राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) भारतीय सेना का कैडेट कोर है, जिसका मुख्यालय नई दिल्ली में है। भारत में एनसीसी एक स्वैच्छिक संगठन है, जो पूरे भारत के हाई स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से कैडेटों की भर्ती करता है। यह एक त्रि-सेवा संगठन है, जिसमें थल सेना, नौसेना और वायु सेना शामिल हैं। भारत में बहुत से युवा जो सेना में शामिल होना चाहते हैं, अक्सर स्कूल या कॉलेज में NCC में भर्ती होकर अनुशासन, नेतृत्व, सामाजिक सेवा, मैप रीडिंग, ड्रिल और छोटे हथियारों और परेड का बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।
हालांकि कैडेट अपना कोर्स पूरा करने के बाद सक्रिय सैन्य सेवा के लिए बाध्य नहीं होते, लेकिन उनकी उपलब्धियों के आधार पर सेना में चयन में उन्हें सामान्य उम्मीदवारों की तुलना में प्राथमिकता दी जाती है। अगर आप भी राष्ट्रीय कैडेट कोर में शामिल होना चाहते हैं, और इसमें शामिल होने की प्रक्रिया के बारे में नहीं जानते तो यह लेख आपके लिए हैं। यहां आप NCC में भर्ती होने की प्रक्रिया के बारे में जानेंगे।
This Blog Includes:
NCC में शामिल होने के प्रमुख कारण
राष्ट्रीय कैडेट कोर में शामिल होने के सामान्य लाभ इस प्रकार हैं:
- वार्षिक ट्रेनिंग कैंप: कैडेट्स को प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले ट्रेनिंग कैंपों में हिस्सा लेने का अवसर मिलता है। यहां आपको अनुशासन, फायरिंग, ड्रिल, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट और सैन्य परेड की ट्रेनिंग तथा टीम वर्क में काम करना सिखाया जाता है।
- गणतंत्र दिवस परेड का अवसर: NCC द्वारा चयनित योग्य कैडेट्स को कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में मार्च करने का अवसर मिलता है।
- करियर में NCC सर्टिफिकेट के बेनिफिट्स: कई सरकारी नौकरियों में NCC सर्टिफिकेट होल्डर्स को बोनस मार्क्स दिए जाते हैं।
- सैनिक भर्ती में वरीयता: सेना भर्ती में A, B और C सर्टिफिकेट होल्डर्स को बोनस मार्क्स मिलते हैं, जिससे आपके सिलेक्शन की संभावना बढ़ जाती है।
- खेल और पुरस्कार: NCC खेल प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार और सम्मान मिलता है।
- पैरा ट्रेनिंग और ट्रेकिंग: NCC द्वारा कुछ चुनिंदा कैडेट्स को पैरा जंपिंग और पहाड़ों या जंगलों में ट्रेकिंग का अवसर मिलता है।
- अंतरराष्ट्रीय युवा विनिमय कार्यक्रम (YEP): NCC में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को विदेश जाकर वहां के कैडेट्स से मिलने और अनुभव साझा करने का अवसर मिलता है।
- राज्य सरकार की नौकरियों में प्राथमिकता: कई राज्यों में NCC ‘C’ सर्टिफिकेट वाले कैडेट्स को पुलिस, फायर सर्विस, होमगार्ड आदि में प्राथमिकता दी जाती है।
NCC सर्टिफिकेट के लाभ
एनसीसी के सर्टिफिकेट मुख्य रूप से तीन प्रकार के होते हैं, जैसे:
- NCC ‘A’ सर्टिफिकेट: यह कक्षा 10वीं और 12वीं के कैडेट्स को दिया जाता है। इसके लिए ट्रेनिंग और परीक्षा अनिवार्य होती है, जिसे पास करने के बाद आपको यह सर्टिफिकेट दिया जाता है। यह सेना और पुलिस भर्ती में 5 से 10 बोनस मार्क्स प्रदान करता है। इससे आपके सिलेक्शन की संभावना बढ़ जाती है।
- NCC ‘B’ सर्टिफिकेट: यदि आप मान्यता प्राप्त कॉलेज या विश्वविद्यालय में पढ़ते हैं और NCC में रहकर परीक्षा उत्तीर्ण करते हैं, तो आपको ‘B’ सर्टिफिकेट मिलता है। यह सर्टिफिकेट भी अर्धसैनिक बलों, भारतीय सेना और पुलिस भर्ती में बोनस मार्क्स देता है।
- NCC ‘C’ सर्टिफिकेट: यह सर्टिफिकेट सीनियर डिवीजन तथा विंग के कैडेटों के लिए सर्वोच्च योग्यता है, जो 3 साल के प्रशिक्षण के बाद दिया जाता है।
NCC में प्रवेश की योग्यता
राष्ट्रीय कैडेट कोर में शामिल होने के लिए सामान्य योग्यताएं इस प्रकार हैं:
- राष्ट्रीयता: NCC में प्रवेश के लिए भारत का नागरिक होना अनिवार्य है।
