लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) कैसे बनें? जानें स्टेप-बाय-स्टेप गाइड 

1 minute read
ldc kaise bane

लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) भारत में केंद्र और राज्य सरकारों में एंट्री-लेवल क्लेरिकल पद है, जिसे मुख्य रूप से स्टाफ सेलेक्शन कमीशन और राज्य लोक सेवा आयोगों के माध्यम से भरा जाता है। इस पद पर काम करने वाले कर्मचारी फाइल मैनेजमेंट, डेटा एंट्री, पत्राचार, नोटिंग और रिकॉर्ड रखने जैसे प्रशासनिक कार्यों में मुख्य भूमिका निभाते हैं। 

LDC बनने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास है और उम्मीदवारों की आयु 18-27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इस गाइड में आपको लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) बनने के लिए आवश्यक योग्यता, चयन प्रक्रिया, जरूरी स्किल्स के बारे में बताया गया है।

This Blog Includes:
  1. लोअर डिवीजन क्लर्क कौन होता है?
  2. लोअर डिवीजन क्लर्क की जिम्मेदारियां और कार्य
  3. LDC और UDC में अंतर
  4. लोअर डिवीजन क्लर्क बनने के लिए आवश्यक स्किल्स
  5. लोअर डिवीजन क्लर्क बनने के लिए योग्यता
  6. लोअर डिवीजन क्लर्क बनने के लिए स्टेप बाय स्टेप गाइड
    1. स्टेप 1: आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ें
    2. स्टेप 2: पात्रता और आयु सीमा की पुष्टि करें
    3. स्टेप 3: ऑनलाइन आवेदन सही तरीके से भरें
    4. स्टेप 4: टियर-I (कंप्यूटर आधारित परीक्षा) की तैयारी करें
    5. स्टेप 5: टियर-II परीक्षा और स्किल टेस्ट को समझें
    6. स्टेप 6: दस्तावेज़ सत्यापन के लिए तैयार रहें
    7. स्टेप 7: नियुक्ति और जॉइनिंग प्रक्रिया
  7. लोअर डिवीजन क्लर्क बनने के बाद करियर ग्रोथ एंड प्रोमोशन
  8. लोअर डिवीजन क्लर्क को मिलने वाला वेतन
  9. FAQs

लोअर डिवीजन क्लर्क कौन होता है?

लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) सरकारी कार्यालयों में कार्य करने वाला एक प्रारंभिक स्तर का क्लर्क होता है, जिसका मुख्य काम कार्यालय से जुड़े प्रशासनिक और दस्तावेज़ प्रबंधन से संबंधित कार्यों को संभालना होता है। यह पद मंत्रालयों, सरकारी विभागों, सचिवालयों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में पाया जाता है। 

LDC कार्यालय की फाइलों और रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखना, दस्तावेज़ों का सही तरीके से संधारण करना, डेटा एंट्री और टाइपिंग कार्य करना तथा वरिष्ठ अधिकारियों को दैनिक प्रशासनिक कार्यों में सहायता प्रदान करना जैसे कार्य करता है। इस पद के माध्यम से सरकारी कार्यालयों के रिकॉर्ड और दस्तावेज़ों का संचालन व्यवस्थित रूप से किया जाता है, जिससे प्रशासनिक कार्य सुचारु रूप से चल सकें।

लोअर डिवीजन क्लर्क की जिम्मेदारियां और कार्य

लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) सरकारी कार्यालयों में दैनिक प्रशासनिक और रिकॉर्ड प्रबंधन से जुड़े कार्यों को व्यवस्थित रूप से संभालता है। यह पद विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और सरकारी संस्थानों में महत्वपूर्ण प्रशासनिक सहायता प्रदान करता है। LDC की प्रमुख जिम्मेदारियां और कार्य निम्नलिखित हैं:

  • डाक और फाइल मैनेजमेंट: कार्यालय में आने-जाने वाली डाक और दस्तावेज़ों को रजिस्टर में दर्ज करना, फाइलों को क्रमबद्ध तरीके से व्यवस्थित रखना और आवश्यक दस्तावेज़ों को समय पर उपलब्ध कराना।
  • टाइपिंग और डेटा एंट्री: वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सरकारी पत्र, नोटिस, आदेश और अन्य दस्तावेज़ कंप्यूटर पर टाइप करना तथा आवश्यक जानकारी को डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज करना।
  • रिकॉर्ड और रजिस्टर बनाए रखना: कार्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज़ों, रजिस्टरों और फाइलों का सही तरीके से संधारण करना तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध कराना।
  • प्रशासनिक सहायता प्रदान करना: वरिष्ठ अधिकारियों को विभिन्न प्रशासनिक कार्यों में सहायता देना, जैसे रिपोर्ट तैयार करना, पत्राचार का प्रबंधन करना और कार्यालय के नियमित कार्यों को सुचारु रूप से चलाने में सहयोग करना।

