स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 12 फरवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 12 फरवरी 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 12 फरवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- डार्विन दिवस हर वर्ष 12 फरवरी को मनाया जाता है। यह दिन प्रसिद्ध वैज्ञानिक चार्ल्स डार्विन के जन्मदिवस (12 फ़रवरी 1809) के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। डार्विन ने विकासवाद का सिद्धांत दिया था।
- विशाखापत्तनम में 15 से 25 फरवरी तक वॉरशिप मेला लगेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का प्रेसिडेंशियल यॉट जब फ्लीट रिव्यू के लिए निकलेगा, तो दुनिया भर के युद्धपोत और नौसैनिक अधिकारी उन्हें सलामी देंगे। रूस और अमेरिका भी अपने युद्धपोत लेकर इस इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू में हिस्सा लेंगे।
- मुंबई में 17 से 19 फरवरी के बीच पहले ‘मुंबई जलवायु सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बिल गेट्स, हिलेरी क्लिंटन और सचिन तेंदुलकर सहित कई वैश्विक हस्तियों की भागीदारी की संभावना है। यह मंच ग्लोबल साउथ के जलवायु नेतृत्व को सशक्त बनाने और जलवायु संवाद को ठोस कार्रवाई में बदलने पर केंद्रित रहेगा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 फरवरी, शनिवार को असम का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और गुवाहाटी और उत्तरी गुवाहाटी को जोड़ने वाले ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्करवर्मन सेतु का भी उद्घाटन करेंगे।
- मेघालय के उमरोई सैन्य स्टेशन में आयोजित पूर्वी कमान के अलंकरण समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल राम चंद्र तिवारी ने वीरता और विशिष्ट सेवा पुरस्कारों से 38 उत्कृष्ट कर्मियों और इकाइयों को सम्मानित किया। पुरस्कारों में 19 वीरता सेना पदक, 8 विशिष्ट सेवा सेना पदक, 2 युद्ध सेवा पदक, 1 बार विशिष्ट सेवा पदक, 7 विशिष्ट सेवा पदक और 1 उत्तम जीवन रक्षा पदक शामिल थे।
- मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी भारत में अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
- केंद्र सरकार ने वंदे मातरम के गायन के लिए नए आधिकारिक दिशानिर्देश जारी किए हैं। इन दिशानिर्देशों में बताया गया है कि सरकारी समारोहों में इसे कैसे और कब प्रस्तुत किया जाए और दर्शकों से क्या अपेक्षित है। वंदे मातरम का संपूर्ण संस्करण, जिसमें छह श्लोक हैं और जिसकी अवधि लगभग 3 मिनट 10 सेकंड है, प्रमुख राजकीय कार्यक्रमों जैसे राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रपति व राज्यपाल के औपचारिक समारोहों में प्रस्तुत किया जाएगा।
- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष द्वारा उनके खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर निर्णय होने तक सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया है।
- रक्षा मंत्रालय ने रक्षा अधिग्रहण प्रक्रिया (DAP)-2026 के मसौदे को प्रस्तुत किया है, जिसका उद्देश्य देश में रक्षा उत्पादन को बढ़ाना और अधिग्रहण की गति में तेजी लाना है।
- केंद्र सरकार ने सूचना प्रौद्योगिकी-मध्यस्थ दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता, 2021 में संशोधन अधिसूचित किए हैं। इन नए नियमों के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों को एआई द्वारा निर्मित या डीप फेक सामग्री को सरकार द्वारा चिह्नित किए जाने के तीन घंटे के भीतर हटाना होगा। इसके साथ ही, आधिकारिक अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्मों को एआई लेबल या मेटाडेटा लागू करने के बाद सामग्री को हटाने या दबाने की अनुमति नहीं होगी। ये नियम 20 फरवरी, 2026 से लागू होंगे।
- उत्तर प्रदेश ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘समृद्धि योजना’ में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा संचालित इस योजना के तहत राज्य के 10 में से 4 एक्सेलेरेटर को चुना गया। इन एक्सेलेरेटर के माध्यम से 35 स्टार्टअप्स को त्वरित सहायता मिली और 27 स्टार्टअप्स को वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इस योजना में कुल 9 करोड़ 91 लाख रुपये वितरित किए गए हैं। प्रत्येक स्टार्टअप को 40 लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने नई दिल्ली में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए देशभर में औषधि वितरण अभियान शुरू किया। इसका मकसद 12 राज्यों में लिम्फैटिक फाइलेरियासिस को खत्म करना है।
- नई दिल्ली में डाक विभाग ने ‘भारतीय राष्ट्रीय स्टॉक एक्सचेंज’ (NSE) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत, डाक विभाग के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से म्यूचुअल फंड उत्पादों का वितरण संभव होगा। इसके अलावा चयनित डाक कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर प्रमाणित म्यूचुअल फंड वितरक के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
- उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने विधानसभा में अपने दूसरे कार्यकाल का अंतिम पूर्ण बजट पेश किया। 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपये का यह बजट राज्य का अब तक का सबसे बड़ा बजट है और यह पिछले वर्ष के बजट से 12.9 प्रतिशत अधिक है।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 12 फरवरी 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- बांग्लादेश में 13वीं जातीय संसद के चुनाव के लिए 12 फरवरी को मतदान होगा।
- फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 17 फरवरी से भारत के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर आएंगे। वे 19 फरवरी को नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा के दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होराइजन-2047 रोडमैप के तहत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को सुदृढ़ करने पर चर्चा करेंगे।
- भारत ने ब्रिटेन और उत्तरी आयरलैंड के साथ सामाजिक सुरक्षा अंशदान से संबंधित एक सामाजिक सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
- ‘रोड टू एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ दुबई के नॉलेज पार्क में सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में शुरू हुआ। यह दो दिवसीय कार्यक्रम नई दिल्ली में होने वाले मुख्य एआई इम्पैक्ट समिट का पूर्वाभ्यास है। इसमें नीति निर्माता, शिक्षक और उद्योग जगत के लोग शामिल हुए।
- सोमालिया की राजधानी मोगादिशु के हवाई अड्डे पर एक यात्री विमान तकनीकी खराबी के कारण आपात लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर समुद्र तट पर गिर गया। इस हादसे में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 12 फरवरी 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- ICC T20 विश्व कप के ग्रुप B का 16वां मैच श्रीलंका और ओमान के बीच पल्लेकेले के पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारत में सुबह 11 बजे शुरू होगा।
- ICC T20 विश्व कप के ग्रुप C का 17वां मैच नेपाल और इटली के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच दोपहर 3 बजे शुरू होगा।
- ICC T20 विश्व कप के ग्रुप A का 18वां मैच भारत और नामीबिया के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारत में दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा।
- FIH प्रो लीग पुरुष हॉकी में बेल्जियम ने राउरकेला के बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में अर्जेंटीना को 5-3 से हराया।
- IPL की दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी ने टी20 विश्व कप 2026 के मद्देनजर अपनी कोचिंग टीम में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। इस निर्णय के तहत इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज इयान बेल को सहायक कोच के रूप में नियुक्त किया गया है।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- JEE Mains 2026 सेशन 1 का रिजल्ट 12 फरवरी को आएगा। रिजल्ट में टॉपर्स लिस्ट, पर्सेंटाइल और फाइनल आंसर भी दी जाएगी। रिजल्ट आने के बाद आप स्कोरकार्ड दिए गए लिंक से डाउनलोड कर सकते हैं।
- ICMAI CMA दिसंबर 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। नतीजों के साथ टॉपर्स लिस्ट भी जारी की गई है। छात्र स्कोरकार्ड और टॉपर्स लिस्ट इस पेज से डाउनलोड कर सकते हैं।
- UP BEd एंट्रेस एग्जाम 2026 के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। छात्र 5 मार्च तक फॉर्म भर सकते हैं।
- छात्रों को सूचित किया जाता है कि बोर्ड ने 12वीं, 11वीं, 9वीं और 8वीं कक्षा की परीक्षाओं की तारीखों में संशोधन किया है, जिसके अनुसार 12वीं हिंदी बी पेपर अब 24 फरवरी, 8वीं 2 मार्च, 11वीं 25, 26 और 28 फरवरी, तथा 9वीं 6 और 7 मार्च 2026 को आयोजित होंगी।
- इस साल से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) 12वीं क्लास की 1 करोड़ से ज्यादा कॉपियों की ऑनस्क्रीन जांच करेगा। इससे रिजल्ट जल्दी और बिना गड़बड़ी के आएंगे। 10वीं की कॉपियों की जांच पहले की तरह ही होगी।
- बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने AIBE 21 परीक्षा के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 30 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
- रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी कर दी है। एडमिट कार्ड परीक्षा से 4 दिन पहले मिलेंगे। परीक्षा 19, 20 फरवरी और 3 मार्च 2026 को होगी।
- रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने CBT-2 में पास हुए उम्मीदवारों के लिए टाइपिंग स्किल टेस्ट आयोजित किया है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
आशा है कि आपको 12 फरवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!