स्कूल असेंबली के लिए 18 मार्च की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
AI के साथ सारांशित करें
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 18 March 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 18 मार्च, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 18 मार्च 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 18 मार्च की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. हर साल 18 मार्च को भारत में ‘आयुध निर्माण दिवस’ (Ordnance Factories Day 2026) मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना और आयुध निर्माणी बोर्ड (OFB) द्वारा योगदान को मान्यता प्रदान करना है।
  2. भारत जनजाति महोत्सव 2026 बुधवार 18 मार्च से राष्ट्रीय राजधानी में शुरू हो रहा है। इसमें आदिवासी समुदायों की सांस्कृतिक विरासत और उद्यमशीलता दिखाई जाएगी। यह महोत्सव भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ द्वारा सुंदर नर्सरी में आयोजित किया जा रहा है और यह 30 मार्च तक चलेगा। इसमें देश भर के 78 वन धन विकास केंद्रों के 200 से अधिक स्टॉल और 300 से अधिक आदिवासी कारीगर शामिल होंगे।
  3. मौसम विभाग (IMD) ने 18 मार्च को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में छिटपुट स्थानों पर बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के साथ तूफान आने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
  4. लोकसभा में 18 मार्च को कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय की वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अनुदान मांगों पर चर्चा और मतदान होगा।
  5. भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने असम, केरल, पुद्दुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों तथा 6 राज्यों के उपचुनावों के लिए 1,111 केंद्रीय पर्यवेक्षक तैनात किए हैं। इनमें 557 सामान्य, 188 पुलिस और 366 व्यय पर्यवेक्षक शामिल हैं।
  6. लंदन की प्रतिष्ठित संस्था सेंट्रल बैंकिंग ने ‘रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया’ (RBI) को ‘इनिशिएटिव ऑफ द ईयर अवॉर्ड’ से सम्मानित करने की घोषणा की है।
  7. सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय 18 मार्च से पटना में दो दिन की कार्यशाला आयोजित करेगा। इसमें सतत विकास लक्ष्यों की निगरानी, पर्यावरण लेखा संकलन और लैंगिक सांख्यिकी पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
  8. भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने केरलम में पांच वरिष्ठ अधिकारियों को बदलकर उनके स्थान पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की है। ECI द्वारा नवनियुक्त अधिकारियों को 18 मार्च की सुबह तक कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है।
  9. संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी के साथ नई दिल्ली में इंडिया पोस्ट की नई सेवाएं लॉन्च कीं। इनमें गारंटीड नेक्स्ट-डे डिलीवरी, 24 स्पीडपोस्ट, 24 स्पीडपोस्ट पार्सल और 48 स्पीडपोस्ट शामिल हैं। यह सेवा दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में उपलब्ध होगी।
  10. केंद्र सरकार ने गेहूं और धान की खरीद में आढ़तियों और सहकारी समितियों को मिलने वाले कमीशन की दरों में बदलाव को मंजूरी दे दी है। ये नई दरें रबी विपणन सीजन 2026-27 से लागू होंगी।
  11. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड ने खाड़ी क्षेत्र में संकट के कारण संस्थाओं, शिपर्स और उपभोक्ताओं के लिए असंतुलन शुल्क में अस्थायी छूट दी है। यह निर्णय ऊर्जा आपूर्ति और बाजार में अनिश्चितताओं को देखते हुए लिया गया है। यह छूट 30 जून तक लागू रहेगी।
  12. महाराष्ट्र विधानसभा ने धर्म की स्वतंत्रता विधेयक 2026 पास कर दिया है। इस विधेयक के तहत जबरदस्ती, धोखाधड़ी, प्रलोभन या विवाह के माध्यम से किए जाने वाले धर्मांतरण को रोकने के कड़े प्रावधान किए गए हैं।
  13. भारत सरकार ने वर्ष 2025 के साहित्य अकादमी पुरस्कार की घोषणा कर दी है। इस वर्ष संस्कृत भाषा के लिए यह पुरस्कार महामहोपाध्याय स्वामी भद्रेशदासजी को उनकी कृति ‘प्रस्थानचतुष्टये ब्रह्मघोष’ के लिए दिया गया है।
