स्कूल असेंबली के लिए 5 फरवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
AI के साथ सारांशित करें
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 5 February 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 5 फरवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 5 फरवरी 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 5 फरवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. वर्ल्ड न्यूटेला डे प्रतिवर्ष 5 फरवरी को मनाया जाता है। यह दिवस विशेष रूप से चॉकलेट और हेज़लनट उत्पादों के प्रति रुचि रखने वाले व्यक्तियों के लिए समर्पित है। इस अवसर पर लोग सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से मित्रों एवं परिवार के साथ रेसिपी और चित्र साझा करते हैं।
  2. केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह 5 फरवरी, नई दिल्ली में भारत टैक्सी का शुभारंभ करेंगे। यह भारत का पहला सहकारी राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है, जो शून्य कमीशन और बिना अतिरिक्त शुल्क के मॉडल पर काम करता है।
  3. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ओडिशा के मयूरभंज जिले में अपने राज्य दौरे पर हैं। आज सुबह वे रायरांगपुर में श्री जगन्नाथ मंदिर में पूजा करेंगी और शाम को सिमिलिपाल बाघ अभ्यारण्य जाएंगी।
  4. विश्व स्तर की प्रमुख प्लास्टिक प्रदर्शनी ‘प्लास्टइंडिया 2026’ 5 फरवरी 2026 से नई दिल्ली में आयोजित की जा रही है। रसायन और उर्वरक मंत्रालय के अनुसार, इस प्रदर्शनी में 2,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय कंपनियां अपने नवाचारों का प्रदर्शन करेंगी। इस वर्ष का थीम ‘भारत नेक्स्ट’ है, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत की दृष्टि के अनुरूप है।
  5. भारत ने ब्रिक्स औद्योगिक दक्षता केंद्र (BCIC) में अपनी सदस्यता दर्ज कराई है, जिससे विनिर्माण कंपनियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को एकीकृत सहायता सेवाएँ उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इस संबंध में औपचारिक घोषणा नई दिल्ली में उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग के कार्यक्रम में की गई।
  6. सर्वोच्च न्यायालय ने NEET (PG) 2025-26 की क्‍वालीफाइंग कट ऑफ परसेंटाइल कम करने के फैसले के खिलाफ याचिका पर केंद्र सरकार और अन्य संबंधित संस्थाओं से जवाब मांगा है। न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिंह और न्यायमूर्ति आलोक अराधे की पीठ द्वारा जारी नोटिस के अनुसार अगली सुनवाई 6 फरवरी को निर्धारित है।
  7. भारत ने इस साल संयुक्त राष्ट्र को अपने 35.18 मिलियन डॉलर के बकाया भुगतान समय पर कर दिए हैं। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक के अनुसार, इस वजह से भारत को सम्मान सूची में शामिल किया गया है। भारत का कुल योगदान 38.23 मिलियन डॉलर है।
  8. गोवा के पणजी स्थित कैम्पल ग्राउंड में गोवा पुस्तक महोत्सव का आयोजन प्रारंभ हो चुका है। इस महोत्सव में 200 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। आगंतुक कोंकणी, मराठी और अंग्रेजी सहित विभिन्न भाषाओं की पुस्तकों पर 10 प्रतिशत की छूट का लाभ उठा सकते हैं। महोत्सव में प्रवेश नि:शुल्क है।
  9. रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने ओडिशा के तट से दूर चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज में सॉलिड फ्यूल डक्टेड रैमजेट (SFDR) तकनीक का सफलतापूर्वक परीक्षण किया।
  10. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार डेटाबेस सही और सुरक्षित रखने के लिए अब तक 25 लाख से ज्यादा मृत व्यक्तियों के आधार नंबर निष्क्रिय कर दिए हैं।
  11. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने महाराष्‍ट्र के पालघर में मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल (MAHSR) परियोजना की दूसरी पहाड़ी सुरंग के सफल निर्माण की घोषणा की। इस सुरंग की लंबाई 454 मीटर और चौड़ाई 14.4 मीटर है। यह सुरंग परियोजना के अप और डाउन दोनों ट्रैक के लिए उपयोगी होगी।
  12. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने एक टेलीरोबोटिक अल्ट्रासाउंड प्रणाली का प्रदर्शन किया है। इस प्रणाली की मदद से दिल्ली में बैठे डॉक्टर अंटार्कटिका जैसे दूरदराज़ और कठिन इलाकों में भी रियल-टाइम अल्ट्रासाउंड टेस्ट कर सकेंगे। AIIMS और IIT दिल्ली द्वारा विकसित इस तकनीक में डॉक्टर दूर से रोबोटिक आर्म को नियंत्रित करते हैं, और जांच की छवियाँ तुरंत दिल्ली स्थित चिकित्सक तक पहुँचती हैं।
  13. दिल्ली यातायात पुलिस और सुज़ुकी टू-व्हीलर्स ने राजधानी में सड़क सुरक्षा शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित यातायात प्रशिक्षण उद्यान को उन्नत कर इंटरैक्टिव शिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य आम जनता में यातायात अनुशासन और जिम्मेदार सड़क व्यवहार को बढ़ावा देना है।
  14. दिल्ली सरकार ने होली और दीवाली के मौके पर लोगों को मुफ्त गैस सिलिंडर देने की घोषणा की है। इसके लिए 242 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
  15. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा प्रकाशित स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली (HMIS) की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर पर जन्म के समय लिंग अनुपात में सुधार देखा गया है। वर्ष 2014-15 में यह अनुपात 918 था, जो वर्ष 2024-25 तक 929 तक पहुँच गया।
  16. ओडिशा की अदालत ने अवैध घुसपैठ के आरोप में 9 बांग्लादेशी नागरिकों को दो वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। प्रत्येक दोषी पर जुर्माना भी लगाया गया है और जुर्माना न भरने पर तीन महीने की अतिरिक्त कैद का प्रावधान है।
