करने वाले प्राइवेट कॉलेजBPT कोर्स की कुल फीस (INR)
अपोलो फिजियोथेरेपी कॉलेज3.08 लाख
क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज, लुधियाना (CMC)3.23 लाख
एपेक्स यूनिवर्सिटी, जयपुर3.60 लाख
महर्षि मार्कंडेश्वर विश्वविद्यालय (MMU), मुलाना5.11 लाख
पारुल यूनिवर्सिटी, गुजरात6.66 लाख
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU)7.2 लाख
एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा7.56 लाख
दत्ता मेघे उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (DMIHER)7.8 लाख
सेवइथा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेज (SIMATS), चेन्नई8.55 लाख
कस्तूरबा मेडिकल कॉलेज (KMC), कर्नाटक9.36 लाख
एमएस रमैया मेडिकल कॉलेज, बेंगलुरु14 लाख
डी वाई पाटिल विश्वविद्यालय, नवी मुंबई34 लाख

ध्यान दें: फीस कॉलेज, राज्य और कोटा (Government/Private) के अनुसार काफी भिन्न हो सकती है। फीस में परीक्षा, लैब और अन्य एडमिनिस्ट्रेशन शुल्क अलग से शामिल हो सकते हैं, इसलिए सटीक जानकारी के लिए संबंधित कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट देखना जरूरी होता है।

BPT में इंटर्नशिप और क्लिनिकल ट्रेनिंग

BPT में इंटर्नशिप और क्लिनिकल ट्रेनिंग अत्यंत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि यह छात्रों को क्लासरूम थ्योरी को सीधे क्लिनिकल प्रैक्टिस में बदलने का अवसर देती हैं। सिद्धांत में सीखी गई बातें जैसे रोगी का मूल्यांकन, उपचार योजना बनाना और थेरपी तकनीक का उपयोग, इन्हें प्रत्यक्ष रूप से अस्पतालों, रिहैबिलिटेशन सेंटर्स और क्लीनिक में लागू करना सीखते हैं, जिससे प्रैक्टिकल स्किल्स और प्रोफेशनल कॉन्फिडेंस डेवलप होता है।

इस प्रैक्टिकल एक्सपीरियंस से छात्र रोगियों के साथ संवाद, विविध चिकित्सीय स्थितियों का प्रबंधन और नैदानिक निर्णय‑निर्माण सीखते हैं, जो केवल पुस्तकों से संभव नहीं है। कई BPT पाठ्यक्रमों में यह अनिवार्य कंपोनेंट होता है, ताकि छात्र स्वतंत्र रूप से प्रोफेशनल रूप से काम कर सकें।

BPT कोर्स के बाद करियर ऑप्शन्स

BPT कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद छात्र हेल्थकेयर और रिहैबिलिटेशन से जुड़े कई क्षेत्रों में अपना करियर बना सकते हैं। फिजियोथेरेपी एक ऐसा प्रोफेशन है, जहाँ अनुभव के साथ-साथ करियर के विकल्प भी धीरे-धीरे बढ़ते जाते हैं।

  • हॉस्पिटल और क्लिनिक: BPT ग्रेजुएट्स सरकारी और निजी अस्पतालों, मल्टी-स्पेशलिटी हॉस्पिटल्स और क्लिनिक में फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में काम कर सकते हैं। यहाँ वे ऑर्थोपेडिक, न्यूरोलॉजिकल और पोस्ट-सर्जरी रिकवरी से जुड़े मरीजों के साथ काम करते हैं।
  • स्पोर्ट्स और फिटनेस सेंटर: स्पोर्ट्स अकादमी, जिम, फिटनेस और वेलनेस सेंटर्स में फिजियोथेरेपिस्ट खिलाड़ियों और फिटनेस क्लाइंट्स की इंजरी प्रिवेंशन, रिकवरी और परफॉर्मेंस सुधार में मदद करते हैं। यह क्षेत्र खासतौर पर युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
  • रिहैबिलिटेशन सेंटर: स्ट्रोक, ट्रॉमा, एक्सीडेंट या सर्जरी के बाद मरीजों की फिजिकल रिकवरी में रिहैबिलिटेशन सेंटर्स की अहम भूमिका होती है। BPT ग्रेजुएट्स यहाँ लॉन्ग-टर्म पेशेंट के साथ काम करके स्थिर और संतोषजनक करियर बना सकते हैं।
  • अकादमिक और रिसर्च: उच्च शिक्षा (जैसे MPT) के बाद छात्र कॉलेजों में टीचिंग, ट्रेनिंग या रिसर्च से जुड़े क्षेत्रों में जा सकते हैं। यह विकल्प उन छात्रों के लिए उपयुक्त होता है जो क्लिनिकल प्रैक्टिस के साथ-साथ अकादमिक फील्ड में रुचि रखते हैं।
  • प्राइवेट प्रैक्टिस: आवश्यक अनुभव और स्थानीय नियमों का पालन करने के बाद BPT ग्रेजुएट्स अपना निजी फिजियोथेरेपी क्लिनिक भी शुरू कर सकते हैं। इसमें मरीजों के साथ डायरेक्ट काम करने के साथ-साथ आय की संभावनाएँ भी धीरे-धीरे बढ़ती हैं।
  • गवर्नमेंट जॉब्स: सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य विभाग, सेना, रेलवे और अन्य सरकारी संस्थानों में फिजियोथेरेपिस्ट के पदों पर भर्ती निकलती रहती है। ये नौकरियाँ स्थिरता और लंबे समय की सुरक्षा प्रदान करती हैं।

