स्कूल असेंबली के लिए 2 फरवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 2 February 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 2 फरवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 2 फरवरी 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 2 फरवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. प्रतिवर्ष 2 फरवरी को दुनियाभर में ‘विश्व आर्द्रभूमि दिवस’ मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य आर्द्रभूमियों के महत्व को बढ़ावा देना और उनके संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाना है। यह 1971 में आयोजित रांसर सम्मेलन की याद में मनाया जाता है, जो आर्द्रभूमि संरक्षण से जुड़ा था।
  2. राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान 2 फरवरी से 28 फरवरी तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। नागरिक सप्‍ताह में छह दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक उद्यान घूमने जा सकते हैं। बताना चाहेंगे रख-रखाव के लिए सोमवार को और 4 मार्च को होली के कारण उद्यान बंद रहेगा।
  3. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में 2026 से 2031 की अवधि के लिए केंद्र और राज्यों के बीच कर-राजस्व के बंटवारे से जुड़ी 16वें वित्त आयोग की रिपोर्ट पेश की। वित्त आयोग एक संवैधानिक संस्था है, जो केंद्र और राज्यों के बीच कर राजस्व के बंटवारे की सिफारिश करती है।
  4. भारतीय विदेश व्यापार संस्थान (IIFT) को टाइम्स बी-स्कूल रैंकिंग 2026 में पहला स्थान मिला है। IIFT वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संस्थान है, जो MBA, कार्यकारी शिक्षा और डॉक्टोरल शोध पाठ्यक्रम संचालित करता है।
  5. इस्पात मंत्रालय के अधीन महारत्न सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई ‘स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड’ (SAIL) ने MyGov के सहयोग से ‘सेल-e-BRATION: स्टील-टू-सोल’ शीर्षक से एक राष्ट्रव्यापी रचनात्मक प्रतियोगिता का शुभारंभ किया है। यह प्रतियोगिता देशवासियों को रील, सिनेमाई कहानियों और संवादात्मक डिजिटल विज्ञापनों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर देती है।
  6. 39वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय चमड़ा मेले का शुभारंभ चेन्नई में हुआ है। तीन दिवसीय इस मेले में चमड़े के उत्पादों के साथ-साथ मशीनरी और उपकरणों को प्रदर्शित किया जा रहा है। मेले में विनिर्माण डिजाइन और डेटा विश्लेषण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एप्लीकेशन, नवीनतम सॉफ्टवेयर और डिजिटल उद्यमों जैसी अत्याधुनिक तकनीकों को भी प्रस्तुत किया जाएगा। इस मेले में 362 भारतीय कंपनियां और 66 विदेशी प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। भाग लेने वाले देशों में जर्मनी, इटली, ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, चीन, इथियोपिया, यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड और सऊदी अरब शामिल हैं।
  7. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति भूषण आर. गवई ने नवी मुंबई के तलोजा में भारत के पहले ‘भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आम्बेडकर एडवोकेट ट्रेनिंग एंड रिसर्च सेंटर’ (BBATRC) का उद्घाटन किया। इस केंद्र की स्थापना महाराष्ट्र और गोवा बार काउंसिल द्वारा की गई है।
  8. श्री राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष श्री नृपेंद्र मिश्रा ने औपचारिक रूप से जानकारी दी कि मंदिर से संबंधित समस्त निर्माण कार्य 30 अप्रैल तक पूर्ण कर लिए जाएंगे।
  9. भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने भारत के आर्थिक परिवर्तन को गति देने और उभरते क्षेत्रों को विशेष वित्तीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से एक समर्पित उत्कृष्टता केंद्र ‘चक्र’ की शुरुआत की है। यह केंद्र आधुनिक तकनीक और स्थिरता पर आधारित उद्योगों के लिए वित्तपोषण से जुड़ी जानकारी और सहायता प्रदान करेगा।
  10. संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने महाराष्ट्र के नासिक जिले के त्र्यंबकेश्वर में प्रशासनिक भवन और दर्शन कतार मंडप का उद्घाटन किया। यह निर्माण निवृत्तिनाथ महाराज आश्रम में पर्यटन मंत्रालय की प्रसाद योजना के अंतर्गत किया गया है।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 2 फरवरी 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. सात साल के टूटे संबंधों के बाद अमेरिकी चार्ज डी’अफेयर्स लौरा डोगू वेनेजुएला के काराकास में अमेरिकी राजनयिक मिशन को फिर से खोलने के लिए पहुंच गई हैं। यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के आदेश पर हुई सैन्य कार्रवाई के एक महीने बाद उठाया गया, जिसके तहत वेनेजुएला के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाया गया था।