  17. नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना (PMSGMBY) के अंतर्गत सरकार ने अब तक 14,771 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता वितरित की है।
  18. दिल्‍ली के उपराज्‍यपाल विनय कुमार सक्‍सेना ने दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता को शाहजहानाबाद रीडेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की अध्यक्ष नियुक्त किया।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 5 फरवरी 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी भारत के छह दिवसीय राजकीय दौरे पर 5 से 10 फरवरी 2026 तक रहेंगे। यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर किया जा रहा है और यह राष्ट्रपति हर्मिनी का पदभार ग्रहण करने के बाद पहला भारत दौरा है।
  2. नेपाल में 5 मार्च को होने वाले आम चुनाव की सुरक्षा के लिए देशभर में हजारों सैनिक तैनात किए जा रहे हैं। पिछले साल विरोध प्रदर्शन के कारण सरकार को इस्तीफा देना पड़ा था। इस बार चुनाव में लगभग 80,000 सैनिक और 3,40,000 सुरक्षा कर्मी मतदान केंद्रों और बूथों की सुरक्षा करेंगे।
  3. ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा इस माह भारत का दौरा करेंगे। वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में उनके इस दौरे से द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।
  4. स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने घोषणा की है कि उनकी सरकार 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की योजना बना रही है। इस निर्णय का उद्देश्य ऑनलाइन सुरक्षा सुनिश्चित करना और बच्चों को हानिकारक डिजिटल कंटेंट से संरक्षित रखना है।
  5. नेपाल राष्ट्र बैंक(NRB) और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) भारत और नेपाल की बैंकिंग प्रणालियों के बीच सहयोग को लेकर एक उच्च स्तरीय वार्ता हुई।
  6. पाकिस्तान में 10 साल या उससे अधिक उम्र के केवल 63% लोग ही पढ़-लिख सकते हैं। एक सर्वेक्षण के अनुसार, पाकिस्तान साक्षरता के मामले में दक्षिण एशिया में सबसे पीछे है।
  7. पाकिस्तान की आतंक रोधी अदालत ने वर्ष 2024 में हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन, अलीमा खान, के खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। रावलपिंडी की अदालत ने यह आदेश अलीमा द्वारा पूर्व निर्देशों का पालन न करने पर लिया।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 5 फरवरी 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग के चौथे सीजन का फाइनल मुकाबला 5 फरवरी को दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे वडोदरा के स्टेडियम में खेला जाएगा।
  2. ईशा सिंह ने एशियाई निशानेबाज़ी चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। फाइनल में पिछड़ने के बाद उन्होंने 249.8 अंक हासिल कर अपना दूसरा सीनियर एशियाई स्वर्ण पदक जीत लिया।
  3. हरारे में भारत ने अंडर-19 एकदिवसीय विश्वकप के फाइनल में जगह बनाई। अफगानिस्तान के 311 रन के लक्ष्य को भारत ने 42वें ओवर में हासिल कर लिया। अब भारत 6 फरवरी को फाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगा।
  4. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-1 में इंग्लैंड ने क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 27 रन से जीत हासिल की। इस जीत के साथ इंग्लिश टीम ने 6 फरवरी को खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. बिहार डीएलएड डमी एडमिट कार्ड 5 फरवरी को जारी होगा। उम्मीदवार 10 फरवरी तक अपना एडमिट कार्ड bsebdeled.com से डाउनलोड कर सकते हैं।
  2. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने महिला सुपरवाइजर पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 05 फरवरी कर दिया है। राजस्थान में सुपरवाइज़र पदों के लिए इच्छुक उम्मीदवार अब RSSB की आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
  3. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने राज्य पुलिस बल में कांस्टेबल सिविल पुलिस और समकक्ष पदों के लिए 32,679 सीधी भर्तियों की लिखित परीक्षा की तिथियों की घोषणा कर दी है। भर्ती अधिसूचना के अनुसार परीक्षा 8 से 10 जून तक प्रतिदिन दो पारियों में आयोजित की जाएगी। यह भर्ती अभियान कांस्टेबल सिविल पुलिस, कांस्टेबल पीएसी, कांस्टेबल विशेष सुरक्षा बल, महिला कांस्टेबल पीएसी, कांस्टेबल सशस्त्र पुलिस, जेल वार्डर और घुड़सवार पुलिस के पदों के लिए है।
  4. राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने JEE Main 2026 सेशन 1 की प्रोविजनल आंसर की आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जारी की है। परीक्षार्थी अपनी उत्तर कुंजी का मिलान कर सकते हैं और किसी उत्तर के प्रति असंतोष होने पर 6 फरवरी तक आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।
  5. रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) ने रेलवे असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) भर्ती परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी स्लिप जारी कर दी है। आवेदक RRB की आधिकारिक वेबसाइट rrbcdg.gov.in पर लॉग इन कर अपनी सिटी इंटिमेशन स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं। इस स्लिप के माध्यम से उम्मीदवार अपने परीक्षा शहर की जानकारी प्राप्त कर अपनी यात्रा की पूर्व योजना बना सकते हैं।

आशा है कि आपको 5 फरवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*