स्कूल असेंबली के लिए 15 फरवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 15 February 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 15 फरवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 15 फरवरी 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 15 फरवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. वर्ष 2026 में महाशिवरात्रि का उत्सव 15 फरवरी, रविवार को मनाया जाएगा। हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी पावन रात्रि में भगवान शिव और देवी पार्वती का विवाह संपन्न हुआ था।
  2. मौसम विभाग ने 15 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में आज घना कोहरा हो सकता है। वहीं कर्नाटक के तटीय क्षेत्र, कोंकण और गोवा में आज गर्म और उमस भरा मौसम रहने की उम्मीद है।
  3. सेना की सिग्नल कोर 15 फरवरी को अपना 116वां स्थापना दिवस मना रही है। यह इकाई हर तरह के कठिन हालात और खतरों में भारतीय सेना की जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार रहती है।
  4. भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी 16 फरवरी से चार दिवसीय ऑस्ट्रेलिया यात्रा पर रवाना होंगे। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा सहयोग को सुदृढ़ करना है।
  5. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए नकद रहित इलाज योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत पात्र पीड़ित दुर्घटना की तारीख से सात दिनों तक 1.5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकेंगे।
  6. सर्वोच्च न्यायालय ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित AI इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के संदर्भ में 20 फरवरी तक अधिवक्ताओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थिति की अनुमति प्रदान की है। न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्चुअल उपस्थिति ऑप्शनल होगी और सभी पीठें हाइब्रिड मोड के अंतर्गत कार्य करेंगी।
  7. रेल सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से सामान्य डिब्बों की सफाई व्यवस्था को प्रथम श्रेणी के मानकों के अनुरूप करने की योजना बनाई गई है। इस पहल के अंतर्गत आगामी छह महीनों में 80 लंबी दूरी की रेलगाड़ियों का चयन किया जाएगा तथा उनमें एक से डेढ़ घंटे के अंतराल पर सफाई कर्मियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी।
  8. सर्वोच्च न्यायालय ने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश में संशोधन करते हुए ग्रामीण और शहरी स्थानीय निकाय चुनावों की समय सीमा 30 अप्रैल से बढ़ाकर 31 मई कर दी है।
  9. उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने होली के मद्देनजर फरवरी और मार्च 2026 में श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन से नई दिल्ली और वाराणसी के लिए विशेष रेलगाड़ियों के संचालन की घोषणा की है। ये ट्रेनें मार्ग के प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेंगी, जिससे जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। इसका उद्देश्य त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करना तथा सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करना है।
  10. झारखंड में ‘राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण’ (NIA) की विशेष अदालत ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन ‘पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया’ (PLFI) के छह सक्रिय सदस्यों को आतंकवाद, अवैध हथियार रखने और जबरन वसूली जैसे मामलों में 10 साल की सजा सुनाई है।
  11. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई की नगरपालिकाओं को निर्देश दिया है कि वे यात्रियों के लिए घर से सीधे कार्यस्थल तक आसान और कुशल सार्वजनिक परिवहन के लिए पॉड टैक्सी की योजना बनाएं।
  12. उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने देहरादून के लोक भवन में भारत हिमालयन इंटरनेशनल स्ट्रैटेजिक मंच-Bhishma का उद्घाटन किया और इसके लोगो और वेबसाइट का भी अनावरण किया।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 15 फरवरी 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. 16 से 20 फरवरी तक नई दिल्ली में होने वाले भारत-AI इम्पैक्ट सम्मेलन 2026 में 20 देशों के नेता भाग लेंगे। इनमें फ्रांस, ब्राजील, स्पेन, स्विट्जरलैंड, नीदरलैंड्स, यूएई, मॉरिशस, श्रीलंका, सेशेल्स और भूटान के शीर्ष नेता शामिल होंगे।
  2. बांग्लादेश में नवनिर्वाचित सांसदों और मंत्रिमंडल के सदस्यों को मंगलवार, 17 फरवरी को शपथ दिलाई जाएगी। हाल ही में संपन्न आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने भारी बहुमत से विजय प्राप्त की है।
