स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 13 मार्च, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 13 मार्च 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 13 मार्च की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- 13 मार्च को ‘विश्व निद्रा दिवस’ मनाया जा रहा है। यह दिन हमें अच्छी नींद के महत्व के बारे में बताने और स्वस्थ नींद को अपनाने के लिए है।
- पीएम नरेंद्र मोदी 13 मार्च को असम के गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इससे देश के 9.32 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के खातों में 18,640 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
- बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष नंद किशोर यादव 13 मार्च को नागालैंड के 23वें राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह कोहिमा स्थित लोक भवन में आयोजित किया जाएगा।
- नई दिल्ली के मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (MDNIY) में 13 मार्च को योग महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। यह अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की 100 दिन की उल्टी गिनती की शुरुआत का प्रतीक है।
- मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों में हिमाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, ओडिशा, उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ आंधी आने की संभावना व्यक्त की है।
- लद्दाख में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर 1 मई से पूरे महीने एक आध्यात्मिक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। यह प्रदर्शनी “संघर्ष के समय में शांति” विषय पर आधारित होगी और भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की दूसरी ऐतिहासिक प्रदर्शनी होगी। पहली प्रदर्शनी 24 मई, 1950 से 29 मई तक आयोजित की गई थी।
- खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने निर्देश जारी किया है कि डेयरी सहकारी समितियों के सदस्य नहीं होने वाले दुग्ध उत्पादक और विक्रेताओं को अपना व्यवसाय शुरू करने से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा।
- भारत ने लेबनान में तैनात संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। यह कदम इजराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच हाल ही में बढ़ते टकराव और ईरान युद्ध के प्रभाव के बीच उठाया गया है।
- राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने तमिलनाडु के कार्यवाहक राज्यपाल के रूप में शपथ ली है। उन्हें शपथ मद्रास उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी ने लोक भवन में दिलाई।
- जम्मू-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे के जम्मू डिवीजन ने इस सप्ताह एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। अतिरिक्त कोच 13 और 15 मार्च को सेवा में रहेगा।
- अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में राज्य शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के तबादले और पदस्थापन का विधेयक 2026 पारित कर दिया गया है। शिक्षा मंत्री पी.डी. सोना ने कहा कि अब एक नया पोर्टल बनाया जाएगा, जिसे मुख्य रूप से एआई संचालित करेगा। इसमें शिक्षकों की भर्ती, पदस्थापन, तबादले और उनकी शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी सारी जानकारी होगी।
- राजधानी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में देश के पहले गहन चिकित्सा क्लिनिक फॉलो अप का शुभारंभ किया जाएगा। इस पोर्टल पर ICU से स्वस्थ हुए मरीजों और उनके परिजनों को ऑनलाइन लॉगिन करने और सफदरजंग अस्पताल के क्रिटिकल केयर चिकित्सकों से परामर्श करने की सुविधा मिलेगी।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 13 मार्च 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- भारत ने तंजानिया की राजधानी दार-अस-सलाम में स्थित श्री हिंदू मंडल अस्पताल को मानवीय मदद के रूप में जीवन रक्षक दवाइयां भेजीं है। यह खेप INS त्रिकंद जहाज के जरिए पहुंचाई जा रही है।
- पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच, कच्चे तेल से भरा एक टैंकर होर्मुज़ जलडमरूमध्य से सुरक्षित मुंबई पहुंच गया है। मुंबई बंदरगाह के अधिकारियों के अनुसार, जहाज में 1,35,335 मीट्रिक टन कच्चा तेल है और इसे ज्वाहर द्वीप पर लाया गया है।
- बांग्लादेश में राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अपने कार्यालय में 13वीं जातीय संसद के नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को शपथ दिलाई। अध्यक्ष पद की शपथ सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के नेता और सेवानिवृत्त मेजर हाफ़िज़ उद्दीन अहमद ने ली, जबकि उपाध्यक्ष पद की शपथ बैरिस्टर कैसर कमाल ने ली है।
- अमरीका ने पाकिस्तान के पेशावर में अपना वाणिज्य दूतावास स्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है। इसे बंद करके अमेरिका को प्रति वर्ष साढ़े सात मिलियन डॉलर की बचत होगी।
यह भी पढ़ें: स्कूल असेंबली के लिए 14 मार्च की मुख्य समाचार सुर्खियां
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 13 मार्च 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- FIH हॉकी महिला विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में 13 मार्च को भारत का मुकाबला इटली से होगा।
- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के वार्षिक पुरस्कार समारोह में पूर्व भारतीय कोच राहुल द्रविड़ को कर्नल सी.के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। उनके मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने वर्ष 2024 में T-20 विश्वकप जीता था। वहीं मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को घरेलू क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ एसोसिएशन का खिताब दिया जाएगा।
- BCCI ने इंडियन प्रीमियर लीग- IPL 2026 के पहले चरण का कार्यक्रम घोषित कर दिया है, जो 28 मार्च से 12 अप्रैल 2026 तक खेला जाएगा।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने JEE Mains 2026 सेशन 2 के लिए एप्लीकेशन विंडो फिर से खोल दी है। जो छात्र पहले किसी कारण से फॉर्म नहीं भर पाए थे, वे 13 मार्च तक आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ओर से प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी गई है। आप ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर आंसर-की डाउनलोड कर सकते हैं।
- बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन राजस्थान के अनुसार, वर्ष 2027 से राज्य में माध्यमिक बोर्ड परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित की जाएंगी।
- उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की ओर से असिस्टेंट प्रोसीक्यूशन ऑफिसर (APO) परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है। आप ऑफिशियल वेबसाइट uppsc.up.nic.in से अपना एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। यह परीक्षा एक शिफ्ट में सुबह 9.30 बजे से लेकर दोपहर 11.30 बजे तक संचालित की जाएगी। परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है। इस भर्ती परीक्षा के जरिए APO के कुल 182 पदों पर भर्ती की जाएगी।
- इलाहाबाद हाई कोर्ट में प्राइवेट सेक्रेटरी के 195 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इच्छुक अभ्यर्थी ऑफिशियल वेबसाइट exams.nta.nic.in/allhcre पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 1 अप्रैल 2026 है।
- बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने ऑफिस असिस्टेंट मुख्य परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। आप ऑफिशियल वेबसाइट bankofbaroda.bank.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इस भर्ती परीक्षा के जरिए ऑफिस असिस्टेंट के कुल 500 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
आशा है कि आपको 13 मार्च की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!