यहां प्रमुख एग्जाम की तैयारी के लिए 4 अप्रैल 2025 के Current Affairs Today in Hindi की महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। जिसके माध्यम से आप अपनी एग्जाम की तैयारी के लिए डेली करंट अफेयर्स के बारे में जान सकते हैं। करंट अफेयर्स की जानकारी से हमें न केवल अपने समाज कि बल्कि देश और दुनिया में हो रही सभी महत्वपूर्ण गतिविधियों के बारे में जानकारी मिलती है। इसके साथ ही भारत की सभी प्रमुख परीक्षाओं में भी करंट अफेयर्स से संबंधित प्रश्न जरूर पूछे जाते हैं।
आज के टॉप 10 करंट अफेयर्स – Current Affairs Today in Hindi
आज के मुख्य करंट अफेयर्स की जानकारी (Today’s Current Affairs in Hindi) इस प्रकार हैं:-
अंतर्राष्ट्रीय खदान जागरूकता दिवस आज
- प्रतिवर्ष 4 अप्रैल को दुनियाभर में ‘अंतर्राष्ट्रीय खदान जागरूकता दिवस’ (International Day for Mine Awareness) मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य है विश्व में खतरनाक खदानों के बारे में जागरूकता फैलाना और खनन कार्रवाई में सहायता करना।
पीएम मोदी आज बिम्सटेक के छठे शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार 4 अप्रैल को थाईलैंड के बैंकॉक में बहु क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी स्थित देशों की पहल- बिम्सटेक के छठे शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
- इस सम्मेलन की थीम है- बिम्सटेक: समृद्ध, समायोजी और समावेशी। बताना चाहेंगे सम्मेलन के दौरान बैंकॉक दृष्टि पत्र 2030 अनुमोदित किया जाएगा और भावी रणनीति तय करने के लिए बिम्सटेक गणमान्य व्यक्ति समूह की रिपोर्ट का भी अनुमोदन होगा।
प्रो. एस.पी. सिंह बघेल आज “हमारी परंपरा हमारी विरासत” के तहत एक दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे
- केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल आज यानी 4 अप्रैल को नई दिल्ली में “हमारी परंपरा हमारी विरासत” के तहत एक दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
- भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष को समर्पित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर आदिवासी विरासत का जश्न मनाया जाएगा और उसका सम्मान किया जाएगा।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय और नेपाली सेना के संयुक्त अभियानों का शुभारंभ किया
- रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने माउंट एवरेस्ट और माउंट कंचनजंगा के लिए भारतीय और नेपाली सेना के संयुक्त अभियानों का शुभारंभ किया है।
- बताना चाहेंगे 34 पर्वतारोही वाले इस अभियान का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज जोशी करेंगे। माउंट कंचनजंगा के लिए भारत-नेपाल संयुक्त अभियान में भारतीय सेना के 12 और नेपाली सेना के छह पर्वतारोही शामिल होंगे। इसका नेतृत्व भारतीय सेना के कर्नल सरफराज सिंह करेंगे।
- इसके अतिरिक्त माउंट एवरेस्ट पर एक संयुक्त NCC अभियान का नेतृत्व कर्नल अमित बिष्ट करेंगे।
दिग्गज फिल्म अभिनेता मनोज कुमार का निधन हुआ
- भारतीय अभिनेता और फिल्म निर्देशक मनोज कुमार का 87 वर्ष की आयु में कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया है।
- मनोज कुमार विशेष रूप से अपनी देशभक्ति फिल्मों के लिए जाने जाते हैं और उन्हें ‘ भारत कुमार’ के नाम से भी जाना जाता है। भारतीय सिनेमा में अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित पद्मश्री और दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
CAQM ने दिल्ली-NCR में तत्काल प्रभाव से GRAP-1 को लागू किया
- वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने क्षेत्र के वायु गुणवत्ता सूचकांक के ‘खराब’ श्रेणी में चले जाने के बाद तत्काल प्रभाव से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के चरण एक को फिर से लागू कर दिया है।
- बता दें कि GRAP-1 के तहत वायु गुणवत्ता सूचकांक 201-300 के बीच होता है।
DMRC ने यात्रियों की सुविधा के लिए नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर पॉड होटल शुरू किया
- दिल्ली मेट्रो रेल निगम-DMRC ने यात्रियों की सुविधा के लिए राजधानी के नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर पॉड होटल (POD Hotel) शुरू किया है।
- बताना चाहेंगे दूसरे राज्यों से दिल्ली आने वाले यात्रियों के ठहरने की सुविधा देने के उद्देश्य से, DMRC ने यह होटल विशेष रूप से बनाया है।
यमुनोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन खोले जाएंगे
- उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित यमुनोत्री धाम (Yamunotri Dham) के कपाट 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई और बद्रीनाथ धाम के कपाट 4 मई को खोले जाएंगे।
संसद ने विमानन सामग्री हित संरक्षण विधेयक, 2025 पारित किया
- संसद ने विमानन सामग्री हित संरक्षण विधेयक, 2025 पारित कर दिया है। इस विधेयक में विमानन उपकरणों से संबंधित हितों की सुरक्षा का प्रावधान है। इसमें 2001 में केप टाउन में स्वीकृत मोबाइल उपकरण अंतर्राष्ट्रीय हित संधि और विमानन सामग्री संबंधी अंतर्राष्ट्रीय हित संधि के प्रोटोकॉल लागू करने का भी प्रावधान है।
जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने जल संसाधन गणना एप्लीकेशन और पोर्टल जारी किया
- जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने नई दिल्ली में जल संसाधन गणना एप्लीकेशन और पोर्टल जारी किया है। जल संसाधन गणना एप्लीकेशन और पोर्टल कई गणना योजनाओं में सहायता करते हैं।
- बताना चाहेंगे इन योजनाओं में सातवीं लघु सिंचाई गणना, जल निकायों की दूसरी गणना, झरनों की पहली गणना और प्रमुख तथा मध्यम सिंचाई परियोजनाओं की पहली गणना शामिल हैं।
- जल संसाधन गणना का मुख्य उद्देश्य सिंचाई क्षेत्र में जल उपयोग दक्षता, जल बजट आदि सहित प्रभावी योजना और नीति निर्माण के लिए एक व्यापक और विश्वसनीय डेटाबेस तैयार करना है।
यह भी पढ़ें – वक्फ क्या है?