नोट: लोअर डिवीजन क्लर्क की वास्तविक जिम्मेदारियां संबंधित विभाग और कार्यालय के कार्य के अनुसार अलग-अलग हो सकती हैं, इसलिए भर्ती से पहले विभाग द्वारा जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन अवश्य पढ़ें।

LDC और UDC में अंतर

आधुनिक सरकारी विभागों, विशेषकर सेंट्रल सेक्रेटेरिएट में, LDC और UDC के पदों को अब क्रमशः जूनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (JSA) और सीनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (SSA) कहा जाता है। हालांकि कई विभागों में अभी भी LDC और UDC नाम प्रचलित हैं। नीचे दोनों पदों के बीच मुख्य अंतर दिया गया है:

पैरामीटरLDC (लोअर डिवीज़न क्लर्क)UDC (अपर डिवीज़न क्लर्क)
पद का स्तरशुरुआती स्तर का क्लर्कLDC से उच्च स्तर का क्लर्क
नया पद नामजूनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (JSA)सीनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (SSA)
भर्ती प्रक्रियामुख्य रूप से SSC CHSL परीक्षा के माध्यम से सीधी भर्तीLDC से प्रमोशन या विभागीय प्रतियोगी परीक्षा (LDCE)
वेतन स्तर (7th CPC)लेवल-2 (बेसिक सैलरी लगभग INR 19,900)लेवल-4 (बेसिक सैलरी लगभग INR 25,500)
मुख्य कार्यफाइलिंग, रिकॉर्ड संधारण, डेटा एंट्री, टाइपिंग कार्यफाइलों की जांच, ड्राफ्टिंग, नोटिंग, वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्टिंग
कार्य अनुभवनए कर्मचारियों के लिए प्रवेश स्तरअनुभव के बाद मिलने वाला पद
करियर प्रगतिअनुभव के बाद UDC में प्रमोशनआगे चलकर असिस्टेंट / सेक्शन ऑफिसर जैसे पदों तक प्रमोशन

लोअर डिवीजन क्लर्क बनने के लिए आवश्यक स्किल्स

लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) पद पर कार्य करने के लिए केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं होती, बल्कि कुछ आवश्यक स्किल्स का होना भी जरूरी होता है। इन स्किल्स की मदद से उम्मीदवार कार्यालय के प्रशासनिक कार्यों को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से कर सकता है। प्रमुख आवश्यक स्किल्स निम्नलिखित हैं:

  • कंप्यूटर की बेसिक जानकारी: LDC का काम मुख्य रूप से कंप्यूटर पर होता है, इसलिए MS Word, MS Excel, इंटरनेट और ईमेल का उपयोग करने की बेसिक जानकारी होना आवश्यक है।
  • टाइपिंग स्किल: सरकारी पत्र, नोटिस और अन्य दस्तावेज़ तैयार करने के लिए अच्छी टाइपिंग स्पीड होना जरूरी है। कई भर्तियों में हिंदी या अंग्रेजी टाइपिंग टेस्ट भी लिया जाता है।
  • संगठन और रिकॉर्ड मैनेजमेंट स्किल: कार्यालय में फाइलों और दस्तावेज़ों को व्यवस्थित रूप से संभालने के लिए रिकॉर्ड मैनेजमेंट और संगठन कौशल होना महत्वपूर्ण होता है।
  • कम्युनिकेशन स्किल्स: LDC को अक्सर वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों के साथ समन्वय करना होता है, इसलिए स्पष्ट और प्रभावी संवाद करने की क्षमता होना भी जरूरी है।

लोअर डिवीजन क्लर्क बनने के लिए योग्यता

लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) बनने के लिए उम्मीदवार के पास निम्नलिखित आवश्यक योग्यताएँ होनी चाहिए:

  • शैक्षणिक योग्यता: इसके लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा पास होना अनिवार्य है। DEO जैसे कुछ अन्य पदों के लिए 12वीं में गणित विषय होना जरूरी हो सकता है, लेकिन LDC पद के लिए सामान्य 12वीं पास होना पर्याप्त होता है।
  • आयु सीमा: इस पद के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना भर्ती अधिसूचना में निर्धारित तिथि (जैसे 01.01.2026) के अनुसार की जाती है। आरक्षित वर्गों (SC/ST/OBC/PwBD) को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाती है।
  • राष्ट्रीयता: उम्मीदवार का भारत का नागरिक होना आवश्यक है। इसके अलावा नेपाल या भूटान के नागरिक तथा कुछ श्रेणियों के तिब्बती शरणार्थी भी सरकार के नियमों के अनुसार पात्र हो सकते हैं। विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना देखना जरूरी होता है।
  • चयन प्रक्रिया: LDC पद पर चयन आमतौर पर SSC CHSL परीक्षा के माध्यम से किया जाता है। इसमें उम्मीदवार को लिखित परीक्षा (Tier-1 और Tier-2) के साथ टाइपिंग/स्किल टेस्ट भी पास करना होता है। इन सभी चरणों को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद ही उम्मीदवार का चयन किया जाता

लोअर डिवीजन क्लर्क बनने के लिए स्टेप बाय स्टेप गाइड

यहाँ आपके लिए लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) बनने की स्टेप-बाय-स्टेप गाइड दी गई है। इस प्रक्रिया को समझकर और सही तरीके से फॉलो करके आप इस सरकारी पद के लिए तैयारी कर सकते हैं।

स्टेप 1: आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ें

LDC बनने की प्रक्रिया आधिकारिक नोटिफिकेशन से शुरू होती है, जिसे स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (SSC) अपनी वेबसाइट पर जारी करता है। इस नोटिफिकेशन में पात्रता, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता (मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास), आरक्षण नियम और परीक्षा तिथियों से संबंधित पूरी जानकारी दी होती है। कई उम्मीदवार बिना नोटिफिकेशन पढ़े आवेदन कर देते हैं, जिससे बाद में दस्तावेज़ सत्यापन के समय समस्या हो सकती है। इसलिए आवेदन करने से पहले सभी शर्तों को ध्यान से समझना जरूरी है।

स्टेप 2: पात्रता और आयु सीमा की पुष्टि करें

SSC CHSL के तहत LDC पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास होती है। आयु सीमा सामान्यतः 18 से 27 वर्ष के बीच होती है, जिसमें SC/ST/OBC और अन्य आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट दी जाती है। आयु की गणना नोटिफिकेशन में दी गई कट-ऑफ तिथि के आधार पर की जाती है। यदि आपके जन्म प्रमाण पत्र या शैक्षणिक प्रमाणपत्र में कोई त्रुटि है, तो चयन प्रक्रिया के दौरान समस्या आ सकती है।

स्टेप 3: ऑनलाइन आवेदन सही तरीके से भरें

SSC CHSL परीक्षा के लिए आवेदन SSC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जाता है। आवेदन करते समय उम्मीदवार को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण और अन्य आवश्यक जानकारी भरनी होती है। साथ ही फोटो और हस्ताक्षर निर्धारित आकार और फॉर्मेट में अपलोड करने होते हैं। आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित होता है, जबकि कुछ श्रेणियों को शुल्क में छूट दी जाती है। अंतिम सबमिशन से पहले सभी विवरणों को एक बार दोबारा जाँच लेना चाहिए।

स्टेप 4: टियर-I (कंप्यूटर आधारित परीक्षा) की तैयारी करें

टियर-I परीक्षा कंप्यूटर आधारित (Computer Based Test) होती है, जिसमें रीजनिंग, अंग्रेज़ी भाषा, गणित और सामान्य ज्ञान से संबंधित वस्तुनिष्ठ (MCQ) प्रश्न पूछे जाते हैं। प्रश्नों का स्तर सामान्यतः 12वीं कक्षा के आसपास होता है, लेकिन प्रतियोगिता काफी अधिक होती है। इस परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.50 अंक की नेगेटिव मार्किंग होती है, इसलिए प्रश्नों का उत्तर सोच-समझकर देना चाहिए। इसकी तैयारी के लिए आधिकारिक सिलेबस और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अध्ययन करना उपयोगी होता है।

