स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 3 मई, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 3 मई 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 3 मई की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं:
- हर साल 3 मई को दुनियाभर में ‘विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस’ (World Press Freedom Day 2026) मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता को बढ़ावा देना और उसकी स्थिति को समझना है। इस दिवस की घोषणा दिसंबर 1993 में UNESCO की सिफारिश के बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा की गई थी।
- केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया 3 मई को कर्नाटक के डोड्डाबल्लापुर में 100 बिस्तरों वाले ESIC अस्पताल का उद्घाटन करेंगे।
- मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल के हिमालय के तराई वाले क्षेत्र, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्काल में भारी वर्षा का अनुमान जताया है।
- नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी चार दिन के दौरे पर म्यांमार गए हैं। इस दौरान एडमिरल त्रिपाठी म्यांमार के कमांडर-इन-चीफ जनरल ये विन ऊ, रक्षा मंत्री जनरल यू हटुन आंग और म्यांमार सशस्त्र बलों के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
- भारत सरकार ने स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए नागरिकों को आपदा की तत्काल सूचना देने के लिए ‘सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम’ शुरू किया है।
- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने वर्ष 2026-27 के लिए चार प्रमुख संसदीय समितियों का पुनर्गठन किया है। इस निर्णय के तहत भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल को अनुमान समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। लोक उपक्रम समिति की अध्यक्षता बैजयंत पांडा को सौंपी गई है। वहीं, लोक लेखा समिति की जिम्मेदारी कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल को दी गई है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण समिति का नेतृत्व फग्गन सिंह कुलस्ते करेंगे। इन सभी समितियों का कार्यकाल 30 अप्रैल, 2027 तक रहेगा।
- परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड (AERB) ने कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा परियोजना (KKNPP) इकाई 5 और 6 में प्रमुख उपकरण लगाने के लिए अनुमति जारी कर दी है। इसमें परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड को रिएक्टर प्रेशर वेसल, स्टीम जेनरेटर, कूलेंट पंप सहित संयंत्र के प्रमुख उपकरणों की लगाने की अनुमति दी गई है।
- भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) द्वारा शुरू की गई राष्ट्रीय आवश्यक सहायक उत्पाद सूची NLEAP पहल के अंतर्गत, भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने चिकित्सा सहायक प्रौद्योगिकियों के लिए कई मानक प्रकाशित किए हैं।
- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), दिल्ली ने भारत का पहला पोर्टेबल बेडसाइड MRI सिस्टम शुरू किया है। इससे गंभीर मरीजों की ब्रेन जांच जल्दी और सुरक्षित तरीके से हो सकेगी।
- वरिष्ठ IDAS अधिकारी अनुग्रह नारायण दास ने रक्षा लेखा महानियंत्रक (CGDA) के रूप में कार्यभार संभाला है।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 3 मई 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं:
- अमेरिका ने वैश्विक शिपिंग कंपनियों को चेतावनी जारी की है कि यदि वे होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए ईरान को भुगतान करती हैं, तो उन पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। इससे अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया है।
- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय संघ (EU) से आयात होने वाली कारों और ट्रकों पर शुल्क बढ़ाकर 25% करने की घोषणा की है। इससे अमेरिका और यूरोप के बीच व्यापारिक तनाव और बढ़ गया है।
- घाना ने डेटा गोपनीयता संबंधी चिंताओं के कारण अमेरिका द्वारा प्रस्तावित स्वास्थ्य समझौते को अस्वीकार कर दिया है।
- संयुक्त राष्ट्र (UN) की यातना विरोधी समिति (CAT) ने पाकिस्तान द्वारा बच्चों और अफगान शरणार्थियों के बड़े पैमाने पर निर्वासन पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
- मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दक्षिणी लेबनान में इजराइल के हवाई हमलों में सात लोग मारे गए और कई घायल हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: स्कूल असेंबली के लिए 4 मई की मुख्य समाचार सुर्खियां
स्कूल असेंबली के लिए क्षेत्रीय समाचार सुर्खियां 3 मई 2026
यहां भारत के विभिन्न राज्यों से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं:
- केरलम में 4 मई को सुबह 8 बजे से 43 स्थानों पर बने 140 मतगणना केंद्रों में मतगणना प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, सूक्ष्म पर्यवेक्षक, मतगणना पर्यवेक्षक और सहायकों सहित कुल 15,465 अधिकारियों को तैनात किया गया है। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी, इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) में दर्ज मतों की गणना की जाएगी।
- तमिलनाडु में 4 मई को होने वाली विधानसभा चुनावों की गिनती सुबह 8 बजे डाक मतपत्रों से शुरू होगी।
- तेलंगाना सरकार ने शैक्षिक सामग्री देने के लिए नई केंद्रीकृत खरीद नीति लागू की है। सीएम ए. रेवंत रेड्डी ने राज्य भर के विद्यार्थियों को सभी आवश्यक शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराने के लिए 15 जून की समय सीमा निर्धारित की है।
- सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने गोवा में आयोजित होने वाले आगामी 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के लिए मशहूर फिल्म निर्माता, अभिनेता और पटकथा लेखक आशुतोष गोवारिकर को महोत्सव निदेशक नियुक्त किया है। यह महोत्सव नवंबर 2026 में आयोजित किया जाएगा।
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 3 मई 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं:
- IPL 2026 का 45वां मुकाबला 3 मई को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और कोलकाता नाईट राइडर्स (KKR) के बीच खेला जाएगा। यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा।
- IPL 2026 का 46वां मुकाबला 3 मई को गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
- विश्व एथलेटिक्स रिले 2026 की शुरुआत बोत्सवाना के गैबोरोन में हो गई है। इसमें भारत की 21 सदस्यीय टीम 5 स्पर्धाओं में भाग ले रही है। यह आयोजन 3 मई को संपन्न होगा।
- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 12 जून 2026 से शुरू होने वाले ICC विमंस T20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी है। हरमनप्रीत कौर को 15 सदस्यीय टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि उपकप्तानी की जिम्मेदारी स्मृति मंधाना को सौंपी गई है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को करेगी, जहां उसका मुकाबला बर्मिंघम में पाकिस्तान महिला टीम से होगा।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स:
- हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने कक्षा 12वीं परीक्षा 2026 के रिजल्ट 4 मई को घोषित करने की घोषणा की है। छात्र अपने परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे।
- पंजाब एंड सिंध बैंक ने लोकल बैंक ऑफिसर (LBO) भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 10 मई को विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। जिन उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, वे punjabandsind.bank.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
- मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने प्री एग्रीकल्चर टेस्ट (PAT 2026) के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। जिन उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, वे आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। यह परीक्षा 8 मई 2026 को आयोजित की जाएगी।
- तमिलनाडु के सीएम एम.के. स्टालिन ने कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए ‘TSC हेल्प डेस्क’ की शुरुआत की है। यह पहल 2026-27 सत्र में कॉलेज में प्रवेश लेने वाले छात्रों को सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। हेल्प डेस्क के माध्यम से छात्रों को कॉलेज प्रवेश, कोर्स चयन, करियर काउंसलिंग और ‘नान मुदलवन’ योजना से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
आशा है कि आपको 3 मई की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!