अंतर्राष्ट्रीय करंट अफेयर्स
NATO देशों के विदेश मंत्री आगामी शिखर सम्मेलन की तैयारी के लिए आज ब्रसेल्स में बैठक करेंगे
- उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (NATO) में शामिल देशों के विदेश मंत्री आगामी शिखर सम्मेलन की तैयारी के लिए शुक्रवार 4 अप्रैल को बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में बैठक करेंगे। यह शिखर सम्मेलन नीदरलैंड के हेग शहर में आयोजित होना है।
हंगरी सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायालय से हटने की घोषणा की
- हंगरी सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायालय- ICC से हटने की घोषणा की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह निर्णय प्रधानमंत्री विक्टर ओरबान ने इज़रायल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू से मिलने के बाद किया।
भारत और थाईलैंड ने छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए
- भारत और थाईलैंड ने सूचना प्रौद्योगिकी, समुद्री, सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम, हस्तशिल्प और हथकरघा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के लिए छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।
खेल करंट अफेयर्स
उत्तर प्रदेश के झांसी में आज से शुरू होगी 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप
- 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप शुक्रवार 4 अप्रैल से उत्तर प्रदेश के झांसी के मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में शुरू होगी। यह टूर्नामेंट 15 अप्रैल तक चलेगा, जो मार्च में आयोजित सीनियर महिला चैंपियनशिप के समान एक नए ग्रुप-आधारित प्रारूप में होगा।
- बताना चाहेंगे इसमें 30 टीमें भाग लेंगी, जिन्हें तीन ग्रुपों- ग्रुप A, B और C में बांटा जाएगा। ग्रुप A में शीर्ष 12 टीमें शामिल हैं, जो चैंपियनशिप के खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। जबकि ग्रुप B में 10 टीमें शीर्ष स्तर पर आने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी, जबकि ग्रुप C में आठ टीमें हैं,जो अगले सीजन में ग्रुप B में जगह बनाने के लिए मैदान पर उतरेंगी।
- बता दें कि ग्रुप B और C के मैच 4 अप्रैल को शुरू होंगे, जबकि ग्रुप A के मैच 8 अप्रैल से शुरू होंगे।
IPL 2025 में आज लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला होगा
- IPL क्रिकेट में शुक्रवार 4 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला होगा।
- वहीं गुरुवार 3 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 80 रन से हरा दिया। 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद की टीम 16 ओवर और 4 गेंद में 120 रन पर सिमट गई।
भारत के मनीष राठौड़, हितेश और अभिनाश जामवाल विश्व मुक्केबाजी कप ब्राजील 2025 के सेमीफाइनल में पहुंचे
- भारत के मनीष राठौड़, हितेश और अभिनाश जामवाल अपने-अपने वजन वर्ग में जीत के साथ विश्व मुक्केबाजी कप ब्राजील 2025 (World Boxing Cup Brazil) के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं।
यह भी पढ़ें – 4 अप्रैल का इतिहास
4 अप्रैल 2025 डेली करेंट अफेयर्स क्विज
यहां डेली के कुछ प्रमुख क्विज क्वेशन की सूची (Current Affairs Today in Hindi) आपकी परीक्षा की तैयारी के लिए दी जा रही हैं:-
1. हाल ही में वैल किल्मर का 65 वर्ष की आयु में निधन हो गया है, वे कौन थे?
(A) भौतिक विज्ञानी
(B) अभिनेता
(C) इतिहासकार
(D) संगीतकार
उत्तर- अभिनेता
2. हाल ही में ‘उत्तर प्रदेश अनमोल रतन पुरस्कार’ से किसे सम्मानित किया गया है?
(A) विजय कुमार सक्सेना
(B) अनिरुद्ध कुमार
(C) अनिकेत झा
(D) निखिल सिंघल
उत्तर- निखिल सिंघल
3. ISSF विश्व कप 2025 कहाँ शुरू हुआ है?
(A) ब्यूनस आयर्स
(B) नई दिल्ली
(C) दोदोमा
(D) मनीला
उत्तर- ब्यूनस आयर्स
4. भारतीय डाक ने KYC सत्यापन सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किसके साथ साझेदारी की है?
(A) भारतीय जीवन बीमा निगम
(B) निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड
(C) आदित्य बिड़ला सन लाइफ कॉर्पोरेट बॉन्ड फंड
(D) बड़ौदा बीएनपी परिबास फ्लेक्सी कैप फंड
उत्तर- निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड
5. भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने स्थायित्व और पर्यावरण संबंधी मानकों पर वार्षिक सम्मेलन कहाँ आयोजित किया है?
(A) गोवा
(B) दिल्ली
(C) गुजरात
(D) असम
उत्तर- गोवा
यह भी पढ़ें – स्कूल असेंबली के लिए 4 अप्रैल की मुख्य समाचार सुर्खियां
परीक्षा से संबंधित डेली करेंट अफेयर्स (Current Affairs Today in Hindi) के बारे में अधिक जानकारी के लिए Leverage Edu के साथ बने रहें।