नर्सिंग ऑफिसर कैसे बनें: योग्यता, चयन प्रक्रिया और सैलरी 

1 minute read
AI के साथ सारांशित करें
nursing officer kaise bane

स्वास्थ्य सेवा में करियर बनाने की चाह रखने वाले बहुत से युवाओं का सपना नर्सिंग ऑफिसर बनने का होता है। हेल्थकेयर सेक्टर में नर्सिंग ऑफिसर का पद नर्सिंग ऑपरेशंस में उच्च स्तर का होता है। यह पद केंद्र और राज्य सरकारों के स्वास्थ्य मंत्रालयों व विभागों के तहत चलाए जा रहे अस्पतालों, मेडिकल शिक्षा एवं शोध संस्थानों, स्वास्थ्य संबंधी सरकारी परियोजनाओं, सरकारी पॉलीक्लिनिकों, रक्षा सेनाओं के निर्दिष्ट अस्पतालों आदि में होता है। सामान्यतः नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर भर्ती के लिए ‘नर्सिंग ऑफिसर भर्ती सामान्य पात्रता परीक्षा’ (NORCET) का आयोजन किया जाता है।

वहीं, कई राज्यों में इस पद के लिए अपनी अलग नर्सिंग भर्ती परीक्षाएं भी आयोजित की जाती हैं। यदि आप जानना चाहते हैं कि भारत में नर्सिंग ऑफिसर कैसे बनें, तो यह लेख आपके लिए हैं। इस लेख में आप नर्सिंग ऑफिसर बनने की प्रक्रिया के बारे में जानेंगे। 

नर्सिंग ऑफिसर की प्रमुख जिम्मेदारियां 

एक नर्सिंग ऑफिसर की जिम्मेदारियों में मुख्य रूप से निम्नलिखित कार्य शामिल होते हैं:

  • नर्सिंग ऑफिसर को यह सुनिश्चित करना होता है कि डॉक्टर के निर्देश के अनुसार गंभीर और सामान्य वार्डों में नर्सिंग स्टाफ की ड्यूटी तय हो, ताकि मरीजों की देखभाल सही ढंग से हो।
  • रोगियों के उपचार में समग्र देखभाल गुणवत्ता बनाए रखना और स्वास्थ्य सेवा मानकों का पालन देखना।
  • नर्सिंग टीम के ड्यूटी रोस्टर बनाना, कर्मचारियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन और टीम कार्य सुनिश्चित करना।
  • नर्सिंग ऑफिसर अस्पताल निरीक्षण, आपूर्ति आवश्यकताओं की व्यवस्था और आपातकालीन स्वास्थ्य स्थितियों में संचालन की जिम्मेदारी निभाता है।
  • अस्पताल के बिस्तर और उपकरण जैसी चीज़ों का प्रबंधन करना। इसके अलावा रोगियों के रिकॉर्ड और स्वास्थ्य चार्ट की जांच करना उनकी अहम जिम्मेदारी होती है। 

नर्सिंग ऑफिसर बनने के लिए योग्यता 

केंद्र और राज्य सरकारों में नर्सिंग ऑफिसर बनने के लिए आपको कुछ आवश्यक योग्यताओं को पूरा करना होगा, जैसे:

  • आप भारत के नागरिक होने चाहिए। 
  • आपके पास मान्यता प्राप्त मेडिकल संस्थान से बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग या बीएससी नर्सिंग की डिग्री होनी चाहिए। इसके बाद आपको भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) व राज्य नर्सिंग काउंसिल में नर्स के रूप में रजिस्ट्रेशन करना होता है। क्योंकि बिना रजिस्ट्रेशन के आपको नर्सिंग पद के लिए एलिजिबल नहीं माना जाएगा। 
  • यदि आपने जनरल नर्सिंग मिडवाइफरी (GNM) में डिप्लोमा किया है और आपके पास 50 बेड वाले अस्पताल में न्यूनतम 2 वर्ष का एक्सपीरियंस है, तो आप नर्सिंग पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि आवेदन करने से पहले आपको भारतीय नर्सिंग परिषद या किसी राज्य नर्सिंग परिषद में GNM के रूप में रजिस्ट्रेशन कराना आवश्यक होता है।
  • इस पद पर आवेदन करने के लिए आपकी न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि आरक्षित वर्ग के कैंडिडेट्स को अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलती है।
  • एमएससी नर्सिंग होल्डर भी इस पद के लिए एलिजिबल है।   

नर्सिंग ऑफिसर बनने के लिए भर्ती परीक्षाएं 

भारत में नर्सिंग ऑफिसर बनने के लिए भर्ती एक ही परीक्षा से नहीं होती, बल्कि विभिन्न केंद्रीय, राज्य एवं संस्थागत परीक्षाओं के माध्यम से होती है। यहां आपके लिए कुछ प्रमुख भर्ती परीक्षाओं की सूची दी गई है: 

