यदि आप साइंस या फ़ूड टेक्नोलॉजी बैकग्राउंड से संबंध रखते हैं और पब्लिक हेल्थ व फ़ूड रेगुलेशन के क्षेत्र में काम करना चाहते हैं, तो फूड इंस्पेक्टर बनकर इस क्षेत्र में सुनहरा भविष्य बना सकते हैं। फूड इंस्पेक्टर एक सरकारी अधिकारी होता है।
एक फ़ूड इंस्पेक्टर के तौर पर आप फ़ूड क्वालिटी को मॉनिटर करने, मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स का निरिक्षण करने और प्रोडक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन चेन में फ़ूड सेफ़्टी स्टैंडर्ड्स को सुनिश्चित करने के लिए ज़िम्मेदार होते हैं।
इसके अलावा मॉल, बाजार, होटल, ढाबे और मिठाई की दुकान में जाकर खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता चेक करना भी उनके कार्यक्षेत्र में आता है। इस लेख में आपके लिए फूड इंस्पेक्टर बनने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई है।
This Blog Includes:
फूड इंस्पेक्टर की प्रमुख जिम्मेदारियां
फूड इंस्पेक्टर का मुख्य कार्य यह देखना होता है कि हर संगठन में खाद्य सुरक्षा के नियमों का सही तरीके से पालन किया जाए। इनके मुख्य कार्यों में शामिल हैं:
- खाद्य सैंपल का संग्रह और परीक्षण करना: बाजार, होटल, रेस्तरां, मिठाई की दुकान, डेयरी या मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर उन्हें अधिकृत प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजना।
- खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करना: खाद्य उत्पादन, प्रसंस्करण, भंडारण और बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करके यह सुनिश्चित करना कि वे निर्धारित स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का पालन कर रहे हैं।
- लाइसेंस और पंजीकरण की जांच करना: यह वेरिफाई करना कि सभी ‘खाद्य व्यवसाय संचालक’ (FBOs) के पास वैलिड ‘भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण’ (FSSAI) लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन मौजूद है।
- असुरक्षित या मिलावटी खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई करना: यदि कोई खाद्य पदार्थ मिलावटी, एक्सपायर्ड या मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाया जाता है तो उसे जब्त करना और संबंधित कानूनी कार्रवाई शुरू करना।
- कानूनी नोटिस और अभियोजन की प्रक्रिया चलाना: खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यवसाय के खिलाफ नोटिस जारी करना और आवश्यक होने पर न्यायिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करना।
- रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच करना: खाद्य प्रतिष्ठानों के उत्पादन रिकॉर्ड, कच्चे माल के स्रोत, स्टोरेज और सप्लाई चेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच करना।
- खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की निगरानी: यह सुनिश्चित करना कि उत्पादन से लेकर वितरण तक की पूरी प्रक्रिया में निर्धारित फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड्स का पालन किया जा रहा है।
- जागरूकता और मार्गदर्शन प्रदान करना: खाद्य व्यवसाय संचालकों (FBOs) को स्वच्छता, लेबलिंग, पैकेजिंग और सुरक्षित खाद्य पद्धतियों के बारे में आवश्यक मार्गदर्शन देना।
फूड इंस्पेक्टर बनने के लिए योग्यता
फूड इंस्पेक्टर बनने के लिए आपको कुछ आवश्यक योग्यताओं को पूरा करना होगा, जैसे:
- शैक्षणिक योग्यता: आपके पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से फूड टेक्नोलॉजी, एग्रीकल्चर साइंस, डेयरी टेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, केमिस्ट्री, मेडिसिन, वेटनरी साइंस या संबंधित विज्ञान विषय में न्यूनतम 55% अंकों के साथ स्नातक की डिग्री होनी चाहिए।
- आयु सीमा: फूड इंस्पेक्टर पद के लिए न्यूनतम आयु सामान्यतः 18 या 21 वर्ष होती है, जबकि अधिकतम आयु लगभग 40 वर्ष तक निर्धारित की जाती है। हालांकि आरक्षित वर्ग के लिए सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट भी दी जाती है।
फूड इंस्पेक्टर बनने के लिए आवश्यक स्किल्स
अगर आप फूड इंस्पेक्टर बनना चाहते हैं, तो आपके पास खाद्य हैंडलिंग, स्वच्छता, मानव स्वास्थ्य, खाद्य निरीक्षण, ‘गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिसेज’ (GMP), प्रसंस्करण प्रक्रियाएं और सार्वजनिक स्वास्थ्य जैसी जरूरी स्किल्स होनी चाहिए। कुछ आवश्यक स्किल्स इस प्रकार हैं:
- कम्युनिकेशन स्किल्स
- क्रिटिकल थिंकिंग
- डिसीजन मेकिंग स्किल्स
- सेफ़्टी पर ध्यान
- सैनिटरी कंडीशन
- मिलावट की जाँच
- फ़ूड चेन प्रिजर्वेशन
