स्कूल असेंबली के लिए 31 मार्च की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 31 March 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 31 मार्च, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 31 मार्च 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 31 मार्च की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. अंतर्राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर दृश्यता दिवस हर साल 31 मार्च को मनाया जाता है। यह दिन ट्रांसजेंडर और गैर-बाइनरी लोगों की उपलब्धियों और योगदान को याद करने का होता है। इसके माध्यम से समाज में उनके प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनके साथ होने वाले भेदभाव, हिंसा तथा असमानताओं को समाप्त करने का प्रयास भी किया जाता है।
  2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मार्च को एक दिन के गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी महावीर जयंती के अवसर पर गांधीनगर में सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे।
  3. राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 31 मार्च से 1 अप्रैल, 2026 तक बिहार और कर्नाटक की यात्रा पर रहेंगी। यात्रा के पहले दिन वह बिहार के राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। 1 अप्रैल को, राष्ट्रपति कर्नाटक के तुमकुरु में श्री सिद्धगंगा मठ में डॉ. श्री श्री शिवकुमार महास्वामी जी के 119वें जन्मदिन और गुरुवंदना समारोह में सम्मिलित होंगी।
  4. जनगणना 2027 पहली अप्रैल से शुरू होगी। आपको बता दें कि यह स्वतंत्रता के बाद की आठवीं और इस श्रृखंला की 16वीं जनगणना होगी।
  5. 9वां इंडिया फार्मा सम्मेलन 2026 नई दिल्ली स्थित फेडरेशन हाउस में 13-14 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा।
  6. इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में कंपनियों को इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग स्कीम (ECMS) के तहत मंजूरी पत्र प्रदान किए। इसमें 29 कंपनियों को 71,000 करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश की अनुमति मिली है। इससे लगभग 14,200 लोगों को नौकरी मिलने की उम्मीद है और इन परियोजनाओं से 84,500 करोड़ रुपये से अधिक का उत्पादन होने का अनुमान है।
  7. बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद नियमों का पालन करते हुए राज्य विधान परिषद से इस्तीफा दे दिया है।
  8. दिल्ली नगर निगम (MCD) ने दिल्ली नगर निगम अधिनियम 1957 में बदलाव का प्रस्ताव रखा है। इसका उद्देश्य छोटे अपराधों को अपराध की श्रेणी से हटाना और नियमों को नागरिकों के लिए आसान बनाना है। इसके तहत छोटे और तकनीकी उल्लंघनों को अपराधमुक्त किया जाएगा, जेल की सजा के नियम हटाए जाएंगे और पुराने नियमों को समाप्त किया जाएगा। इसके साथ ही लाइसेंस और व्यापार के नियम सरल बनाए जाएंगे ताकि लोगों के जीवन और व्यवसाय को आसान बनाया जा सके।
  9. आयुष मंत्रालय के तहत केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (CCRAS) ने आयुर्वेद की जानकारी को 13 भाषाओं में उपलब्ध कराने के लिए AICTE की अनुवादिनी AI के साथ समझौता किया है। इस पहल का उद्देश्य पूरे देश में साक्ष्य-आधारित आयुर्वेद ज्ञान को लोगों तक पहुंचाना है। अनुवादिनी AI CCRAS की अनुसंधान रिपोर्ट और शैक्षिक सामग्री को हिंदी समेत 13 भाषाओं में अनुवाद करेगी।
  10. भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने कोलकाता-शंघाई के बीच दैनिक नॉन-स्टॉप उड़ान शुरू करने का ऐलान किया है। इससे दोनों पड़ोसी देशों के बीच एयर कनेक्टिविटी में सुधार होगा।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 31 मार्च 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पश्चिम एशिया संकट के बीच देश को ईंधन भेजने में भारत के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।
  2. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष की वजह से ईंधन के दाम बहुत बढ़ गए हैं। इससे राहत देने के लिए ऑस्ट्रेलिया ने जून के अंत तक घरेलू उपयोग वाले ईंधन पर लगाए जाने वाले टैक्स को आधा करने का फैसला किया है।
  3. नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली को काठमांडू जिला अदालत ने पांच दिन के लिए हिरासत में भेज दिया है। उन्हें और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को पिछले साल सितंबर में हुए जेन-जी विरोध प्रदर्शन को दबाने में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इन प्रदर्शनों में 76 लोग मारे गए थे।
