स्कूल असेंबली के लिए 13 अप्रैल की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
AI के साथ सारांशित करें
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 13 April 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 13 अप्रैल, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 13 अप्रैल 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 13 अप्रैल की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं:

  1. आज पूरे देश में जालियांवाला बाग हत्याकांड की बरसी मनाई जा रही है। 13 अप्रैल 1919 को अमृतसर स्थित जालियांवाला बाग में ब्रिटिश सेना ने निहत्थे भारतीयों पर गोलीबारी की थी, जिसे भारतीय इतिहास की एक दर्दनाक घटना के रूप में याद किया जाता है।
  2. पीएम नरेंद्र मोदी 13 अप्रैल, 2026 को सुबह लगभग 11 बजे नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में भाग लेंगे। वे इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे।
  3. प्रख्‍यात गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले का मुंबई में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनका अंतिम संस्कार 13 अप्रैल की शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में होगा।
  4. नई दिल्ली में नौसेना कमांडरों का इस वर्ष का पहला सम्मेलन मंगलवार, 14 अप्रैल से शुरू हो रहा है। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में समुद्री हितों की सुरक्षा, क्षमता विकास और नौसेना की प्रचालन स्थिति की समीक्षा की जाएगी। 
  5. मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वोत्तर भारत में अगले दो दिन में बिजली कड़कने और तेज हवा के साथ गरज-चमक वाले तूफान आने की संभावना व्यक्त की है।
  6. मध्य प्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में भारत में जन्मी एक मादा चीता ने चार शावकों को जन्म दिया है। बता दें कि वर्ष 2022 में प्रोजेक्ट चीता की शुरुआत के बाद जंगल में यह पहला दर्ज जन्म है।
  7. इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त (रक्षा बंधन) तक चलेगी। पहली पूजा 29 जून ज्येष्ठ पूर्णिमा को होगी, जिसमें भगवान शिव की पूजा की जाती है। यात्रा के लिए पंजीकरण 15 अप्रैल से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से शुरू होगा। यह सुविधा देशभर के जम्मू-कश्मीर बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यस बैंक की 554 शाखाओं में उपलब्ध होगी।
  8. केंद्र सरकार ने डीजल पर निर्यात शुल्क 21.5 रुपये से बढ़ाकर 55.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। विमानन टरबाइन ईंधन (ATF) पर भी शुल्क 29.5 रुपये से बढ़ाकर 42 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। वहीं पेट्रोल पर कोई निर्यात शुल्क नहीं लगाया गया है।
  9. केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के अनुसार, साधना सप्ताह के दौरान कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर 3 करोड़ 18 लाख से अधिक पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 13 अप्रैल 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं:

  1. चीन ने ताइवान के साथ अपने कुछ स्थगित संबंधों को पुनः बहाल करने की घोषणा की है। इसके तहत चीन के कई शहरों के लिए सीधी उड़ान सेवाएं फिर से शुरू की जाएंगी और ताइवान से मत्स्य उत्पादों का आयात भी बहाल किया जाएगा।
  2. कुर्द नेता निज़ार अमेदी इराक के नए राष्ट्रपति बने हैं। वे पूर्व में देश के पर्यावरण मंत्री रह चुके हैं।
  3. पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में संयुक्त राज्य अमेरिका और ईरान के बीच लगभग 21 घंटे तक चली वार्ता बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई है। 
  4. रूस और यूक्रेन ने ऑर्थडॉक्‍स ईस्‍टर के मौके पर युद्ध विराम से पहले 175 युद्धबंदियों का आदान-प्रदान किया है। 
  5. ब्रिटेन ने मॉरिशस को चागोस द्वीपों की संप्रभुता हस्तांतरित करने की अपनी योजना को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया है।

स्कूल असेंबली के लिए क्षेत्रीय समाचार सुर्खियां 13 अप्रैल 2026

यहां भारत के विभिन्न राज्यों से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं:

  1. तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने जुलाई महीने के लिए दर्शन और ठहरने की ऑनलाइन बुकिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। अलग-अलग सेवाओं के टिकट और कोटा 18 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच अलग-अलग समय पर जारी होंगे। श्रद्धालु तय समय के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण और भुगतान कर सकते हैं। टीटीडी द्वारा श्रद्धालुओं को निर्धारित समय सीमा में ऑनलाइन पंजीकरण एवं भुगतान करने की सलाह दी गई है।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 13 अप्रैल 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं:

  1. IPL 2026 का 21वां मुकाबला 13 अप्रैल को सनराइज हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। 
  2. भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. वैशाली ने साइप्रस के पेगेइया में आयोजित महिला कैंडिडेट्स शतरंज प्रतियोगिता के 11वें दौर में एलेक्जेंड्रा गोरियाचकिना पर शानदार जीत दर्ज की है।
  3. किर्गिस्तान के बिश्केक में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारत के सुजीत कलकल और अभिमन्यु मंडवाल ने स्वर्ण पदक जीते हैं। सुजीत ने 65 किलोग्राम वर्ग में उज्बेकिस्तान के उमिदजोन जलोलोव को 8-1 से हराया, जबकि अभिमन्यु ने 70 किलोग्राम वर्ग में मंगोलिया के खिलाड़ी को 5-3 से हराया। भारत ने अब तक कुल 14 पदक जीत लिए हैं।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स:

  1. कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने जीडी कॉन्स्टेबल परीक्षा की तारीखों की घोषणा कर दी है। यह परीक्षा 27 अप्रैल से 30 मई 2026 तक देशभर के परीक्षा केंद्रों में होगी। उम्मीदवार अब SSC की ऑफिशियल वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा की शिफ्ट चुन सकते हैं।
  2. राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने JEE Mains 2026 सेशन-2 की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। उम्मीदवार अब ऑफिशियल वेबसाइट jeemain.nta.nic.in के माध्यम से आंसर-की डाउनलोड कर सकते हैं।
  3. राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने CUET PG 2026 परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। 6 से 27 मार्च 2026 के बीच परीक्षा देने वाले उम्मीदवार अब ऑफिशियल वेबसाइट exams.nta.nic.in/cuet-pg/ पर जाकर आंसर-की डाउनलोड कर सकते हैं।

आशा है कि आपको 13 अप्रैल की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेखपढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें। 


Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*