भारतीय रेलवे दुनिया के सबसे बड़े रेलवे नेटवर्क में से एक है और इसमें सरकारी नौकरी पाना लाखों युवाओं का सपना होता है। इन्हीं पदों में से एक है Travelling Ticket Examiner यानी TTE, जिसे आम भाषा में टिकट कलेक्टर कहा जाता है। यह एक स्थायी सरकारी नौकरी है जिसमें अच्छा वेतन, रेलवे पास और अन्य सुविधाएं मिलती हैं। अगर आप भी रेलवे में TTE बनना चाहते हैं, तो इस लेख में पूरी प्रक्रिया, योग्यता, परीक्षा पैटर्न के बारे में विस्तार से बताया गया है।
This Blog Includes:
- रेलवे में टिकट कलेक्टर किसे कहते हैं?
- रेलवे में टिकट कलेक्टर की भर्ती कैसे होती है?
- रेलवे में टिकट कलेक्टर बनने के लिए आवश्यक योग्यता
- रेलवे में टिकट कलेक्टर बनने के लिए आवश्यक स्किल
- रेलवे में टिकट कलेक्टर बनने के लिए स्टेप-बाय-स्टेप गाइड
- स्टेप 1 – भर्ती प्रक्रिया और एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया को समझें
- स्टेप 2 – आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ें
- स्टेप 3 – ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन करें
- स्टेप 4 – आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन शुल्क का भुगतान करें
- स्टेप 5 – CBT परीक्षा की तैयारी करें और पास करें
- स्टेप 6 – डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट पास करें
- रेलवे में टिकट कलेक्टर को मिलने वाला वेतन
- FAQs
रेलवे में टिकट कलेक्टर किसे कहते हैं?
भारतीय रेलवे में टिकट कलेक्टर उस अधिकारी को कहा जाता है जो ट्रेन में यात्रा के दौरान यात्रियों के टिकट की जाँच करता है और बिना वैध टिकट के यात्रा करने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाता है। आधिकारिक रूप से इस पद को ट्रैवेलिंग टिकिट एग्जामिनर (TTE) कहा जाता है।
यह पद भारतीय रेलवे के वाणिज्य विभाग (कमर्शियल डिपार्टमेंट) के अंतर्गत आता है और इसकी भर्ती रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) द्वारा की जाती है।
TTE की प्रमुख जिम्मेदारियाँ केवल टिकट जाँचने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसमें यात्रियों को सही सीट आवंटित करना, RAC और वैटलिस्ट यात्रियों की स्थिति मैनेज करना, बिना टिकट या गलत श्रेणी में यात्रा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करना और यात्रा के दौरान किसी भी समस्या में यात्रियों की सहायता करना भी शामिल है। इस प्रकार TTE रेलवे और यात्री के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाता है।
रेलवे में टिकट कलेक्टर की भर्ती कैसे होती है?
भारतीय रेलवे में टिकट कलेक्टर (TTE) की भर्ती रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) द्वारा नॉन-टेक्निकल पॉप्युलर कैटेगरी (NTPC) परीक्षा के माध्यम से की जाती है। यह भर्ती प्रक्रिया मुख्य रूप से निम्नलिखित चरणों में पूरी होती है:
- ऑनलाइन आवेदन: सबसे पहले उम्मीदवार को अपने क्षेत्र के RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होता है। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए INR 500 और एससी/एसटी तथा महिला उम्मीदवारों के लिए ₹250 निर्धारित है। CBT परीक्षा में उपस्थित होने पर सामान्य वर्ग को INR 400 और एससी/एसटी व महिलाओं को पूरी फीस वापस कर दी जाती है।
- CBT-1 (प्रथम चरण की परीक्षा): यह एक स्क्रीनिंग परीक्षा होती है जिसमें सामान्य ज्ञान, गणित, रीजनिंग और सामान्य विज्ञान से कुल 100 प्रश्न पूछे जाते हैं और समय सीमा 90 मिनट की होती है। इसमें 1/3 नेगेटिव मार्किंग लागू होती है, यानी हर गलत उत्तर पर 0.33 अंक काटे जाते हैं। इस चरण के अंक अंतिम मेरिट में नहीं जुड़ते, यह केवल CBT-2 के लिए क्वालीफाई करने हेतु होता है।
