स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 11 फरवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 11 फरवरी 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 11 फरवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- जर्मनी के नूरेमबर्ग में हो रहे बायोफैच 2026 मेले में भारत को ‘वर्ष का सर्वश्रेष्ठ देश’ का सम्मान मिला है। यह सम्मान जैविक खेती के क्षेत्र में 14 साल बाद भारत की मजबूत वापसी को दिखाता है। यह मेला 13 फरवरी तक चलेगा और भारत पवेलियन में 67 संस्थाएँ भाग ले रही हैं।
- नई दिल्ली स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (AIIMS) को दुनिया के सबसे मजबूत हॉस्पिटल ब्रांड्स में छठा स्थान मिला है। यह उपलब्धि ब्रांड फाइनेंस की ‘2026 ग्लोबल टॉप 250 हॉस्पिटल्स’ रिपोर्ट में दर्ज की गई है। एम्स ने ब्रांड स्ट्रेंथ इंडेक्स (BSI) में 79.9 का स्कोर प्राप्त कर विश्व स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
- गुजरात सरकार ने एलन मस्क की स्पेसएक्स की सब्सिडियरी कंपनी स्टारलिंक सैटेलाइट कम्युनिकेशन्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ आपसी सहयोग के आशय पत्र (LOI) का विनिमय किया। इस एलओआई के तहत डिजिटल कनेक्टिविटी मिशन और अन्य रणनीतिक पहलों के माध्यम से राज्य के दूरदराज और कम टेलीकॉम सुविधाओं वाले क्षेत्रों में हाईस्पीड सैटेलाइट आधारित इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी।
- भारत ने ‘नेटवर्क रेडीनेस इंडेक्स 2025’ में अपनी स्थिति में सुधार करते हुए चार पायदान की उन्नति के साथ 45वें स्थान पर प्रवेश किया है। इस रिपोर्ट को पोर्टुलंस इंस्टीट्यूट, वॉशिंगटन डीसी स्थित एक स्वतंत्र और गैर-लाभकारी शोध एवं शैक्षणिक संस्थान ने प्रकाशित किया है। इसमें विश्व के 127 देशों की डिजिटल एवं नेटवर्क संबंधित तैयारियों का व्यापक मूल्यांकन किया गया है।
- भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी एक सर्कुलर के अनुसार, देश में अब सूक्ष्म और लघु उद्यम (MSE) को 20 लाख रुपए तक का कोलैटरल फ्री लोन (बिना कुछ गिरवी रखकर लोन) मिलेगा।
- नई दिल्ली में दूरसंचार विभाग के प्रधान संचार लेखा नियंत्रक द्वारा दूरसंचार पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। संचार मंत्रालय के अनुसार ये शिविर 10 से 19 फरवरी तक दिल्ली संचार लेखा भवन, ईस्टर्न कोर्ट, जनपथ सहित MTNL और BSNL परिसरों में आयोजित होंगे।
- नीति आयोग ने नई दिल्ली में विकसित भारत और नेट ज़ीरो लक्ष्य की दिशा में चार अध्ययन रिपोर्ट जारी की हैं। इन रिपोर्टों में बिजली, परिवहन, उद्योग तथा महत्वपूर्ण खनिजों की मांग और आपूर्ति से संबंधित क्षेत्रीय अंतर्दृष्टियों का विस्तृत आकलन प्रस्तुत किया गया है।
- केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गुवाहाटी रेलवे स्टेशन में ब्लेंडेड हॉस्पिटैलिटी सेवाओं का उद्घाटन किया। यह कदम रेल संपर्क को मजबूत करने और पूर्वोत्तर के विकास को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है।
- झारखंड सरकार ने झारखंड उच्च न्यायालय को आश्वस्त किया है कि राज्य में लंबे समय से रिक्त लोकायुक्त पद की नियुक्ति प्रक्रिया आगामी छह सप्ताह के भीतर पूरी कर ली जाएगी। इस आश्वासन के तहत राज्य सरकार ने अदालत के समक्ष लिखित अंडरटेकिंग भी प्रस्तुत की है।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 11 फरवरी 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- रूस ने यूक्रेन में ब्रिटेन की संभावित सैन्य तैनाती को लेकर चेतावनी जारी की है।
- हिंदू और अन्य धार्मिक समुदायों के एक वैश्विक गठबंधन ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु तत्काल अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की मांग की है। हिंदूज एडवांसिंग ह्यूमन राइट्स इनिशिएटिव (HAHRI), जो हिंदूपैक्ट की पहल है, ने कहा कि हिंसा, धमकी और जबरदस्ती हटाने की घटनाओं का निरंतर पैटर्न देखा जा रहा है। इस अपील से संबंधित पत्र पर 15 देशों के 125 से अधिक संगठनों एवं व्यक्तियों ने हस्ताक्षर किए हैं और सरकारों तथा अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से सक्रिय दखल देने की मांग की है।
- रूस ने ब्रिक्स में भारत की अध्यक्षता का सक्रिय समर्थन करने की घोषणा की है। साथ ही उसने नई दिल्ली द्वारा प्रस्तुत एजेंडे को आधुनिक और अत्यंत प्रासंगिक बताया है।
- भारत और सेशेल्स ने स्वास्थ्य, मौसम विज्ञान, IT और सुशासन सहित सात समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं। साथ ही भारत ने सेशेल्स को 10 एम्बुलेंस प्रदान करने की घोषणा की है, जिससे देश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।