स्टेप 5: टियर-II परीक्षा और स्किल टेस्ट को समझें

SSC CHSL के नवीनतम पैटर्न के अनुसार टियर-II भी कंप्यूटर आधारित परीक्षा होती है। इसके बाद LDC पद के लिए टाइपिंग टेस्ट लिया जाता है, जो क्वालिफाइंग प्रकृति का होता है। इसमें उम्मीदवार को अंग्रेज़ी में लगभग 35 शब्द प्रति मिनट या हिंदी में लगभग 30 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड प्राप्त करनी होती है। यदि उम्मीदवार टाइपिंग टेस्ट पास नहीं कर पाता, तो उसका चयन LDC पद के लिए नहीं किया जाता।

स्टेप 6: दस्तावेज़ सत्यापन के लिए तैयार रहें

परीक्षा के सभी चरण सफलतापूर्वक पास करने के बाद उम्मीदवार को दस्तावेज़ सत्यापन (Document Verification) के लिए बुलाया जाता है। इसमें जन्म प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पहचान पत्र और यदि लागू हो तो जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होता है। सभी दस्तावेज़ सही और मूल होने चाहिए। यदि किसी प्रमाणपत्र में विसंगति पाई जाती है, तो चयन रद्द भी किया जा सकता है।

स्टेप 7: नियुक्ति और जॉइनिंग प्रक्रिया

दस्तावेज़ सत्यापन के बाद अंतिम मेरिट सूची जारी की जाती है। चयनित उम्मीदवारों को संबंधित मंत्रालय या सरकारी विभाग में नियुक्ति पत्र दिया जाता है। LDC का वेतन 7वें वेतन आयोग के पे-लेवल 2 (बेसिक सैलरी लगभग INR 19,900) के अनुसार निर्धारित होता है, जिसमें महंगाई भत्ता (DA), हाउस रेंट अलाउंस (HRA) और अन्य भत्ते शामिल होते हैं। जॉइनिंग के बाद विभागीय कार्यप्रणाली से संबंधित प्रारंभिक मार्गदर्शन दिया जाता है और प्रोबेशन अवधि पूरी करने के बाद नियुक्ति स्थायी हो जाती है।

लोअर डिवीजन क्लर्क बनने के बाद करियर ग्रोथ एंड प्रोमोशन

लोअर डिवीजन क्लर्क बनने के बाद कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के अधीन केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों की पदोन्नति नियमावली के आधार पर आपका नीचे दिए पदों पर प्रोमोशन हो सकता है –

पदनामवेतन स्तर (7th CPC)पदोन्नति का आधारन्यूनतम सेवा अवधि चयन प्रक्रिया
लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC)लेवल 2 (INR 19,900 बेसिक)सीधी भर्ती (SSC CHSL)शुरुआती पदटाइपिंग टेस्ट सहित चयन
अपर डिवीजन क्लर्क (UDC)लेवल 4 (INR 25,500 बेसिक)वरिष्ठता या विभागीय परीक्षा (LDCE)5 – 8 वर्षविभागीय प्रमोशन
असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO)लेवल 6 (INR 35,400 बेसिक)वरिष्ठता या स्नातक और विभागीय परीक्षा / DPC6 – 10 वर्ष (UDC के बाद)LDCE या DPC
सेक्शन ऑफिसर (SO)लेवल-8 / लेवल-10 (INR 47,600 बेसिक)सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा8 – 12 वर्ष (ASO के बाद)UPSC/विभागीय परीक्षा (कैडर अनुसार)
अंडर सेक्रेटरीलेवल 11चयन बोर्ड द्वाराअसाधारण करियर रिकॉर्ड परचयन व वरिष्ठता

लोअर डिवीजन क्लर्क को मिलने वाला वेतन

लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) के वेतन को HRA के आधार पर कम ज्यादा हो सकता है। भारत सरकार शहरों को तीन श्रेणियों (X, Y और Z) में बांटती है, इसमें मेट्रो सिटी को X कैटेगरी, टीयर-2 सिटी को Y कैटेगरी और Z कैटेगरी में गाँव और छोटे शहरों को शामिल किया जाता है। इन्हीं के आधार पर लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) का वेतन तैयार किया जाता है, यहाँ नीचे दी गई टेबल में इसकी विस्तृत जानकारी दी गई है –