  3. संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल अक्टूबर में सूडान के डारफर इलाके में एक अर्धसैनिक समूह की तीन दिन की हिंसा में छह हजार से ज्यादा लोग मारे गए। रिपोर्ट में कहा गया है कि एल-फाशर शहर पर कब्जे के लिए रैपिड सपोर्ट फोर्सेज ने जो हिंसा की, वह युद्ध अपराध के दायरे में आती है।
  4. UAE ने पाकिस्तान को दिए गए दो अरब डॉलर के ऋण को एक महीने के लिए टाल दिया है। इससे पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है और उसे कई बड़ी आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
  5. अबू धाबी के क्राउन प्रिंस खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान भारत एआई इम्पैक्ट समिट में UAE के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। यूएई इस सम्मेलन में उन्नत तकनीकों में सहयोग बढ़ाने और नई रणनीतिक साझेदारियां मजबूत करने के लिए भाग ले रहा है।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 15 फरवरी 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. भारतीय महिला क्रिकेट टीम 15 फरवरी को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की T20 सीरीज का पहला मैच खेलेगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजकर 45 मिनट पर शुरू होगा। टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर करेंगी।
  2. ICC T20 विश्व कप के ग्रुप C का 25वां मैच वेस्टइंडीज और नेपाल के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच सुबह 11 बजे शुरू होगा। 
  3. ICC T20 विश्व कप के ग्रुप A का 26वां मैच अमेरिका और नामीबिया के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच दोपहर 3 बजे शुरू होगा। 
  4. ICC T20 विश्व कप के ग्रुप A का 27वां मैच भारत और पाकिस्तान के बीच कोलोंबो के आर प्रेमदास स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारत में शाम 7 बजे शुरू होगा। 
  5. मिलानो कोर्टिना 2026 शीतकालीन ओलंपिक में ब्राज़ील के स्कीयर लुकास पिनहेरो ब्राथेन ने जायंट स्लैलम में स्वर्ण पदक जीता। यह शीतकालीन ओलंपिक में दक्षिण अमेरिका का पहला पदक है। पदक तालिका में नॉर्वे 10 स्वर्ण सहित कुल 20 पदकों के साथ पहले स्थान पर है, इटली 18 पदकों के साथ दूसरे और अमेरिका 17 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
  6. बहरीन में आयोजित विश्व पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में पुरुष एस.एल-3 वर्ग में भारत के प्रमोद भगत ने स्वर्ण पदक जीता। 
  7. अबू धाबी में आयोजित ओपन मास्टर्स गेम्स-2026 में भारतीय एथलीटों ने पुरुष हैमर थ्रो इवेंट में शानदार प्रदर्शन किया। किशोरकुमार चंदीरा मोगन ने स्वर्ण पदक और मोहम्मद अंसार ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
  8. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नई खेल नीति के तहत घोषणा की है कि ओलंपिक या पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने पर सात करोड़ रुपये दिए जाएंगे। रजत पदक के लिए पांच करोड़ और कांस्य के लिए तीन करोड़ रुपये मिलेंगे। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को हर साल 20 लाख रुपये की मदद मिलेगी। साथ ही राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले विद्यार्थियों को पांच लाख रुपये की सहायता और 10 लाख रुपये तक का जीवन बीमा दिया जाएगा।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. बिहार पुलिस ड्राइवर PET परीक्षा का एडमिट कार्ड 15 फरवरी को जारी होगा। उम्मीदवार इसे csbc.bihar.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा 12 मार्च को होगी।
  2. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने NTPC ग्रेजुएट लेवल CBT-1 परीक्षा के लिए परीक्षा तिथियों की घोषणा कर दी है। इस भर्ती परीक्षा के माध्यम से कुल 5810 उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी। परीक्षा 16 मार्च से आयोजित होगी।
  3. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने NORCET 10 2026 परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आवेदन 24 फरवरी से शुरू होंगे और परीक्षा 11 अप्रैल को होगी।
  4. बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (IBPS) ने RRB फाइनल रिजल्ट 2026 जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 13,294 उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी।
  5. MP पुलिस कॉन्स्टेबल PET परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी हो गया है। उम्मीदवार इसे ऑफिशियल वेबसाइट esb.mp.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा 23 फरवरी से शुरू होगी।

आशा है कि आपको 15 फरवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*