स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 10 फरवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 10 फरवरी 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 10 फरवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह 10 फरवरी को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में साइबर धोखाधड़ी और उसके निवारण के विषय पर मुख्य भाषण देंगे। समारोह में वे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की नई साइबर अपराध शाखा एवं भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के राज्य डैशबोर्ड का औपचारिक उद्घाटन भी करेंगे।
- सर्वोच्च न्यायालय ने भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के आदेश के खिलाफ मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक और व्हाट्सएप द्वारा दायर याचिकाओं पर सुनवाई 23 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दी है, जिसमें गोपनीयता नीति के उल्लंघन पर 213.14 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
- भारतीय निर्वाचन आयोग ने अशोक कुमार को दिल्ली का नया मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। वह इस पद पर आर एलिस वाज़ की जगह कार्यभार संभालेंगे।
- भारतीय सेना और IDFC फर्स्ट बैंक ने सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों को विशेष बैंकिंग सेवाएं और उन्नत बीमा लाभ उपलब्ध कराने हेतु एक MoU पर हस्ताक्षर किए हैं, जो फरवरी 2029 तक तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा।
- राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य नमो भारत स्टेशनों के आसपास ऐसे क्षेत्र विकसित करना है जहाँ रहने, काम करने और अन्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हों।
- भारतीय सेना के सिम्युलेटर विकास प्रभाग की मोबाइल प्रशिक्षण टीम ने बाहतू स्थित म्यांमार सेना के सैन्य प्रशिक्षण विद्यालय में 12 लेन वाले पैदल सेना हथियार प्रशिक्षण सिम्युलेटर की स्थापना एवं संचालन किया।
- श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने मां शक्ति की विरासत को दर्शाने वाले अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय, विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों से प्रेरित लाइट एंड साउंड शो और मंदिर पर वृत्तचित्र निर्माण की तीन महत्वपूर्ण पहलों को मंजूरी दी है। बोर्ड ने रिक्त पदों को भरने और युवाओं के लिए NEET कोचिंग सेंटर शुरू करने का भी निर्णय लिया है।
- सर्वोच्च न्यायालय ने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा राज्य सरकार के अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) आयोग को शिमला से धर्मशाला स्थानांतरित करने के निर्णय पर लगाए गए अंतरिम आदेश को रद्द कर दिया है।
- इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने मानकीकरण परीक्षण और गुणवत्ता प्रमाणन लैब ऑटोमेशन पोर्टल ‘सत्या’ का शुभारंभ किया। यह पोर्टल इलेक्ट्रॉनिक और IT उत्पादों की गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करेगा। इसके माध्यम से उद्योग, स्टार्टअप, MSME और सरकारी विभागों को लाभ होगा।
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों के लिए आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया।
- रेल मंत्रालय ने उत्तरी रेलवे कॉरिडोर पर भीड़ को कम करने के लिए राजपुरा बाईपास लाइन के निर्माण के लिए 411 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है। इस परियोजना में न्यू शंभू डेडिकेटेड फ्रेट स्टेशन को कौली स्टेशन से जोड़ने वाली 13 किलोमीटर लंबी बाईपास लाइन का निर्माण शामिल है।
- इस्पात मंत्रालय ने 85 परियोजनाओं के लिए 11,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाले समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं। इस कदम से इस्पात क्षेत्र में निवेश और विकास को बढ़ावा मिलेगा।
- देश की अग्रणी सॉवरेन क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर और प्लेटफॉर्म सेवा प्रदाता योटा डेटा सर्विसेज ने भाषिणी के संपूर्ण सॉवरेन AI क्लाउड रूपांतरण को योटा के गवर्नमेंट कम्युनिटी क्लाउड (GCC) एवं शक्ति क्लाउड पर सफलतापूर्वक लागू किया।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 10 फरवरी 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- दक्षिण कोरिया और अमरीका की वायु सेनाओं ने इस सप्ताह प्योंगटेक स्थित ओसान हवाई अड्डे पर बटालियन-स्तरीय संयुक्त हवाई अभ्यास प्रारंभ किया है, जो शुक्रवार 13 फरवरी तक जारी रहेगा। इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों सहयोगी देशों के बीच अंतर-संचालनीयता एवं एकीकृत सामरिक क्षमताओं को उन्नत करना तथा चौथी और पाँचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों के समेकित प्रशिक्षण के माध्यम से क्षेत्रीय संयुक्त परिचालन तत्परता को सुदृढ़ करना है।
