स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 16 मार्च, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 16 मार्च 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 16 मार्च की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- भारत में प्रतिवर्ष 16 मार्च को ‘राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस’ (National Vaccination Day 2026) मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1995 में शुरू हुए पल्स पोलियो प्रतिरक्षण कार्यक्रम की स्मृति में मनाया जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने वर्ष 2014 में भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया था।
- भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने असम, केरल, पुद्दुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। ECI के अनुसार असम, केरल और पुद्दुचेरी में 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान कराया जाएगा, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में होंगे- पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा। पहले चरण में 152 और दूसरे चरण में 142 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान कराया जाएगा। वहीं सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में मतगणना 4 मई को की जाएगी।
- राजधानी दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में ‘हैबिटेट अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026’ का शुभारंभ हो गया है। यह महोत्सव 22 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष महोत्सव में 18 देशों की 67 फिल्में लगभग 20 भाषाओं में प्रदर्शित की जाएंगी। इस बार महोत्सव में हंगरी को विशेष फोकस देश के रूप में रखा गया है।
- इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है। इस बीच 16 मार्च को Air India और Air India Express खाड़ी देशों के लिए और वहां से कुल 48 उड़ानों का संचालन करेंगे। इनमें 10 उड़ानें भारत के विभिन्न शहरों और जेद्दाह के बीच तथा 12 उड़ानें भारत और मस्कट के बीच संचालित की जाएंगी।
- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू 16 मार्च को अमरावती के शखामुरु पार्क में ‘पोट्टि श्रीरामुलु’ की 58 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
- भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने फास्टैग वार्षिक पास की फीस बढ़ा दी है। पहले इसकी फीस 3000 रुपये थी, जिसे अब बढ़ाकर 3075 रुपये कर दिया गया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार नई बढ़ी हुई फीस 1 अप्रैल से लागू होगी।
- पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoPNG) ने पाइप वाली प्राकृतिक गैस (PNG) और द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) दोनों के कनेक्शन वाले परिवारों को तत्काल प्रभाव से अपना LPG कनेक्शन सरेंडर करने का निर्देश दिया है।
- पद्म पुरस्कार 2027 के लिए रजिस्ट्रेशन 15 मार्च 2026 से शुरू हो गए हैं। इन पुरस्कारों की घोषणा गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर की जाएगी। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है। सभी रजिस्ट्रेशन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in पर ऑनलाइन किए जा सकते हैं।
- सिक्किम की फिल्म ‘The Shape of Momo’ को ग्लासगो फिल्म फेस्टिवल में दिखाया गया था। इसके बाद अब इस फिल्म का चयन यूरोप के कई अन्य फिल्म महोत्सवों में भी हो गया है।
- गुजरात ने धोलेरा से अपना पहला साउंडिंग रॉकेट सफलतापूर्वक लॉन्च किया है। यह राज्य के लिए अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। इस प्रक्षेपण का संचालन ‘भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन एवं प्राधिकरण केंद्र’ (IN-SPACe) के प्राधिकरण के तहत और गुजरात अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी नीति 2025-2030 के समर्थन से किया गया है।
- जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर के उद्यानों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्रणाली का शुभारंभ किया है। इस प्रणाली के अंतर्गत आगंतुक पुष्पकृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे।
- गुजरात सरकार ने 500 गांवों को ‘प्राकृतिक कृषि गांव’ के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। इस योजना के तहत इन गांवों में धीरे-धीरे रासायनिक खाद और कीटनाशकों के बिना प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।
- उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष अभियान के अंतर्गत तीन महीनों में लगभग 18 लाख नए आयुष्मान कार्ड जारी किए हैं।
