स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 26 अप्रैल, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 26 अप्रैल 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 26 अप्रैल की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं:
- प्रतिवर्ष 26 अप्रैल को दुनियाभर में ‘विश्व बौद्धिक संपदा दिवस’ (World Intellectual Property Day 2026) मनाया जाता है। इसका उद्देश्य इनोवेशन और क्रिएटिविटी को प्रोत्साहित करने में बौद्धिक संपदा की भूमिका को बढ़ाना है।
- मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 26 अप्रैल से दिल्ली-NCR में मौसम में बदलाव की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने और दिन में तेज सतही हवाएं चलने के आसार हैं। तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, हालांकि बादलों के कारण धूप की तीव्रता में कमी आ सकती है।
- प्रख्यात अर्थशास्त्री अशोक कुमार लाहिडी को नीति आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान उपाध्यक्ष सुमन के. बेरी का स्थान लेंगे।
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 2027 में होने वाली पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना के लिए 11,700 करोड़ रुपये से अधिक के बजट को मंजूरी दी है। यह जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण अप्रैल से सितंबर तक चलेगा, जिसमें आवास सूचीकरण और हाउसिंग जनगणना की जाएगी। दूसरा चरण फरवरी 2027 में प्रस्तावित है, जिसमें जनसंख्या गणना के साथ-साथ सामाजिक-आर्थिक, सांस्कृतिक और जाति संबंधी आंकड़े एकत्र किए जाएंगे।
- AIIMS नई दिल्ली के बर्न्स और प्लास्टिक सर्जरी ब्लॉक में 24 से 26 अप्रैल, 2026 तक ‘एस्थेटिक सर्जरी अपडेट 2026’ कार्यक्रम हो रहा है। इसमें देश और पड़ोसी देशों से लगभग 280 से ज्यादा प्लास्टिक सर्जन शामिल हो रहे हैं।
- भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने 24 से 26 अप्रैल, 2026 के बीच चंडीगढ़ में एक चिंतन शिविर के दौरान ‘स्माइल-बेगरी सर्वे’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। यह ऐप भिक्षावृत्ति से जुड़ी योजना के तहत बनाया गया है, जिससे सही समय पर डेटा इकट्ठा किया जा सके और काम की निगरानी बेहतर हो सके।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 26 अप्रैल 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं:
- अमेरिका ने चीन की बड़ी तेल कंपनी हेंगली पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी और ईरान के तेल को ले जाने वाली करीब 40 कंपनियों और टैंकरों पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह कदम ईरान के तेल निर्यात को कम करने के लिए उठाया गया है।
- संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) ने चेर्नोबिल त्रासदी की 40वीं वर्षगांठ के अवसर पर परमाणु प्रौद्योगिकी के शांतिपूर्ण उपयोग का आह्वान किया है। बता दें कि चेर्नोबिल परमाणु त्रासदी 26 अप्रैल, 1986 को सोवियत संघ (वर्तमान यूक्रेन) के चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र में हुई इतिहास की सबसे बड़ी परमाणु दुर्घटना थी।
स्कूल असेंबली के लिए क्षेत्रीय समाचार सुर्खियां 26 अप्रैल 2026
यहां भारत के विभिन्न राज्यों से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं:
- ओडिशा विधानसभा में भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की भूमिका पर विचार-विमर्श के लिए 30 अप्रैल को एक विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा।
- केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु में BEML के आत्मनिर्भर हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन निर्माण संयंत्र ‘आदित्य’ का उद्घाटन किया है।
- जनगणना के लिए उत्तराखंड में ‘हर द्वार दस्तक’ अभियान शुरू हो गया है। इसके तहत घर-घर जाकर सुविधाओं और संपत्तियों से जुड़े 33 तरह के आंकड़े जुटाए जाएंगे। इसके लिए, पहली बार जनगणना पूरी तरह से मोबाइल ऐप से की जाएगी। यह कार्य 24 मई, 2026 तक चलेगा।
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 26 अप्रैल 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं:
- IPL 2026 का 37वां मुकाबला 26 अप्रैल को गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा।
- IPL 2026 का 38वां मुकाबला 26 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और कोलकाता नाईट राइडर्स (KKR) के बीच खेला जाएगा। यह मैच लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपई एकाना क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
- इटली के खेल मंत्री आंद्रे अबोदी ने आगामी फीफा विश्वकप में ईरान की जगह इटली को दिए जाने के अमेरिकी प्रशासन के कथित प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स:
- गोवा बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एंड हायर सेकेंडरी एजुकेशन (GBSHSE) कक्षा 10वीं का परीक्षा रिजल्ट 26 अप्रैल को शाम 5 बजे जारी करेगा। रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट gbshse.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकेंगे।
- राजस्थान के सरकारी स्कूलों में अब कॉपियों की जांच AI की मदद से होगी। इसकी शुरुआत जोधपुर से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में हुई है। यहां करीब 1350 स्कूलों के कक्षा 6 से 9 तक के लगभग 75 हजार छात्रों की 3 लाख कॉपियां AI ने सिर्फ चार दिन में जांच ली हैं। अगर यह प्रयोग सफल रहा, तो इसे पूरे राजस्थान में लागू किया जाएगा।
- मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (MPESB) ने ग्रुप-5 पैरामेडिकल की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। उम्मीदवार अब ऑफिशियल वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर आंसर-की चेक और डाउनलोड कर सकते हैं। जिन उम्मीदवारों को किसी उत्तर पर आपत्ति है, वे 27 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
आशा है कि आपको 26 अप्रैल की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!