- श्रीलंका के सभी 25 जिलों से चयनित तीन सौ स्कूल विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित महात्मा गांधी छात्रवृत्ति प्रदान की गई। कोलंबो में शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरिनी अमर सूर्या ने इन छात्रवृत्तियों का औपचारिक वितरण किया।
- पड़ोसी देश नेपाल में आगामी 5 मार्च को संसदीय चुनाव आयोजित होने जा रहे हैं। इस दौरान भारत और नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों ने मतदान को सुरक्षित सुनिश्चित करने के लिए सीमा चौकियों को 72 घंटे के लिए बंद करने का निर्णय लिया है।
- मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने कहा कि अमेरिका के प्रतिबंधों के बावजूद उनका देश क्यूबा को मदद देना जारी रखेगा। हाल ही में मेक्सिको ने क्यूबा को 814 टन खाद्य सामग्री वाले दो जहाज भेजे।
- क्यूबा में विमानन ईंधन की कमी के परिणामस्वरूप एयर कनाडा ने अपनी सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।
- भारत ने सेशेल्स को 175 मिलियन डॉलर के विशेष आर्थिक पैकेज की पेशकश की है। यह पैकेज सोशल हाउसिंग, ई-मोबिलिटी, व्यवसायिक प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, रक्षा और मैरीटाइम सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में ठोस परियोजनाओं को समर्थन देगा।
यह भी पढ़ें: स्कूल असेंबली के लिए 11 फरवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 10 फरवरी 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- ICC पुरुष T20 विश्व कप के मैच में 10 फरवरी को अरुण जेटली स्टेडियम में नीदरलैंड्स का सामना नामीबिया से होगा। यह मुकाबला स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे से खेला जाएगा।
- ICC T20 विश्व कप के ग्रुप D का 11वां मैच न्यूजीलैंड और संयुक्त अरब अमीरात के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारत में दोपहर 3 बजे शुरू होगा।
- ICC T20 विश्व कप के ग्रुप A का 12वां मैच पाकिस्तान और अमेरिका के बीच कोलंबों के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। यह मैच श्रीलंका में शाम 7 बजे शुरू होगा।
- अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पुष्टि की है कि पाकिस्तान पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के सभी निर्धारित मैचों में भाग लेगा। इस श्रृंखला में 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाला मैच भी शामिल है।
- कर्नाटक ने MCA क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मुंबई को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने घोषणा की है कि इस बार रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में छात्रों को Aadhaar eKYC और लाइव फोटो अपलोड करनी अनिवार्य होगी। यह कदम परीक्षा की पारदर्शिता बढ़ाने और गड़बड़ी रोकने के लिए उठाया गया है।
- NTA ने NEET UG परीक्षा 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 8 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा का आयोजन 3 मई को किया जाएगा।
- राजस्थान बोर्ड ने 5वीं और 8वीं कक्षा के छात्रों के लिए नया नियम जारी किया है। इसके तहत अब न्यूनतम अंक हासिल न कर पाने वाले छात्र इन कक्षाओं में फेल होंगे। बोर्ड ने ऑटोमेटिक प्रमोशन सिस्टम को समाप्त कर दिया है।
- शिक्षा निदेशालय दिल्ली (DoE) नर्सरी, केजी और कक्षा 1 में एडमिशन के लिए दूसरी मेरिट लिस्ट 9 फरवरी को जारी करेगा। अभिभावक इसे DoE की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित स्कूल में जाकर चेक कर सकते हैं।
- CUET UG परीक्षा के लिए फॉर्म भरने वाले छात्रों के लिए करेक्शन विंडो 9 फरवरी से खुल गई है। जिन छात्रों ने फॉर्म में कोई त्रुटि की है, वे 11 फरवरी तक ऑनलाइन माध्यम से उसे सुधार सकते हैं।
- पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड (PSEB) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। रेगुलर छात्रों को अपने स्कूल से कार्ड मिलेगा, जबकि प्राइवेट छात्र इसे ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं।
- राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ने राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल कक्षा 6 और 9 की प्रवेश परीक्षा के रिज्लट जारी कर दिए हैं। रिजल्ट के साथ ही कटऑफ और सफल उम्मीदवारों के इंटरव्यू कॉल लेटर भी जारी कर दिए गए हैं।
आशा है कि आपको 10 फरवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!