  • AIIMS नॉरसेट 10
  • SGPGI नर्सिंग ऑफिसर परीक्षा
  • RRB नर्सिंग ऑफिसर परीक्षा
  • DSSSB स्टाफ नर्स परीक्षा
  • JIPMER नर्सिंग ऑफिसर परीक्षा (ग्रुप बी)
  • OSSSC नर्सिंग ऑफिसर परीक्षा
  • NHM स्टेट CHO परीक्षा 
  • NHM राजस्थान नर्स ऑफिसर परीक्षा
  • UKMSSB नर्सिंग ऑफिसर परीक्षा 

नर्सिंग ऑफिसर कैसे बनें? (स्टेप-बाय-स्टेप गाइड)

भारत में नर्सिंग ऑफिसर बनने की प्रक्रिया के कुछ प्रमुख चरण इस प्रकार हैं:

स्टेप 1: बीएससी नर्सिंग या जनरल नर्सिंग और मिडवाइफरी की डिग्री प्राप्त करें 

सबसे पहले आप किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा साइंस स्ट्रीम में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी (PCB) विषयों के साथ न्यूनतम 55% अंकों के साथ पास करें। इसके बाद मान्यता प्राप्त मेडिकल संस्थान से बीएससी नर्सिंग की डिग्री या जनरल नर्सिंग और मिडवाइफरी (GNM) का 3 वर्षीय डिप्लोमा प्राप्त करें।

हालांकि बीएससी नर्सिंग कोर्स में एडमिशन लेने के लिए आपको राष्ट्रीय तथा राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा जैसे PGIMER नर्सिंग प्रवेश परीक्षा, AIIMS बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा, JENPAS-UG, RUHS फार्मेसी प्रवेश परीक्षा व UP CNET देना आवश्यक होगा।

बीएससी नर्सिंग डिग्री या GNM डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद आपको भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) व राज्य नर्सिंग काउंसिल में नर्स और मिडवाइफ के रूप में रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होता है।

INC में रजिस्ट्रेशन कैसे करें?

INC रजिस्ट्रेशन के लिए नर्स पंजीकरण और ट्रैकिंग सिस्टम (NRTS) पोर्टल का उपयोग किया जाता है। इसकी प्रक्रिया इस प्रकार है:

  1. NRTS पोर्टल पर जाएं: nrts.indiannursingcouncil.gov.in पर जाकर ‘Enrollment Registration’ पर क्लिक करें।
  2. New User चुनें: यदि पहली बार रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं तो ‘New User’ और ‘Primary Registration’ विकल्प चुनें।
  3. जानकारी भरें: ईमेल, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करें।
  4. OTP से सत्यापन करें: ईमेल और मोबाइल नंबर OTP से वेरिफाई करें।
  5. दस्तावेज़ अपलोड करें: फोटो, हस्ताक्षर और शैक्षणिक प्रमाण पत्र अपलोड करें।
  6. SNRC कार्यालय जाएं: ऑनलाइन प्रक्रिया के बाद बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और दस्तावेज़ जांच के लिए अपने राज्य नर्सिंग काउंसिल (SNRC) कार्यालय जाना अनिवार्य है।

नोट: रजिस्ट्रेशन शुल्क – GNM/B.Sc नर्सिंग के लिए INR 2,000 और ANM के लिए INR 1,000 है।

स्टेप 2: NORCET या समकक्ष परीक्षा के लिए आवेदन करें 

इसके बाद आपको ‘नर्सिंग ऑफिसर भर्ती सामान्य पात्रता परीक्षा’ (NORCET) के लिए आवेदन करना होता है। यह एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है, जिसके जरिए AIIMS और अन्य केंद्रीय सरकारी अस्पतालों में ‘नर्सिंग ऑफिसर’ के पद पर नियुक्ति होती है। अगर आप रेलवे में नर्सिंग ऑफिसर बनाना चाहते हैं, तो रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।

ध्यान रखें कि आवेदन के बाद आपको नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने तक अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी को एक्टिव रखना होगा। क्योंकि परीक्षा या नियुक्ति से संबंधित सभी नोटिफिकेशन आपको SMS या ईमेल के माध्यम से प्राप्त होगी। 

स्टेप 3: नर्सिंग ऑफिसर परीक्षा दें 

नर्सिंग ऑफिसर के पद पर आपका सिलेक्शन आमतौर पर शैक्षणिक रिकॉर्ड, लिखित परीक्षा और पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर किया जाता है। इस चयन प्रक्रिया में आपको पहले कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) स्टेज 1 देना होता है। इसमें सफल होने के बाद आपको CBT स्टेज 2 के लिए क्वालीफाई करना होता है। 

इस परीक्षा में ह्यूमन एनाटॉमी एंड फिजियोलॉजी, कम्युनिटी हेल्थ नर्सिंग, फंडामेंटल्स ऑफ नर्सिंग, मिडवाइफरी एंड गायनेकोलॉजिकल नर्सिंग, साइकोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी, नर्सिंग मैनेजमेंट, मेंटल हेल्थ, मेडिकल सर्जिकल नर्सिंग, ड्रग स्टोर मैनेजमेंट, एनवायरनमेंटल हाइजीन, हेल्थ एजुकेशन एंड कम्युनिटी फार्मेसी, जनरल अवेयरनेस, प्रोफेशनल एबिलिटी, जनरल अर्थमैटिक, जनरल इंटेलिजेंस व रीजनिंग से संबंधित प्रश्न पूछे जाते हैं। इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान होता है। इसमें प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होता है और गलत उत्तर देने पर -1/3 अंक काट लिया जाता है। 

