स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 23 फरवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 23 फरवरी 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 23 फरवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- निर्वाचन आयोग 24 फरवरी को नई दिल्ली में राज्य चुनाव आयुक्तों के साथ एक सम्मेलन करेगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इसकी अध्यक्षता करेंगे। इस सम्मेलन में राज्य निर्वाचन आयुक्त, उनके कानूनी और तकनीकी विशेषज्ञ तथा सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य चुनाव अधिकारी शामिल होंगे।
- मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर वर्षा तथा हिमपात की संभावना जताई है।
- 13 फरवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 8.663 अरब डॉलर की वृद्धि दर्ज की गई। इस बढ़ोतरी के साथ देश का विदेशी मुद्रा भंडार 725.727 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।
- हैदराबाद पुलिस ने युवाओं को आधुनिक कानून और व्यवस्था से जोड़ने के लिए एक नया कार्यक्रम शुरू किया है। 25 वर्ष से कम आयु वाले स्नातक और स्नातकोत्तर छात्र इस इंटर्नशिप में भाग ले सकते हैं। इसमें छात्र डेटा विश्लेषण, अनुसंधान परियोजनाओं और पुलिस की आधुनिक तकनीकों में अनुभव प्राप्त करेंगे। SMIT सेल की निगरानी में सफल इंटर्नशिप पूरी करने वाले छात्रों को आधिकारिक प्रमाण पत्र भी मिलेगा।
- जम्मू-कश्मीर में विशिष्ट चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ‘राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग’ (NMC) ने जम्मू और श्रीनगर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और SKIMS सौरा में 24 नई सुपर-स्पेशियलिटी पीजी सीटों को मंजूरी दी है। ये सीटें कार्डियोलॉजी, यूरोलॉजी, पल्मोनरी मेडिसिन, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, पीडियाट्रिक सर्जरी, न्यूरो-एनेस्थीसिया, पीडियाट्रिक व नियोनेटल एनेस्थीसिया और क्लिनिकल इम्यूनोलॉजी एवं रुमेटोलॉजी में हैं।
- राष्ट्रीय औषधि शिक्षा और अनुसंधान संस्थान (NIPER) ने नई दिल्ली में एक निजी दवा कंपनी के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
- वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-NCR में उद्योगों के लिए कण पदार्थ उत्सर्जन के सख्त नियम बनाए हैं। इससे उद्योगों का उत्सर्जन नियंत्रण मजबूत होगा और हवा की गुणवत्ता बेहतर होगी।
- असम के गुवाहाटी में स्थित लोकप्रिय ‘गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे’ पर नया एकीकृत टर्मिनल शुरू हो गया है। यह टर्मिनल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया है। इसमें बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, आसान आवागमन और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने CM जनसुनवाई पोर्टल और मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के जरिए दिल्ली सरकार जनसुनवाई को डिजिटल, आसान, प्रभावी और पारदर्शी बना रही है।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 23 फरवरी 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24 फरवरी को अमरीकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। यह उनके दूसरे कार्यकाल का पहला स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण होगा।
- जिम्बाब्वे ने दीर्घकालिक असर वाली HIV-AIDS रोकथाम की दवा Lenacapavir का वितरण शुरू कर दिया है। यह दवा इंजेक्शन के जरिए दी जाती है। पिछले दो दशकों में जिम्बाब्वे में HIV से हजारों लोगों की मौत हुई है। जिम्बाब्वे पहला ऐसा देश है, जो नागरिकों को साल में दो बार यह इंजेक्शन देकर सुरक्षा दे रहा है।
- अमेरिका के पूर्वी तट पर बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की गई है। न्यूयॉर्क, बोस्टन और अन्य प्रमुख शहरों में बर्फीले तूफान की संभावना के चलते 1500 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
- India AI Impact Summit 2026 में नई दिल्ली घोषणापत्र को 89 देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों का समर्थन मिला है। इस समर्थन में ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी, स्विट्ज़रलैंड, ब्राजील, यूएई, कनाडा, इज़राइल, ब्रिटेन, चीन, जापान, अमेरिका, रूस, सऊदी अरब, सिंगापुर और बांग्लादेश शामिल हैं।
- बाफ्टा फिल्म पुरस्कार समारोह 22 फरवरी को लंदन के रॉयल फेस्टिवल हॉल में शुरू हुआ। इसे बाफ्टा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर सीधा देखा जा सकता है। बाफ्टा ब्रिटेन का एक प्रसिद्ध फिल्म और टीवी पुरस्कार है। इस साल एक भारतीय फिल्म ‘बोंग’ भी सर्वश्रेष्ठ बाल और पारिवारिक फिल्म श्रेणी में नामांकित है। यह मणिपुरी भाषा की फिल्म है, जिसे लक्ष्मीप्रिया देवी ने निर्देशित किया है।
- वेनेजुएला में राजनीतिक कारणों से बंद 1,557 व्यक्तियों ने नए माफी कानून के तहत रिहाई हेतु औपचारिक आवेदन किया है। इस कानून के माध्यम से उन विपक्षी सदस्यों, कार्यकर्ताओं, पत्रकारों एवं मानवाधिकार रक्षकों को राहत प्रदान की जाएगी, जिन्हें लंबे समय से हिरासत में रखा गया है।
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 23 फरवरी 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- ICC T20 विश्व कप के सुपर 8 के ग्रुप 1 का 44वां मैच जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे शुरू होगा।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- दिल्ली के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर (EWS), वंचित (DG), विशेष आवश्यकता वाले (CWSN) और दिव्यांग बच्चों के लिए 25 सीटें आरक्षित हैं। इन सीटों के लिए आवेदन अब शुरू हो गए हैं और 16 मार्च तक किए जा सकते हैं। आवेदन के लिए अभिभावक सीधे edudel.nic.in या ewsadmissions.delhi.gov.in वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। यह फॉर्म केवल ऑनलाइन ही भरा जाएगा।
- राजस्थान में RTI के तहत प्राइवेट स्कूलों में रिक्त 25 फीसदी सीटों के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। पहले चरण के लिए फॉर्म 4 मार्च तक भरे जा सकते हैं। एडमिशन 3 चरणों में पूरे किए जाएंगे।
- NTA ने JEE Mains सेशन 2 के फॉर्म में सुधार की तारीखें घोषित कर दी हैं। छात्र 27 और 28 फरवरी तक अपने फॉर्म में करेक्शन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 25 फरवरी है।
- राजस्थान में दो वर्षीय BEd प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 20 मार्च तक फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
- IIT गुवाहाटी ने GATE 2026 परीक्षा का आयोजन 7, 8, 14 और 15 फरवरी 2026 को किया था। अब इस परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को आंसर की और मास्टर क्वेश्चन पेपर जारी कर दिए गए हैं। उम्मीदवार अब अपने उत्तरों का मिलान करके परीक्षा में किए गए अपने प्रदर्शन का अनुमान लगा सकते हैं।
- ISRO ने ‘युविका’ नाम से एक युवा विज्ञानी कार्यक्रम शुरू किया है। इसमें 8वीं पास करने वाले छात्र भाग ले सकते हैं। वेबसाइट के अनुसार, ISRO Yuvika 2026 के लिए आवेदन 27 फरवरी 2026 से शुरू होंगे। जो छात्र वैज्ञानिक गतिविधियों में रुचि रखते हैं, वे 2 सप्ताह के आवासीय कार्यक्रम में भाग लेने के लिए jigyasa.iirs.gov.in/yuvika पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
आशा है कि आपको 23 फरवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!