स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 14 अप्रैल, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 14 अप्रैल 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 14 अप्रैल की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं:
- हर वर्ष 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती मनाई जाती है। वे भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार, प्रख्यात विधिवेत्ता तथा सामाजिक न्याय के सशक्त प्रवक्ता थे, जिन्होंने विशेष रूप से वंचित वर्गों के अधिकारों के संरक्षण हेतु महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
- पीएम नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, जिनमें दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन प्रमुख है।
- 14 अप्रैल को ‘विश्व क्वांटम दिवस’ के अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू राजधानी अमरावती में अत्याधुनिक क्वांटम कंप्यूटर टेस्ट बेड लॉन्च करेंगे।
- नई दिल्ली में नौसेना कमांडरों का इस वर्ष का पहला सम्मेलन 14 अप्रैल से शुरू हो रहा है। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में समुद्री हितों की सुरक्षा, क्षमता विकास और नौसेना की प्रचालन स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
- मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 18 अप्रैल तक उत्तर-पश्चिमी भारत के अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।
- सुप्रीम कोर्ट ने एक याचिका पर केंद्र सरकार और भारतीय चुनाव आयोग (ECI) को नोटिस भेजा है। इस याचिका में मतदान केंद्रों पर फर्जी वोटिंग रोकने के लिए फिंगरप्रिंट और आइरिस आधारित बायोमेट्रिक सिस्टम लागू करने की मांग की गई है।
- विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के अंतर्गत प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड ने के.सी. एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के साथ बूस्ट इलेक्ट्रिक जंप टेक-ऑफ नामक परियोजना के लिए समझौता किया है। इसका उद्देश्य मानवरहित और हल्के विमान प्लेटफार्मों की परिचालन क्षमताओं को बढ़ाना है।
- उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पार्सल बुकिंग से लगभग 460 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया है।
- केंद्र सरकार ने पंजाब में सीमा बाड़ को जीरो लाइन के निकट स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि सीमावर्ती किसानों की कृषि संबंधी परेशानियों को कम किया जा सके।
- एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) द्वारा जारी नवनीतम आंकड़ों के अनुसार, घरेलू म्यूचुअल फंड उद्योग का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) वित्त वर्ष 2025-26 में 12.2 प्रतिशत बढ़कर 73.73 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 14 अप्रैल 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं:
- इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने वरिष्ठ नियुक्तियों की परामर्श समिति से स्वीकृति मिलने के बाद अपने सैन्य सचिव मेजर जनरल रोमन गोफमान को ‘इंस्टीट्यूट फॉर इंटेलिजेंस एंड स्पेशल ऑपरेशंस’ (Mossad) का अगला निदेशक नियुक्त किया है।
- हंगरी में पीटर माग्यार को चुनावों में जीत हासिल हुई है। माग्यार की पार्टी टिस्जा ने 199 में से कम से कम 138 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है।
- ईरानी बंदरगाहों से जहाजों की आवाजाही अवरुद्ध करने की अमरीका की घोषणा के बाद वैश्विक बाजारों में तेल की कीमतें 100 अमरीकी डॉलर से अधिक हो गई हैं।
- अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की प्रबंध निदेशक क्रिस्टिलिना जॉर्जिवा ने ईरान युद्ध से वैश्विक आर्थिक संकट की चेतावनी दी है।
- भारत-उज़्बेकिस्तान का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘दुस्तलिक’ का 7वां संस्करण शुरू हो गया है। भारतीय सेना के 60 जवानों का एक दल उज़्बेकिस्तान भेजा गया है। यह अभ्यास 12 अप्रैल से शुरू होकर 25 अप्रैल तक चलेगा।
स्कूल असेंबली के लिए क्षेत्रीय समाचार सुर्खियां 14 अप्रैल 2026
यहां भारत के विभिन्न राज्यों से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं:
- बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए सरकारी डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। इस फैसले के बाद सरकारी डॉक्टर न तो निजी क्लीनिक चला सकेंगे और न ही कहीं अन्य स्थानों पर प्रैक्टिस कर पाएंगे।
- AIIMS राजकोट में सर्जरी की संख्या में तेज वृद्धि दर्ज की गई है। गुजरात स्थित इस संस्थान में वर्ष 2024 में 861 सर्जरी की गई थीं, जो 2025 में बढ़कर 1,927 तक पहुंच गईं। बता दें कि वर्ष 2026 में भी यह वृद्धि निरंतर बनी हुई है, जिसके अंतर्गत फरवरी माह तक 360 सर्जरी संपन्न की जा चुकी हैं। आंकड़ों के अनुसार, संस्थान में प्रति माह औसतन लगभग 180 ऑपरेशन किए जा रहे हैं।
- दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के सहयोग से राजधानी की विरासत को बढ़ावा देने के लिए ‘विरासत सप्ताह कार्यक्रम 2026’ का शुभारंभ किया गया है। 13 से 18 अप्रैल तक चलने वाली इस पहल का उद्देश्य लोगों विशेष रूप से युवाओं को दिल्ली की कला और संस्कृति से जोड़ना है।
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 14 अप्रैल 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं:
- IPL 2026 का 22वां मुकाबला 14 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और कोलकाता नाईट राइडर्स (KKR) के बीच खेला जाएगा। यह मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
- अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने आईसीसी विमेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए प्राइज मनी में 10% इजाफा किया है। आगामी विमेंस वर्ल्ड कप में 87,64,615 यूएस डॉलर की प्राइज मनी दी जाएगी।
- गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने IPL में 4000 रन पूरे कर लिए हैं। वे बहुत कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
- गुजरात टाइटंस के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर ने लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) के खिलाफ खेले गए IPL 2026 मुकाबले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस दौरान उन्होंने T20 फॉर्मेट में 14000 रन पूरे कर लिए हैं।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स:
- मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) द्वारा हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट का रिजल्ट 15 अप्रैल को जारी कर दिया जाएगा। आप MPBSE की ऑफिशियल वेबसाइट mpbse.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
- बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए टाइम टेबल जारी कर दिया गया है। दोनों ही कक्षाओं के लिए परीक्षाएं 2 मई से शुरू होंगी। BSEB द्वारा आयोजित परीक्षाएं इस बार दो शिफ्टों में कराई जाएंगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी शिफ्ट अपराह्न 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित की गई है।
- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG के लिए सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी है। आप NTA की ऑफिशियल वेबसाइट neet.nta.nic.in से इसे डाउनलोड कर सकते हैं। यह परीक्षा 3 मई को होगी, जबकि एडमिट कार्ड 30 अप्रैल को जारी किया जाएगा।
- महाराष्ट्र स्टेट कॉमन एंट्रेस टेस्ट सेल ने MHT CET 2026 के लिए आवेदन से चूक गए कैंडिडेट्स को एक और मौका दिया है। प्राधिकरण ने 15-16 अप्रैल 2026 को दो दिन का विशेष रजिस्ट्रेशन विंडो खोलने की घोषणा की है। इस दौरान आपको एडिट करने की सुविधा नहीं मिलेगी, इसलिए फॉर्म सावधानी से भरें। इसके साथ ही 500 रुपये की लेट फीस भी देनी होगी। यह परीक्षा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत इंजीनियरिंग, फार्मेसी एवं कृषि जैसे स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु आयोजित की जाती है।
- उत्तर प्रदेश में नर्सिंग पाठ्यक्रमों में एडमिशन के लिए प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले कॉमन नर्सिंग एंट्रेंस टेस्ट (UP CNET 2026) के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह परीक्षा अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित की जाती है। इच्छुक उम्मीदवार विश्वविद्यालय की ऑफिशियल वेबसाइट abvmuup.edu.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन एवं शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 20 मई 2026 निर्धारित की गई है।
आशा है कि आपको 14 अप्रैल की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!