स्कूल असेंबली के लिए 7 मई की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
AI के साथ सारांशित करें
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 7 May 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 7 मई, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 7 मई 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 7 मई की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं:

  1. प्रतिवर्ष 7 मई को विश्व स्तर पर ‘विश्व एथलेटिक्स दिवस’ (World Athletics Day 2026) मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य युवाओं और स्कूली बच्चों में स्वास्थ्य, फिटनेस और खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। 
  2. भारत 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ मना रहा है। पिछले वर्ष इसी दिन भारत ने पाकिस्तान तथा POK में आतंकवादियों के नौ ठिकानों पर हवाई हमले किए थे, जिनमें कम से कम 100 आतंकवादी मारे गए थे। यह कार्रवाई पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी।
  3. केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया 7 मई को नई दिल्ली स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 40 वर्ष और उससे अधिक आयु के श्रमिकों के लिए राष्ट्रव्यापी वार्षिक स्वास्थ्य जांच पहल का शुभारंभ करेंगे। यह पहल चार नए श्रम संहिताओं के तहत किए गए सुधारों पर आधारित है, जिनके माध्यम से 29 केंद्रीय श्रम कानूनों को चार व्यापक स्तंभों में समेकित किया गया है।
  4. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान 7 मई को जयपुर में संयुक्त कमांडरों के सम्मेलन में शामिल होंगे। यह सम्मेलन दो दिनों तक चलेगा और नए सैन्य क्षेत्रों में क्षमता बढ़ाने पर चर्चा होगी।
  5. भारत और यूरोपीय संघ (EU) ने मिलकर एक नई पहल शुरू की है। इसका उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहन (EV) बैटरी को दोबारा उपयोग में लाने की क्षमता बढ़ाना है। इस काम के लिए लगभग 169 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
  6. वेव्स डॉक बाजार का दूसरा चरण 16 से 18 जून तक मुंबई में आयोजित होगा। यह कार्यक्रम 19वें मुंबई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के साथ NFDC परिसर में होगा। इसमें प्रदर्शनी कक्ष और वर्क इन प्रोग्रेस (WIP) लैब के लिए आवेदन खुले हैं। इच्छुक प्रतिभागी 15 मई तक आवेदन कर सकते हैं।
  7. शशि शेखर वेम्पति को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) का नया अध्यक्ष बनाया गया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, वे तीन साल तक इस पद पर रहेंगे।
  8. स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय 8 और 9 मई को बेंगलुरु में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना हैकाथॉन के भव्य समापन कार्यक्रम का आयोजन करेगा। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA), इंडिया एआई मिशन और भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
  9. केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने नई दिल्ली में पहले ‘अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट एलायंस शिखर सम्मेलन 2026’ की वेबसाइट और लोगो का अनावरण किया है।
  10. रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने दिल्ली के बुराड़ी मैदान में रासायनिक, जैविक, विकिरण और परमाणु (CBRN) फील्ड प्रशिक्षण तथा प्रदर्शन केंद्र का उद्घाटन किया है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस केंद्र का उद्देश्य विकिरण एवं परमाणु आपात स्थितियों के लिए तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
  11. सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) ने असंगठित क्षेत्र के सर्वेक्षण के नए आंकड़े जारी किए हैं। इसके अनुसार, 2023-24 में प्रतिष्ठानों की संख्या 7 करोड़ 34 लाख थी, जो 2025 में बढ़कर 7 करोड़ 92 लाख हो गई। इस क्षेत्र में रोजगार भी बढ़ा है और कुल श्रमिकों की संख्या लगभग 12 करोड़ 81 लाख पहुंच गई है।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 7 मई 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं:

  1. अमेरिका में भारतीय मूल के रिपब्लिकन नेता विवेक रामास्वामी ने ओहियो के गवर्नर पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। 
  2. भारत और वियतनाम ने डिजिटल प्रौद्योगिकी, सार्वजनिक क्षेत्र लेखापरीक्षा, डिजिटल भुगतान प्रणाली, दुर्लभ मृदा तत्व, चिकित्सा उत्पाद विनियमन तथा संस्कृति एवं पर्यटन के क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
  3. मूडीज रेटिंग्स 2026 के अनुसार, भारत पिछले पांच सालों में बड़ी उभरती अर्थव्यवस्थाओं में से एक बना हुआ है।
  4. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मध्य अफ्रीकी देश चाड में आतंकवादी संगठन बोको हराम ने एक सैन्य अड्डे पर हमला किया, जिसमें 23 सुरक्षाकर्मी मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। यह हमला सोमवार रात चाड झील के किनारे स्थित एक सैन्य अड्डे पर हुआ था।
  5. भारत और जापान ने स्वास्थ्य अनुसंधान और क्वांटम प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।

स्कूल असेंबली के लिए क्षेत्रीय समाचार सुर्खियां 7 मई 2026

यहां भारत के विभिन्न राज्यों से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं:

  1. पश्चिम बंगाल में नई बीजेपी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
  2. चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) ने अनुमान जताया है कि 12 मई तक राज्य के कई पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है।
  3. पुद्दुचेरी के सभी निर्वाचन क्षेत्रों में इस महीने से केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्रा प्रणाली के अंतर्गत रजिस्ट्रेशन के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों ने लाभार्थियों से आग्रह किया है कि वे इन शिविरों में उपस्थित होकर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) के तहत लाभ प्राप्त करने हेतु अनिवार्य E-KYC प्रक्रिया पूरी करें। जिन लाभार्थियों ने अब तक E-KYC पूरा नहीं किया है, उन्हें अपने आधार कार्ड और राशन कार्ड के साथ नजदीकी सामान्य सेवा केंद्रों पर जाने की सलाह दी गई है। यह प्रक्रिया नि:शुल्क होगी।
  4. दिल्ली सरकार ने भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत प्रदान करने के लिए 13 मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स की शुरुआत की है। 
  5. सर्वोच्च न्यायालय कॉलेजियम ने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के 10 अधिवक्ताओं को न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
  6. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने शिलांग के उत्तर पूर्वी पहाड़ी विश्वविद्यालय में भारतीय डाक के 100वें एन-जेन डाकघर का ऑनलाइन उद्घाटन किया है। यह डाकघर छात्रों, शिक्षकों और परिसर में रहने वाले लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया है।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 7 मई 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं:

  1. IPL 2026 का 50वां मुकाबला 7 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा। यह मैच लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपई एकाना क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
  2. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 की घोषणा की है। यह टूर्नामेंट 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में होगा।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स:

  1. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
  2. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। छात्र इसे आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in से डाउनलोड कर सकते हैं। यह परीक्षा 3 मई, 2026 को भारत और विदेश के कई केंद्रों पर हुई थी।
  3. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPSESSB) द्वारा UP PGT भर्ती परीक्षा का आयोजन 9 एवं 10 मई को राज्य के 17 जिलों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। इस परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
  4. बिहार पुलिस सब-ऑर्डिनेट सर्विसेज कमीशन (BPSSC) ने बिहार होम गार्ड विभाग के अंतर्गत हवलदार क्लर्क भर्ती 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट bpssc.bihar.gov.in से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग द्वारा यह परीक्षा 20 मई 2026 को एक ही दिन और एक ही शिफ्ट में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को सुबह 8:30 बजे परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।
  5. भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in के अनुसार, इंडियन आर्मी अग्निवीर भर्ती 2026 कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के लिए एडमिट कार्ड 15 मई, 2026 को डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।

आशा है कि आपको 7 मई की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें। 

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*