लेखपाल कैसे बनें: आवश्यक योग्यता, परीक्षा, चयन प्रक्रिया और सैलरी

1 minute read
AI के साथ सारांशित करें
लेखपाल कैसे बनें

गाँवों में जमीन से जुड़े कामों, जैसे माप-तौल, खतौनी अपडेट या विवाद की शुरुआती जांच में लेखपाल की भूमिका सबसे अहम मानी जाती है। यह एक सम्मानित सरकारी पद है जहाँ फील्डवर्क भी है और लोगों के बीच काम करने का अनुभव भी। बहुत से युवा इस पद को इसलिए चुनते हैं क्योंकि इसमें नौकरी की सुरक्षा, अच्छा वेतन और प्रमोशन के मौके मिलते हैं। अगर आप भी सोच रहे हैं कि लेखपाल कैसे बने, तो यह ब्लॉग आपके लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

इस ब्लॉग में आप आसान भाषा में जान पाएंगे कि लेखपाल कैसे बनें, इसके लिए आवश्यक योग्यता, परीक्षा और चयन प्रक्रिया कैसी होती है, ताकि आप अपनी तैयारी सही दिशा में शुरू कर सकें।

This Blog Includes:
  1. लेखपाल कौन होते हैं?
  2. लेखपाल के कार्य और जिम्मेदारियां
  3. लेखपाल बनने के लिए योग्यता
    1. शैक्षिक योग्यता
    2. आयु सीमा
    3. आवश्यक कौशल
  4. लेखपाल कैसे बनें: स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस
    1. स्टेप 1: शैक्षिक योग्यता पूरी करें
    2. स्टेप 2: यदि PET परीक्षा अनिवार्य है तो उसे क्वालीफाई करें
    3. स्टेप 3: मेंस / मुख्य परीक्षा की तैयारी करें
    4. स्टेप 4: डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रोसेस का हिस्सा बनें
    5. स्टेप 5: फाइनल मेरिट लिस्ट और पोस्टिंग मिलने की प्रतीक्षा करें
  5. लेखपाल बनने के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारी कैसे करें?
  6. लेखपाल की सैलरी, भत्ते और सुविधाएँ
  7. लेखपाल बनने के बाद करियर विकल्प और प्रमोशन
  8. राज्यवार लेखपाल भर्ती में अंतर
  9. लेखपाल और पटवारी में अंतर 
  10. FAQs

लेखपाल कौन होते हैं?

लेखपाल राजस्व विभाग का वह अधिकारी होता है जो किसी गाँव या क्षेत्र की जमीन से जुड़े रिकॉर्ड और प्रशासनिक कामों को संभालता है। हर गाँव में कितनी जमीन है, किसके नाम पर है, किस भूखंड का उपयोग कैसे हो रहा है- इन सभी जानकारियों को अपडेट रखना लेखपाल की जिम्मेदारी होती है। वह जमीन का हिसाब-किताब बनाए रखने के साथ-साथ सरकारी निर्देशों और योजनाओं को जमीन स्तर पर लागू कराने में भी मदद करता है।

लेखपाल का काम सिर्फ कागज़ी रिकॉर्ड तक सीमित नहीं होता। उसे मौके पर जाकर जमीन की स्थिति देखनी होती है, खेतों की सीमाएँ तय करनी होती हैं और माप-तौल का सही डेटा तैयार करना होता है। ज़मीन के लेन-देन, विरासत के मामलों या भूमि विवादों में भी लेखपाल की रिपोर्ट अहम मानी जाती है।

सरकार की कई ग्रामीण योजनाएँ जैसे मुआवज़ा, सर्वे, आपदा राहत या पेंशन सत्यापन, तभी लागू हो पाती हैं जब लेखपाल उनका वास्तविक डेटा तैयार करता है। इसलिए उसे प्रशासन और ग्रामीण जनता के बीच एक अहम कड़ी माना जाता है।

लेखपाल के कार्य और जिम्मेदारियां

लेखपाल का पद न सिर्फ ज़मीन और राजस्व से जुड़ा होता है बल्कि यह किसानों और आम नागरिकों के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण होता है। उनकी मुख्य जिम्मेदारियाँ निम्नलिखित हैं:

  • भूमि और संपत्ति से जुड़े विवादों में स्थानीय अधिकारियों को सूचित करना और समाधान में सहयोग करना।
  • सरकारी योजनाओं, सब्सिडी और वित्तीय मदद की जानकारी लोगों तक पहुँचाना।
  • नागरिकों से जमीन और संपत्ति से संबंधित शिकायतें सुनना और आवश्यक कार्रवाई करना।