  14. सुप्रीम कोर्ट ने मातृत्व अवकाश को लेकर बड़ा फैसला सुनाया है। अब सिर्फ तीन महीने तक के बच्चे को गोद लेने वाली महिलाएं ही नहीं, बल्कि उससे बड़े बच्चे को गोद लेने वाली महिलाएं भी मातृत्व अवकाश की हकदार होंगी।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 18 मार्च 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. अमेरिका ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र के देशों के साथ लगभग 57 अरब डॉलर के ऊर्जा समझौते किए हैं, ताकि क्षेत्रीय ऊर्जा सुरक्षा मजबूत हो सके। इस सम्मेलन में ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, जापान और अन्य देशों के 630 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए।
  2. श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पश्चिम एशिया के संघर्ष के कारण ईंधन आपूर्ति में आई रुकावटों को देखते हुए अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और ऊर्जा सुरक्षा के लिए कई आपातकालीन कदम उठाने की घोषणा की है।
  3. यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की के अनुसार, ईरानी ड्रोन हमलों से निपटने के लिए करीब 200 यूक्रेनी वायु रक्षा विशेषज्ञ मध्य पूर्व में तैनात हैं।
  4. ईरान ने पुष्टि की है कि इजराइली हमले में राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख अली लारिजानी और बासिज बल के प्रमुख गुलाम रजा सुलेमानी की मौत हो गई है।
  5. अमेरिका के राष्ट्रीय आतंकरोधी केंद्र के प्रमुख जो केंट ने ईरान के खिलाफ अमेरिका-इज़राइल के युद्ध के विरोध में इस्तीफा दे दिया है।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 18 मार्च 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. फ्रांस में ऑरलियन्स मास्टर्स सुपर बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 शुरू हो गया है। भारतीय खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत, आयुष शेट्टी और तन्वी शर्मा 18 मार्च से अपना अभियान शुरू करेंगे।
  2. भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ICC की ताजा वनडे रैंकिंग में सातवें स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना अभी भी शीर्ष पर हैं।
  3. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने जेम्स फोस्टर को नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। वह हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के मार्गदर्शन में बल्लेबाजी कोच माइकल हसी और गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस के साथ काम करेंगे। इससे पहले फोस्टर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए फील्डिंग और असिस्टेंट कोच के तौर पर कई सीजन कार्यरत रहे हैं।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षा के लिए नई गाइडलाइंस जारी की हैं। इसके अंतर्गत छात्र मई माह में अधिकतम तीन विषयों में सुधार परीक्षा दे सकेंगे। LOC जमा करने की प्रक्रिया 18 मार्च से प्रारंभ होगी तथा प्रति विषय 320 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
  2. MHT CET 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन विंडो 19 से 20 मार्च तक दोबारा खोली गई है। उम्मीदवार 500 रुपये की लेट फीस के साथ आवेदन कर सकते हैं। यह सुविधा उन छात्रों के लिए दी गई है जो पहले आवेदन नहीं कर पाए थे। परीक्षा अप्रैल और मई में दो चरणों में आयोजित की जाएगी।
  3. IIT दिल्ली ने समर रिसर्च फेलोशिप 2026 के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। इस कार्यक्रम में छात्र फैकल्टी के मार्गदर्शन में रिसर्च कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 3 अप्रैल है। चयनित छात्रों को 8 सप्ताह के लिए प्रति सप्ताह 2000 रुपये, मुफ्त हॉस्टल और यात्रा खर्च मिलेगा। चयनित उम्मीदवारों की सूची मई में जारी की जाएगी।
  4. जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने 2026-27 सत्र के लिए 30 नए कोर्स शुरू किए हैं। UG, PG और डिप्लोमा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 मार्च है। विश्वविद्यालय ने फीस में कोई वृद्धि नहीं की है और एनईपी 2020 के तहत मल्टीपल एंट्री सिस्टम लागू किया जाएगा। छात्रों की सुविधा के लिए जयपुर, देहरादून और किशनगंज में नए परीक्षा केंद्र जोड़े गए हैं, जिससे कुल केंद्र 11 हो गए हैं।

आशा है कि आपको 18 मार्च की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*