स्कूल असेंबली के लिए 8 अप्रैल की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
AI के साथ सारांशित करें
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 8 April 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 8 अप्रैल, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 8 अप्रैल 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 8 अप्रैल की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिन के लिए हिमाचल प्रदेश, पंजाब से सटे जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत में वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।
  2. भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री 8 से 10 अप्रैल, 2026 तक वाशिंगटन डीसी, संयुक्त राज्य अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे।
  3. एयर इंडिया के अनुसार जेट फ्यूल की कीमतों में लगभग दोगुनी वृद्धि होने के कारण उड़ानों की लागत में वृद्धि हुई है। परिणामस्वरूप, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकटों के मूल्य बढ़ाए गए हैं। नई दरें 8 अप्रैल 2026 से प्रभावी होंगी, जिसमें घरेलू उड़ानों का किराया 299 रुपये से 899 रुपये तक और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकट 2,200 रुपये से 26,000 रुपये तक निर्धारित किए गए हैं।
  4. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 9 अप्रैल, 2026 को गोवा के पणजी में कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन (CPA) इंडिया क्षेत्र के ज़ोन VII के पहले सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
  5. संस्‍कृति मंत्रालय ने वंदेमातरम फ्रेम्‍स राष्‍ट्रीय फिल्‍म निर्माण प्रतिस्‍पर्धा के लिए देशभर के फिल्‍म निर्माताओं और रचनात्‍मक व्‍यक्तियों को आमंत्रित किया है। प्रतिभागी अपनी फिल्‍म प्रविष्टियां निर्धारित मंच vandemataram150.in के माध्यम से भेज सकते हैं। बता दें कि चयनित प्रविष्टियों को राष्‍ट्रीय स्‍तर पर मान्‍यता दी जाएगी।
  6. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा ‘प्रसारण श्रोता अनुसंधान परिषद’ (BARC) को चार सप्ताह की अवधि तक समाचार टेलीविजन चैनलों के टेलीविजन रेटिंग अंकों के प्रकाशन को स्थगित करने का निर्देश दिया गया है। यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि कुछ चैनलों द्वारा दिखाई जा रही सनसनीखेज और गलत खबरों पर रोक लगाई जा सके।
  7. भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक 2026 को अपनी मंजूरी दी है। इसके अंतर्गत अमरावती को आधिकारिक तौर पर आंध्र प्रदेश की एकमात्र और स्थायी राजधानी घोषित किया गया है।
  8. असम की 126 सीटों, केरलम की 140 सीटों और पुद्दुचेरी की 30 सीटों के लिए मतदान गुरुवार 9 अप्रैल को एक ही चरण में होगा।
  9. भारतीय रेलवे ने अपनी सुरक्षा और संचार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 1,364 करोड़ रुपये की कई योजनाओं को मंजूरी दी है। इसमें ट्रेनों में ‘कवच’ सिस्टम लगाना, फाइबर केबल बढ़ाना और पुराने सिस्टम को नए इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम से बदलना शामिल है, ताकि ट्रेनें ज्यादा सुरक्षित चल सकें।
  10. वित्तीय वर्ष 2025-26 में भारत ने पवन ऊर्जा में अब तक की सबसे ज्यादा 6.05 गीगावाट की बढ़ोतरी की है। अब देश की कुल पवन ऊर्जा क्षमता 56 गीगावाट से ज्यादा हो गई है। यह पिछले साल के मुकाबले लगभग 46% ज्यादा है।
  11. वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री तेजवीर सिंह ने रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के रसायन एवं पेट्रोरसायन विभाग (DCPC) के सचिव के रूप में पदभार ग्रहण किया है। 

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 8 अप्रैल 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं:

  1. वियतनाम की नेशनल असेंबली ने टो लैम (To Lam) को 2026-2031 के कार्यकाल के लिए देश के राष्ट्रपति के रूप में चुना है।
  2. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच एयर इंडिया ने इजराइल के लिए अपनी उड़ान सेवाएं निलंबित कर दी हैं। एयरलाइन के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, नई दिल्ली-तेल अवीव मार्ग पर उड़ानें 31 मई तक स्थगित रहेंगी।
  3. नेपाल सरकार ने पश्चिम एशिया संघर्ष के मद्देनजर ईंधन संकट से निपटने के लिए सरकारी कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में सप्ताह में दो दिन छुट्टी लागू करने का निर्णय लिया है। 
  4. संयुक्त राष्ट्र (UN) द्वारा नियुक्त एक कर्मचारी की मौत के बाद, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने युद्धग्रस्त गाजा पट्टी से चिकित्सा सहायता सेवाओं को रोक दिया है।
  5. नासा के Artemis II मिशन ने इंसानों द्वारा तय की गई सबसे लंबी दूरी का नया रिकॉर्ड बना दिया है। इस मिशन में ओरियन यान चंद्रमा के दूर वाले हिस्से के पास से गुजरते हुए पृथ्वी से करीब 2,52,752 मील दूर पहुंच गया। इससे पहले यह रिकॉर्ड Apollo 13 के नाम था।
  6. रूस 2030 में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के समापन से पूर्व 2028 में अपने स्वतंत्र कक्षीय स्टेशन ROS के निर्माण की प्रक्रिया आरंभ करेगा। Roscosmos के अनुसार, पहला मॉड्यूल 2028 में लॉन्च होगा और यह स्टेशन पूरी तरह रूस के स्वामित्व में होगा।
  7. नेपाल में ऑनलाइन सट्टेबाजी से संबंधित 7,000 से अधिक एप्लीकेशंस और वेबसाइटें ‘नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण’ (NTA) ने बंद कर दी गई हैं।