- CBT-2 (द्वितीय चरण की परीक्षा): यह मुख्य परीक्षा होती है जिसके अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाती है। इसमें भी 1/3 नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान है। प्रश्नों का स्तर CBT-1 की तुलना में अधिक गहरा होता है और पद के अनुसार अलग-अलग प्रश्न पत्र होते हैं।
- डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन: CBT-2 की मेरिट लिस्ट में नाम आने के बाद उम्मीदवार के शैक्षिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जाँच की जाती है।
- मेडिकल टेस्ट: डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन के बाद उम्मीदवार को रेलवे के निर्धारित मानकों के अनुसार मेडिकल टेस्ट पास करना होता है। TTE पद के लिए दृष्टि संबंधी मानक विशेष रूप से महत्वपूर्ण होते हैं।
- अपॉइंटमेंट और ट्रेनिंग: सभी चरण सफलतापूर्वक पूरे करने के बाद उम्मीदवार को अपॉइंटमेंट लेटर जारी किया जाता है और रेलवे द्वारा निर्धारित ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल किया जाता है, जिसमें टिकट नियम, यात्री प्रबंधन और रेलवे प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी दी जाती है।
रेलवे में टिकट कलेक्टर बनने के लिए आवश्यक योग्यता
रेलवे में टिकट कलेक्टर बनने के लिए आपको निम्नलिखित आवश्यक योग्यता को पूरा करना होता है –
- शैक्षिक योग्यता की बात करें तो किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है। हालाँकि NTPC कैटेगरी की कई भर्तियों में ग्रेजुएशन भी माँगी जाती है, इसलिए आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर देखें।
- आयु सीमा केंद्र सरकार के नियमानुसार निर्धारित होती है। सामान्य वर्ग के लिए 18 से 30 वर्ष, ओबीसी वर्ग के लिए 18 से 33 वर्ष और एससी/एसटी वर्ग के लिए 18 से 35 वर्ष निर्धारित है।
- उम्मीदवार की राष्ट्रीयता भारतीय होनी चाहिए।
रेलवे में टिकट कलेक्टर बनने के लिए आवश्यक स्किल
केवल परीक्षा पास कर लेना ही काफी नहीं होता, एक अच्छा TTE बनने के लिए कुछ व्यावहारिक स्किल का होना भी उतना ही जरूरी है। ये स्किल न केवल आपको इस नौकरी में बेहतर बनाती हैं, बल्कि आपकी करियर ग्रोथ में भी अहम भूमिका निभाती हैं –
- टाइम मैनेजमेंट – ट्रेन एक निर्धारित समय सीमा में चलती है, इसलिए TTE को कम समय में अधिक यात्रियों के टिकट चेक करने होते हैं। सही टाइम मैनेजमेंट इस काम को सुचारु बनाता है।
- कम्युनिकेशन स्किल – यात्रियों से विनम्रता और स्पष्टता के साथ बात करना TTE के लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि उन्हें अलग-अलग भाषा और स्वभाव के यात्रियों से रोज़ाना डील करना पड़ता है।
- कॉन्फ्लिक्ट मैनेजमेंट – बिना टिकट यात्रियों या सीट विवाद जैसी स्थितियों में TTE को शांत रहकर सूझबूझ से निर्णय लेना होता है।
- टेक्निकल प्रोफिशिएंसी – आजकल रेलवे में डिजिटल टिकट और PRS सिस्टम का उपयोग बढ़ रहा है, इसलिए बेसिक टेक्निकल समझ होना जरूरी है।
- एनालिटिकल थिंकिंग – टिकट की वैधता जाँचना, RAC और वेटिंग लिस्ट को मैनेज करना और यात्री की स्थिति को समझना इन सबके लिए सतर्क सोच जरूरी है।
- फिजिकल स्टैमिना – TTE को पूरी ट्रेन में घूमकर टिकट चेक करना होता है, कई बार रात की शिफ्ट में भी। इसलिए शारीरिक रूप से फिट रहना इस नौकरी की एक बेसिक जरूरत है।
रेलवे में टिकट कलेक्टर बनने के लिए स्टेप-बाय-स्टेप गाइड
रेलवे में टिकट कलेक्टर बनने के लिए आप मुख्य रूप से निम्नलिखित स्टेप-बाय-स्टेप गाइड को फॉलो करके अपने करियर की शुरुआत कर सकते हैं –
