स्कूल असेंबली के लिए 24 फरवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 24 February 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 24 फरवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 24 फरवरी 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 24 फरवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. देशभर में 24 फरवरी को ‘केंद्रीय उत्पाद शुल्क दिवस’ मनाया जाता है। यह दिवस ‘केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड’ (CBIC) द्वारा राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान के सम्मान में आयोजित किया जाता है।
  2. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 24 फरवरी से चार दिन के लिए महाराष्ट्र, झारखंड और राजस्थान के दौरे पर रहेंगी। आज वे मुंबई के लोक भवन में ‘जीवन बचाओ और स्वस्थ भारत बनाओ’ अभियान का उद्घाटन करेंगी। कल वे बुलढाणा जिले के शेगांव में ‘राष्ट्रीय आरोग्य मेला 2026’ का उद्घाटन करेंगी।
  3. मौसम विभाग के अनुसार 24 फरवरी की सुबह पंजाब में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। इसके साथ ही ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, झारखंड और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम वर्षा होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
  4. भारत निर्वाचन आयोग (ECI) मंगलवार, 24 फरवरी को नई दिल्ली में ECI और राज्य निर्वाचन आयुक्तों (SEC) का राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन आयोजित करेगा। इस सम्मेलन की अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार करेंगे। यह सम्मेलन 27 साल बाद हो रहा है, पिछला सम्मेलन 1999 में हुआ था।
  5. मणिपुरी फिल्म Boong ने सर्वश्रेष्ठ बाल और पारिवारिक फिल्म श्रेणी में प्रतिष्ठित बाफ्टा पुरस्कार जीता है।
  6. पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के दीमापुर रेलवे स्टेशन को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा प्रतिष्ठित ‘ईट राइट स्टेशन’ प्रमाणन से सम्मानित किया गया है।
  7. दिल्ली सरकार ने ‘राह-वीर योजना’ को अब राजधानी में लागू करने का फैसला किया है। इस योजना में सड़क हादसों में मदद करने वाले लोगों को 25,000 रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
  8. केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने सिविल सेवा परीक्षा- CSE 2023 से संबंधित भ्रामक विज्ञापन जारी करने के लिए वजिराव एंड रेड्डी इंस्टीट्यूट पर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
  9. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस महीने की शुरुआत में नए नियम जारी किए हैं, जिनके तहत ब्रोकरों को दी जाने वाली बैंक गारंटी के लिए कोलेटरल की शर्तें कड़ी कर दी गई हैं। इसके अलावा, बैंकों को अब ब्रोकरों को प्रोप्राइटरी ट्रेडिंग के लिए कर्ज देने से भी रोक दिया गया है। ये नियम 1 अप्रैल से प्रभावी होंगे।
  10. निर्वाचन आयोग ने ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) के बाद तमिलनाडु की नई मतदाता सूची जारी कर दी है। इसमें मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 41 लाख से घटकर 5 करोड़ 67 लाख हो गई है।
  11. गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने डोना पाउला में विश्व महासागर विज्ञान कांग्रेस 2026 की शुरुआत की। इस कार्यक्रम का विषय ‘महासागर स्वास्थ्य और सतत भविष्य’ है, जिसमें समुद्री पारिस्थितिकी, जलवायु परिवर्तन और नीली अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
  12. केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने तमिलनाडु के तूतीकोरिन में लगभग 1500 करोड़ रुपये की बंदरगाह परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें वीओसी समुद्री विरासत संग्रहालय, पवन ऊर्जा संयंत्र, बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली और सामाजिक जिम्मेदारी परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।
  13. गृह मंत्रालय ने देश की नई राष्ट्रीय आतंकवाद-विरोधी नीति और रणनीति ‘प्रहार’ का अनावरण किया है। यह रणनीति आतंकवाद के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए बनाई गई है और इसमें सख्त व सक्रिय कदमों पर जोर दिया गया है।
  14. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे की शुरुआत बड़े निवेश के साथ हुई। पहले दिन ही यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप के साथ 6,650 करोड़ रुपये के तीन MoU साइन किए गए, जिनसे ग्रुप हाउसिंग, लॉजिस्टिक्स पार्क और डेटा सेंटर जैसी परियोजनाएं शुरू होंगी। 