BPT के बाद करियर की दिशा छात्र की रुचि, अनुभव, कार्यक्षेत्र और आगे की पढ़ाई पर निर्भर करती है। यह कोर्स उन छात्रों के लिए उपयुक्त है जो सीधे मरीजों के साथ काम करते हुए हेल्थकेयर सेक्टर में व्यावहारिक करियर बनाना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें: लैब टेक्नीशियन कैसे बनें

BPT कोर्स के बाद सैलरी

BPT के बाद सैलरी आपके एक्सपीरियंस, जॉब सेक्टर, कंपनी और शहर के हिसाब से भिन्न हो सकती है। यहां कुछ प्रमुख जॉब प्रोफाइल के साथ सैलरी रेंज AmbitionBox 2026 के अनुसार नीचे दी गई है:

जॉब प्रोफाइल अनुमानित सैलरी (सालाना INR) 
क्लिनिकल फिजियोथेरेपिस्ट2.9 लाख – 3.2 लाख 
स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपिस्ट4.7 लाख – 5.2 लाख
न्यूरो केयर हॉस्पिटल फिजियोथेरेपिस्ट3.4 लाख – 3.8 लाख
रिहैबिलिटेशन स्पेशलिस्ट3.8 लाख – 4.2 लाख 
सीनियर फिजियोथेरेपिस्ट4.4 लाख – 4.8 लाख 

सोर्स: https://www.ambitionbox.com/profile/clinical-physiotherapist-salary
https://www.ambitionbox.com/profile/sports-physiotherapist-salary/new-delhi-location
https://www.ambitionbox.com/salaries/neuro-care-hospital-salaries/physiotherapist
https://www.ambitionbox.com/profile/rehabilitation-specialist-salary
https://www.ambitionbox.com/profile/senior-physiotherapist-salary

BPT बनाम अन्य मेडिकल व पैरामेडिकल कोर्स

मेडिकल और पैरामेडिकल क्षेत्र में कई कोर्स उपलब्ध हैं, जिनके नाम और काम अक्सर एक-दूसरे से मिलते-जुलते लगते हैं। ऐसे में छात्रों के लिए यह समझना जरूरी हो जाता है कि BPT किस तरह का कोर्स है और यह अन्य लोकप्रिय विकल्पों से कैसे अलग है। नीचे BPT की तुलना कुछ प्रमुख मेडिकल और पैरामेडिकल कोर्सेज़ से की गई है, जिससे सही करियर निर्णय लेने में आसानी हो सके:

BPT बनाम BSc नर्सिंग

तुलनात्मक मानदंडBPT BSc नर्सिंग
कोर्स की अवधि 4.5 वर्ष (अनिवार्य इंटर्नशिप) 4 वर्ष 
अकादमिक फोकस शारीरिक पुनर्वास, एक्सरसाइज थेरेपी, इलेक्ट्रोथेरेपी और मैनुअल थेरेपीक्लिनिकल पेशेंट केयर, इमरजेंसी, ICU और समुदाय स्वास्थ्य प्रबंधन
काम का स्वरूप फिजिकल मूवमेंट, स्ट्रेंथ इम्प्रूवमेंट, फंक्शनल रिकवरी पेशेंट की समग्र देखभाल, दवा प्रशासन और मॉनिटरिंग  
करियर ऑप्शन रिहैबिलिटेशन, स्पोर्ट्स, ऑर्थोपेडिक एंड न्यूरो केयर  अस्पताल, नर्सिंग होम, कम्युनिटी हेल्थ 

BPT बनाम ऑक्यूपेशनल थेरेपी (OT)

तुलनात्मक मानदंडBPT ऑक्यूपेशनल थेरेपी
मुख्य फोकस क्लिनिकल ट्रेनिंग, फिजिकल रिहैबिलिटेशन, स्ट्रेंथ इम्प्रूवमेंट मरीजों को दैनिक कार्य (जैसे कपड़े पहनना, खाना, काम करना) करने में सक्षम बनाना। 
ट्रीटमेंट मेथड एक्सरसाइज थेरेपी, इलेक्ट्रोथेरेपी, मैनुअल तकनीक दैनिक कार्यों की ट्रेनिंग सहित सेंसरी इंटीग्रेशन तकनीक 
फोकस एरिया मासपेशियां, नर्व, जोड़ और मूवमेंट फंक्शनल एबिलिटी और लाइफ स्किल 
करियर ऑप्शनअस्पताल, जिम, स्पोर्ट्स सेंटर, रिहैब सेंटर रिहैब सेंटर और स्पोर्ट आधारित सेवाएं 

BPT के अलावा MLT कोर्स की जानकारी भी उन छात्रों के लिए उपयोगी हो सकती है जो डायग्नोस्टिक और लैब-आधारित हेल्थकेयर करियर में रुचि रखते हैं।