स्टेप 1 – भर्ती प्रक्रिया और एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया को समझें
भारतीय रेलवे में टिकट कलेक्टर की भर्ती रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) के माध्यम से की जाती है। सबसे पहले अपने क्षेत्र के RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती प्रक्रिया को अच्छी तरह समझें। ध्यान रखें कि भारत में कुल 21 RRB जोन हैं और हर जोन की अलग वेबसाइट होती है, जैसे उत्तर रेलवे के लिए rrbcdg.gov.in और पश्चिम रेलवे के लिए rrbahmedabad.gov.in। इसके साथ ही अपने वर्ग के अनुसार आयु सीमा व शैक्षिक योग्यता की जाँच करें क्योंकि एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया पूरा न होने पर आवेदन निरस्त हो सकता है।
स्टेप 2 – आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ें
एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया की जाँच करने के बाद RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ें। इस नोटिफिकेशन में वैकेंसी, सिलेबस, एग्जाम पैटर्न, आवेदन शुल्क और महत्वपूर्ण तिथियों से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी दी होती है। नोटिफिकेशन को ट्रैक करने के लिए आप रोजगार समाचार, RRB की आधिकारिक वेबसाइट और सरकारी जॉब पोर्टल को नियमित रूप से चेक करते रहें।
स्टेप 3 – ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन करें
नोटिफिकेशन को पढ़ने के बाद ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करें और आवेदन फॉर्म को ध्यानपूर्वक सही डिटेल्स के साथ भरें। फॉर्म भरते समय कुछ कॉमन गलतियों से बचें जैसे नाम की स्पेलिंग में गलती, गलत कैटेगरी का चुनाव, जन्मतिथि में गलती और फोटो अपलोड करने में लापरवाही। ये छोटी-छोटी गलतियाँ आपके आवेदन को निरस्त करवा सकती हैं इसलिए फॉर्म सबमिट करने से पहले एक बार अच्छी तरह जाँच लें।
स्टेप 4 – आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन शुल्क का भुगतान करें
आवेदन फॉर्म भरने के बाद पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, पहचान पत्र और शैक्षणिक प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेज निर्धारित फॉर्मेट और साइज में अपलोड करें। आमतौर पर फोटो 20 से 50 KB के बीच JPEG फॉर्मेट में और हस्ताक्षर 10 से 40 KB के बीच होने चाहिए। दस्तावेज अपलोड करने के बाद डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से तय समय सीमा से पहले आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
स्टेप 5 – CBT परीक्षा की तैयारी करें और पास करें
आवेदन करने के बाद CBT परीक्षा की तैयारी शुरू करें। परीक्षा में सामान्य ज्ञान, गणित और रीजनिंग जैसे विषयों से प्रश्न पूछे जाते हैं। तैयारी के लिए कम से कम 4 से 6 महीने पहले से पढ़ाई शुरू करें। सामान्य ज्ञान के लिए Lucent GK, गणित के लिए RS Aggarwal और रीजनिंग के लिए MK Pandey की किताबें बेहद उपयोगी मानी जाती हैं। इसके साथ ही किसी भी विश्वसनीय ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मॉक टेस्ट देते रहें और RRB के पिछले वर्षों के प्रश्न पत्रों को हल करें। टिकट कलेक्टर बनने के लिए CBT-1 और CBT-2 दोनों चरणों को पास करना अनिवार्य है।
स्टेप 6 – डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट पास करें