लेखपाल बनने के लिए योग्यता

लेखपाल की नौकरी पाने के लिए कुछ जरूरी योग्यताएँ होती हैं। इसमें शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा और कुछ विशेष कौशल शामिल हैं। यूँ तो हर राज्य में कुछ अंतर हो सकता है, लेकिन बेसिक योग्यता लगभग समान रहती है। आइए इन्हें विस्तार से समझते हैं:-

शैक्षिक योग्यता

लेखपाल बनने के लिए उम्मीदवार का कम से कम 12वीं पास होना अनिवार्य है और कई राज्यों में कंप्यूटर सर्टिफिकेट (CCC) और UPSSSC PET अनिवार्य है। साथ ही कुछ राज्यों में ग्रेजुएशन मैंडेटरी नहीं होती है।

आयु सीमा

इस पद के लिए उम्मीदवार की आयु सामान्यतः 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग (SC/ST/OBC) के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट भी मिलती है।

आवश्यक कौशल

  • जमीन और राजस्व से जुड़े मामलों की समझ होना।
  • लोगों से बातचीत और उनकी समस्याएँ हल करने की क्षमता।
  • कंप्यूटर और दस्तावेज़ी काम का बेसिक नॉलेज। 

लेखपाल कैसे बनें: स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस

लेखपाल बनने के लिए केवल 12वीं पास होना ही काफी नहीं है। इस पद के लिए हर राज्य के अलग नियम और परीक्षा प्रक्रिया होती है। नीचे दिया गया उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) का मॉडल एक स्टेपवाइज गाइड है, जिसे अन्य राज्यों के अनुसार थोड़ा संशोधित किया जा सकता है:

स्टेप 1: शैक्षिक योग्यता पूरी करें

लेखपाल बनने के लिए सबसे पहला कदम है शैक्षिक योग्यता पूरी करना। उम्मीदवार का कम से कम 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा कई राज्यों में कंप्यूटर प्रमाणपत्र (CCC या समकक्ष) भी आवश्यक है, क्योंकि लेखपाल को सरकारी रिकॉर्ड और दस्तावेज़ कंप्यूटर पर संभालने होते हैं। अपनी पात्रता की पुष्टि करने के लिए हमेशा राज्य सरकार की आधिकारिक नोटिफिकेशन पढ़ें।

स्टेप 2: यदि PET परीक्षा अनिवार्य है तो उसे क्वालीफाई करें

कुछ राज्यों, जैसे उत्तर प्रदेश, में लेखपाल बनने के लिए PET पास करना जरूरी है। PET (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा) एक प्रारंभिक परीक्षा है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उम्मीदवार मुख्य परीक्षा (Mains) के लिए योग्य है या नहीं। PET में सामान्यतः हिंदी, गणित, सामान्य ज्ञान और ग्रामीण समाज एवं विकास जैसे विषय शामिल होते हैं। PET का स्कोर मेंस में शोर्ट लिस्ट करने के लिए इस्तेमाल होता है। ध्यान रखें कि हर राज्य में PET का पैटर्न, विषय और क्वालीफाइंग मार्क्स अलग हो सकते हैं।

स्टेप 3: मेंस / मुख्य परीक्षा की तैयारी करें

PET पास करने के बाद उम्मीदवार मुख्य परीक्षा (मेंस) में शामिल होते हैं। मेंस भी MCQ (ऑब्जेक्टिव टाइप) परीक्षा होती है और इसमें वही विषय आते हैं जो PET में थे, लेकिन कठिनाई का स्तर अधिक होता है। मेंस परीक्षा में हिंदी, गणित, सामान्य ज्ञान और ग्रामीण विकास जैसे विषय शामिल होते हैं। परीक्षा का समय आमतौर पर 2 घंटे होता है और कुल प्रश्न 100–120 होते हैं। इस परीक्षा में सफलता पाने के लिए छात्रों को विषय-विशेष तैयारी, पिछले वर्षों के प्रश्न और मॉक टेस्ट हल करना जरूरी है।

स्टेप 4: डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रोसेस का हिस्सा बनें

मुख्य परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाता है। DV में उम्मीदवार के शैक्षिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र और कंप्यूटर प्रमाणपत्र की जांच होती है। यदि दस्तावेज़ सही पाए जाते हैं, तो उम्मीदवार अगले चरण के लिए एलिजिबल माना जाता है। DV में किसी भी दस्तावेज़ में कमी होने पर सिलेक्शन कैंसिल हो सकता है।

स्टेप 5: फाइनल मेरिट लिस्ट और पोस्टिंग मिलने की प्रतीक्षा करें

DV और मेंस के कंबाइंड मार्क्स के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार की जाती है। मेरिट में नाम आने के बाद उम्मीदवार को पोस्टिंग दी जाती है, जो आमतौर पर ग्राम पंचायत या तहसील कार्यालय में होती है। पोस्टिंग मिलने के बाद उम्मीदवार अपने अधिकारिक कार्य जैसे:

  • भूमि रिकॉर्ड का रखरखाव
  • खसरा/खतौनी तैयार करना
  • फसल का आकलनसरकारी योजनाओं का सर्वे
  • राजस्व वसूली

इन कार्यों को संभालने लगता है और धीरे-धीरे अधिक जिम्मेदारियों के लिए प्रशिक्षित होता है।

लेखपाल बनने के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारी कैसे करें?

