स्कूल असेंबली के लिए 27 मार्च की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 27 March 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 27 मार्च, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 27 मार्च 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 27 मार्च की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. प्रतिवर्ष दुनियाभर में 27 मार्च को ‘विश्व रंगमंच दिवस’ (World Theatre Day 2026) मनाया जाता है। इस दिवस की स्थापना 1961 में अंतर्राष्ट्रीय रंगमंच संस्थान (ITI) द्वारा की गई थी, जिसका उद्देश्य रंगमंच के महत्व को वैश्विक स्तर पर प्रोत्साहित करना है।
  2. भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम 27 मार्च से चंडीगढ़ की सुखना झील पर दो दिन के वायु प्रदर्शन का आयोजन कर रही है। यह प्रदर्शन 27 और 28 मार्च की सुबह 10 बजे से 11:30 बजे के बीच आयोजित होगा।
  3. वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) ने देशभर के स्टार्टअप और उद्यमियों की मदद करने के लिए ‘क्राफ्टन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ के साथ समझौता किया है। इसका उद्देश्य गेमिंग, मनोरंजन, मीडिया और ए.आई. जैसी नई तकनीकों को बढ़ावा देना है।
  4. अमरीकी डेटा एनालिटिक्स फर्म मॉर्निंग कंसल्ट के ताजा सर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर से दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता चुने गए हैं। पीएम मोदी को 68% अनुमोदन रेटिंग प्राप्त हुई है।
  5. रामकुमार मुखोपाध्याय के बंगाली उपन्यास ‘हरा पार्वती कथा’ को सरस्वती सम्मान, 2025 के लिए चुना गया है। सरस्वती सम्मान, जो 1991 में के.के. बिड़ला फाउंडेशन द्वारा स्थापित किया गया था, वार्षिक साहित्यिक पुरस्कार है। इस पुरस्कार के तहत विजेता को 15 लाख रुपये, एक प्रशस्ति पत्र और एक स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाएगा।
  6. पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार 28 मार्च को उत्तर प्रदेश के जेवर में ‘नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। इसे लगभग 11,200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है।
  7. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (DMRC) ने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) के साथ समझौता किया है। इसके तहत दिल्ली मेट्रो NSD को मेट्रो स्टेशनों में नुक्कड़ नाटक, कहानी सुनाने और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने में मदद करेगा।
  8. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना – संशोधित उड़ान योजना को आगामी दस वर्षों (2026-27 से 2035-36) के लिए मंजूरी दी है। इस योजना पर कुल 28,840 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। 
  9. संस्‍कृति मंत्रालय ने YouTube के साथ एक MoU साइन किया है। इसका उद्देश्य डिजिटल प्लेटफार्म का इस्तेमाल करके भारत की संगीत परंपराओं को दुनियाभर में फैलाना है।
  10. भारत AI मिशन 2026 के तहत कुल 190 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें 78 सरकारी संस्थाओं, 46 स्टार्टअप और छोटे-मध्यम उद्यमों के पास हैं। जबकि 27 शोधकर्ताओं या शैक्षणिक संस्थानों को आवंटित की गई हैं।
  11. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट ने आव्रजन, वीजा, विदेशी पंजीकरण और ट्रैकिंग (IVFRT) योजना को 1 अप्रैल, 2026 से 31 मार्च, 2031 तक पांच साल के लिए जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके लिए 1800 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 27 मार्च 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. ईरान ने भारत, चीन, पाकिस्तान तथा रूस सहित कई अन्य मित्र देशों को होर्मुज जलडमरूमध्य का उपयोग करने की अनुमति दी है।
  2. अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुसार, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ उनकी बैठक अब 14-15 मई, 2026 को बीजिंग में होगी।
  3. विश्व व्यापार संगठन (WTO) का 14वां मंत्रिस्तरीय सम्मेलन कैमरून के याउंडे में शुरू हो गया है। यह सम्मेलन 29 मार्च तक चलेगा। इस सम्मेलन की अध्यक्षता कैमरून के व्यापार मंत्री ल्यूक मैग्लॉयर म्बार्गा अतांगाना करेंगे। इसमें 166 सदस्य देशों के मंत्री भाग ले रहे हैं।
