स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 15 मार्च, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 15 मार्च 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 15 मार्च की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- हर वर्ष 15 मार्च को दुनियाभर में ‘विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस’ मनाया जाता है। इस अवसर पर उपभोक्ताओं के अधिकारों, सुरक्षा और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
- मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, झारखंड में 15 मार्च तक लू चलेगी। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में तेज वर्षा की संभावना है। इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में ओलावृष्टि के साथ वर्षा होने की संभावना है।
- भारत सरकार ने लद्दाख के सोनम वांगचुक की हिरासत तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है। उन्हें पिछले वर्ष सितंबर में राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के अंतर्गत हिरासत में लिया गया था।
- मौसम विभाग के अनुसार 17 से 20 मार्च के बीच राज्य के कई इलाकों में मौसम खराब रह सकता है। कई जगहों पर खासकर दोपहर के समय, बादल छाए रह सकते हैं। इसका असर सबसे ज्यादा विदर्भ, मराठवाड़ा, खानदेश और मध्य महाराष्ट्र में देखने को मिल सकता है।
- केरल स्थित प्रसिद्ध शबरीमला मंदिर में 15 मार्च को मीनम माह के पहले दिन से कालभाभिषेकम और पदीपूजा सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। मासिक पूजा समाप्त होने के बाद मंदिर 19 मार्च को बंद हो जाएगा। वहीं वार्षिक शबरीमला उत्सव के लिए मंदिर 22 मार्च को फिर से खुलेगा।
- सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन बिहार के 43वें राज्यपाल बन गए हैं।
- उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के लिए विशेष रेलगाड़ियों का समय बढ़ा दिया है। श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा होने की वजह से नई दिल्ली से कटरा जाने वाली गाड़ी (04081) अब 17 मार्च से 30 मार्च तक चलेगी। कटरा से नई दिल्ली लौटने वाली गाड़ी (04082) अब 18 मार्च से 31 मार्च तक चलेगी।
- जम्मू-कश्मीर में सभी यात्री वाहनों के किराए में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी गई है। यह फैसला मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। नए नियम के अनुसार ई-रिक्शा का किराया 15 रुपये प्रति किलोमीटर होगा। वहीं ई-ऑटो का किराया पहले किलोमीटर के लिए 25 रुपये और उसके बाद 20 रुपये प्रति किलोमीटर तय किया गया है।
- महाराष्ट्र में जंगल कम होने के कारण तेंदुए अक्सर मानव बस्तियों में आ रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए राज्य के वन मंत्री गणेश नाइक ने विधानसभा में बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने तेंदुओं को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 से हटाकर अनुसूची-2 में रखने का फैसला किया है।
- छत्तीसगढ़ के रायपुर में ‘आदि परब महोत्सव 2026’ शुरू हो गया है। यह दो दिन का उत्सव जनजातीय समाज से जुड़ा है। इसमें छत्तीसगढ़ के साथ-साथ तेलंगाना, ओडिशा, महाराष्ट्र और झारखंड के आदिवासी लोक कलाकार भाग ले रहे हैं। इस साल महोत्सव का विषय है- ‘परम्परा से पहचान तक’।
- केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा के साथ मिलकर क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Zepto पर आयुष का एक खास स्टोर शुरू किया है। यह पहल आयुष निर्यात संवर्धन परिषद और जेप्टो के बीच सहयोग का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य पारंपरिक भारतीय स्वास्थ्य उत्पादों को ऑनलाइन अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 15 मार्च 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- नेपाल के आव्रजन विभाग ने ईरानी नागरिकों के आगमन पर उनके लिए वीज़ा जारी नहीं करने की घोषणा की है।
- रूस ने यूक्रेन के हमले में क्रूज मिसाइलों के इस्तेमाल को लेकर ब्रिटेन और फ्रांस के राजदूतों को तलब किया है।
- मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने बांग्लादेश को आश्वसन दिया है कि उसके तेल टैंकरों को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित मार्ग से गुजरने दिया जाएगा।
- भारतीय नौसेना का प्रशिक्षण पोत INS सुदर्शनी माल्टा की राजधानी वैलेटा पहुंच गया है। यह यात्रा समुद्री अभियान लोकायन-26 का एक अहम हिस्सा है। यह पोत लगभग 22 हजार समुद्री मील की लंबी वैश्विक यात्रा पर है।
- भारतीय वाणिज्य दूतावास, दुबई ने घोषणा की है कि पश्चिम एशिया में चल रही परिस्थितियों के कारण भारत में फंसे विदेशियों के भारतीय वीज़ा और ई-वीज़ा की अवधि बढ़ा दी जाएगी। साथ ही अधिक समय तक ठहरने पर लगने वाला जुर्माना भी माफ किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: स्कूल असेंबली के लिए 16 मार्च की मुख्य समाचार सुर्खियां
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- CTET के उत्तरों पर आपत्ति 15 मार्च की रात 11:59 बजे तक दर्ज कराई जा सकती है। अगर कोई उम्मीदवार किसी उत्तर से संतुष्ट नहीं है, तो वह 1000 रुपये जमा करके आपत्ति दर्ज करवा सकता है।
- राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने कक्षा 9वीं की अंग्रेजी पाठ्यपुस्तक में बड़े बदलाव लागू किए हैं। नई नीति के तहत पाठ्यपुस्तकों को भारतीय ज्ञान परंपरा और स्वदेशी दृष्टिकोण के आधार पर तैयार किया जा रहा है। परिषद ने अंग्रेजी की पुस्तकों के लेखन में विदेशी लेखकों के बजाय भारतीय शिक्षाविदों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। यह नया सिलेबस इसी शैक्षणिक वर्ष से लागू होगा।
- रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने CEPTAM 11 भर्ती टियर-1 परीक्षा के लिए सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी कर दी है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट drdo.gov.in पर जाकर अपना सिटी स्लिप डाउनलोड करके परीक्षा केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
आशा है कि आपको 15 मार्च की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!