लेखपाल परीक्षा पास करने के लिए जरूरी है कि आप तैयारी को सही दिशा और रणनीति के साथ करें। यहां कुछ उपयोगी टिप्स दिए गए हैं:

  • हिंदी और गणित का रोज अभ्यास करें: ये दोनों स्कोरिंग विषय हैं, इसलिए इन पर पकड़ मजबूत होनी चाहिए।
  • अखबार, मैगज़ीन और ऑनलाइन क्विज़ के जरिए GK और करेंट अफेयर्स अपडेट रखें।
  • पंचायत व्यवस्था, सरकारी योजनाएँ और ग्रामीण विकास से जुड़े विषय अच्छे से पढ़ें।
  • पुराने पेपर और मॉक टेस्ट हल करें।
  • रोजाना तय समय पर पढ़ाई करने की आदत डालें, ताकि सभी विषयों पर बराबर ध्यान दिया जा सके।
  • रीविजन को महत्व दें।

लेखपाल की सैलरी, भत्ते और सुविधाएँ

भारत में लेखपाल की मासिक सैलरी राज्य के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। 7वें वेतन आयोग के अनुसार, उदाहरण के लिए एक शुरुआती UP लेखपाल जो 1S श्रेणी में आता है, उसे प्रति माह INR 25,000 से INR 35,000 के बीच ग्रॉस सैलरी मिलती है। इसमें INR 15,000 से INR 60,000 के पे-बैंड (ग्रेड पे INR 2000) में मूल वेतन शामिल हैं। 

नियमित सैलरी के अलावा एक लेखपाल को HRA, DA, चिकित्सा सुविधा, सिटी कॉम्पेनसेटरी अलाउंस (CCA), लीव ट्रैवल कंसेशन (LTC), प्रोविडेंट फंड (PF), पेंशन (NPS) और सेवानिवृत्ति लाभ जैसी अन्य सुविधाएं भी मिलती हैं। उनके सैलरी स्ट्रक्चर में अगले स्तरों पर प्रमोशन के साथ यह और भी बढ़ सकता है।

नोट: यह जानकारी विभिन्न स्रोतों से ली गई है, इसलिए इसमें बदलाव संभव है।

लेखपाल बनने के बाद करियर विकल्प और प्रमोशन

लेखपाल की नौकरी सिर्फ एक शुरुआत होती है। इस नौकरी में अनुभव और मेहनत के साथ अच्छे पदों पर प्रमोशन के मौके मिलते हैं। लेखपाल से आगे आप इन पदों तक पहुँच सकते हैं: राजस्व निरीक्षक, नायब तहसीलदार, तहसीलदार, उपजिलाधिकारी आदि।

राज्यवार लेखपाल भर्ती में अंतर

नीचे दी गई टेबल में भारत के प्रमुख राज्यों में लेखपाल/पटवारी भर्ती के मुख्य अंतर को सरल और तथ्यात्मक रूप में समझाया गया है। ध्यान रखें कि नियम समय-समय पर बदल सकते हैं, इसलिए आवेदन से पहले संबंधित राज्य की आधिकारिक वेबसाइट की सूचना अवश्य देखें।

