स्कूल असेंबली के लिए 3 फरवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 3 February 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 3 फरवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 3 फरवरी 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 3 फरवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. प्रतिवर्ष 3 फरवरी को दुनियाभर में ‘राष्ट्रीय महिला चिकित्सक दिवस’ मनाया जाता है। महिला चिकित्सकों के योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से यह दिन मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने की प्रेरणा अमेरिका की पहली महिला डॉक्टर डॉ. एलिजाबेथ ब्लैकवेल के जन्मदिन से मिली, जिन्होंने 1849 में मेडिकल डिग्री हासिल की थी।
  2. भारतीय मौसम विभाग ने 3 फरवरी तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फरबाद में बिजली कड़कने, बादल गरजने और तेज हवा चलने की संभावना व्यक्त की है। इसके अतिरिक्त, IMD ने पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में छिटपुट वर्षा या हिमपात का पूर्वानुमान भी प्रस्तुत किया है।
  3. अमेरिका और भारत के बीच नई व्यापार डील हुई है। इस डील के बाद भारतीय सामानों पर लगने वाला टैरिफ 50% से घटकर 18% हो गया है। अमेरिका ने रूस से तेल खरीद से जुड़ा अतिरिक्त टैक्स भी हटा दिया है।
  4. भारतीय पर्वतारोही कबाक यानो ने अर्जेंटीना में स्थित माउंट एकांकागुआ पर सफलतापूर्वक चढ़ाई पूरी की है। 22,831 फीट ऊँची यह चोटी दक्षिण अमेरिका की सर्वोच्च चोटी है।
  5. विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की सफलता के बाद सरकार अब ‘माई भारत बजट क्विज़’ शुरू करने जा रही है। इसकी घोषणा इस साल के बजट में की गई है। यह प्रतियोगिता 3 फरवरी से माई भारत प्लेटफॉर्म पर शुरू होगी।
  6. सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया है कि वह तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच पेन्नैयार नदी जल विवाद को सुलझाने के लिए एक न्यायाधिकरण गठित करे।
  7. नई दिल्ली में देश की तीनों सेनाओं के लिए भविष्य युद्ध कौशल पाठ्यक्रम का तीसरा संस्करण शुरू हुआ। तीन सप्ताह के इस कार्यक्रम का उद्देश्य सैन्य अधिकारियों को आधुनिक युद्ध की जटिल चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित करना है। यह पाठ्यक्रम एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय और संयुक्त युद्ध अध्ययन केंद्र के सहयोग से संचालित हो रहा है।
  8. नई दिल्ली में 16 फरवरी से आयोजित होने वाले भारत AI इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के लिए 35,000 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार, पांच दिवसीय इस कार्यक्रम में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है।
  9. प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष जनरल अनिल चौहान के नेतृत्व में एक भारतीय रक्षा प्रतिनिधिमंडल चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर आर्मेनिया पहुंचा। इस दौरे का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा संबंधों को और मजबूत करना है।
  10. वित्त मंत्रालय ने वर्ष 2025-26 के लिए भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 7.4 प्रतिशत तथा नॉमिनल जीडीपी 8 प्रतिशत रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। मंत्रालय ने केंद्रीय बजट में प्रस्तुत प्रथम अग्रिम अनुमान की तुलना में नॉमिनल जीडीपी में 10 प्रतिशत तक की संभावित वृद्धि का संकेत भी दिया।
  11. वायुसेना मार्शल इंदरपाल सिंह वालिया ने नई दिल्ली में पूर्वी वायुसेना कमान के कमान-इन-चीफ के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्हें जून 1988 में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान शाखा में कमीशन प्राप्त हुआ। मार्शल वालिया मिग-21, मिग-23, मिग-27, जगुआर एवं सु-30 एमकेआई के सभी वेरिएंट उड़ाने में दक्ष हैं तथा उन्हें वायु सेना पदक और अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।
  12. केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट में जैव-फार्मा शक्ति योजना का प्रस्ताव रखा गया है, जिसके लिए आगामी पाँच वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना का उद्देश्य जैविक एवं जैव-समान औषधियों के उत्पादन हेतु भारत के औषधीय इकोसिस्टम को सुदृढ़ करना है।
  13. रक्षा मंत्रालय ने यंत्र इंडिया लिमिटेड को मिनीरत्न श्रेणी-1 का दर्जा देने की मंजूरी दी है। यह कंपनी गोला-बारूद, बख्तरबंद वाहन और टैंकों से जुड़े रक्षा उत्पाद बनाती है। नए दर्जे से कंपनी को 500 करोड़ रुपये तक स्वतंत्र पूंजीगत व्यय की अनुमति मिलेगी।
  14. महाराष्ट्र के दिवंगत पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का स्मारक बारामती के विद्या प्रतिष्ठान परिसर में बनाया जाएगा। 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में उनका निधन हो गया था। शरद पवार ने स्मारक की योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
  15. संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि ‘ज्ञान भारतम’ योजना के तहत अब तक 7.5 लाख से ज्यादा पांडुलिपियों को डिजिटल किया जा चुका है। इनमें से 1.29 लाख पांडुलिपियां पोर्टल पर उपलब्ध हैं। यह पहल भारत की विरासत को सुरक्षित रखने के लिए है।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 3 फरवरी 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. यू.एस.-इंडिया स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप फोरम (USISPF) ने केंद्रीय बजट का स्वागत किया और इसे भारत की प्रतिस्पर्धा बढ़ाने, निवेश को बढ़ावा देने और व्यापार में आसानी लाने वाला बताया।