- सेफ़्टी प्रोटोकॉल मैनेजमेंट
- फ़ूड सेफ़्टी रेगुलेशंस
- कोड ऑफ फेडरल रेगुलेशंस
- सैनिटेशन प्रोसीजर इम्प्लीमेंटेशन
फूड इंस्पेक्टर कैसे बनें? (स्टेप-बाय-स्टेप गाइड)
भारत में फूड इंस्पेक्टर बनने की एक निश्चित प्रक्रिया होती है, जिसे सफलतापूर्वक पूरा करने पर यह पद प्राप्त किया जा सकता है। यहां आपके लिए फूड इंस्पेक्टर बनने के कुछ प्रमुख स्टेप्स दिए गए हैं:-
स्टेप 1: ग्रेजुएशन पूरी करें
सबसे पहले आपको मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से साइंस स्ट्रीम में PCB विषयों के साथ न्यूनतम 55% अंकों के साथ 12वीं पास करनी होगी। इसके बाद आप फ़ूड साइंस, फ़ूड टेक्नोलॉजी, एग्रीकल्चर, एग्रोनोमी व बायोटेक्नोलॉजी में से किसी एक विषय में बीएससी या बी.टेक कर सकते हैं।
स्टेप 2: FSSAI परीक्षा के लिए आवदेन करें
ग्रेजुएशन कंप्लीट करने के बाद आप ‘भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण’ (FSSAI) भर्ती परीक्षा जो ‘संघ लोक सेवा आयोग’ (UPSC) द्वारा आयोजित की जाती है। उसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
हालांकि कुछ भर्ती परीक्षाएं केंद्रीय और विभिन्न राज्य भर्ती बोर्ड द्वारा भी आयोजित की जाती है। इन परीक्षाओं में भी UPSC की तरह सामान्य नियम लागू होते हैं। आप अपनी तैयारी और राज्य अनुसार इन परीक्षाओं में से किसी का भी चयन कर सकते हैं।
स्टेप 3: परीक्षा पास करें
फूड इंस्पेक्टर बनने के लिए आपको संबंधित भर्ती बोर्ड द्वारा आयोजित ‘फ़ूड सेफ्टी ऑफिसर’ (FSO) परीक्षा देनी होगी और उसे पास करना होगा। इस परीक्षा में दो भाग होंगे: लिखित परीक्षा और इंटरव्यू।
स्टेप 4: फूड इंस्पेक्टर के रूप में नियुक्ति पाएं
भारत में फूड इंस्पेक्टर बनने का यह फाइनल स्टेप है। परीक्षा और इंटरव्यू पास करने के बाद, भर्ती बोर्ड आपके दस्तावेज और मेडिकल रिपोर्ट की जांच करता है। इसके बाद संबंधित भर्ती बोर्ड द्वारा आपको एक अपॉइंटमेंट लेटर दिया जाता हैं। फिर आप फूड इंस्पेक्टर के रूप में अपना करियर शुरू कर सकते हैं।
स्टेप 5: चयन के बाद फ़ूड सेफ्टी ट्रेनिंग कंप्लीट करें
फूड इंस्पेक्टर की ट्रेनिंग भारत में मुख्य रूप से FSSAI तथा राज्य खाद्य सुरक्षा विभागों द्वारा निर्धारित मॉड्यूल के अनुसार कराई जाती है। इस ट्रेनिंग में खाद्य सुरक्षा कानून, निरीक्षण प्रक्रिया, खाद्य सैंपल लेना व लैब परीक्षण, मिलावट पहचान, होटल-फैक्ट्री निरीक्षण, भंडारण-परिवहन मानक, GMP-GHP, लाइसेंसिंग व FoSCoS उपयोग, शिकायत जांच, रिपोर्ट तैयार करना और फील्ड प्रशिक्षण शामिल होता है। इसके साथ-साथ अधिकारियों को फील्ड विजिट, प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निरीक्षण का अनुभव भी कराया जाता है।
फूड इंस्पेक्टर की सैलरी और सुविधाएं
फूड इंस्पेक्टर के रूप में आपकी शुरूआती सैलरी केंद्र, राज्य सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSUs) के अनुसार थोड़ी अलग हो सकती है। हालांकि सातवें वेतन आयोग के अनुसार सामान्यतः आपकी मासिक सैलरी INR 50,000 से INR 70,000 के बीच हो सकती है। इसके अलावा उन्हें महंगाई भत्ता (DA), ट्रेवल अलाउंस (TA), हाउस रेंट अलाउंस (HRA) या सरकारी आवास तथा मेडिकल इंश्योरेंस जैसी अन्य सुविधाएं भी मिलती हैं।
नोट: यह जानकारी विभिन्न स्रोतों से ली गई है, इसलिए इसमें बदलाव संभव है।
FAQs
फूड इंस्पेक्टर बनने के लिए आपके पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से फूड टेक्नोलॉजी, एग्रीकल्चर साइंस, डेयरी टेक्नोलॉजी या संबंधित साइंस विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होना आवश्यक है।
फूड इंस्पेक्टर परीक्षा की कठिनाई का स्तर आपकी योग्यता और तैयारी पर निर्भर करता है। हालांकि FSSAI और राज्य स्तर की भर्ती में यह मध्यम स्तर की प्रतियोगी परीक्षा मानी जाती है।
फूड इंस्पेक्टर बनने के लिए NEET परीक्षा जरूरी नहीं है। इसके लिए स्नातक डिग्री और संबंधित विषयों में योग्यता आवश्यक है।
फूड इंस्पेक्टर को हिंदी में ‘खाद्य निरीक्षक’ कहा जाता है।
फूड इंस्पेक्टर भारत में ग्रुप बी (सामान्य/नॉन-गज़ेटेड) पद के अंतर्गत आता है।
संबंधित लेख पढ़ें:
| फार्मासिस्ट कैसे बनें? | 12वीं के बाद वेटरनरी डॉक्टर कैसे बनें? |
| पीडियाट्रिशियन कैसे बनें? | लैब टेक्नीशियन कैसे बनें? |
हमें आशा है कि इस लेख के माध्यम से आपको फूड इंस्पेक्टर बनने की प्रक्रिया की सभी आवश्यक जानकारी मिल गई होगी। ऐसे ही अन्य करियर से जुड़े लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu के साथ बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!