वेतन घटकविवरणअनुमानित मासिक वेतन (INR)
बेसिक पे7वें वेतन आयोग के लेवल-2 पर शुरुआतINR 19,900
महंगाई भत्ता (DA)महंगाई भत्ता आमतौर पर बेसिक सैलरी का लगभग 17% होता है।INR 3,383
मकान किराया भत्ता (HRA)रहन-सहन स्थान के अनुसार X/Y/Z शहरों में भिन्नता देखी जा सकती है।X-सिटी: INR 4,776Y-सिटी: INR 3,184Z-सिटी: INR 1,592
परिवहन भत्ता (TA)आवागमन के लिए भत्ताX-सिटी: INR 3,600Y/Z-सिटी: INR 1,800
ग्रॉस सैलरीबेसिक, DA, HRA और TAX-सिटी: लगभग INR 31,659Y-सिटी: लगभग INR 28,267Z-सिटी: लगभग INR 26,675
डिडक्शनPF, NPS, टैक्स आदिलगभग INR 2,500 – INR 2,800
इन-हैंड सैलरी (नेट इनकम)कटौती के बाद कुल इनकमX-सिटी: लगभग INR 29,159Y-सिटी: लगभग INR 25,767Z-सिटी: लगभग INR 24,175

FAQs

एलडीसी बनने के लिए क्या करना पड़ता है?

एलडीसी बनने के लिए सबसे पहले उम्मीदवार को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा पास करनी होती है। इसके बाद एलडीसी पद के लिए आयोजित सरकारी प्रतियोगी परीक्षा, जैसे SSC CHSL, के लिए आवेदन करना पड़ता है। इस परीक्षा में लिखित परीक्षा (Tier-1 और Tier-2) पास करने के साथ-साथ टाइपिंग या स्किल टेस्ट भी उत्तीर्ण करना आवश्यक होता है। सभी चरण सफलतापूर्वक पास करने और दस्तावेज़ सत्यापन के बाद उम्मीदवार को विभिन्न सरकारी विभागों या मंत्रालयों में लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) के पद पर नियुक्ति मिलती है।

लोअर डिवीजन क्लर्क की भर्ती किसके द्वारा होती है?

लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) की भर्ती मुख्य रूप से स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (SSC) द्वारा आयोजित SSC CHSL (कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल) परीक्षा के माध्यम से की जाती है। इस परीक्षा के जरिए विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों, सरकारी विभागों और कार्यालयों में LDC पद पर नियुक्ति की जाती है। इसके अलावा कुछ राज्य सरकारें और विभाग भी अपनी अलग भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से लोअर डिवीजन क्लर्क के पदों पर भर्ती कर सकते हैं।

एलडीसी की परीक्षा में कौन-कौन से विषय पूछे जाते हैं?

एलडीसी की परीक्षा में आमतौर पर रीजनिंग, सामान्य ज्ञान, गणित (Quantitative Aptitude) और अंग्रेज़ी भाषा से संबंधित प्रश्न पूछे जाते हैं। यह परीक्षा मुख्य रूप से SSC CHSL के माध्यम से आयोजित होती है, जिसमें इन विषयों से वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाते हैं।

लोअर डिवीजन क्लर्क की चयन प्रक्रिया क्या होती है?

लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) की चयन प्रक्रिया आमतौर पर SSC CHSL परीक्षा के माध्यम से होती है। इसमें उम्मीदवार को लिखित परीक्षा (Tier-1 और Tier-2) पास करनी होती है, इसके बाद टाइपिंग/स्किल टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर अंतिम चयन किया जाता है।

क्या बिना टाइपिंग लोअर डिवीजन क्लर्क की नौकरी मिल सकती है?

नहीं, आमतौर पर बिना टाइपिंग स्किल के लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) की नौकरी नहीं मिल सकती। अधिकतर भर्तियों में लिखित परीक्षा पास करने के बाद टाइपिंग या स्किल टेस्ट देना अनिवार्य होता है। अगर उम्मीदवार निर्धारित टाइपिंग स्पीड पूरी नहीं कर पाता, तो चयन प्रक्रिया में आगे नहीं बढ़ पाता। इसलिए LDC बनने के लिए हिंदी या अंग्रेज़ी टाइपिंग की अच्छी स्पीड होना जरूरी माना जाता है।

Related Reads:

स्टेशन मास्टर कैसे बनें?12वीं के बाद क्या करें?
बीए के बाद क्या करें?कस्टम्स ऑफिसर कैसे बनें?

हमें उम्मीद है कि इस लेख में आपको लोअर डिवीजन क्लर्क बनने की प्रक्रिया की जानकारी मिल गई होगी। ऐसे ही अन्य करियर गाइड्स पढ़ने के लिए Leverage Edu के साथ बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*