स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 29 जनवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 29 जनवरी 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 29 जनवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- भारत में प्रतिवर्ष 29 जनवरी को ‘भारतीय समाचार पत्र दिवस’ मनाया जाता है। यह दिन भारतीय प्रेस के इतिहास की स्मृति और मीडिया की स्वतंत्रता व पत्रकारिता के महत्व को दर्शाने के लिए मनाया जाता है।
- IMD ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार में 29 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
- गणतंत्र दिवस के समापन समारोह के रूप में बीटिंग रिट्रीट 29 जनवरी को नई दिल्ली स्थित विजय चौक पर आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य केंद्रीय मंत्री उपस्थित रहेंगे।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन 29 जनवरी को संसद में आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 प्रस्तुत करेंगी। यह सर्वेक्षण मुख्य आर्थिक सलाहकार के नेतृत्व में वित्त मंत्रालय के आर्थिक कार्य विभाग द्वारा तैयार किया गया है।
- भारत सरकार ने सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल महासंघों (NSF) को निर्देश दिया है कि वे राज्य के प्रतीक चिह्न, युवा मामलों और खेल मंत्रालय तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के लोगो का अनधिकृत उपयोग बंद करें। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के मुताबिक, NSF अपने लेटरहेड और वेबसाइट पर सरकारी लोगो और प्रतीक का उपयोग कर रहे हैं, जिससे यह गलत समझा जा सकता है कि वे सीधे तौर पर सरकार के अंग हैं।
- दिल्ली यातायात पुलिस ने 29 जनवरी को होने वाली बीटिंग रिट्रीट की रिहर्सल के मद्देनजर एक यातायात परामर्श जारी किया है। इसके अनुसार, विजय चौक पर कल शाम 4 बजे से 6 बजे तक आम यातायात के लिए बंद रहेगा। कर्तव्य पथ भी बंद रहेगा। यातायात पुलिस ने रिंग रोड, रिज रोड, अरविंदो मार्ग, मदरसा टी-पॉइंट और अन्य मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है।
- भारत सरकार ने ठोस कचरा प्रबंधन (SWM) नियम 2026 को अधिसूचित कर दिया है, जो 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा। इस नए नियम के तहत स्रोत पर ठोस कचरे को चार विभिन्न श्रेणियों में अलग करना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही, नियमों का पालन नहीं करने पर प्रदूषण फैलाने वालों पर जुर्माना और पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाने का प्रावधान भी किया जाएगा। इसमें पंजीकरण के बिना संचालन, झूठी रिपोर्टिंग और अनुचित ठोस कचरा प्रबंधन पद्धतियाँ शामिल हैं।
- न्यूयॉर्क में हुए ट्रैवल शो में भारत के पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया गया, जहाँ आगंतुकों को भारतीय संस्कृति और पारंपरिक भोजन की झलक देखने को मिली।
- केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ‘वंदे मातरम कोस्टल साइक्लोथॉन 2026’ नाम से द्वितीय कोस्टल साइक्लोथॉन आयोजित करेगा। यह साइकिल रैली 28 जनवरी से 22 फरवरी तक चलेगी।
- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बारामती में विमान हादसे में निधन हो गया है।
- औषधि और नैदानिक परीक्षण (NDCT) नियम, 2019 में सरकार द्वारा संशोधन किए गए हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, इन संशोधनों से नियामक प्रक्रियाएं सरल होंगी, अनुमोदन में लगने वाला समय कम होगा और भारत में नैदानिक अनुसंधान व औषधि विकास को बढ़ावा मिलेगा।
- वायु और जल अधिनियमों के तहत समान सहमति दिशा-निर्देशों में केंद्र सरकार द्वारा संशोधन किया गया है। इससे अनुमोदन प्रक्रिया सरल होगी और पर्यावरण अनुपालन को मजबूती मिलेगी।
- संचार मंत्रालय ने स्टॉक होल्डिंग सर्विसेज़ लिमिटेड (SSL) के साथ समझौता किया है, ताकि देशभर के नागरिकों को पूंजी बाजार की नियमित सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके तहत चुनिंदा पोस्ट ऑफिस में डिजिटल सुविधाओं जैसे ऑन-बोर्डिंग लिंक और QR कोड के माध्यम से डीमैट और ट्रेडिंग खाता खोलने, म्यूचुअल फंड में निवेश और IPO में भाग लेने जैसी सेवाएं दी जाएंगी।
- दिल्ली सरकार ने ‘दिल्ली क्रेडिट गारंटी योजना’ के तहत 50 करोड़ रुपये का कोष जारी किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में दिल्ली सरकार और ‘ऋण गारंटी निधि ट्रस्ट’ के बीच इस योजना के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
- दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए निगम का बजट प्रस्तुत किया। बजट में 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक की आय का लक्ष्य रखा गया है, जबकि लगभग साढ़े 16 हजार करोड़ रुपये के व्यय का अनुमान है। इस प्रस्ताव के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में संपत्ति कर से 500 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आमदनी होने की उम्मीद जताई गई है। इसके साथ ही सभी प्रमुख बाजारों और उनके आसपास पार्किंग सुविधाओं के विकास की योजना बनाई गई है, जिससे आगामी वर्ष में निगम को करीब 30 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होने की संभावना है।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 29 जनवरी 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- 79वें ब्रिटिश अकादमी फिल्म पुरस्कार- बाफ्टा 2026 के नामांकनों की घोषणा हो चुकी है। इस वर्ष फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ को सर्वश्रेष्ठ बाल और पारिवारिक फिल्म श्रेणी में नामांकित किया गया है। यह पुरस्कार समारोह 22 फरवरी को लंदन में होगा।
- भारत में रूस दूतावास के उप मिशन प्रमुख रोमन बाबश्किन ने संसद के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण में शामिल होने पर खुशी जताई। लोकसभा कक्ष में हुए इस कार्यक्रम में 37 देशों के राजदूत मौजूद रहे, जिनमें रूस, ऑस्ट्रेलिया, चीन, श्रीलंका, बांग्लादेश, कंबोडिया, तिमोर-लेस्ते और त्रिनिदाद एवं टोबैगो सहित कई देशों के प्रतिनिधि शामिल थे।
- फ्रांस की संसद ने 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने वाला विधेयक पारित कर दिया है। यह विधेयक सितंबर में, नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से लागू होगा। यह कदम यूरोपीय संघ के डिजिटल सेवा अधिनियम के अनुरूप है, जो ऑनलाइन सुरक्षा के लिए कड़े नियम लागू करता है।
- ईरान के साथ जारी तनाव के बीच, अमेरिकी केंद्रीय कमान ने पश्चिम एशिया में एक हवाई अभ्यास आयोजित करने की घोषणा की है। यह अभ्यास अमेरिकी सेना की तैनाती और हवाई शक्ति बनाए रखने की क्षमता को प्रदर्शित करेगा। अभ्यास के दौरान अमेरिकी सेना आकस्मिक स्थानों पर दल तैनात करेगी।
यह भी पढ़ें: स्कूल असेंबली के लिए 30 जनवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 29 जनवरी 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- भारत के खिलाफ ACA-VDCA स्टेडियम में हुए चौथे T20 मैच में न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 रन से जीत हासिल की। यह कीवी टीम की सीरीज में पहली जीत रही, जबकि टीम इंडिया पहले ही सीरीज जीत चुकी थी।
- दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्ज पर गुजरात जायंट्स के खिलाफ मैच में धीमी ओवर गति के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को 3 रन से हार मिली, जिससे वे अंक तालिका में चौथे स्थान पर आ गई हैं।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- RSSB द्वारा आयुष ऑफिसर की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी गई है। उम्मीदवार संबंधित आंसर-की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। यह परीक्षा 26 दिसंबर को आयोजित की गई थी।
- स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) द्वारा मल्टी टास्किंग स्टाफ एवं हवलदार भर्ती परीक्षा की शुरुआत 4 फरवरी से की जा रही है। परीक्षा में सम्मिलित होने हेतु उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड 1 या 2 फरवरी को जारी किए जा सकते हैं।
- रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) द्वारा NTPC ग्रेजुएट लेवल कंप्यूटर बेस्ड टाइपिंग स्किल टेस्ट की परीक्षा की नई तिथि घोषित कर दी गई है। प्रारंभ में 28 दिसंबर को निर्धारित यह परीक्षा अब 11 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी।
- रेलवे भर्ती बोर्ड ने असिस्टेंट लोको पायलट परीक्षा की तिथियाँ जारी कर दी हैं। यह परीक्षा फरवरी माह से शुरू होगी। इस परीक्षा के जरिए कुल 9,970 उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी।
- बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) द्वारा बिहार D.El.Ed. डमी कार्ड जारी कर दिया गया है। उम्मीदवार संबंधित कार्ड आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, उम्मीदवारों को डमी एडमिट कार्ड में आवश्यक सुधार 02 फरवरी तक करने का अवसर प्रदान किया गया है।
आशा है कि आपको 29 जनवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।
One app for all your study abroad needs






60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!