स्कूल असेंबली के लिए क्षेत्रीय समाचार सुर्खियां 8 अप्रैल 2026

यहां भारत के विभिन्न राज्यों से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं:

  1. महाराष्ट्र सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक्स, IT और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए एक नया और अलग विभाग बनाने की मंजूरी दी है।
  2. उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रेटर नोएडा में ‘मेट्रो विश्वविद्यालय’ खोलने की मंजूरी दे दी है। यह फैसला उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 के नियमों के अनुसार लिया गया है।
  3. दिल्‍ली सरकार ने गोदामों से सीधे LPG सिलिंडर की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंद्ध लगा दिया है।
  4. उत्तर प्रदेश सरकार ने महापुरुषों की विरासत को संरक्षित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने हर विधानसभा क्षेत्र में 10 स्मारकों के विकास का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत भीमराव आंबेडकर, संत रविदास, कबीर, ज्योतिबा फुले और महर्षि वाल्मीकि जैसी महापुरुषों की मूर्तियों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 8 अप्रैल 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं:

  1. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का चौदहवां मुकाबला 8 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। 
  2. भारतीय पहलवानों ने किर्गिस्तान के बिश्केक में शुरू हुई एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत कर दी है। यह प्रतियोगिता 12 अप्रैल को समाप्त होगी। भारत के 30 सदस्यीय दल का नेतृत्व ओलंपिक पदक विजेता अमन सहरावत करेंगे, जबकि महिला टीम में मीनाक्षी गोयत और मनीषा भानवाला भारतीय चुनौती पेश करेंगी।
  3. बांग्लादेश सरकार ने राष्ट्रीय खेल परिषद के माध्यम से क्रिकेट बोर्ड को बर्खास्त कर दिया है। इसके पश्चात एक एडहॉक कमेटी का गठन किया गया है, जो अगले कुछ महीनों तक देश में क्रिकेट संचालन और देखरेख की जिम्मेदारी संभालेगी।
  4. भारत की अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम रूस के सोची में 11, 14 और 17 अप्रैल 2026 को मेजबान टीम के खिलाफ तीन मैत्री मैच खेलेगी। सभी मुकाबले सोची के मात्सेस्टा फुटबॉल सेंटर में खेले जाएंगे और भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे शुरू होंगे।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स:

  1. केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) ने बाल वाटिका 1, 2 और 3 के लिए प्रवेश अलॉटमेंट लिस्ट 8 अप्रैल को और कक्षा 1 के लिए लिस्ट 9 अप्रैल को उपलब्ध करवाई जाने की घोषणा की है। इच्छुक अभिभावक एवं छात्र केवीएस अलॉटमेंट लिस्ट 2026 देखने के लिए आधिकारिक वेबसाइट kvsangathan.nic.in पर विजिट कर सकते हैं।
  2. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने जूनियर एग्जीक्यूटिव एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। जो उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल हुए थे, वे अब aai.aero पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं और डाउनलोड कर सकते हैं।
  3. इंडियन आर्मी ने अग्निवीर भर्ती 2026 की तैयारी के लिए सभी पदों के सैंपल पेपर joinindianarmy.nic.in पर जारी कर दिए हैं। अग्निवीर भर्ती 2026 कॉमन एंट्रेस टेस्ट 1 जून से 15 जून 2026 तक देशभर में तय केंद्रों पर होगी। एग्जाम के लिए सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड कुछ दिन पहले ऑनलाइन डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे।
  4. भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान (ICAI) ने चार्टर्ड अकाउंटेंट की फाइनल परीक्षाओं में बड़ा बदलाव किया है। अब से फाइनल परीक्षाएं साल में सिर्फ दो बार होंगी। पहले ये परीक्षाएं साल में तीन बार आयोजित होती थीं। मई 2026 से यह नया नियम लागू किया जाएगा। पहले ये परीक्षाएं जनवरी, मई और सितंबर में होती थीं।

आशा है कि आपको 8 अप्रैल की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें। 

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*