स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 6 मई, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 6 मई 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 6 मई की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं:
- हर साल 6 मई को दुनियाभर में ‘अंतर्राष्ट्रीय नो डाइट दिवस’ (International No Diet Day 2026) मनाया जाता है। यह दिन लोगों को बिना चिंता के अपना पसंदीदा खाना खाने के लिए प्रेरित करता है।
- मौसम विभाग (IMD) ने 6 मई को बिहार और गांगेय पश्चिम बंगाल में गरज और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और सिक्किम में भी मूसलाधार वर्षा होने की आशंका व्यक्त की है।
- भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता में 6 मई को तिरुवनंतपुरम में रोजगार कार्य समूह की दूसरी बैठक शुरू होगी। इस दो दिवसीय बैठक में BRICS सदस्य देशों के प्रतिनिधि श्रम, रोजगार और श्रमिक कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
- राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के अनुसार, दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के संपूर्ण खंड के परिचालन में आने के बाद नमो भारत ट्रेन ने तीन करोड़ दैनिक यात्राओं का आंकड़ा पार कर लिया है।
- रक्षा मंत्रालय ने हैदराबाद में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के साथ 1,400 करोड़ रुपये का समझौता किया है। इस समझौते के तहत पांच ग्राउंड-बेस्ड मोबाइल इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम की खरीद की जाएगी।
- भारत के दो पत्रकारों ने साइबर अपराध पर बनाई गई चित्र आधारित रिपोर्टिंग के लिए प्रतिष्ठित पुलित्जर पुरस्कार जीता है। आनंद आर.के, सुपर्णा शर्मा तथा नतालिए ओबिको पिअर्सन को ‘इल्लस्ट्रेटिड रिपोर्टिंग और कमेंट्री’ श्रेणी में विजेता घोषित किया गया है। यह रिपोर्ट उन्होंने ब्लूमबर्ग के लिए तैयार की थी।
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने संसद में एक नया बिल पेश करने की मंजूरी दी है। इस बिल के जरिए सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 33 से बढ़ाकर 37 की जाएगी, जिसमें मुख्य न्यायाधीश शामिल नहीं हैं।
- भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) और राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (NFSU) ने साइबर सुरक्षा और डिजिटल फॉरेंसिक को सुदृढ़ करने के लिए आपसी सहयोग की शुरुआत की है। यह साझेदारी साइबर सुरक्षा ऑडिट, फॉरेंसिक अनुसंधान, तकनीकी सहायता, शैक्षणिक विकास, सूचना सुरक्षा और उभरती तकनीकों पर शोध जैसे छह प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगी।
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कपास की खेती को बेहतर बनाने के लिए ‘कपास कांती’ मिशन को मंजूरी दी है। इस पर 5,659 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे ताकि उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार हो सके।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 6 मई 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं:
- वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम अपनी पहली राजकीय यात्रा पर भारत की राजधानी नई दिल्ली पहुंच गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे 6 मई को पीएम नरेंद्र मोदी के साथ व्यापक द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके बाद शाम को वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे।
- विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा 8 से 15 मई तक कोस्टा रिका, होंडुरास, बेलीज़ और डोमिनिका की यात्रा पर रहेंगे। 8 मई को वे कोस्टा रिका के सैन जोस में राष्ट्रपति लॉरा फर्नांडीज डेलगार्डो के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी वार्ता में सकारात्मक प्रगति का हवाला देते हुए ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को अस्थायी रूप से निलंबित करने की घोषणा की है।
- अमेरिका और खाड़ी देशों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए ‘संयुक्त राष्ट्र’ (UN) में एक प्रस्ताव पेश किया है। प्रस्ताव में ईरान से समुद्री यातायात में बाधा न डालने का आग्रह किया गया है, अन्यथा उसे प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है।
- अमेरिकी नौसेना के दो निर्देशित मिसाइल विध्वंसक जहाजों ने होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर अरब की खाड़ी में प्रवेश कर लिया है।
यह भी पढ़ें: स्कूल असेंबली के लिए 7 मई की मुख्य समाचार सुर्खियां
स्कूल असेंबली के लिए क्षेत्रीय समाचार सुर्खियां 6 मई 2026
यहां भारत के विभिन्न राज्यों से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं:
- बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल का 7 मई को विस्तार किया जाएगा।
- उत्तरी रेलवे कश्मीर घाटी में किसानों की मदद के लिए जल्दी ही वातानुकूलित मालगाड़ियां शुरू करेगा। इनसे सेब, चेरी और अन्य मौसमी फसलों को सुरक्षित तरीके से दूसरे शहरों तक पहुँचाया जाएगा।
- दिल्ली सरकार ने वज़न और माप से जुड़े कारोबारियों के लिए लाइसेंस अब आजीवन कर दिया है। इससे उन्हें बार-बार लाइसेंस रिन्यू नहीं कराना पड़ेगा।
- नागालैंड ने युवाओं के स्वास्थ्य के लिए 100 दिनों का ‘आयुष्मान छात्र कवरेज मिशन’ शुरू किया है। यह मिशन मई से अगस्त तक जिला प्रशासन और नागालैंड स्वास्थ्य सुरक्षा सोसायटी (NHPS) के सहयोग से संचालित किया जाएगा। इसमें स्कूल और कॉलेजों में कैंप लगाकर छात्रों का पंजीकरण किया जाएगा और आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 6 मई 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं:
- IPL 2026 का 49वां मुकाबला 6 मई को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
- उज़्बेकिस्तान के ताशकंद में हुई एशियाई अंडर-15 और अंडर-17 बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में भारत के युवा खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। अंडर-15 वर्ग में नोंगपोकंगनबा मेइतेई ओइना ने 46 किलो में गोल्ड मेडल जीता जबकि परशांत ने 49 किलो में जीत हासिल की।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स:
- गुजरात माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (GSEB) 6 मई को सुबह 8 बजे SSC रिजल्ट जारी करेगा। रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्र अपने सीट नंबर के माध्यम से ऑनलाइन रिजल्ट देख सकेंगे और मार्कशीट डाउनलोड कर पाएंगे। बोर्ड ने आधिकारिक वेबसाइट gseb.org के साथ-साथ व्हाट्सएप के जरिए भी रिजल्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। इसके लिए छात्रों या अभिभावकों को 6357300971 पर सीट नंबर भेजना होगा।
- बिहार पुलिस सब-ऑर्डिनेट सर्विसेज कमीशन (BPSSC) द्वारा हवलदार क्लर्क भर्ती 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड 6 मई को जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी अपने हॉल टिकट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpssc.bihar.gov.in से ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे।
- राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने CUET UG परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड NTA की आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in से डाउनलोड कर सकते हैं।
- बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर भर्ती प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। इस भर्ती के तहत कुल 1230 रिक्त पदों के लिए अधियाचना प्राप्त हुई है। आयोग के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 7 मई, 2026 से शुरू होकर 31 मई, 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा कैलेंडर के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा 26 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।
- वेस्ट बंगाल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (WBBSE) 8 मई को माध्यमिक परीक्षा का रिजल्ट घोषित करेगा। रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट wbbse.wb.gov.in पर ऑनलाइन जारी किए जाएंगे, जहां छात्र अपना रिजल्ट देख सकेंगे।
- उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने जूनियर इंजीनियर परीक्षा की आंसर-की जारी कर दी है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in से आंसर-की डाउनलोड कर सकते हैं।
आशा है कि आपको 6 मई की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!