स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 4 मार्च, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 4 मार्च 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 4 मार्च की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- आज पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ होली का पर्व मनाया जा रहा है। परंपरा के अनुसार होली चैत्र माह में मनाई जाती है, जो ऋतु परिवर्तन का संकेत देता है।
- प्रतिवर्ष 4 मार्च को भारत में ‘राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस’ मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करना है, बल्कि कार्यस्थल, औद्योगिक क्षेत्रों और सामाजिक संस्थाओं में सुरक्षा को प्रोत्साहित करना भी है। यह दिवस राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (NSC) द्वारा शुरू किया गया था।
- होली के अवसर पर दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनें, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन समेत 4 मार्च को दोपहर 02:30 बजे तक बंद रहेंगी। इसके बाद सेवाएं फिर सामान्य रूप से चलेंगी।
- मौसम विभाग (IMD) ने अगले चार दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान व्यक्त किया है।
- रक्षा मंत्रालय ने भारतीय तटरक्षक बल के लिए छह उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर MK-II तथा भारतीय नौसेना के लिए जमीन से हवा में मार करने योग्य वर्टिकल लॉन्च मिसाइल की खरीद के लिए 5083 करोड़ रुपये के अनुबंधों पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए हैं।
- खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के तहत नेशनल फूड टेक्नोलॉजी एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (NIFTEM), कुंडली ने कनाडा के सस्केचेवान विश्वविद्यालय, सास्काटून के साथ एक समझौता किया है।
- पंजाब सरकार ने अमेरिका‑इजराइल‑ईरान संघर्ष के चलते मध्य एशिया और मध्य पूर्व में फंसे लोगों की सहायता के लिए 24×7 हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। हेल्पलाइन जानकारी एकत्र करेगी और निकासी के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय करेगी। हेल्पलाइन नंबर हैं: 0172-22-60-042 और 0172-22-60-043। इन नंबरों पर विदेश से भी कॉल की जा सकती है।
- इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने देशभर के 1 लाख 3 हजार से अधिक स्कूलों में आधार कार्ड में अनिवार्य बायोमेट्रिक सत्यापन (MBU) प्रक्रिया पूरी कर ली है। बच्चों के आधार कार्ड में बायोमेट्रिक अपडेट रखने से उन्हें सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्तियों और प्रतियोगी परीक्षाओं (NEET, JEE, CUET) के पंजीकरण में मदद मिलती है।
- केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल में नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के तहत भारतीय नागरिकता के आवेदनों पर निर्णय लेने के लिए दो और अधिकार प्राप्त समितियों का गठन किया है।
- दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पश्चिम जिले ने ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत पिछले महीने 118 लापता लोगों और बच्चों को उनके परिवारों से मिलाया है। इसमें 31 बच्चे और 87 वयस्क शामिल थे। इस साल 1 जनवरी से 28 फरवरी तक कुल 193 लापता लोग सुरक्षित घर लौटे हैं।
- कैप्टिव एवं वाणिज्यिक खदानों से वित्त वर्ष 2025-26 के फरवरी तक 20 मिलियन टन से अधिक कोयले का उत्पादन हुआ और 17 मिलियन टन से अधिक को प्रेषित किया गया। यह पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 4 मार्च 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- अमरीका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने 15 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अहम बैठक की अध्यक्षता की। यह पहली बार है जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की पत्नी ने सुरक्षा परिषद की बैठक की अध्यक्षता की है। इस बैठक का विषय था- संघर्ष के समय में बच्चों और शिक्षा की भूमिका।
- फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ ने मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के बीच सहयोगी देशों की संपत्तियों की सुरक्षा के लिए फ्रांस के परमाणु ऊर्जा से चलने वाले विमानवाहक पोत को बाल्टिक सागर से भूमध्य सागर भेजने का आदेश दिया है।
- पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच खाड़ी क्षेत्र से होकर गुजरने वाले समुद्री व्यापार को सुरक्षित बनाने के लिए अमेरिकी सरकार ने बीमा और वित्तीय सुरक्षा गारंटी प्रदान करने की घोषणा की है।
- तेहरान में बढ़ते सुरक्षा खतरे के मद्देनजर, ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां पढ़ रहे अधिकांश भारतीय विद्यार्थियों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया है।
- पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच 3 मार्च को कच्चे तेल की कीमतें स्थिर रहीं। अमरीकी कच्चे तेल की कीमत में 1.4% की वृद्धि हुई और यह 72.23 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि ब्रेंट क्रूड में लगभग 1.9% की बढ़ोतरी हुई। हालांकि शुरुआत में यह 79.2 डॉलर पर कारोबार कर रहा था।
यह भी पढ़ें: स्कूल असेंबली के लिए 5 मार्च की मुख्य समाचार सुर्खियां
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 4 मार्च 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- ICC T20 विश्व कप के प्रथम सेमीफाइनल में 4 मार्च को साउथ अफ्रीका का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शाम 7 बजे से खेला जाएगा।
- ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में 4 मार्च को पुरुष डबल्स वर्ग में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी का मुकाबला मलेशिया के कांग खाई शिंग और आरोन ताई की जोड़ी से होगा।
- ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के पुरुष सिंगल्स के पहले दौर में लक्ष्य सेन ने चीन के विश्व नंबर 1 खिलाड़ी शी युकी को 23-21, 19-21, 21-17 से हरा दिया। अब वे राउंड ऑफ़ 16 में पहुंच गए हैं, जहां उनका मुकाबला हांगकांग के एनजी का लॉन्ग एंगस से होगा।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- CBSE ने पश्चिम एशिया में 5 और 6 मार्च को होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। यह निर्णय बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और UAE में वर्तमान स्थिति के कारण लिया गया है। नई तिथियों की घोषणा शीघ्र की जाएगी।
- राष्ट्रीय शिक्षा समिति (NESTS) की ओर से एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (EMRS) में टीचिंग एंव नॉन टीचिंग टियर-2 परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी स्लिप जारी कर दी गई है। आप ऑफिशियल वेबसाइट nests.tribal.gov.in पर जाकर अपने परीक्षा शहर की जानकारी देख सकते हैं।
- रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने पैरामेडिकल स्टाफ परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी स्लिप जारी कर दी है। आप आधिकारिक वेबसाइट rrbcdg.gov.in से अपनी एग्जाम सिटी स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं। इस भर्ती परीक्षा के जरिए कुल 434 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
- इंडियन आर्मी अग्निवीर भर्ती 2026 की परीक्षा 1 से 15 जून 2026 तक होगी। फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 1 अप्रैल है। जो उम्मीदवार अभी तक फॉर्म नहीं भर पाए हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
आशा है कि आपको 4 मार्च की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!