स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 21 मार्च, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 21 मार्च 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 21 मार्च की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- दुनियाभर में ‘अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस’ (International Day of Forests 2026) प्रतिवर्ष 21 मार्च को मनाया जाता है। इस दिन कई देशों में वृक्षारोपण, वन संरक्षण जागरूकता अभियान और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
- मौसम विभाग (IMD) ने 21 मार्च तक पश्चिम बंगाल के हिमालयी तराई क्षेत्रों और सिक्किम में कई स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
- महाराष्ट्र गोसेवा आयोग एवं ग्लोबल कॉन्फेडरेशन ऑफ काउ-बेस्ड इंडस्ट्रीज सहित विभिन्न संगठनों के सहयोग से पुणे के कृषि महाविद्यालय में 20 से 23 मार्च 2026 तक ‘गौ-तकनीक 2026’ शीर्षक से एक तकनीकी एवं वैज्ञानिक प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है।
- पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि हुई है। इसी कारण भारतीय तेल विपणन कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 2.09 रुपए से 2.35 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। हालांकि सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
- भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया पर प्रसारित होने वाले राजनीतिक विज्ञापनों को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। ECI के अनुसार, सभी राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों तथा संबंधित संगठनों को विज्ञापन प्रकाशित या प्रसारित करने से पूर्व ‘मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति’ (MCMC) से स्वीकृति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। यह नियम टीवी, रेडियो, सोशल मीडिया, वॉइस मैसेज, ई-पेपर और बल्क मैसेजिंग पर लागू होगा।
- भारत सरकार ने लगभग 300 अवैध जुआ और सट्टेबाजी वेबसाइट तथा एप्लिकेशन को ब्लॉक कर दिया है।
- उत्तर वाहिनी नर्मदा परिक्रमा गुजरात में शुरू हो गई है और यह एक महीने तक चलेगी। इस यात्रा में भाग लेने के लिए राज्य सरकार ने डिजिटल पंजीकरण अनिवार्य किया है।
- एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय और ISRO के अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र ने सशस्त्र बलों के लिए उपग्रह आधारित संचार प्रणाली के रख-रखाव और नए नोड्स उपलब्ध कराने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
- केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने घोषणा की है कि विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामांकन-पत्र छुट्टियों में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नामांकन पत्र 23 मार्च तक भरे जा सकते हैं। वहीं इन पत्रों की जांच 24 मार्च को होगी, जबकि नामांकन पत्र 26 मार्च तक वापस लिए जा सकते हैं। आपको बता दें कि केरल, पुडुचेरी और असम में विधानसभा चुनाव का मतदान 9 अप्रैल को और मतगणना 4 मई को होगी।
- छत्तीसगढ़ विधानसभा ने ‘धार्मिक स्वतंत्रता विधेयक’ को ध्वनि-मत से पारित कर दिया है। इस विधेयक का उद्देश्य किसी भी व्यक्ति को धोखे, बलपूर्वक, प्रलोभन या डिजिटल माध्यमों के जरिए धर्म परिवर्तन से रोकना है।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 21 मार्च 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- थाईलैंड की संसद ने उद्योगपति और भुमजैथाई पार्टी के नेता ‘अनुतिन चार्नविराकुल’ (Anutin Charnvirakul) को देश का नया प्रधानमंत्री चुना है।
- संयुक्त राष्ट्र ने वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट-2026 जारी की है। फिनलैंड नौवीं बार सबसे खुशहाल देश बना है और उसे 10 में से 7.764 रेटिंग मिली है। इसके बाद आइसलैंड दूसरे और डेनमार्क तीसरे नंबर पर हैं। भारत को इस वर्ष 116वां स्थान मिला है, जबकि अफगानिस्तान को 147वां और अंतिम स्थान मिला है।
- लुम्बिनी में तीसरा ‘अंतरराष्ट्रीय शांति सम्मेलन 2026’ शुरू हो गया है। इस आयोजन का संयुक्त संचालन नेपाल सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय, नेपाल पर्यटन बोर्ड, लुम्बिनी विकास कोष और नेपाल ओलंपिक समिति द्वारा किया गया है।
