स्कूल असेंबली के लिए 1 अप्रैल की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 1 April 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 1 अप्रैल, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 1 अप्रैल 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 1 अप्रैल की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्त संगठन, राष्ट्रीय जनजातीय छात्र शिक्षा सोसाइटी (NESTS) 1 अप्रैल, 2026 को डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र, नई दिल्ली में अपना 8वां स्थापना दिवस मनाएगा।
  2. कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DOPT), क्षमता निर्माण आयोग तथा कर्मयोगी भारत 2 अप्रैल से नई दिल्ली में साधना सप्ताह आयोजित करेंगे।
  3. रक्षा मंत्रालय ने भारतीय वायु सेना के लिए दो नए पर्वतीय रडारों की खरीद हेतु भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के साथ 1950 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं।
  4. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने पूंजी बाजार में निवेश संबंधी अपने नए नियमों के कार्यान्वयन को तीन महीने के लिए स्थगित कर दिया है। अब संशोधित समय सीमा 1 अप्रैल के बजाए 1 जुलाई, 2026 है।
  5. केंद्र सरकार ने 15वें वित्त आयोग के अनुदान के तहत आठ राज्यों को 2,461 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की है। इसका उद्देश्य ग्रामीण स्थानीय शासन को और मजबूत करना है।
  6. भारत अब नागोया प्रोटोकॉल के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र (IRCC) जारी करने में अग्रणी है। ये प्रमाणपत्र जैविक संसाधनों से होने वाले लाभों का सही और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करते हैं।
  7. मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के दौरान पूर्वी राजस्थान, पंजाब, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अनुमान जताया है।
  8. निर्वाचन आयोग ने जानकारी दी है कि केरल, असम और पुद्दुचेरी में 9 अप्रैल को होने वाले चुनावों में दो लाख 21 हजार से अधिक मतदाता घर पर मतदान कर सकेंगे। इसमें 85 वर्ष से अधिक उम्र के 1,67,000 और 70,000 से अधिक दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। यह कदम वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
  9. नेशनल काउंसिल फॉर सीमेंट एंड बिल्डिंग मैटेरियल्स (NCB) ने दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य सीमेंट और निर्माण क्षेत्र में शोध और तकनीकी उन्नति के बीच सहयोग को बढ़ाना है।
  10. भारतीय नौसेना को ‘विशाल’ नाम का अंतिम सर्वेक्षण पोत सौंप दिया गया है। इस पोत का निर्माण गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (GRSE), कोलकाता में किया गया है।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 1 अप्रैल 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. इजराइल की संसद ने एक विधेयक पारित किया है। इसके तहत, इजराइल के नागरिकों की हत्या के दोषी फ़िलिस्तीनियों को मृत्युदंड दिया जाएगा। यह कानून केवल भविष्य के मामलों पर लागू होगा।
  2. स्पेन ने ईरान पर हमलों में शामिल अमरीकी विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। हालांकि, यह प्रतिबंध आपातकालीन स्थितियों पर लागू नहीं होगा।
  3. वियतनाम की राजधानी हनोई में वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक कोविड-19 के 29 मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और बचाव करने की सलाह दी है।
  4. सूरीनाम के पूर्व राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी का 30 मार्च, 2026 को 67 वर्ष की आयु में निधन हो गया है।
  5. भारत ने दक्षिण लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों पर हुए हालिया हमलों की कड़ी निंदा की है। 

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 1 अप्रैल 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का पांचवा मुकाबला 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपई एकाना क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। 
  2. पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में बॉल टेम्परिंग के कारण फखर जमान पर PSL में दो मैचों का बैन लगाया गया है। उन्हें लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच हुए एक मैच में गेंद से छेड़छाड़ करने का दोषी पाया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बयान जारी कर उन पर बैन लगाने का जानकारी दी है।
  3. IPL 2026 के ब्रॉडकास्ट से जुड़े 76 साल के ब्रिटिश नागरिक इयान विलियम्स लैंगफोर्ड का निधन हो गया है। उनका शव मुंबई के ट्राइडेंट होटल में पाया गया।
  4. PSL 2026 में लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन अफरीदी पर सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में 10 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
  5. वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए पहले वनडे मैच में धीमी ओवर गति की वजह से मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। वेस्टइंडीज की कप्तान हीली मैथ्यूज ने इस गलती को और जुर्माने को स्वीकार कर लिया है।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. इंडियन आर्मी ने अग्निवीर भर्ती के लिए फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी केवल ऑनलाइन माध्यम से आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को 250 रुपये एप्लीकेशन फीस जमा करना अनिवार्य है। ध्यान रखें बिना शुल्क के आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
  2. बिहार में 11वीं कक्षा में एडमिशन 8 अप्रैल से शुरू होगा। बिहार बोर्ड ने 9,988 प्लस टू स्कूलों में 17.50 लाख सीटों की तैयारी पूरी कर ली है। आपत्तियों के निपटान के बाद अंतिम सीट सूची जारी की जाएगी।
  3. झारखंड अकादमिक काउंसिल, रांची ने JTET 2026 के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इच्छुक अभ्यर्थी 21 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन और फीस जमा करने की आखिरी तारीख 21 मई, 2026 है।

आशा है कि आपको 1 अप्रैल की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें। 

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*