स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 2 अप्रैल, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 2 अप्रैल 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 2 अप्रैल की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- विश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस हर वर्ष 2 अप्रैल को मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य ऑटिज्म से प्रभावित लोगों की मदद करना और उन्हें समाज में समान अधिकार दिलाना है।
- भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, विदर्भ, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और देश के पूर्वी हिस्से में 2 अप्रैल तक अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
- लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने सेना के उप प्रमुख का पदभार ग्रहण किया है। वे पुणे स्थित खड़कवासला राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के पूर्व छात्र हैं। दिसंबर 1986 में उन्हें बख्तरबंद कोर में कमीशन प्राप्त हुआ था।
- कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DOPT), क्षमता निर्माण आयोग तथा कर्मयोगी भारत 2 अप्रैल से नई दिल्ली में साधना सप्ताह आयोजित करेंगे।
- लद्दाख पर्यटन विभाग ने बहुप्रतीक्षित खुबानी उत्सव 2026 की घोषणा की है। यह उत्सव 8 अप्रैल से 16 अप्रैल, 2026 तक लेह, कारगिल और आसपास के गांवों में आयोजित किया जाएगा।
- 1992 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के वरिष्ठ अधिकारी चंचल कुमार ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव के रूप में कार्यभार संभाला है। वे इससे पहले पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने वरिष्ठ IAS अधिकारी संजय जाजू का स्थान लिया है।
- पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण तेल विपणन कंपनियों ने बड़े शहरों में व्यावसायिक LPG सिलेंडर की कीमत 195 रुपये 50 पैसे बढ़ा दी है। सिलेंडर की संशोधित कीमत 1 अप्रैल से लागू हो गई है।
- जनगणना-2027 का पहला चरण 1 अप्रैल से शुरू हो गया है। यह प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण और आवास गणना तथा दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना होगी। इसके लिए 1 मार्च, 2027 को संदर्भ तिथि निर्धारित की गई है। इस बार जनगणना डिजिटल तरीके से होगी और लोग खुद भी अपनी जानकारी भर सकेंगे। यह सुविधा 15 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगी, जबकि घरों की गिनती 16 अप्रैल से 15 मई तक चलेगी।
- संसद ने विमानन ईंधन (ATF) पर 50 रुपये प्रति लीटर का अतिरिक्त कर लगाने का फैसला किया है। यह निर्णय वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि और विमानन क्षेत्र में परिचालन लागत में इजाफे के कारण लिया गया है।
- भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए 6 अप्रैल से जम्मू तवी और छपरा के बीच एक विशेष ट्रेन चलाएगा। इससे बिहार, उत्तर प्रदेश और पंजाब जाने वाले लोगों को सीधी यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन रास्ते में कई बड़े स्टेशनों पर रुकेगी और इसमें AC, स्लीपर और जनरल डिब्बे होंगे।
- केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान भारतीय करदाताओं के साथ रिकॉर्ड 219 अग्रिम मूल्य निर्धारण समझौतों (APA) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह इस कार्यक्रम की शुरुआत के बाद से किसी एक वर्ष में सबसे अधिक संख्या है।
- देश भर में प्राकृतिक गैस (PNG) के विस्तार में तेजी बनाए रखने के लिए सरकार ने राष्ट्रीय पीएनजी अभियान के दूसरे चरण को 30 जून, 2026 तक बढ़ा दिया है।
- आंध्र प्रदेश सरकार ने हथकरघा एवं विद्युत संचालित करघों के बुनकरों के लिए निःशुल्क विद्युत योजना की घोषणा की है। यह योजना 1 अप्रैल से प्रभावी हो गई है। इसके अंतर्गत पात्र हथकरघा बुनकरों को प्रति माह 200 यूनिट और विद्युत संचालित करघे संचालकों को 500 यूनिट तक विद्युत निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 2 अप्रैल 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- श्रीलंका में सबसे ज्यादा भारतीय पर्यटक जाते हैं। इसे बढ़ाने के लिए एक नई वीजा योजना शुरू की गई है, जिसमें भारतीयों को पहले की तरह मुफ्त वीजा मिलेगा। इसके अलावा, श्रीलंका छह महीने का विशेष कार्यक्रम शुरू करेगा, जिसके अंतर्गत भारत, चीन, रूस, ब्रिटेन, अमेरिका, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया सहित 39 देशों के पासपोर्ट धारकों को मुफ्त पर्यटक वीजा प्रदान किया जाएगा।
- संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) की एक रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण क्षेत्रीय अर्थव्यवस्थाओं के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में 3.7 से 6 प्रतिशत तक की गिरावट आ सकती है।