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 24 फरवरी 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. अमेरिका की सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा एजेंसी ने कहा है कि वह 24 फरवरी से रात 12:01 बजे (EST) से ‘अंतर्राष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्तियां अधिनियम’ (IEEPA) के तहत लगाए गए शुल्क की वसूली बंद कर देगी। यह फैसला अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा इन शुल्कों को अवैध ठहराए जाने के बाद लिया गया है।
  2. ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने के कारण भारत ने वहां रह रहे भारतीयों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। भारतीय एंबेसी ने सभी नागरिकों से कहा है कि वे अपने ट्रैवल और इमिग्रेशन डॉक्यूमेंट्स, जैसे पासपोर्ट और आईडी, हमेशा अपने पास रखें और किसी भी मदद के लिए भारतीय दूतावास से संपर्क करें।
  3. उत्तर कोरिया की सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी ने नेता किम जोंग उन को एक बार फिर महासचिव के पद पर निर्वाचित किया है।
  4. उत्तरपूर्वी अमेरिका में एक शक्तिशाली बर्फीले तूफान के कारण वाशिंगटन से बास्टन तक कई बड़े शहरों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तेज बर्फबारी और हवाओं की वजह से कई जगह यात्रा पर रोक लग गई है, हजारों उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं।
  5. भारतीय दूतावास ने मेक्सिको के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा अभियानों, सड़क अवरोधों और आपराधिक गतिविधियों के कारण अपने नागरिकों से सावधानी बरतने और घर में रहने की सलाह दी है।
  6. एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ ने 79वें बाफ्टा पुरस्कारों में शानदार प्रदर्शन किया तथा सर्वश्रेष्ठ फिल्म सहित छह पुरस्कार अपने नाम किए। पॉल थॉमस एंडरसन को इस फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुना गया और उन्हें सर्वश्रेष्ठ रूपांतरित पटकथा और सर्वश्रेष्ठ छायांकन का पुरस्कार भी मिला।
  7. Apple का आईफोन 2025 में भारत से सबसे ज्यादा निर्यात होने वाला उत्पाद बन गया है। इस दौरान लगभग 23 अरब डॉलर के आईफोन का निर्यात किया गया, जिसमें अधिकांश अमेरिका को भेजे गए।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 24 फरवरी 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच पहला महिला एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच 24 फरवरी से ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजकर 20 मिनट से शुरू होगा।
  2. ICC T20 विश्व कप के सुपर 8 के ग्रुप 2 का 45वां मैच इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच पल्लेकेले के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे शुरू होगा।
  3. जम्मू-कश्मीर की क्रिकेट टीम 24 फरवरी को रणजी ट्रॉफी के फाइनल में कर्नाटक से मुकाबला करेगी। मैच कर्नाटक के KSCA हुबली क्रिकेट ग्राउंड में सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।
  4. मुंबई में हुए ICC T-20 क्रिकेट विश्व कप सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 255 रन बनाए, जबकि जिम्बाब्वे की टीम 17.4 ओवर में केवल 147 रन पर ऑल आउट हो गई।
  5. अर्जेंटीना के टोमास मार्टिन एचवेरी ने ब्राजील में रियो ओपन टेनिस के फाइनल में चिली के एलेजांद्रो तबिलो को 3-6, 7-6(3), 6-4 से हराकर अपना पहला ATP टूर खिताब जीत लिया।
  6. भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने T20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड बना लिया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
  7. केंद्रीय बजट 2026-27 में खेल सामग्री के उत्पादन हेतु 500 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। यह आवंटन उच्च गुणवत्ता, किफायती और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सक्षम खेल उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है। 

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. UPSC IAS भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 24 फरवरी है। जो भी युवा IAS बनने की तैयारी कर रहे हैं, वे बिना देर किए UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsconline.nic.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं।
  2. जामिया मिल्लिया इस्लामिया में सत्र 2026-27 के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। छात्र तय तिथियों के भीतर ऑनलाइन आवेदन करके एडमिशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
  3. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नई दिल्ली में भारती एयरटेल और सी.के-12 फाउंडेशन के साथ मिलकर एआई से चलने वाला टीचर ऐप 2.0 लॉन्च किया। यह ऐप स्कूल के शिक्षकों को पढ़ाने में मदद करने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए बनाया गया है।
  4. राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने CUET UG 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन विंडो पुनः खोल दी है, जो 26 फरवरी तक खुली रहेगी। इच्छुक छात्र निर्धारित तिथियों के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
  5. जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिले राजौरी ने ‘माई भारत बजट’ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सर्वाधिक 14,402 प्रविष्टियों के साथ प्रथम स्थान अर्जित किया है। इसके पश्चात नई दिल्ली जिला 11,097 प्रविष्टियों के साथ द्वितीय तथा पूर्वी दिल्ली 8,307 प्रविष्टियों के साथ तृतीय स्थान पर रहा।
  6. दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती में पूर्व अग्निवीर सैनिकों को 20% आरक्षण देने के नए नियम को मंजूरी दी है। इसमें पूर्व अग्निवीरों को ऊपरी उम्र में 3 साल की छूट मिलेगी और पहले बैच से सेवामुक्त होने वाले अग्निवीरों को 5 साल की विशेष छूट दी जाएगी।
  7. बिहार कर्मचारी चयन आयोग ने राज्य में होने वाली 2nd इंटर लेवल, परिचारी, अधिकारी समेत कुल 45 भर्तियों की तारीखें घोषित कर दी हैं। परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र onlinebssc.com पर जाकर तिथियों की जानकारी ले सकते हैं।
  8. बिहार में होम गार्ड के 13,500 रिक्त पदों को भरने के लिए राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। अब जल्द ही गृह विभाग भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी करेगा और आवेदन शुरू होंगे।

आशा है कि आपको 24 फरवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*