स्कूल असेंबली के लिए 16 जनवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
स्कूल असेंबली के लिए 16 जनवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां

स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभा एक नियमित और महत्वपूर्ण गतिविधि होती है, जिसमें सभी शिक्षक और छात्र निर्धारित समय पर विद्यालय के मैदान या हॉल में एकत्र होते हैं। हालांकि सभा का समय अलग-अलग हो सकता है, लेकिन इसकी गतिविधियां लगभग समान रहती हैं। प्रार्थना सभा में प्रतिदिन छात्रों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली समाचार सुर्खियां भी शामिल होती हैं, जो उन्हें देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से अवगत कराती हैं। इसी उद्देश्य से इस लेख में 16 जनवरी की स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, ताकि छात्र आत्मविश्वास के साथ समाचार वाचन कर सकें। यहाँ दी गई सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 16 जनवरी 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 16 जनवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. भारत में 16 जनवरी को ‘राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। स्टार्टअप इंडिया की शुरुआत 16 जनवरी, 2016 को नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। 
  2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 जनवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में स्टार्टअप इंडिया पहल के दस वर्षों से जुड़े एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे भारत के सक्रिय स्टार्टअप समुदाय के सदस्यों से संवाद करेंगे।
  3. गृहमंत्री अमित शाह 16 जनवरी को नई दिल्ली के बांसरा पार्क में तीसरे अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव का उद्घाटन करेंगे, जिसमें दिल्ली के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
  4. बृहन्मुंबई नगर निगम सहित महाराष्ट्र की 29 नगर पालिकाओं के लिए 16 जनवरी को वोटो की गिनती होगी।
  5. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अब AI चैटबॉट ग्रोक का उपयोग करके लोगों की तस्वीरों को गलत या आपत्तिजनक तरीके से एडिट नहीं किया जा सकेगा। यह नियम सब्सक्रिप्शन लेने वाले और सामान्य सभी उपयोगकर्ताओं पर लागू होगा।
  6. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में हिमाचल प्रदेश, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई वाले क्षेत्र, जम्मू -कश्मीर, लद्दाख, असम, मेघालय और सिक्किम में भी कुछ स्थानों पर घना कोहरा रह सकता है।
  7. वर्ष 2026 में भारतीय पासपोर्ट की ग्लोबल रैंकिंग में पांच स्थान की बढ़ोतरी हुई हैं। अब भारतीय पासपोर्टधारक 55 देशों में बिना वीजा, वीजा-ऑन-अराइवल या ETA के यात्रा कर सकते हैं।
  8. वित्तीय सेवा विभाग ने CGHS लाभार्थियों के लिए एक नई आयुष मेडिक्लेम बीमा पॉलिसी शुरू की है, जिसमें कैशलेस इलाज, आधुनिक उपचार और कई अस्पतालों में सुविधा उपलब्ध होगी।
  9. भारतीय रेलवे ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक नया रिकॉर्ड बनाया है। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर नेटवर्क और रेलवे के पांच ज़ोन के बीच एक ही दिन में 892 इंटरचेंज मालगाड़ियां चलाई गईं, जो 4 जनवरी को बने 865 रेलगाड़ियों के पिछले रिकॉर्ड से अधिक है।
  10. संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने नई दिल्ली में 26वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2024-25 के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए, जिसमें राजस्थान के सूरतगढ़ स्थित पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय ने पहला स्थान हासिल किया।
  11. वित्तीय सेवा विभाग ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के साथ मिलकर केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए एक नया वेतन खाता पैकेज शुरू किया। वित्त मंत्रालय के अनुसार, यह कदम विकसित भारत 2047 के लक्ष्य और सभी के लिए बीमा की राष्ट्रीय प्रतिबद्धता के अनुरूप है।
  12. NHAI ने एक नई प्रायोगिक योजना शुरू की है, जो राष्ट्रीय राजमार्गों पर मवेशियों की अचानक आवाजाही के बारे में वाहन चालकों को तुरंत चेतावनी देगी। इसका उद्देश्य खासकर कोहरे या कम दृश्यता में होने वाली दुर्घटनाओं को कम करना है। यह योजना जयपुर-आगरा और जयपुर-रेवाड़ी मार्गों पर लागू की गई है, जिन्हें आवारा पशुओं के लिए संवेदनशील क्षेत्र माना गया है।
  13. वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, भारत का व्यापारिक निर्यात दिसंबर में 38.51 अरब डॉलर तक बढ़ गया, जो नवंबर में 38.13 अरब डॉलर था।
  14. सरकार ने वित्तीय रिपोर्टों की गुणवत्ता पर नजर रखने और कामकाज को तेज करने के लिए एक नई AI पहल शुरू की है। इस पहल का नाम ‘इंडिया एआई फाइनेंशियल रिपोर्टिंग कंप्लायंस चैलेंज’ रखा गया है।
  15. नीति आयोग ने EPI 2024 (निर्यात तैयारी सूचकांक) जारी किया, जो भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में निर्यात की तैयारी की स्थिति को दर्शाता है।
  16. वेस्टियन की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के रियल एस्टेट सेक्टर में संस्थागत निवेश 2025 में सालाना आधार पर 19% बढ़कर 8.1 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 16 जनवरी 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. भारत ने सुरक्षा कारणों से अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने ईरान में बिगड़ते हालात को देखते हुए भारतीय नागरिकों को अगले आदेश तक ईरान की यात्रा नहीं करने की सलाह दी है।
