स्कूल असेंबली के लिए 4 मई की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
AI के साथ सारांशित करें
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 4 May 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 4 मई, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 4 मई 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 4 मई की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं:

  1. विश्वभर में 4 मई को ‘अंतर्राष्ट्रीय अग्निशामक दिवस’ (International Firefighters Day 2026) मनाया जाता है। इस अवसर पर अग्निशामकों की बहादुरी और सेवा का सम्मान किया जाता है, साथ ही ड्यूटी के दौरान शहीद हुए अग्निशामकों को श्रद्धांजलि दी जाती है।
  2. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 4 मई को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में ‘रक्षा त्रिवेणी संगम’ विषय पर उत्तर प्रौद्योगिकी संगोष्ठी का उद्घाटन करेंगे।
  3. 4 मई को असम, पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनावों की मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी, जबकि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के मतों की गणना सुबह 8:30 बजे से प्रारंभ होगी। शुरुआती रुझान दोपहर तक सामने आने की संभावना है।
  4. पंचायत विकास योजनाओं की तैयारी पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला 4 मई से नई दिल्ली में शुरु होगी। इस कार्यशाला में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वर्ष 2026-27 की पंचायत विकास योजनाएं 16वें वित्त आयोग की शर्तों के अनुरूप हों।
  5. भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप ‘गैलेक्सी’ ने कैलिफोर्निया से स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट से विश्व के पहले ऑप्टोसार सैटेलाइट ‘मिशन दृष्टि’ (Mission Drishti) का प्रक्षेपण किया है। यह दुनिया का पहला ऑप्टोसार सैटेलाइट है, जो बादल और अंधेरे में भी साफ और हाई-रेजोल्यूशन तस्वीरें ले सकता है।
  6. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. आर बालासुब्रमण्‍यम और डॉ. जोराम अनिया को नीति आयोग का पूर्णकालिक सदस्‍य नियुक्‍त किया है।
  7. सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने मशहूर गीतकार और लेखक प्रसून जोशी को भारत के लोक सेवा प्रसारक, प्रसार भारती का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
  8. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में रीढ़ की गंभीर बीमारी के इलाज में बड़ी सफलता मिली है। यह तकनीक सर्जरी के दौरान रीढ़ की स्थिरता बनाए रखने में मदद करती है और जटिलताओं के जोखिम को कम करती है।
  9. हाल ही में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने ‘राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम’ (RBSK) के दूसरे चरण के दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसमें गैर-संक्रामक रोगों, मानसिक स्वास्थ्य स्थितियों और व्यवहार संबंधी चिंताओं जैसी आधुनिक स्वास्थ्य चुनौतियों को शामिल किया गया है। यह कार्यक्रम जन्म से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य पर केंद्रित जीवनचक्र-आधारित दृष्टिकोण अपनाता है।
  10. भारत सरकार ने आपातकालीन संचार प्रणालियों को सुदृढ़ करने और जन सुरक्षा ढांचे के विस्तार के लिए ‘सेल प्रसारण प्रणाली’ (CBS) का शुभारंभ किया है। यह स्वदेशी तकनीक पर आधारित प्रणाली C-DOT द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) और गृह मंत्रालय के सहयोग से विकसित की गई है।
  11. भारतीय रेलवे ने रेलवे पुल अवसंरचना को मजबूत करने और मेट्रो रेल विद्युत प्रणालियों को उन्नत बनाने के लिए 895 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 4 मई 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं:

  1. भारत और कंबोडिया के बीच दूसरा सैन्य अभ्यास ‘सिनबैक्‍स’ (Simbax) कंबोडिया में 4 से 17 मई तक होगा। इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की सेना के बीच अर्धशहरी परिवेश में किसी भी अभियान के लिए तालमेल को बेहतर करना है।
  2. अमेरिका होर्मूज जलडमरूमध्य में फंसे जहाजों की मदद के लिए ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ शुरू करेगा। राष्‍ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुसार, इससे सैकड़ों जहाजों और करीब 20 हजार नाविकों को मदद मिलेगी।
  3. OPEC प्लस ने जून माह के लिए तेल उत्पादन लक्ष्य बढ़ाने पर सैद्धांतिक सहमति जताई है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के ओपेक से बाहर निकलने के बाद आयोजित पहली वर्चुअल बैठक में समूह के सात देशों जिनमें सऊदी अरब, रूस, इराक, कुवैत, कजाकिस्तान, अल्जीरिया और ओमान ने लगभग 1.88 लाख बैरल प्रतिदिन उत्पादन बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की है।