- शैक्षणिक योग्यता: आपको उसी स्कूल, कॉलेज या विश्वविद्यालय में रेगुलर छात्र होना चाहिए जहां NCC यूनिट उपलब्ध है। एनसीसी में प्रवेश केवल उसी संस्था के विद्यार्थियों के लिए खुला है।
- आयु सीमा: आपकी आयु जूनियर डिवीजन के लिए न्यूनतम 13 वर्ष और अधिकतम 18.5 वर्ष होनी चाहिए। वहीं सीनियर डिवीजन के लिए यह 18.5 से 26 वर्ष तक होनी चाहिए।
- शारीरिक और मानसिक फिटनेस: आपको मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए।
- गुड कैरेक्टर: आपका कैरेक्टर अच्छा होना चाहिए और आप पर कोई गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होना चाहिए।
NCC में प्रवेश कैसे लें? (स्टेप-बाय-स्टेप गाइड)
राष्ट्रीय कैडेट कोर में प्रवेश के लिए कुछ सामान्य चरण इस प्रकार हैं:
स्टेप 1: औपचारिक पात्रता पूरी करें
आप उस स्कूल या कॉलेज के रेगुलर छात्र होने चाहिए जहां NCC यूनिट मौजूद है। अगर आप स्कूल में NCC यूनिट में प्रवेश लेना चाहते हैं तो आपकी आयु 13 से 18.5 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं कॉलेज या विश्वविद्यालय के लिए आयु सीमा 18.5 से 26 वर्ष होनी आवश्यक है। इसके अलावा आपको NCC द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुसार मेडिकल रूप से फिट होना चाहिए।
स्टेप 2: संबंधित NCC यूनिट में आवेदन करें
इसके बाद आपको अपने स्कूल या कॉलेज की NCC यूनिट से आवेदन फॉर्म प्राप्त करना होगा। फिर इसे भरकर आयु प्रमाण, शैक्षणिक प्रमाणपत्र सहित आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करना होगा।
स्टेप 3: इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया पूरी करें
ध्यान रखें कि स्कूल और कॉलेज की NCC यूनिट में चयन प्रक्रिया थोड़ी अलग हो सकती है। आमतौर पर इसमें इंटरव्यू और फिटनेस टेस्ट होता है, जिसमें अधिकारी NCC में आपकी रुचि और योग्यता का मूल्यांकन करते हैं।
स्टेप 4: नामांकन प्रक्रिया पूरी करें
NCC यूनिट में चुने जाने के बाद आपको राष्ट्रीय कैडेट कोर में कैडेट के रूप में नामांकित किया जाता है। फिर आपको आवश्यक फॉर्म भरना और दस्तावेज जमा करना होता है।
स्टेप 5: ट्रेनिंग करें
NCC में नामांकन के बाद आपको आवश्यक ट्रेनिंग दी जाती है, जिसमें ड्रील व मार्चिंग, फायरिंग, बेसिक मिलिट्री नॉलेज, मैप रीडिंग, प्राथमिक उपचार, नेतृत्व, शारीरिक फिटनेस और हेल्थ ट्रेनिंग तथा सैन्य परेड शामिल हैं।
स्टेप 6: परीक्षा उत्तीर्ण करें और सर्टिफ़िकेट प्राप्त करें
NCC में रहते हुए आपको अपनी डिवीजन (यानी जूनियर या सीनियर) के आधार पर ‘B’ और ‘C’ सर्टिफिकेट की परीक्षाएं पास करनी होती हैं। ध्यान दें कि यह प्रक्रिया स्कूल, कॉलेज या राज्य NCC यूनिट के नियमों के अनुसार अलग हो सकती है। नवीनतम जानकारी के लिए आप हमेशा अपनी स्थानीय NCC यूनिट से संपर्क करें।
FAQs
NCC में शामिल होने के लिए आपको किसी मान्यता प्राप्त स्कूल, कॉलेज या विश्वविद्यालय में रेगुलर छात्र होना आवश्यक है। आप कक्षा 8 से लेकर स्नातक तक NCC यूनिट में नामांकन कर सकते हैं।
NCC में जूनियर डिवीजन के लिए नामांकन अवधि 2 वर्ष और सीनियर डिवीजन के लिए 3 वर्ष होती है।
NCC से आपको अनुशासन, नेतृत्व कौशल, शारीरिक फिटनेस और सरकारी नौकरियों या रक्षा सेवाओं में वरीयता सहित कई शैक्षणिक और करियर लाभ मिलते हैं।
NCC में कई विषयों की पढ़ाई होती है, जैसे राष्ट्रीय कैडेट कोर का परिचय, राष्ट्रीय एकता, ड्रिल, बेसिक फायरिंग, नेतृत्व, सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य और मैप राइडिंग आदि।
10वीं के बाद आप किसी मान्यता प्राप्त स्कूल की NCC यूनिट में आवेदन कर एनसीसी में नामांकन कर सकते हैं। लेकिन आप उस स्कूल के रेगुलर छात्र होने चाहिए।
संबंधित लेख पढ़ें:
हमें आशा है कि इस लेख के माध्यम से आपको NCC में शामिल होने की प्रक्रिया की सभी आवश्यक जानकारी मिल गई होगी। ऐसे ही अन्य करियर से जुड़े लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu के साथ बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!