- कंबोडिया में सांसदों ने एक नया कानून पास किया है। इस कानून के तहत ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वालों को आजीवन जेल की सजा दी जाएगी।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डाक द्वारा मतदान को प्रतिबंधित करने के उद्देश्य से एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किया है।
- भारतीय मूल की कनाडाई-अमरीकी लेखिका और अनुवादक पद्मा विश्वनाथन को इंटरनेशनल बुकर पुरस्कार 2026 के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। उन्हें ब्राज़ील की लेखिका एना पाउला माया के उपन्यास ‘ऑन अर्थ ऐज़ इट इज़ बिनीथ’ के अंग्रेज़ी अनुवाद के लिए यह स्थान मिला है।
- यमन के ईरान समर्थित हौसी विद्रोहियों ने इज़राइल पर तीसरे मिसाइल हमले की ज़िम्मेदारी ली है।
- अमेरिकी श्रम विभाग ने पेंशन योजनाओं के लिए नए नियम प्रस्तावित किए हैं। इन नियमों से कर्मचारियों को टैक्स में फायदा मिलेगा और वे अपने वेतन का एक हिस्सा बचाकर निवेश कर सकेंगे। इसमें क्रिप्टोकरेंसी जैसे नए निवेश विकल्प भी शामिल किए जा सकते हैं।
- नेपाल में जेन-जी विरोध प्रदर्शन में जान गंवाने वालों के परिजनों को सरकारी संस्थानों द्वारा रोजगार के अवसर प्रदान किए गए हैं।
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 2 अप्रैल 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का छठा मुकाबला 2 अप्रैल को कोलकाता नाईट राइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
- 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब-जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 रांची में शुरू हो गई है। यह प्रतियोगिता 12 अप्रैल, 2026 तक चलेगी।
- भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने भारतीय टीम की नई सीरीज का शेड्यूल जारी कर दिया है। भारत जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे पर जाएगा, जहां तीन टी20 मैच खेले जाएंगे। पहला मैच 23 जुलाई, दूसरा 25 जुलाई और तीसरा 26 जुलाई को होगा। यह विश्व कप जीतने के बाद टीम की पहली सीरीज होगी।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- केंद्रीय विद्यालय में बाल बाटिका और कक्षा 1 में एडमिशन के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 2 अप्रैल है। इच्छुक माता-पिता KVS की वेबसाइट kvsangathan.nic.in पर जाकर मुफ्त में फॉर्म भर सकते हैं।
- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) 2 अप्रैल से 8 अप्रैल तक JEE Mains 2026 परीक्षा आयोजित करेगी। NTA ने 2 से 4 अप्रैल के सत्र 2 के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। इस अवधि में परीक्षा देने वाले उम्मीदवार एनटीए या JEE Main की ऑफिशियल वेबसाइट jeemain.nta.nic.in से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। ध्यान दें कि बिना एडमिट कार्ड के किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
- केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (CCRAS) ने ग्रुप-A, B और C परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। आप CCRAS की ऑफिशियल वेबसाइट ccras.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
- संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) जल्द ही NDA/NA-I 2026 परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी करने वाला है। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। यह परीक्षा 12 अप्रैल, 2026 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। इस भर्ती परीक्षा के माध्यम से कुल 394 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
- जामिया मिल्लिया इस्लामिया में फ्री UPSC कोचिंग (हॉस्टल सहित) के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 अप्रैल से शुरू हो गए हैं। पात्र अभ्यर्थी 26 मई तक फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन केवल admission.jmi.ac.in वेबसाइट पर ऑनलाइन ही किया जा सकता है। आवेदन के साथ अभ्यर्थियों को 1325 रुपये फीस भी जमा करनी होगी।
- दिल्ली के सरकारी स्कूलों में छठी से नौवीं कक्षा के लिए ‘नॉन-प्लान’ दाखिले शुरू हो गए हैं। यह प्रवेश केवल उन छात्रों के लिए है जो दिल्ली में निवास करते हैं और जिनकी पढ़ाई कुछ विशेष परिस्थितियों के कारण प्रभावित हुई है। शिक्षा निदेशालय, दिल्ली के अनुसार, पिछली कक्षा पास करने वाले छात्रों का पंजीकरण ऑनलाइन किया जाएगा। वहीं 10 से 14 साल के बच्चे जो स्कूल नहीं जाते, वे अपने नजदीकी स्कूल में जाकर सीधे रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। दाखिला प्रक्रिया तीन चरणों में आयोजित की जाएगी: पहला चरण 1 से 7 अप्रैल, दूसरा चरण 30 अप्रैल से 25 मई और तीसरा चरण 1 से 25 जुलाई तक।
आशा है कि आपको 2 अप्रैल की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!