  2. भारत ने चक्रवात दितवाह से हुई तबाही के बाद संपर्क व्यवस्था बहाल करने के उद्देश्य से श्रीलंका को 10 बेली ब्रिज की खेप भेजी है। यह आपूर्ति सागर बंधु अभियान के अंतर्गत भारत द्वारा घोषित 45 करोड़ अमेरिकी डॉलर के विशेष आर्थिक पैकेज का हिस्सा है।
  3. पाकिस्तान ने अमृतसर स्थित अटारी-वाघा संयुक्त चेक पोस्ट के माध्यम से सात भारतीय नागरिकों को स्वदेश भेज दिया है। पाकिस्तानी रेंजर्स ने इन नागरिकों को सीमा सुरक्षा बल (BSF) को सौंप दिया।
  4. कोलंबो के गंगारामया मंदिर में 1 फरवरी को 48वां वार्षिक नवम पेराहेरा का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस पारंपरिक उत्सव को 1979 से प्रत्येक वर्ष मनाया जाता रहा है। नवम पेराहेरा नवम पोया के दिन होता है और यह अरहत सारिपुत्त और अरहत मोग्गलाना को भगवान बुद्ध के मुख्य शिष्यों के रूप में नियुक्त करने का प्रतीक है।
  5. बाल्टिक देश लातविया में इस सप्ताह तापमान शून्य से 32 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी यूरोप के इस देश में यह पिछले 12 वर्षों में सबसे भीषण सर्दी रही है।
  6. अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने चेतावनी दी है कि कमजोर बैंकों को बिना पर्याप्त सुधारों के असुरक्षित नकदी सहायता देना वित्तीय स्थिरता को कमजोर कर सकता है।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 2 फरवरी 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. भारत की युवा शटलर देविका सिहाग ने थाईलैंड मास्टर्स महिला एकल का खिताब जीत लिया। उन्हें यह खिताब 2,50,000 डॉलर की इनामी राशि के साथ मिला। फाइनल में मलेशिया की गोह जिन वेई बीच में मैच से हट गईं, जिससे देविका ने अपना पहला BWF सुपर 300 खिताब जीता।
  2. एलिना रायबाकिना ने ऑस्ट्रेलियन ओपन महिला सिंगल्स का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने आर्यना सबालेंका को हराया और अपना पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीता।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. यूनियन बजट 2026 पेश कर दिया गया है। इसमें शिक्षा सेक्टर के लिए कुल 1,39,289.48 करोड़ रुपये रखे गए हैं। इसमें स्कूल एजुकेशन को 83,562.26 करोड़ और उच्च शिक्षा के लिए 55,727.22 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। पिछले साल यह बजट 1,28,650 करोड़ रुपये था।
  2. राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति (NESTS) ने EMRS टीचिंग और नॉन-टीचिंग भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। प्रत्येक श्रेणी के अनुसार कटऑफ अंक निर्धारित किए गए हैं। केवल वही उम्मीदवार, जिन्होंने टियर 1 परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, टियर 2 के लिए पात्र माने जाएंगे।
  3. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए यूनियन बजट 2026 में शिक्षा क्षेत्र के विकास के लिए विविध योजनाओं की घोषणा की गई है। इसमें रिसर्च गतिविधियों को प्रोत्साहित करना, छात्राओं के लिए हॉस्टल का निर्माण, तीन नए अखिल भारतीय संस्थानों की स्थापना और प्रत्येक राज्य में पांच नए विश्वविद्यालयों की स्थापना हेतु वित्तीय सहायता प्रदान करने की पहल शामिल है।
  4. हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने SSC भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर आवेदन तिथियों की घोषणा कर दी है। DSP, SDM और अन्य अधिकारी पदों के लिए अभ्यर्थी 6 फरवरी से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
  5. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) UGC NET 2026 का रिज्लट 4 फरवरी को घोषित करेगी। इससे पहले NTA ने फाइनल आंसर की जारी कर दी है। यह परीक्षा 31 दिसंबर से 7 जनवरी तक आयोजित की गई थी।
  6. अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में अब विभिन्न कोर्सेज में एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। इच्छुक छात्र तय समय सीमा के अंदर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आशा है कि आपको 2 फरवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*