  2. इजरायल ने गज़ा और मिस्र के बीच स्थित राफा सीमा चौकी को आंशिक रूप से खोलने की घोषणा की है। यह कदम पिछले वर्ष मई में इजरायल की सेना द्वारा चौकी पर कब्जा किए जाने के बाद पहली बार उठाया गया है।
  3. ब्रिटेन के पूर्व मंत्री लॉर्ड पीटर मैंडेलसन ने सत्तारूढ़ लेबर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। यह निर्णय उनके दिवंगत फाइनेंसर और यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ कथित संबंधों पर प्रकाशित रिपोर्टों के संदर्भ में लिया गया।
  4. पाकिस्तान में विभिन्न विद्रोही संगठनों, राजनीतिक हस्तियों और बलूच समुदाय के कुछ वर्गों ने बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन हेरोफ़’ के दूसरे चरण के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया है।
  5. ईरान के साथ तनाव बढ़ने के बीच, इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने सेना की परिचालन तैयारियों का निरीक्षण किया है। यह कदम सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित खतरों का सामना करने के लिए उठाया गया है।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 3 फरवरी 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. नई दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में एशियाई राइफल और पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का आगाज हो गया। दो सप्ताह तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में एशिया के शीर्ष 17 देशों के खिलाड़ी 10, 25 और 50 मीटर राइफल तथा पिस्टल स्पर्धाओं में व्यक्तिगत, टीम और मिश्रित टीम मुकाबलों में हिस्सा लेंगे।
  2. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने T20 विश्व कप अभ्यास मैचों हेतु भारत A टीम की आधिकारिक घोषणा की है। टीम अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ होने वाले दो अभ्यास मैचों में भाग लेगी। भारत A टीम की कमान आयुष बदोनी संभालेंगे।
  3. प्रो रेसलिंग लीग 2026 के फाइनल मुकाबले में हरियाणा थंडर ने दिल्ली दंगल वॉरियर्स पर विजय प्राप्त करते हुए खिताब अपने नाम किया। यह मुकाबला नोएडा इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया था।
  4. ICC ने मेंस T20 विश्व कप के वार्म-अप मैचों का शेड्यूल घोषित कर दिया है। 2 से 6 फरवरी तक भारत और श्रीलंका के चार शहरों में कुल 16 अभ्यास मैच खेले जाएंगे। भारत में बेंगलुरु, नवी मुंबई और चेन्नई में तथा श्रीलंका में कोलंबो में ये मुकाबले होंगे। सभी मैच स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार पर लाइव प्रसारित किए जाएंगे।
  5. ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड T20 विश्व कप के शुरुआती मैचों के लिए टीम में नहीं रहेंगे। चोट से उबर रहे हेजलवुड के अनुपस्थित रहने की जानकारी राष्ट्रीय चयनकर्ता टोनी डोडेमेड ने दी।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. उत्तर प्रदेश बोर्ड ने उन छात्रों को 4 फरवरी तक एक और अवसर प्रदान किया है, जो पहले चरण की प्रैक्टिकल परीक्षा में उपस्थित नहीं हो सके। परीक्षा के लिए संबंधित एडमिट कार्ड जल्द ही डाउनलोड हेतु उपलब्ध कराए जाएंगे।
  2. उत्तर प्रदेश सरकार ने राइट टू एजुकेशन के तहत प्राइवेट स्कूलों में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों के लिए एडमिशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। अलाभित और दुर्बल वर्ग के परिवार अपने बच्चों के लिए निर्धारित तिथियों में निशुल्क फॉर्म भर सकते हैं।
  3. SSC ने MTS हवलदार एडमिट कार्ड वेबसाइट ssc.gov.in पर उपलब्ध कर दिया है। उम्मीदवार अपने लॉगिन डिटेल्स डालकर इसे डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा 4 फरवरी से शुरू हो रही है।
  4. यूपी पब्लिक सर्विस कमीशन (UPPSC) ने 2026 के लिए एग्जाम कैलेंडर जारी कर दिया है। इसमें कुल 81 परीक्षाओं की तारीखें आरक्षित डेट्स के साथ दी गई हैं।
  5. इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (IGNOU) ने जनवरी 2026 सत्र के फ्रेश एडमिशन के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 फरवरी तक बढ़ा दी है। इच्छुक अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे आवेदन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करें।
  6. बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने आगामी परीक्षाओं के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले ही केंद्र पर उपस्थित हों। निर्धारित समय के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।
  7. भारतीय वायुसेना ने एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (AFCAT 1 2026) का आंसर की ऑनलाइन उपलब्ध कर दिया है। आप इसे डाउनलोड कर सकते हैं और किसी उत्तर पर असंतुष्ट होने पर आपत्ति भी दर्ज कर सकते हैं।
  8. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने JEE Main सेशन 2 परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए हैं। अभ्यर्थियों को एप्लीकेशन फॉर्म भरने और फीस जमा करने की अंतिम तिथि 25 फरवरी है।

आशा है कि आपको 3 फरवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*