स्कूल असेंबली के लिए 27 जनवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 27 January 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 27 जनवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 27 जनवरी 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 27 जनवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. हर वर्ष 27 जनवरी को होलोकॉस्ट मेमोरियल डे मनाया जाता है। वर्ष 1945 में इसी दिन सोवियत सेना द्वारा ऑश्वित्ज़ बिरकेनाउ नाज़ी यातना शिविर को मुक्त किए जाने की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है।
  2. मौसम विभाग ने दिल्‍ली, हरियाणा और चण्‍डीगढ़ के कुछ भागों में अगले तीन दिनों तक शीत लहर चलने की संभावना व्‍यक्‍त की है।
  3. पीएम नरेंद्र मोदी 27 जनवरी को भारत ऊर्जा सप्ताह 2026 का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे, जो दक्षिण गोवा में आयोजित हो रहा है। भारत ऊर्जा सप्ताह 2026 का उद्देश्य ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना, निवेश को बढ़ावा देना और कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए व्यवहारिक समाधान विकसित करना है, जिसमें 120 से अधिक देशों के 75 हजार से ज्यादा ऊर्जा पेशेवरों के शामिल होने की उम्मीद है।
  4. विंग्स इंडिया 2026 का आयोजन 28 जनवरी से हैदराबाद में होगा। इसमें भारत और दुनिया के उड्डयन क्षेत्र की उपलब्धियां दिखाई जाएंगी।
  5. केंद्र सरकार ने वर्ष 2026 हेतु 131 पद्म अलंकरणों की घोषणा की है। इनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। 16 पुरस्कार मरणोपरांत दिए जाएंगे। अभिनेता धर्मेंद्र और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी. एस. अच्युतानंदन को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा।
  6. गणतंत्र दिवस समारोहों के अंतर्गत केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के 100 से अधिक प्रशिक्षुओं हेतु नई दिल्ली में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
  7. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लाल किले में ‘भारत पर्व 2026’ की शुरुआत की। भारत पर्व 2026 के तहत छह दिनों तक चलने वाले राष्ट्रीय संस्कृति और पर्यटन महोत्सव में 34 राज्यों के पर्यटन मंडप, 24 केंद्रीय मंत्रालयों के स्टॉल और देशभर के प्रमुख संस्थान शामिल हो रहे हैं।
  8. जम्मू-कश्मीर में तीर्थयात्रियों की अत्यधिक भीड़ के मद्देनज़र श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा श्री माता वैष्णो देवी यात्रा का पंजीकरण अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है।
  9. उत्तराखंड सरकार द्वारा लागू किए गए यूसीसी संशोधन अध्यादेश 2026 के माध्यम से अधिनियम 2024 में प्रशासनिक, प्रक्रियात्मक और दंडात्मक सुधार किए गए हैं, जिससे इसके सुचारू और पारदर्शी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जा सके।
  10. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा संगम विहार विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास हेतु 115 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है, जिससे क्षेत्र की आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी।
  11. दिल्ली सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारतीय नागरिक सुरक्षा की धारा 473 के अनुसार पात्र दोष सिद्ध कैदियों को विशेष माफी प्रदान की जाएगी।
  12. बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने निर्णय लिया है कि जल्द ही बद्रीनाथ और केदारनाथ समेत उसके अधीन सभी मंदिरों में केवल हिंदुओं को प्रवेश की अनुमति होगी।
  13. मानव इतिहास की सबसे बड़ी स्वास्थ्य उपलब्धियों में से एक, चेचक उन्मूलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डॉ. विलियम फोएज का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 27 जनवरी 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. नेपाल निर्वाचन आयोग ने 25 जनवरी को हुए नेशनल असेंबली चुनावों के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए हैं, जिनमें नेपाली कांग्रेस ऊपरी सदन की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।
  2. अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिण कोरिया से आयात होने वाले सामान पर शुल्क 15% से बढ़ाकर 25% करने का ऐलान किया है। यह बढ़ोतरी व्यापार समझौता पारित न होने के कारण की गई है और ऑटोमोबाइल, लकड़ी व दवाइयों सहित कई वस्तुओं पर लागू होगी, हालांकि इसके तत्काल लागू होने पर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
  3. मिस्र की संसद बच्चों द्वारा सोशल मीडिया के उपयोग को विनियमित करने के उद्देश्य से कानून बनाने पर विचार कर रही है, ताकि उनके भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।
  4. दक्षिणी फिलीपींस में ज़ाम्बोआंगा से सुलु प्रांत के जोलो द्वीप जाने वाली नौका डूब गई। इसमें 359 लोग सवार थे, जिनमें से 215 को बचाया गया, 7 मृत पाए गए और 100 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं।
  5. बांग्लादेश की अदालत ने ढाका के पूर्व पुलिस आयुक्त और दो अन्य अधिकारियों को 2024 के हिंसक प्रदर्शन में उनकी भूमिका के लिए मौत की सजा दी। इस प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री शेख हसीना को पद छोड़ना पड़ा था।
  6. संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति की भारत यात्रा के बाद अबू धाबी ने इस्लामाबाद एयरपोर्ट संचालन परियोजना से अपना नाम वापस ले लिया। इसे रणनीतिक दृष्टि से भारत-UAE की बढ़ती नजदीकी और पाकिस्तान पर घटते प्रभाव का संकेत माना जा रहा है।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 27 जनवरी 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए स्कॉटलैंड ने अपनी टीम घोषित कर दी है। रिची बेरिंगटन को कप्तान बनाया गया है और अफगानिस्‍तान मूल के तेज गेंदबाज जैनुल्लाह एहसान समेत तीन खिलाड़ियों को पहली बार विश्व कप में खेलने का मौका मिला है।
  2. महान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डॉन ब्रैडमैन की बैगी ग्रीन कैप, जिसे उन्होंने भारत के खिलाफ 1947-48 की सीरीज में पहना था और बाद में भारतीय खिलाड़ी श्रीरंगा वासुदेव सोहोनी को भेंट किया था। एक नीलामी में 4.22 करोड़ रुपये में बिकी, जो उनकी किसी भी कैप की सबसे ऊंची कीमत है।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड जयपुर (RSSB) द्वारा राजस्थान चतुर्थ श्रेणी सीधी भर्ती परीक्षा का रिजल्ट और फाइनल आंसर की जारी होने के बाद अब स्कोरकार्ड भी उपलब्ध करा दिया गया है, जिसे उम्मीदवार recruitment.rajasthan.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं।
  2. MP पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा का रिजल्ट मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने जारी कर दिया है। 2nd फेज के लिए 59,438 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं।
  3. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 28-29 जनवरी को होने वाली JEE Main 2026 सत्र-1 परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार NTA की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकते हैं।

आशा है कि आपको 27 जनवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*