  4. यमन के हौसियों द्वारा इजराइल पर किए गए पहले हमले के बाद कच्‍चे तेल की कीमतें सोमवार को 115 अमरीकी डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई हैं। इससे कच्‍चे तेल की कीमत 2.7 प्रतिशत बढ़कर 115.66 डॉलर हो गई है।
  5. एस एंड पी ग्लोबल रेटिंग्स की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य पूर्व संकट से दक्षिण एशियाई देशों – बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका को सबसे ज्यादा खतरा है। ये देश तेल आयात पर बहुत निर्भर हैं और उनके पास पर्याप्त भंडार नहीं है। इसलिए तेल की कीमतों में वृद्धि या सप्लाई में रुकावट उनके क्रेडिट रेटिंग्स पर असर डाल सकती है।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 31 मार्च 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का चौथा मुकाबला 31 मार्च को पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। यह मैच पंजाब के मोहाली में महाराजा यादविन्द्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। 
  2. भारत की शीतल देवी को वर्ष 2025 का सर्वश्रेष्ठ पैरा तीरंदाज चुना गया है। 19 वर्षीय शीतल देवी जम्मू-कश्मीर की रहने वाली हैं। उन्होंने पिछले साल दक्षिण कोरिया में हुई विश्व पैरा तीरंदाजी चैंपियनशिप में महिला कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर यह उपलब्धि हासिल की। इसके अलावा उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में महिला टीम का रजत और मिक्स्ड टीम का कांस्य पदक भी जीता है।
  3. अमेरिका की टेलर टाउनसेंड और चेक गणराज्य की कैटरीना सिनियाकोवा ने मियामी ओपन महिला डबल्स का खिताब जीता है। उनकी जोड़ी ने फाइनल मुकाबले में इटली की सारा एरानी और जैस्मीन पाओलिनी की जोड़ी को 7-6 (0), 6-1 से हराया है।
  4. इटली के स्टार टेनिस खिलाड़ी जैनिक सिनर ने मियामी ओपन का खिताब अपने नाम किया है। उन्होंने फाइनल मुकाबले में चेक गणराज्य के जिरी लेहेका को 6-4, 6-4 से हराया है।
  5. ग्रेटर नोएडा में इंडियास्किल्स राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2026 शुरू हो गई है। इसमें देशभर से 650 से अधिक युवा हिस्सा ले रहे हैं। ये प्रतियोगिता 63 कौशल श्रेणियों में आयोजित की जा रही है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के विजेता शंघाई 2026 में होने वाली प्रतिष्ठित वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. राजस्थान बोर्ड ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से घोषणा की है कि 12वीं के नतीजे 31 मार्च की सुबह 10 बजे घोषित किए जाएंगे। छात्र उन्हें RBSE की वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर देख सकते हैं।
  2. केंद्रीय आयुष मंत्रालय के राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड (NMPB) ने जम्मू संभाग के 100 स्कूलों में हर्बल उद्यान बनाने की योजना को मंजूरी दी है। इसके लिए लगभग 53 लाख रुपये खर्च होंगे। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को औषधीय पौधों के बारे में जागरूक करना और पारंपरिक ज्ञान को स्कूल शिक्षा में शामिल करना है। इसके लिए जम्मू के विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने दस स्कूलों का चयन किया है।
  3. SSC CPO पेपर 1 परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। रिजल्ट के साथ ही कैटेगरी वाइज कटऑफ भी जारी कर दी गई है। अब सफल अभ्यर्थियों को PET/ PST में भाग लेना होगा।
  4. झारखंड में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है। करीब 10 वर्ष  बाद झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) फिर से आयोजित की जाएगी। झारखंड अकादमिक काउंसिल (JAC) ने इसके लिए गाइडलाइन जारी कर दी है। अभ्यर्थी 21 अप्रैल से 21 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा दो स्तरों पर होगी – प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8)। इच्छुक अभ्यर्थी दोनों स्तरों की परीक्षा में एक साथ शामिल हो सकते हैं। परीक्षा में शामिल होने की न्यूनतम आयु 21 वर्ष है और अधिकतम आयु सीमा में इस बार विशेष छूट दी गई है।


आशा है कि आपको 31 मार्च की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें। 

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*