- बलूच नेशनल मूवमेंट (BNM) ने ‘संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद’ (UNHRC) से बलूचिस्तान में कथित मानवाधिकार हनन पर तुरंत कार्रवाई करने की अपील की है।
- अमेरिकी संसद में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए एक नया विधेयक पेश किया गया है। इसका उद्देश्य कुशल विदेशी छात्रों को अमेरिका में बनाए रखना है। इससे भारत और अन्य देशों के हजारों छात्र लाभान्वित हो सकते हैं।
- ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड्स और जापान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही के लिए साथ काम करने का फैसला किया है।
- ईरान ने पश्चिम एशिया के देशों से आग्रह किया है कि वे अपने क्षेत्रों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों के उपयोग की अनुमति न दें।
- अमेरिका में डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों ने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए 1 लाख डॉलर के H-1B वीजा शुल्क में छूट देने वाला एक नया विधेयक पेश किया है।
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 21 मार्च 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल टूर से पहले जून में आयरलैंड के खिलाफ T-20 सीरीज खेलेगी।
- फ्रांस में ऑरलियन्स मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में तन्वी शर्मा, इशारानी बरुआ और मालविका बंसोद ने महिला एकल क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
- भारत भुवनेश्वर में ‘वर्ल्ड एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप 2028’ की मेजबानी करेगा। यह वैश्विक प्रतियोगिता कलिंगा इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।
- न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका महिला टीम के बीच पांच मैचों की T-20 सीरीज का चौथा मैच 22 मार्च को वेलिंगटन के स्काई स्टेडियम में होगा। जबकि पांचवां और आखिरी मैच 25 मार्च को क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड ने अब तक सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है।
- कॉमनवेल्थ यूथ गेम्स 2027 का उद्घाटन 29 अक्टूबर को माल्टा में होगा। उद्घाटन के उपरांत 30 अक्टूबर से 4 नवंबर तक छह दिनों का खेल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 1,200 एथलीट्स भाग लेंगे, जो कॉमनवेल्थ के 74 देशों और क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करेंगे। यूथ गेम्स में आठ खेल शामिल हैं: तैराकी और पैरा तैराकी, एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स, नेटबॉल, नौकायन, स्क्वैश, ट्रायथलॉन, वाटर पोलो और भारोत्तोलन।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। आवेदन 27 मार्च से शुरू होंगे और 26 अप्रैल तक किए जा सकते हैं। यह परीक्षा जुलाई में होगी। आयोग ने आवेदन से पहले ‘वन टाइम रजिस्ट्रेशन’ (OTR) अनिवार्य किया है।
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने जून 2026 टर्म-एंड परीक्षा के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। यह परीक्षा 1 जून से आयोजित होगी। आवेदन फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और इसकी अंतिम तिथि 10 अप्रैल निर्धारित की गई है। इसके बाद 11 अप्रैल से 24 अप्रैल तक 1100 रुपये विलंब शुल्क के साथ फार्म भरे जा सकेंगे।
- बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद (BCECEB) ने अपनी प्रवेश परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी हैं। डिप्लोमा-सर्टिफिकेट प्रवेश परीक्षा (DCECE) 23 और 24 मई को होगी। इसके लिए आवेदन 21 अप्रैल तक किए जा सकते हैं।
- माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (UPMSP) ने उत्तर प्रदेश के सभी विद्यालयों को 25 मार्च, 2026 तक इंटरनल असेसमेंट के अंक अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। UPMSP के अनुसार, समय सीमा का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों को इस प्रक्रिया के पुनः अवसर की सुविधा नहीं दी जाएगी। कक्षा 12वीं की यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थी।
आशा है कि आपको 21 मार्च की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!