स्कूल असेंबली के लिए 5 मार्च की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 5 March 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 5 मार्च, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 5 मार्च 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 5 मार्च की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. भारत का प्रमुख भू-राजनीति और भू-अर्थव्यवस्था सम्मेलन, रायसीना डायलॉग का 11वां संस्करण 5 मार्च से नई दिल्ली में शुरू हो रहा है। यह तीन दिवसीय आयोजन 5 से 7 मार्च 2026 तक चलेगा।
  2. उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन 5 मार्च 2026 को कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे बेलगावी के यदुर स्थित श्री वीरभद्रेश्वर मंदिर में आयोजित राजगोपुरम, कलासरोहण और महाकुंभाभिषेकम समारोह के उद्घाटन में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
  3. 5 मार्च को प्रतिवर्ष ‘अंतर्राष्ट्रीय निरस्त्रीकरण और अप्रसार जागरूकता दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस की स्थापना वर्ष 2022 में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) द्वारा विशेष रूप से युवाओं में निरस्त्रीकरण एवं अप्रसार संबंधी मुद्दों के प्रति जागरूकता संवर्धन के उद्देश्य से की गई थी।
  4. एयर इंडिया ने पश्चिम एशिया में मौजूदा हालात के बीच बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए टोरंटो, फ्रैंकफर्ट और पेरिस-चार्ल्स डी गॉल हवाई अड्डा के लिए अतिरिक्त क्षमता वाली उड़ानें संचालित करने की घोषणा की है। एयरलाइन के अनुसार, 5 मार्च से 11 मार्च तक दिल्ली और टोरंटो के बीच 3 अतिरिक्त उड़ानें चलाई जाएंगी। इसके अलावा 7 मार्च से 10 मार्च तक दिल्ली–फ्रैंकफर्ट के बीच 3 तथा दिल्ली–पेरिस के बीच 1 अतिरिक्त उड़ान संचालित होगी।
  5. देश के दस राज्यों में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च है। नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को की जाएगी। उम्मीदवार 9 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। इन सीटों के लिए मतदान 16 मार्च को होगा और परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे।
  6. विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र की मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनज़र एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। यह नियंत्रण कक्ष प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक सक्रिय रहेगा। नागरिक 1800 11 87 97 या 011-2301 2113, 011-2301 4104 तथा 011-2301 7905 पर संपर्क कर सकते हैं।
  7. भारतीय सेना और लद्दाख के वन एवं पर्यावरण विभाग ने विश्व वन्यजीव दिवस के अवसर पर एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते में क्षेत्र की नाजुक पारिस्थितिकी के संरक्षण तथा हिम तेंदुआ, हिमालयी भेड़िया, भरल, आइबेक्स, मार्मोट और काला गर्दन वाला सारस जैसी महत्वपूर्ण प्रजातियों एवं उनके आवासों की रक्षा पर विशेष बल दिया गया है।
  8. विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के मद्देनज़र भारतीय निर्यात पर संभावित प्रभावों की निगरानी हेतु एक ‘अंतर-मंत्रालयी समूह’ के गठन की घोषणा की है। यह समूह स्थिति की नियमित समीक्षा करेगा।
  9. गुजरात सरकार ने राज्य में आध्यात्मिक एवं विरासत पर्यटन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से 28 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के तहत तीर्थस्थलों पर सुविधाओं के आधुनिकीकरण के साथ-साथ ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर विशेष बल दिया जाएगा। प्रमुख कार्यों में ‘हर्षद माता मंदिर’ का समग्र विकास तथा जूनागढ़ स्थित ‘उपरकोट किला’ का जीर्णोद्धार शामिल है।
  10. भारतीय नौसेना को जल्द ही चार नई ईंधन आपूर्ति नौकाएं मिलने वाली हैं। ये नौकाएं भारत में ही बनाई जाएंगी और 500 टन ईंधन ले जाने की क्षमता रखेंगी। इनकी मदद से बड़े युद्धपोतों और पनडुब्बियों को सीधे ईंधन दिया जा सकेगा, जिससे नौसेना की कार्यक्षमता बढ़ेगी।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 5 मार्च 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय के ‘एशमोलियन संग्रहालय’ ने ‘संत थिरुमनकाई अलवर’ की 16वीं सदी की कांस्य मूर्ति भारत को लौटा दी है। यह मूर्ति तमिलनाडु के थाडिकोम्बु में स्थित श्री सौंदराजा पेरुमल मंदिर को वापस दी जाएगी। संग्रहालय ने यह प्रतिमा वर्ष 1967 में सोथबी की नीलामी के माध्यम से प्राप्त की थी।