BPT के बाद हायर एजुकेशन के ऑप्शन 

BPT कोर्स पूरा करने के बाद छात्र अपनी रुचि और करियर लक्ष्य के अनुसार हायर एजुकेशन के विभिन्न विकल्प चुन सकते हैं। ये विकल्प क्लिनिकल प्रैक्टिस, अकादमिक, रिसर्च और हेल्थकेयर मैनेजमेंट जैसे अलग-अलग करियर पाथ को आगे बढ़ाने में मदद करते हैं। BPT के बाद उपलब्ध प्रमुख हायर स्टडी विकल्प इस प्रकार हैं:

  • मास्टर ऑफ फिजियोथेरेपी (MPT)
  • MSc इन फिजियोथेरेपी
  • मास्टर इन पब्लिक हेल्थ (MPH)
  • पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा इन फिजियोथेरेपी
  • PhD इन फिजियोथेरेपी
  • MBA इन हॉस्पिटल और हेल्थकेयर मैनेजमेंट

FAQs 

क्या BPT डॉक्टर की तरह दवाइयों का प्रिस्क्रिप्शन दे सकता है?

नहीं, BPT प्रोफेशनल डॉक्टर की तरह दवाइयों का प्रिस्क्रिप्शन नहीं दे सकते। फिजियोथेरेपिस्ट का मुख्य काम एक्सरसाइज थैरेपी, मूवमेंट रिकवरी और रिहैबिलिटेशन तकनीकों के जरिए मरीज की शारीरिक स्थिति में सुधार करना होता है। वे डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाओं के विकल्प के रूप में नहीं, बल्कि इलाज की सपोर्टिव थेरेपी के रूप में काम करते हैं। हालांकि, कुछ संस्थानों में बेसिक पेन-मैनेजमेंट और इलेक्ट्रोथेरेपी से जुड़ी प्रक्रियाओं की ट्रेनिंग दी जाती है, लेकिन दवा लिखने का अधिकार नहीं होता।

BPT और DPT में क्या अंतर होता है?

BPT और DPT दोनों ही फिजियोथेरेपी से जुड़े कोर्स हैं, लेकिन इनके स्तर और उद्देश्य अलग होते हैं। BPT एक अंडरग्रेजुएट कोर्स होता है, जो 12वीं के बाद किया जाता है और इसमें फिजियोथेरेपी की बुनियादी और क्लिनिकल ट्रेनिंग दी जाती है। वहीं DPT (डॉक्टर ऑफ फिजियोथेरेपी) आमतौर पर पोस्टग्रेजुएट या प्रोफेशनल डॉक्टरेट-लेवल प्रोग्राम माना जाता है, जो कुछ देशों में उपलब्ध है। भारत में मुख्य रूप से BPT के बाद MPT को ज्यादा मान्यता प्राप्त करियर पाथ माना जाता है।

क्या BPT करने के बाद ‘डॉ.’ लिखना कानूनी रूप से सही है?

BPT एक मान्यता प्राप्त हेल्थकेयर डिग्री है, लेकिन भारत में BPT करने के बाद अपने नाम के साथ “डॉ.” लिखना कानूनी रूप से पूरी तरह स्पष्ट नहीं माना जाता। फिजियोथेरेपिस्ट डॉक्टर नहीं होते, बल्कि वे मेडिकल प्रोफेशनल की कैटेगरी में आते हैं। इसलिए क्लिनिक या प्रोफेशनल प्रैक्टिस में “Physiotherapist” या “BPT” लिखना ज्यादा सुरक्षित और सही माना जाता है। कुछ जगहों पर अलग परंपरा देखने को मिल सकती है, लेकिन आधिकारिक नियमों में इसकी स्पष्ट अनुमति नहीं दी गई है।

क्या BPT के बाद विदेश में काम करने के लिए अलग लाइसेंस या परीक्षा देनी होती है?

हाँ, BPT करने के बाद विदेश में काम करने के लिए ज़्यादातर देशों में अलग लाइसेंस या क्वालिफिकेशन प्रोसेस पूरा करना होता है। हर देश की अपनी रेगुलेटरी बॉडी होती है, जो डिग्री की मान्यता, भाषा से जुड़ी योग्यता और कभी-कभी प्रैक्टिकल असेसमेंट भी मांगती है। जैसे UK, ऑस्ट्रेलिया या कनाडा में काम करने से पहले वहां की फिजियोथेरेपी काउंसिल में रजिस्ट्रेशन जरूरी होता है। इसलिए विदेश में करियर बनाने से पहले उस देश की आधिकारिक गाइडलाइंस जरूर देखनी चाहिए।

हमें उम्मीद है कि इस लेख से आपको BPT कोर्स से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी स्पष्ट रूप से मिल गई होगी। अगर आप हेल्थकेयर और पैरामेडिकल कोर्स से जुड़े ऐसे ही और विकल्प समझना चाहते हैं, तो Leverage Edu पर उपलब्ध अन्य हिंदी कोर्स-गाइड्स भी देख सकते हैं।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*