  2. अमरीका ने पाकिस्तान और बांग्लादेश सहित 75 देशों के लिए अप्रवासी वीज़ा प्रक्रिया पर रोक लगाने की घोषणा की है।
  3. अमेरिका और ईरान के बीच संभावित सैन्य कार्रवाई की चिंताओं के बीच ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र फिर से खोल दिया है। इससे कुछ उड़ानें रद्द हुईं, कुछ के मार्ग बदले गए और कई उड़ानों में देरी हुई।
  4. एलन मस्क की स्पेसएक्स ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से चार नासा अंतरिक्ष यात्रियों को चिकित्सा सहायता के लिए सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर वापसी कराई।
  5. ब्रिटेन ने ईरान में विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा और बिगड़ती सुरक्षा को देखते हुए अपना तेहरान दूतावास अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और सभी राजनयिक कर्मचारियों को वापस बुला लिया है।
  6. नेपाल में 5 मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनावों में आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली की अंतिम सूची से कुल 175 उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया है। इनमें 17 राजनीतिक दलों के उम्मीदवार शामिल हैं, जो नेपाल निर्वाचन आयोग की प्रकाशित सूची में दर्ज हैं।
  7. ब्रिटिश कोलंबिया ने कम मात्रा में ड्रग्स रखने को अपराध की श्रेणी से बाहर रखने के अपने तीन साल की पायलट परियोजना को समाप्त कर दिया है। यह कदम कनाडा की संघीय स्वास्थ्य एजेंसी से विस्तार न मिलने के कारण लिया गया।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 16 जनवरी 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. महिला प्रीमियर लीग में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला गुजरात जायंट्स से होगा। यह मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। 
  2. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के निदेशक एम नजमुल इस्लाम को वित्त समिति के अध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से मुक्त करने का निर्णय लिया है।
  3. नई दिल्ली में इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में लक्ष्य सेन पुरुष सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुँच गए, उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में जापान के केंता निशिमोतो को 21-19, 21-10 से हराया।
  4. ICC अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के पहले मैच में भारत ने अमरीका को डक्‍वर्थ लुईस नियम के तहत 6 विकेट से शिकस्त दी।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. यूपी के प्रयागराज में माघ मेले और ठंड के कारण 20 जनवरी तक कक्षा 8 तक के स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, नोएडा और गाजियाबाद में स्कूल 15 जनवरी तक बंद रहेंगे।
  2. SSC ने MTS और हवलदार भर्ती के लिए सेल्फ स्लॉट बुकिंग शुरू कर दी है। उम्मीदवार अपने चुने हुए परीक्षा शहर के आधार पर परीक्षा की तारीख और शिफ्ट चुन सकते हैं। परीक्षा 4 फरवरी से शुरू होगी।
  3. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) 24 और 25 जनवरी को एलटी ग्रेड टीचर की चार विषयों की परीक्षा आयोजित करेगा। उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।
  4. NEET PG में सामान्य वर्ग के लिए कटऑफ अब 7% और आरक्षित वर्ग के लिए 0 कर दी गई है। इसके चलते 0 पर्सेंटाइल वाले उम्मीदवार भी तीसरे चरण की काउंसलिंग में हिस्सा लेने के लिए 26 जनवरी तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
  5. राजस्थान स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड ग्रेड 4 भर्ती परीक्षा का रिजल्ट 16 जनवरी को जारी कर सकता है। नतीजे आने के बाद अभ्यर्थी इसे ऑनलाइन rssb.rajasthan.gov.in पर देख सकते हैं। इस भर्ती के जरिए 53,749 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
  6. NTA ने UGC NET दिसंबर परीक्षा की आंसर-की जारी कर दी है। उम्मीदवार इसे आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं और 17 जनवरी तक अपनी आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।
  7. RBI में ऑफिस अटेंडेंट के पदों के लिए आवेदन 15 जनवरी से शुरू हो गए हैं। उम्मीदवार आज से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 4 फरवरी है।
  8. उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा परिषद (BTEUP) ने नवंबर-दिसंबर 2025 की परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक के जरिए अपने रिजल्ट देख सकते हैं।
  9. उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा निदेशालय आज से UP JEECUP 2026 परीक्षा के लिए आवेदन शुरू करेगा। पॉलिटेक्निक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए छात्र 30 अप्रैल तक फॉर्म भर सकते हैं। परीक्षा 15 से 22 मई तक होगी।
  10. यूको बैंक में जेनरलिस्ट और स्पेशलिस्ट ऑफिसर के 173 पदों के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। उम्मीदवार 2 फरवरी तक इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आवश्यक है कि उम्मीदवार स्नातक या अन्य निर्धारित योग्यताएं रखते हों।

आशा है कि आपको 16 जनवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। डेली स्कूल असेंबली न्यूज पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रह सकते हैं। 

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*