CBT परीक्षा पास करने के बाद डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाता है। वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद मेडिकल टेस्ट देना होता है जिसमें आँखों की दृष्टि, सुनने की क्षमता, ब्लड प्रेशर और सामान्य शारीरिक फिटनेस की जाँच की जाती है। TTE पद के लिए आँखों का मानक विशेष रूप से महत्वपूर्ण होता है इसलिए अपनी दृष्टि का पहले से ध्यान रखें। इन दोनों चरणों को पास करने के बाद फाइनल अपॉइंटमेंट और ट्रेनिंग के लिए सेलेक्ट किया जाता है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद आप टिकट कलेक्टर के रूप में अपने करियर की शुरुआत कर सकते हैं।
रेलवे में टिकट कलेक्टर को मिलने वाला वेतन
भारतीय रेलवे में टिकट कलेक्टर का वेतन 7वें वेतन आयोग के अनुसार निर्धारित किया जाता है। यह पद पे लेवल-3 के अंतर्गत आता है जिसमें बेसिक सैलरी लगभग ₹21,700 प्रतिमाह होती है। इसके अलावा महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA) और ट्रांसपोर्ट भत्ता जैसे अतिरिक्त लाभ भी मिलते हैं। इन सभी को जोड़ने के बाद इन-हैंड सैलरी लगभग ₹28,000 से ₹35,000 प्रतिमाह तक पहुँच सकती है।
वेतन के अलावा TTE को फ्री रेलवे पास की सुविधा भी मिलती है जिससे वे और उनके परिवार के सदस्य निःशुल्क या रियायती दरों पर रेल यात्रा कर सकते हैं। साथ ही सरकारी नौकरी होने के कारण नेशनल पेंशन स्कीम (NPS) का लाभ भी मिलता है जो रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करता है। अनुभव और प्रमोशन के साथ-साथ इस पद पर सैलरी में भी बढ़ोतरी होती रहती है।
FAQs
टिकट कलेक्टर बनने के लिए किसी विशेष टेक्निकल कोर्स की आवश्यकता नहीं होती है। इसकी शुरुआत आप 12वीं पास करने के बाद RRB NTPC की परीक्षा को पास करके कर सकते हैं। हालाँकि सामान्य ज्ञान, गणित और रीजनिंग की अच्छी तैयारी होना जरूरी है।
टिकट कलेक्टर का मुख्य काम यात्रियों के टिकट की जाँच करना, बिना टिकट यात्रा करने पर जुर्माना वसूलना और रेलवे के नियमों का पालन करवाना होता है। इसके अलावा यात्रियों को सही जानकारी देना और यात्रा के दौरान किसी भी समस्या में उनकी सहायता करना भी इनकी जिम्मेदारी होती है।
रेलवे में टिकट कलेक्टर बनने के लिए आमतौर पर किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। हालाँकि चीफ कॉमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर जैसे उच्च पदों के लिए ग्रेजुएट होना अनिवार्य होता है। आयु सीमा सामान्य वर्ग के लिए 18 से 30 वर्ष निर्धारित है।
भारतीय रेलवे में टिकट कलेक्टर और TTE के पद ग्रुप सी की श्रेणी में आते हैं। इनकी भर्ती RRB द्वारा NTPC परीक्षा के माध्यम से की जाती है और यह पद पे लेवल-3 के अंतर्गत आता है।
चयन के बाद टिकट कलेक्टर को आमतौर पर 3 से 6 महीने की ट्रेनिंग दी जाती है। इस ट्रेनिंग में रेलवे के नियम-कानून, टिकट चेकिंग प्रक्रिया, यात्री प्रबंधन और PRS सिस्टम जैसी व्यावहारिक जानकारी दी जाती है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद ही उम्मीदवार को आधिकारिक रूप से TTE के पद पर नियुक्त किया जाता है।
भारतीय रेलवे में टिकट कलेक्टर के लिए प्रमोशन की अच्छी संभावनाएं होती हैं। अनुभव और विभागीय परीक्षा के आधार पर TTE को चीफ कॉमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर और उससे आगे उच्च पदों पर प्रमोट किया जा सकता है। प्रमोशन के साथ-साथ वेतन और सुविधाओं में भी बढ़ोतरी होती है।
संबंधित आर्टिकल्स
| लोको पायलट कैसे बनें? | स्टेशन मास्टर कैसे बनें? |
| इलेक्ट्रिकल इंजीनियर कैसे बनें? | मैकेनिकल इंजीनियर कैसे बनें? |
हमें उम्मीद है कि इस लेख में आपको भारतीय रेलवे में टिकट कलेक्टर बनने की प्रक्रिया समझ आई होगी। ऐसे ही अन्य करियर गाइड्स से जुड़े लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर उपलब्ध लेख देख सकते हैं।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!