- श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने गुजरात के जूनागढ़ जिले के बंटवा में नवनिर्मित नगर निगम भवन, उद्यान और एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया है।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 16 मार्च 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- कतर एयरवेज अगले दो दिनों में भारत के लिए तीन और उड़ानें संचालित करेगा। ये उड़ानें कतर से नई दिल्ली, मुंबई और कोच्चि के लिए संचालित होंगी।
- स्विट्जरलैंड ने पश्चिम एशिया में सैन्य कार्रवाई के तहत अपनी सीमा के ऊपर से उड़ान भरने के अमरीका के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया है।
- पाकिस्तान ने वैश्विक तेल कीमतों में वृद्धि के कारण सरकारी कर्मचारियों के वेतन में 5 से 30 प्रतिशत की कटौती की घोषणा की है।
- ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बानीज़ ने उत्तरी क्षेत्र में कई दिनों से जारी भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए सेना की तैनाती की घोषणा की है।
- फॉर्मूला वन द्वारा यह घोषणा की गई है कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण अप्रैल में बहरीन और सऊदी अरब ग्रांप्री आयोजित नहीं की जाएंगी। फॉर्मूला वन दुनिया की सबसे प्रसिद्ध मोटर रेसिंग प्रतियोगिता है।
- स्वीडन की एक अदालत ने टैंकर Sea Owl One के रूसी कप्तान को हिरासत में लेने का आदेश दिया है। उस पर बाल्टिक सागर में फर्जी झंडा लगाकर जहाज चलाने का आरोप है।
- श्रीलंका के ऊर्जा मंत्रालय ने घोषणा की है कि सुबह 6 बजे से ईंधन भरवाने के लिए सभी वाहनों का QR कोड रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया गया है। मंत्रालय के अनुसार, जिन वाहनों के पास वैध क्यूआर कोड नहीं होगा, उन्हें पेट्रोल पंप पर ईंधन नहीं मिलेगा। यह कदम पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव के कारण वैश्विक ईंधन आपूर्ति मार्गों में आई बाधाओं के मद्देनजर उठाया गया है।
- 98वें अकादमी पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार लियोनार्डो डिकैप्रियो की फिल्म ‘One Battle After Another’ को मिला है।
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 16 मार्च 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान किया है। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था।
- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने नई दिल्ली में आयोजित BCCI नमन अवॉर्ड्स 2026 में क्रिकेट के दिग्गज रोजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को ‘कर्नल सी. के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया। यह भारतीय क्रिकेट में असाधारण सेवा के लिए दिया जाने वाला BCCI का सर्वोच्च सम्मान है। वहीं, भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज को महिला क्रिकेट में उनके योगदान के लिए ‘BCCI लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ प्रदान किया गया।
- महिला हॉकी विश्व कप 2026 का आयोजन 14 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड्स और बेल्जियम में पुरुष टूर्नामेंट के साथ संयुक्त रूप से किया जाएगा।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने पश्चिम एशियाई क्षेत्र में 16 मार्च से 10 अप्रैल तक होने वाली कक्षा 12 की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। CBSE ने बताया है कि पहले स्थगित की गई परीक्षाएं भी रद्द रहेंगी।
- नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने NEET MDS 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आप आधिकारिक वेबसाइट nbe.edu.in पर जाकर 30 मार्च 2026 रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा 2 मई को कंप्यूटर बेस्ड मोड में होगी। एडमिट कार्ड 29 अप्रैल को और रिजल्ट 2 जून को जारी किया जाएगा।
- राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने असिस्टेंट इंजीनियर संयुक्त प्रतियोगी (मुख्य) परीक्षा 2024 के लिए सिटी स्लिप ऑनलाइन जारी कर दी है। इसे आप SSO पोर्टल sso.rajasthan.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा 22 एवं 23 मार्च 2026 को दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक होगी।
- सेंटर फॉर नमो स्टडीज द्वारा 26 मार्च को इंडियन स्कूल्स कन्वेंशन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में होगा। यह सम्मेलन प्रसिद्ध उद्योगपति और परोपकारी व्यक्तित्व रतन टाटा को समर्पित है, ताकि उनके राष्ट्र निर्माण और सामाजिक विकास में योगदान को सम्मान दिया जा सके।
आशा है कि आपको 16 मार्च की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!