भारतीय सेना पर निबंध के सैंपल

1 minute read
भारतीय सेना पर निबंध

भारतीय सेना हमारे देश और उसके नागरिकों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहती है। मुश्किल हालात हों या सीमाओं पर तनाव, हमारे सैनिक हर परिस्थिति में देश की ढाल बनकर खड़े रहते हैं। उनकी इसी बहादुरी और समर्पण के कारण स्कूलों में अक्सर छात्रों को भारतीय सेना पर निबंध लिखने को कहा जाता है, ताकि वे सेना की वास्तविक भूमिका और महत्व को समझ सकें। इसी उद्देश्य से इस लेख में हमने भारतीय सेना पर निबंध के सैंपल 100, 200 और 500 शब्दों में शामिल किए हैं, जो छात्रों को इस विषय पर निबंध लिखने में मदद कर सकते हैं।

भारतीय सेना पर 100 शब्दों में निबंध

भारतीय सेना देश की सुरक्षा का प्रमुख स्तंभ है। हमारे जवान कठिन मौसम, ऊँचे पहाड़ और रेगिस्तान की गर्मी में भी बिना थके अपनी ड्यूटी निभाते हैं। चाहे सीमाओं पर युद्ध का तनाव हो या देश के भीतर कोई प्राकृतिक आपदा, सेना हमेशा सबसे पहले मदद के लिए पहुँचती है।

हर साल 15 जनवरी को ‘सेना दिवस’ (Army Day) मनाया जाता है, जो हमारे सैनिकों के साहस और बलिदान को सम्मान देने का दिन है। अनुशासन, बहादुरी और निस्वार्थ सेवा ही भारतीय सेना की असली पहचान है। उनके त्याग की वजह से ही हम अपने घरों में सुरक्षित जीवन जी पाते हैं।

भारतीय सेना पर 200 शब्दों में निबंध

भारतीय सेना को पूरे भारत का गौरव और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है। इसे दुनिया की सबसे बड़ी और अनुशासित सेनाओं में से एक माना जाता है। भारतीय सेना का आदर्श वाक्य “सेवा परमो धर्म:” है, जिसका अर्थ है कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। हमारे जवान इसी मंत्र के साथ देश की सीमाओं की रक्षा के लिए 24 घंटे मुस्तैद रहते हैं।

भारतीय सैनिकों का जीवन बहुत संघर्षपूर्ण होता है। वे राजस्थान की 50 डिग्री वाली भीषण गर्मी से लेकर सियाचिन ग्लेशियर के माइनस तापमान में भी अडिग खड़े रहते हैं। चाहे दिवाली हो या ईद, वे त्योहारों पर भी अपने घर नहीं जा पाते ताकि हम अपने परिवारों के साथ सुरक्षित त्योहार मना सकें।

भारतीय सेना की सबसे बड़ी विशेषता इसका मानवीय चेहरा है। इसने कभी भी युद्ध के नियमों का उल्लंघन नहीं किया। कारगिल युद्ध के दौरान, जब दुश्मन ने अपने सैनिकों के शवों को लेने से मना कर दिया था, तब भारतीय सेना ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया। इसके अलावा, बाढ़ या भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं में भी सेना के जवान ‘देवदूत’ बनकर नागरिकों की जान बचाते हैं। आज भारतीय सेना आधुनिक हथियारों और तकनीक से सुसज्जित है, जिससे उसकी रक्षा क्षमता और मजबूत हुई है। हमें अपनी सेना पर गर्व है।

भारतीय सेना पर 500 शब्दों में निबंध

यदि आप भारतीय सेना पर 500 शब्दों में निबंध लिखना चाहते हैं तो नीचे दिया गया सैंपल आपके काम आ सकता है:

प्रस्तावना 

अगर आज हम अपने घरों में चैन की नींद सो पाते हैं, तो इसका पूरा श्रेय भारतीय सेना के वीर जवानों को जाता है। भारतीय सेना दुनिया की सबसे बड़ी, आधुनिक और शक्तिशाली सेनाओं में से एक है। यह केवल एक सैन्य बल नहीं, बल्कि साहस, त्याग और अनुशासन की एक जीती-जागती मिसाल है। भारत की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि हमें हमेशा चौकन्ना रहना पड़ता है, और यह जिम्मेदारी हमारी सेना बखूबी निभाती है। जब भी देश के सामने कोई ऐसा संकट आता है जिसे संभालना मुश्किल हो, तब भारतीय सेना मोर्चा संभालती है। चाहे वह बाहरी दुश्मन हो या देश के अंदर की विपदा, सेना हमेशा ढाल बनकर खड़ी रहती है।

भारतीय सेना की भूमिका

भारतीय सेना की भूमिका बहुआयामी है। यह केवल युद्ध के मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके कार्य क्षेत्र बहुत व्यापक हैं:

  1. सीमा सुरक्षा: सेना का सबसे मुख्य काम देश की हजारों किलोमीटर लंबी जमीनी सीमाओं की रक्षा करना है। यह पाकिस्तान और चीन जैसे पड़ोसी देशों की गतिविधियों पर नजर रखती है और भारत की संप्रभुता को बचाती है।
  2. कठिन परिस्थितियों में तैनाती: हमारे जवान सियाचिन जैसे दुनिया के सबसे ऊँचे युद्धक्षेत्र से लेकर राजस्थान के रेगिस्तान तक तैनात रहते हैं। वे उन जगहों पर डटे रहते हैं जहाँ आम इंसान का साँस लेना भी मुश्किल होता है।
  3. आतंकवाद का खात्मा: कश्मीर और अन्य संवेदनशील इलाकों में आतंकवाद को खत्म करने और शांति बनाए रखने में सेना अहम भूमिका निभाती है। वे अपनी जान जोखिम में डालकर आतंकियों के नापाक मंसूबों को नाकाम करते हैं।
  4. संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन: भारतीय सेना केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में शांति फैलाने का काम करती है। संयुक्त राष्ट्र (UN) के शांति मिशनों में भारत लगातार बड़ी संख्या में सैनिक भेजता है और इसमें उसका योगदान महत्वपूर्ण माना जाता है।

भारतीय सेना का महत्व

भारतीय सेना का महत्व राष्ट्र निर्माण में अमूल्य है:

  • आपदा प्रबंधन में योगदान: जब भी देश में भूकंप, बाढ़, सुनामी (केदारनाथ आपदा और केरल बाढ़ जैसी स्थितियाँ आती है, तो सिविल प्रशासन की मदद के लिए सेना ही सबसे पहले पहुँचती है। वे लोगों को एयरलिफ्ट करते हैं, खाना पहुंचाते हैं, पुल बनाते हैं और हर संभव मदद करते हैं।
  • राष्ट्रीय एकता का प्रतीक: भारतीय सेना ‘अनेकता में एकता’ का सबसे बड़ा उदाहरण है। यहाँ अलग-अलग धर्म, जाति, भाषा और राज्यों के लोग एक ही वर्दी पहनकर, एक ही तिरंगे के लिए जीते और मरते हैं। सैनिकों का यह जज्बा हर भारतीय के दिल में देशभक्ति की लौ जलाता है।
  • अनुशासन और प्रेरणा: सेना देश के युवाओं के लिए अनुशासन का पाठ है। यह हमें सिखाती है कि “देश हित” (Nation First) सबसे ऊपर होना चाहिए। इसके अलावा, सेना सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़कें और पुल (BRO के माध्यम से) बनाकर देश के विकास में भी योगदान देती है।

उपसंहार 

निष्कर्ष के तौर पर, भारतीय सेना भारत का ‘अभिन्न अंग’ और सबसे मजबूत ‘सुरक्षा कवच’ है। हमारे वीर जवान अपने परिवार, बच्चों और सुख-सुविधाओं का त्याग कर दिन-रात देश की सेवा में लगे रहते हैं। हमें यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि हमारी आजादी और सुरक्षा की कीमत हमारे सैनिकों ने अपने खून-पसीने से चुकाई है। स्वतंत्रता के बाद से अब तक हजारों सैनिकों ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते, हमारा कर्तव्य है कि हम अपनी सेना का सम्मान करें। भारतीय सेना की वजह से ही हमारा वर्तमान सुरक्षित है और भविष्य उज्ज्वल। जय हिन्द, जय भारत!

FAQs

भारतीय सेना की स्थापना कब हुई थी?

भारतीय सेना की स्थापना 26 जनवरी 1950 को हुई थी, जब भारत एक गणतंत्र राष्ट्र बना और ब्रिटिश भारतीय सेना आधिकारिक रूप से भारतीय सेना कहलाने लगी। हालांकि इसकी जड़ें ब्रिटिश शासन के दौरान बनी भारतीय सैन्य संरचना में ही थीं।

भारतीय सेना का मुख्यालय कहाँ स्थित है?

भारतीय सेना का मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है, जहाँ से सेना के सभी प्रमुख संचालन, रणनीतियाँ और प्रशासनिक निर्णय नियंत्रित किए जाते हैं।

भारतीय सेना में रेजीमेंट सिस्टम क्यों महत्वपूर्ण है?

भारतीय सेना में रेजीमेंट सिस्टम सैनिकों के बीच एकता, परंपरा, गर्व और अनुशासन को बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है। यह प्रणाली सेना को संगठित, प्रेरित और मजबूत बनाती है क्योंकि हर रेजीमेंट की अपनी इतिहास, मर्यादा और पहचान होती है।

आशा है कि इस लेख में दिए गए भारतीय सेना पर निबंध के सैंपल आपको पसंद आए होंगे। अन्य निबंध के लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu के साथ बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*

1 comment