  4. बलूच राष्ट्रीय आंदोलन ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) के 61वें सत्र के दौरान पाकिस्तान पर बलोचिस्तान में मानवाधिकार उल्लंघनों के गंभीर आरोप लगाए हैं। इनमें बलूच लोगों की न्यायिक हत्याएं, उन्हें जबरन गायब करना और यातना देना शामिल है।
  5. ईरान ने अमेरिका का 15 सूत्रीय प्रस्ताव खारिज कर दिया है। अमेरिकी प्रस्ताव में ईरान से उसके परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने, मिसाइल क्षमता घटाने, होर्मुज जलडमरूमध्य को पुनः खोलने, क्षेत्रीय सशस्त्र समूहों को समर्थन कम करने और चरणबद्ध प्रतिबंधों में ढील स्वीकार करने की मांग की गई थी।
  6. नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने अर्जुन नरसिंह केसी को प्रतिनिधि सभा का वरिष्ठ सदस्य बनने के बाद शीतल निवास स्थित राष्ट्रपति कार्यालय में शपथ दिलाई।
  7. कुशमैन एंड वेकफील्ड की ‘एशिया पैसिफिक ऑफिस फिट-आउट कॉस्ट गाइड 2026’ रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने एशिया-प्रशांत क्षेत्र में खुद को सबसे किफायती ऑफिस फिट-आउट मार्केट के रूप में स्थापित किया है। बताना चाहेंगे भारत के प्रमुख शहरों में ऑफिस फिट-आउट की लागत 65 से 73 डॉलर प्रति वर्ग फुट के बीच है। यह लागत टोक्यो, सिडनी और सिंगापुर जैसे बड़े बाजारों के मुकाबले काफी कम है।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 27 मार्च 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ (SAFF) अंडर-20 चैंपियनशिप में भारत की पुरुष टीम शनिवार 28 मार्च को अपना दूसरा मैच बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी।
  2. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने IPL 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल घोषित कर दिया है। इस दौरान 12 शहरों में 50 मैच खेले जाएंगे। ग्रुप स्टेज के ये मैच 13 अप्रैल से 24 मई 2026 तक आयोजित होंगे। यह मैच बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ में होंगे। हालांकि प्लेऑफ की तारीख और जगह अभी तय नहीं हुई है।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड प्रशिक्षित माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के लिए प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार JSSC की वेबसाइट jssc.jharkhand.gov.in पर जाकर आंसर-की डाउनलोड कर सकते हैं और अपने उत्तरों की जांच कर सकते हैं।
  2. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने एलटी ग्रेड असिस्टेंट टीचर (कंप्यूटर) परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार uppsc.up.nic.in वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा 5 अप्रैल, 2026 को उत्तर प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक एक शिफ्ट में होगी।
  3. उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद् ने अकादमिक सत्र 2026-27 के लिए कैलेंडर जारी कर दिया है। नया सत्र 1 अप्रैल से शुरू होगा और बोर्ड परीक्षाएं फरवरी 2027 में आयोजित की जाएंगी।
  4. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग (NIOS) ने सेकेंडरी (10वीं) और सीनियर सेकेंडरी (12वीं) सैद्धांतिक परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। डेटशीट PDF में sdmis.nios.ac.in वेबसाइट पर उपलब्ध है। परीक्षाएं 20 अप्रैल से 6 मई तक आयोजित होंगी।
  5. मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने सब इंस्पेक्टर (SI) और सूबेदार भर्ती के लिए मेंस एग्जाम की तारीख घोषित कर दी है। मुख्य परीक्षा 26 अप्रैल को होगी।
  6. राजस्थान में सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। परीक्षा 5 और 6 अप्रैल को होगी। सिटी स्लिप 29 मार्च को जारी हो सकती है।
  7. मध्य प्रदेश बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (MPBSE) ने 2nd बोर्ड एग्जाम 2026 के लिए टाइम टेबल जारी कर दिया है। इसके अनुसार 10वीं बोर्ड परीक्षा 7 से 19 मई और 12वीं बोर्ड परीक्षा 7 से 25 मई तक आयोजित की जाएगी।

आशा है कि आपको 27 मार्च की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें। 

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*