स्कूल असेंबली के लिए क्षेत्रीय समाचार सुर्खियां 4 मई 2026

यहां भारत के विभिन्न राज्यों से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं:

  1. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के 32वें स्थापना दिवस समारोह में लाजपत नगर को सर्वश्रेष्ठ मेट्रो स्टेशन का पुरस्कार मिला है। इसके अलावा सुषमा यादव को ‘मेट्रो वुमन ऑफ द ईयर’, हरेंद्र कुमार को ‘मेट्रो मैन ऑफ द ईयर’ तथा नजफगढ़ को सर्वश्रेष्ठ मेट्रो डिपो पुरस्कार दिया गया है।
  2. आंध्र प्रदेश सरकार ने आगामी खरीफ मौसम से पहले नहरों की मरम्मत, गाद निकालने और रखरखाव कार्यों के लिए 397 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
  3. दिल्ली में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बढ़ाते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने नई डिजिटल और समयबद्ध चालान निपटान प्रणाली लागू करने की घोषणा की है। इसके तहत प्रत्येक चालान का निपटान 45 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा। वहीं, समयसीमा में भुगतान या चुनौती न देने पर चालान स्वतः स्वीकार माना जाएगा। इसके अलावा अदालत में चुनौती देने के लिए 50% राशि जमा करना अनिवार्य होगा। समयसीमा चूकने पर वाहन को अयोग्य घोषित कर लाइसेंस और पंजीकरण संबंधी कार्य रोक दिए जाएंगे।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 4 मई 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं:

  1. IPL 2026 का 47वां मुकाबला 4 मई को मुंबई इंडियंस (MI) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेला जाएगा। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
  2. पेशावर जाल्मी ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के फाइनल में हैदराबाद किंग्समैन को पांच विकेट से हराकर नौ साल बाद खिताब अपने नाम किया है। 
  3. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के दिग्गज स्पिनर सुनील नरेन IPL में 200 विकेट पूरे करने वाले तीसरे और पहले विदेशी गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार टूर्नामेंट में 200 से अधिक विकेट ले चुके हैं।
  4. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंग्लैंड A के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत A टीम की कमान हरलीन देओल को सौंपी है। वहीं, वनडे सीरीज से पहले भारतीय A टीम इंग्लैंड A के खिलाफ तीन T20 मैचों की श्रृंखला खेलेगी, जिसकी कप्तानी अनुष्का शर्मा करेंगी।
  5. मशहूर उद्योगपति लक्ष्मी एन मित्तल और उनके पुत्र आदित्य मित्तल ने अदार पूनावाला के साथ मिलकर आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स (RR) में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी अधिग्रहित की है।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स:

  1. हिमाचल प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (HPBOSE), धर्मशाला 4 मई 2026 को सुबह 11 बजे कक्षा 12वीं परीक्षा का रिजल्ट घोषित करेगा। सभी स्ट्रीम के रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org पर एक साथ जारी किए जाएंगे। छात्र रोल नंबर दर्ज कर अपने रिजल्ट की जांच करने के साथ-साथ डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड कर सकेंगे।
  2. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPSESSB) द्वारा आयोजित UP PGT भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 6 मई को आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे। 624 रिक्त पदों हेतु यह परीक्षा 9 एवं 10 मई 2026 को 319 परीक्षा केंद्रों पर द्वि-पाली प्रणाली में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रातःकालीन सत्र 9:30 से 11:30 बजे तक तथा अपराह्न सत्र 2:30 से 4:30 बजे तक निर्धारित है।
  3. इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने सितंबर से नवंबर 2026 के बीच आयोजित होने वाली चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस कार्यक्रम में फाउंडेशन, इंटरमीडिएट, फाइनल और पोस्ट-क्वालिफिकेशन पाठ्यक्रम शामिल हैं। अभ्यर्थी ICAI के सेल्फ सर्विस पोर्टल (SSP) eservices.icai.org के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू होकर 19 जुलाई तक बिना विलंब शुल्क और 22 जुलाई तक विलंब शुल्क के साथ चलेगी। वहीं, करेक्शन विंडो 23 से 25 जुलाई तक उपलब्ध रहेगी।

आशा है कि आपको 4 मई की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें। 

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*