राज्यपद का नामन्यूनतम योग्यताभर्ती एजेंसी / परीक्षाचयन प्रक्रिया
उत्तर प्रदेशलेखपाल12वीं पास और कंप्यूटर/CCC कई बार जरूरीUPSSSCPET स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन
राजस्थानपटवारीग्रेजुएट और कंप्यूटर योग्यता (O-Level/RS-CIT)RSMSSBCET स्कोर, लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन
मध्य प्रदेशपटवारीग्रेजुएट और कंप्यूटर ज्ञानMPESBलिखित परीक्षा, मेरिट और दस्तावेज सत्यापन
बिहारराजस्व कर्मचारी / लेखपाल IT सहायक12वीं या ग्रेजुएट (पोस्ट अनुसार)BSSC / विभागीय भर्तीलिखित परीक्षा और मेरिट
हरियाणापटवारीग्रेजुएट, हिंदी/संस्कृत और कंप्यूटरHSSCलिखित परीक्षा, सामाजिक-आर्थिक अंक और दस्तावेज सत्यापन
पंजाबपटवारीग्रेजुएट और पंजाबी भाषा अनिवार्यPSSSBलिखित परीक्षा, ट्रेनिंग और दस्तावेज सत्यापन
छत्तीसगढ़पटवारी12वीं और कंप्यूटर डिप्लोमाCG Vyapamलिखित परीक्षा और मेरिट
महाराष्ट्रतलाठी (पटवारी समान)ग्रेजुएटMahabhumi / राज्य भर्तीलिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन
हिमाचल प्रदेशपटवारी12वीं पासHP Revenue Deptलिखित परीक्षा, ट्रेनिंग और दस्तावेज सत्यापन
उत्तराखंडपटवारी / लेखपाल12वीं पासUKSSSC / UKPSCलिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET/PST) और दस्तावेज सत्यापन
झारखंडराजस्व कर्मचारी12वीं पासJSSC (JGGLCCE)मुख्य परीक्षा (सिंगल फेज) और दस्तावेज सत्यापन

लेखपाल और पटवारी में अंतर 

नीचे दी गई टेबल में लेखपाल और पटवारी के बीच अंतर बताया गया है:

लेखपालपटवारी
लेखपाल बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और कुछ अन्य राज्यों में राजस्व विभाग का अहम पद होता है। पटवारी राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में काम करता है।
लेखपाल गांव या क्षेत्र में जमीन से जुड़े रिकॉर्ड रखता है, जमीन की माप करता है, खसरा-खतौनी अपडेट करता है और सरकारी योजनाओं की जानकारी देता है।पटवारी भी जमीन का रिकॉर्ड रखता है और जमीन के मालिकाना हक, फसल की जानकारी तथा राजस्व वसूली से जुड़े काम संभालता है।
लेखपाल तहसील के अंतर्गत काम करता है और सीधे कानूनगो या तहसीलदार को रिपोर्ट करता है। पटवारी को अक्सर फील्ड में रहकर जमीन और फसल से जुड़े काम सीधे तौर पर करने होते हैं।

FAQs

लेखपाल बनने के लिए न्यूनतम योग्यता क्या है?

उम्मीदवार का कम से कम 12वीं पास होना जरूरी है। कुछ राज्यों में कंप्यूटर का बेसिक ज्ञान भी मांगा जाता है।

क्या लेखपाल परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग होती है?

कुछ राज्यों में नेगेटिव मार्किंग होती है, जैसे UP में प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जाते हैं। यह राज्य विशेष है, इसलिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन देखें।

लेखपाल बनने के बाद करियर विकल्प क्या हैं?

लेखपाल के पद पर अनुभव और परफॉर्मेंस के साथ राजस्व निरीक्षक, नायब तहसीलदार, तहसीलदार, उपजिलाधिकारी जैसे उच्च पदों तक प्रमोशन संभव है।

अगर मैं UP के बाहर किसी राज्य में अप्लाई करूँ तो क्या अलग होगा?

अगर आप यूपी के बाहर किसी राज्य में आवेदन करना चाहते हैं, तो यह ध्यान रखें कि हर राज्य की योग्यता, सिलेबस, परीक्षा पैटर्न (PET/Mains Pattern) और कटऑफ अलग-अलग हो सकते हैं।

लेखपाल और पटवारी में क्या अंतर है?

कई राज्यों में लेखपाल और पटवारी समान कार्य करते हैं, केवल इनके नाम अलग होता है। दोनों का मुख्य काम भूमि रिकॉर्ड रखना और राजस्व से जुड़े कार्य करना है। कुछ राज्यों में जिम्मेदारियों और वेतनमान में थोड़ा अंतर हो सकता है। ये दोनों पद ग्रामीण प्रशासन और जमीन अभिलेख व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा माने जाते हैं।

लेखपाल बनने के लिए कौन से विषय पढ़ें?

लेखपाल परीक्षा की तैयारी के लिए गणित, हिंदी, सामान्य ज्ञान और ग्राम समाज से जुड़े विषय पढ़ना जरूरी होता है। इसमें भूमि व्यवस्था, फसल, राजस्व और ग्रामीण प्रशासन की मूल जानकारी अभ्यर्थियों के लिए लाभदायक होती है।

क्या 12वीं के बाद लेखपाल बन सकते हैं?

लेखपाल बनने के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी होता है। हालांकि कुछ राज्यों में प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET) क्वालीफाई करना भी अनिवार्य होता है।

हमें आशा है कि इस लेख में आपको लेखपाल कैसे बनें की जानकारी मिल गई होगी। ऐसे ही अन्य करियर से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu के साथ बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*