- अमेरिका में एक रिपब्लिकन प्रतिनिधि ने ‘एंडिंग एक्सप्लॉइटेटिव इम्पोर्टेड लेबर एग्जेम्प्शंस एक्ट’ (एक्साइल एक्ट) नामक एक प्रस्तावित कानून पेश किया है, जिसका उद्देश्य H-1बी वीजा योजना को समाप्त करना है। इस कानून के माध्यम से इमिग्रेशन और नेशनलिटी एक्ट में संशोधन किया जाएगा, ताकि अमेरिकी कंपनियों को तकनीकी, इंजीनियरिंग, चिकित्सा और वित्त जैसे विशिष्ट क्षेत्रों में विदेशी कर्मचारियों को रोजगार देने की अनुमति पूरी तरह से रोकी जा सके।
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 11 फरवरी 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- ICC T20 विश्व कप के ग्रुप D का 13वां मैच साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारत में शाम 5:30 बजे शुरू होगा।
- ICC T20 विश्व कप के ग्रुप B का 14वां मैच ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड के बीच कोलंबों के आर प्रेमदास स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच श्रीलंका में दोपहर 2:30 बजे शुरू होगा।
- ICC T20 विश्व कप के ग्रुप C का 15वां मैच इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारत में दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा।
- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सीनियर पुरुष और महिला टीमों के खिलाड़ियों के वार्षिक अनुबंधों की घोषणा की है। ये अनुबंध 1 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 तक प्रभावी होंगे। पुरुष टीम में शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा को ग्रेड ए में रखा गया है, जबकि संन्यास ले चुके रोहित शर्मा और विराट कोहली ग्रेड बी में हैं। सीनियर महिला टीम में हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा को ग्रेड ए में शामिल किया गया है।
- नई दिल्ली में एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में मनु भाकर ने रजत पदक अपने नाम किया, जबकि ईशा सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया। स्वर्ण पदक वियतनाम की एनगुयेन थुय ट्रेंग को मिला। टीम स्पर्धा में ईशा, मनु और रिदम ने कुल 1,751 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, वहीं चीनी ताइपे को रजत और वियतनाम को कांस्य पदक प्रदान किया गया।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- CUET UG 2026 परीक्षा के फॉर्म भरने वाले छात्रों के लिए करेक्शन विंडो खुल गई है। जिन छात्रों ने फॉर्म में कोई गलती की है, वे 11 फरवरी तक इसे ऑनलाइन सुधार सकते हैं।
- राजस्थान बोर्ड ने कक्षा 9 और 11 की टाइम टेबल में बदलाव किया है। अब इन परीक्षाओं का आयोजन 7 मार्च से 19 मार्च 2026 तक होगा। रिजल्ट 25 मार्च 2026 को घोषित किया जाएगा।
- ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन 21 (AIBE- XXI) के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) 11 फरवरी से आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगी। आवेदन 30 अप्रैल तक किए जा सकेंगे। योग्य और इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
- उत्तर प्रदेश B.Ed. एंट्रेंस परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और यह 5 मार्च 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक छात्र बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए निर्धारित अंतिम तिथि तक फॉर्म भर सकते हैं।
- JEE Main 2026 का रिजल्ट 12 फरवरी को आएगा। नतीजे के साथ ही फाइनल आंसर की और टॉपर्स लिस्ट भी जारी होगी। रिजल्ट ऑफिशियल वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर ऑनलाइन देखा जा सकता है।
- राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ने राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल कक्षा 6 और 9 प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा परिणाम के साथ ही कटऑफ और सफल छात्रों के लिए इंटरव्यू कॉल लेटर भी जारी किए गए हैं।
- रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) CBT 1 एग्जाम के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। 9970 रिक्त पदों के लिए परीक्षा 13, 16, 17 और 18 फरवरी 2026 को होगी।
- केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) ने मद्य निषेध सिपाही, जेल वार्डर और मोबाइल स्क्वाड कॉन्स्टेबल की भर्ती में पदों की संख्या बढ़ा दी है। पहले 4128 पद थे, अब यह बढ़कर 4236 हो गए हैं। मुख्य बढ़ोतरी मद्य निषेध कॉन्स्टेबल और जेल वार्डर पदों में हुई है। भर्ती लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा के आधार पर होगी। परीक्षा का शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा।
- मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (MPESB) ने ग्रुप-2 एवं सब ग्रुप 3 परीक्षा के लिए प्रोविज़नल आंसर-की जारी कर दी है। उम्मीदवार अब आंसर-की डाउनलोड कर अपने उत्तरों का मूल्यांकन कर सकते हैं। यह परीक्षा 28 जनवरी को आयोजित की गई थी।
आशा है कि आपको 11 फरवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!