  2. अमेरिका स्थित ‘मानवाधिकार कार्यकर्ता समाचार एजेंसी’ (HRANA) के अनुसार, 28 फरवरी से पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के दौरान ईरान में 1,097 नागरिकों की मौत हो चुकी है। इनमें 181 बच्चे 10 साल से कम उम्र के थे। इसके अलावा 5,402 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 100 बच्चे शामिल हैं।
  3. श्रीलंका के दक्षिणी तट के पास ईरान के एक नौसेना जहाज़ पर संदिग्ध पनडुब्बी ने हमला किया। इस हमले में 101 लोग लापता हो गए हैं और 78 घायल हुए हैं।
  4. ब्रिटेन सरकार ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक लगाने के प्रस्ताव पर लोगों से राय मांगनी शुरू की है। माता-पिता, अभिभावक और युवा इस बारे में अपनी राय दे सकते हैं। इस कदम के साथ ब्रिटेन भी उन यूरोपीय देशों में शामिल हो गया है जो ऐसे कदम उठा रहे हैं।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 5 मार्च 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. ICC T20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में 5 मार्च को भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। वहीं दोनों मैचों के सेमीफाइनल विजेता 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिताबी मुकाबला खेलेंगे।
  2. न्यूजीलैंड ने ICC T20 विश्व कप के प्रथम सेमीफाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई है।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. दिल्ली के सीएम श्री स्कूल और सरकारी स्कूलों में सत्र 2026-27 के लिए नर्सरी से 11वीं तक एडमिशन शुरू हो गए हैं। नर्सरी से कक्षा 1 तक आवेदन ऑफलाइन किए जा सकते हैं, जबकि कक्षा 6, 9 और 11 के लिए ऑनलाइन आवेदन 12 मार्च 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे।
  2. बिहार सिविल कोर्ट की ओर से 5 मार्च को प्यून परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। आप ऑफिशियल वेबसाइट patna.dcourts.gov.in के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। परीक्षा 15 मार्च को आयोजित कराई जाएगी।
  3. कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने MTS/हवलदार परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। आप ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर आंसर-की प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही ऑब्जेक्शन दर्ज करने की अंतिम तिथि 6 मार्च निर्धारित है।
  4. कनाडा के पीएम मार्क कार्नी ने भारत में नई शैक्षणिक साझेदारियों की घोषणा की है। इस पहल के तहत शोध सहयोग, हाइब्रिड कैंपस और AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से जुड़े 13 नए समझौते किए गए हैं।
  5. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने CUET PG परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। जिन उम्मीदवारों की परीक्षा 6 से 10 मार्च तक निर्धारित है, वे आधिकारिक वेबसाइट nta.nic.in/cuet-pg से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड के साथ वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य है।
  6. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने जनवरी 2026 सत्र के लिए पंजीकरण और पुनः पंजीकरण की तारीख बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी 15 मार्च, 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
  7. नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने 2025 सत्र के DNB और डिप्लोमा अभ्यर्थियों के लिए OPJR पोर्टल पर जॉइनिंग और सेल्फ-अप्रेज़ल को अनिवार्य कर दिया है। यह पोर्टल 9 मार्च से खुलेगा। ध्यान दें कि छात्रों को यह प्रक्रिया 9 अप्रैल तक पूरी करनी होगी और अस्पताल 30 अप्रैल तक सत्यापन करेंगे।

आशा है कि आपको 5 मार्च की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*