स्टेप 4: डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराएं 

CBT 1 और 2 परीक्षा के बाद आपको प्राप्त अंक, रिजर्वेशन नियम, कट-ऑफ और वैकेंसी के अनुरूप मेरिट लिस्ट जारी की जाती है। इसमें नाम आने पर आपको संबंधित भर्ती बोर्ड या आयोग द्वारा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाता है। फिर नियुक्ति प्रक्रिया के अंतिम चरण में आपको निर्धारित मेडिकल स्टैंडर्ड्स को पास करना होता आवश्यक है। इसमें दृष्टि, शारीरिक स्वास्थ्य, सामान्य फिटनेस और किसी गंभीर बीमारी की जांच की जाती है।

ध्यान रखें कि वेरिफिकेशन के दौरान अगर आपके किसी डाक्यूमेंट्स या मेडिकल फिटनेस रिपोर्ट में कमी पाई गई तो आपकी नियुक्ति रद्द भी हो सकती है। 

स्टेप 5: नर्सिंग ऑफिसर के रूप में नियुक्ति पाएं 

सभी चरण सफलतापूर्वक पास करने के बाद संबंधित भर्ती बोर्ड या आयोग द्वारा आपको अपॉइंटमेंट लेटर प्रदान किया जाता है। इसके बाद आपकी नियुक्ति केंद्र या राज्य सरकार के अस्पतालों, मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थानों या अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में नर्सिंग ऑफिसर के रूप में की जाती है।

नर्सिंग ऑफिसर की सैलरी और सुविधाएं 

नर्सिंग ऑफिसर की सैलरी केंद्र और राज्य सरकार के अनुसार अलग हो सकती है। सामान्यतः 7वें वेतन आयोग के अनुसार 4,600 ग्रेड पे पर उनकी इन हैंड सैलरी लगभग INR 66,663 प्रति माह होती है। इसके अलावा उन्हें महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), यात्रा भत्ता (TA), चिकित्सा सुविधा, सिटी कॉम्पेनसेटरी अलाउंस (CCA), लीव ट्रैवल कंसेशन (LTC), नाइट ड्यूटी अलाउंस (NDA), रिस्क अलाउंस, प्रोविडेंट फंड (PF), पेंशन और सेवानिवृत्ति लाभ जैसी अन्य सुविधाएं भी मिलती हैं। 

नोट: यह जानकारी विभिन्न स्रोतों से ली गई है, इसलिए इसमें बदलाव संभव है।

FAQs 

नर्सिंग ऑफिसर बनने के लिए क्या योग्यता होनी चाहिए?

नर्सिंग ऑफिसर बनने के लिए आपके पास बीएससी नर्सिंग या GNM डिप्लोमा के साथ भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) या राज्य नर्सिंग परिषद में मान्य रजिस्ट्रेशन होना अनिवार्य है।

12वीं के बाद नर्सिंग ऑफिसर कैसे बनें?

12वीं साइंस के बाद बीएससी नर्सिंग या GNM कोर्स पूरा कर रजिस्ट्रेशन प्राप्त करके संबंधित सरकारी भर्ती परीक्षाएं (जैसे NORCET, RRB) पास करने पर नर्सिंग ऑफिसर बना जा सकता है।

क्या नर्सिंग ऑफिसर एक अच्छी नौकरी है?

हेल्थकेयर सेक्टर में नर्सिंग ऑफिसर एक अच्छी नौकरी है क्योंकि यह स्थायी रोजगार, पेशेवर सम्मान और निरंतर बढ़ती मांग प्रदान करने वाला पद है।

नर्सिंग ऑफिसर का क्या काम होता है?

नर्सिंग ऑफिसर का मुख्य कार्य रोगियों की देखभाल, दवा एवं उपचार का प्रबंधन, डॉक्टरों के निर्देशों का पालन और अस्पताल में नर्सिंग सेवाओं का समन्वय करना होता है।

नर्सिंग ऑफिसर बनने के लिए कौन सा एग्जाम देना पड़ता है?

नर्सिंग ऑफिसर बनने के लिए NORCET, ESIC व RRB द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाएं पास करनी होती है।

संबंधित लेख पढ़ें:

सर्जन कैसे बनें?आयुर्वेदिक डॉक्टर कैसे बनें?
न्यूरोलॉजिस्ट कैसे बनें?रेडियोलॉजिस्ट कैसे बनें?

आशा है कि इस लेख के माध्यम से आप जान पाएं होंगे कि नर्सिंग ऑफिसर कैसे बनें। ऐसे ही अन्य करियर से जुड़े लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu के साथ बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*