स्कूल असेंबली के लिए 24 मार्च की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
AI के साथ सारांशित करें
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 24 March 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 24 मार्च, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 24 मार्च 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 24 मार्च की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. प्रतिवर्ष दुनियाभर में ‘विश्व क्षय रोग दिवस’ (World TB Day 2026) 24 मार्च को मनाया जाता है। इसे वर्ष 1982 से मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य टीबी पर नियंत्रण हेतु किए गए प्रयासों तथा प्राप्त उपलब्धियों को स्मरण करना और उनका मान्यता प्रदान करना है।
  2. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मंगलवार 24 मार्च को उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में विश्व टीबी दिवस 2026 के राष्ट्रीय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। विश्व टीबी दिवस 2026 का विषय है: “हां! हम टीबी को खत्म कर सकते हैं!”
  3. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से प्रायोजित राजमार्ग इंफ्रा इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (RIIT) 24 मार्च को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में सूचीबद्ध होगा।
  4. हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में शिपकी-ला मार्ग से भारत और चीन के बीच सीमा व्यापार फिर से शुरू होने जा रहा है। यह व्यापार 1 जून से होगा और इसमें 40 तरह के उत्पादों का आदान-प्रदान होगा। इनमें आटा, चावल, गुड़, तेल, हल्दी, मसाले, नमक, कालीन, बर्तन और सूखे मेवे शामिल हैं।
  5. ग्रामीण विकास मंत्रालय (MoRD) ने एक नया पोर्टल शुरू किया है। यह पोर्टल रीयल-टाइम में काम करेगा और मंत्रालय के कामकाज की निगरानी और आंतरिक लेखापरीक्षा को आसान बनाएगा।
  6. भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक दलों को दूरदर्शन और आकाशवाणी पर मुफ्त प्रसारण का समय दिया है। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक दल को राज्य के भीतर 45 मिनट का समान समय आवंटित किया गया है।
  7. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के बाद अब लगभग हर घर में LPG पहुंच गई है। 1 मार्च 2026 तक देश में करीब 10.56 करोड़ PMUY कनेक्शन दिए जा चुके हैं।
  8. भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने मार्च का बुलेटिन जारी किया है। इसमें बताया गया है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है।
  9. ‘सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार’ हेतु नामांकन वर्षभर आमंत्रित किए जाते हैं, जिनकी अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित है। पुरस्कार विजेताओं की घोषणा अगले वर्ष 23 जनवरी, 2027 को की जाएगी। इस पुरस्कार का उद्देश्य आपदा प्रबंधन के विभिन्न क्षेत्रों जैसे- रोकथाम, शमन, तैयारी, बचाव, प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास, अनुसंधान, नवाचार तथा पूर्व चेतावनी में उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करना है। आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 24 मार्च 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन को राज्य मामलों के अध्यक्ष के रूप में पुनः नियुक्त किया गया है। वर्ष 2016 में स्थापित इस सर्वोच्च नीति-निर्माण संस्था के अध्यक्ष के रूप में उनका लगातार तीसरा कार्यकाल है।
  2. स्लोवेनिया ने ईंधन की बिक्री और वितरण पर नियंत्रण लागू किया है। यह कदम ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच चल रहे संघर्ष से पैदा हुई आर्थिक समस्याओं से निपटने के लिए उठाया गया है। ऐसा करने वाला वह यूरोपीय संघ का पहला देश बन गया है।
  3. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए दी गई समय सीमा को 5 दिन और बढ़ा दिया है।
  4. नेपाल में नेपाली कांग्रेस की केंद्रीय कार्य समिति ने अध्यक्ष गगन कुमार थापा का इस्तीफा नामंजूर कर दिया है।
  5. ब्रिटेन के वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल सर हार्व स्माइथ भारत के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान दोनों देशों के रक्षा संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा होने की संभावना है।
  6. संयुक्त राष्ट्र (UN) के विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने चेतावनी दी है कि कार्बन डाइऑक्साइड जैसी गैसों के कारण पृथ्वी की जलवायु असंतुलित हो रही है। इस वजह से पिछले साल समुद्र का तापमान बहुत बढ़ गया। इसके कारण बर्फ की चोटियाँ लगातार पिघल रही हैं।
  7. दोहा स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, कतर एयरवेज ने 20 से 22 मार्च के बीच भारत के लिए 25 उड़ानें संचालित कीं, जिनके माध्यम से लगभग 7550 भारतीय नागरिकों की वापसी सुनिश्चित की गई।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 24 मार्च 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में 24 मार्च से प्रथम राष्ट्रीय इंडोर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस आयोजन में कुल 278 एथलीट भाग ले रहे हैं, जिनमें 97 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।
  2. भारतीय महिला टीम की तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी को फरवरी 2026 के लिए ICC महिला प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-1 की सीरीज जीत में आठ विकेट लेकर अहम योगदान दिया है।
  3. हॉकी इंडिया ने वर्ष 2025 के वार्षिक अवॉर्ड्स के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। यह कार्यक्रम 27 मार्च, 2026 को आयोजित होगा। इन पुरस्कारों का उद्देश्य 2025 सीजन के दौरान भारतीय हॉकी में उत्कृष्ट प्रदर्शन और योगदान करने वाले खिलाड़ियों की पहचान करना है। इनमें विशेष रूप से हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर अवॉर्ड फॉर प्लेयर ऑफ द ईयर शामिल है, जो वर्ष भर लगातार श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पुरुष और महिला खिलाड़ियों को प्रदान किया जाता है।
  4. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने वाली है। इस बीच राजस्थान रॉयल्स ने चोटिल ऑलराउंडर सैम करन की जगह दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर दासुन शनाका को टीम में शामिल किया है। शनाका इससे पहले पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में लाहौर कलंदर्स के लिए खेलने वाले थे, लेकिन अब उन्होंने IPL में खेलने का निर्णय लिया है।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) द्वारा कक्षा 10वीं का रिजल्ट 24 मार्च को जारी किया जाएगा। 10वीं के नतीजे दोपहर 1 बजे आएंगे। इसके साथ ही 5वीं और 8वीं के नतीजे भी आज ही जारी किए जाएंगे।
  2. दिल्ली विश्वविद्यालय में अब किसी भी सभा, विरोध प्रदर्शन या जुलूस के लिए पहले अनुमति लेना अनिवार्य होगा। यह अनुमति कम से कम 72 घंटे पहले लेनी होगी। वहीं नियम तोड़ने पर निष्कासन, बर्खास्तगी या पुलिस कार्रवाई हो सकती है। इसके अलावा बाहरी लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन ने यह कदम शांति बनाए रखने के लिए उठाया है।


आशा है कि आपको 24 मार्च की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*