यदि आप भी औपचारिक शिक्षा पूरी करने के बाद भारतीय डाक विभाग में अपना करियर बनाने के बारे में जानना चाहते हैं, तो यह लेख आपके लिए हैं। डाक विभाग प्रतिवर्ष अनेक पदों पर भर्ती के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करता है। यहां प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और चयन प्रक्रिया होती है। आप इस विभाग में 10वीं, 12वीं, और स्नातक के बाद विभिन्न पदों पर भर्ती के समय आवेदन कर सकते हैं। इस लेख में आप डाक विभाग में नौकरी पाने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया है।
This Blog Includes:
डाक विभाग में इन पदों पर होती है भर्ती
भारत सरकार के डाक विभाग में ग्रामीण डाक सेवक (GDS), मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS), मेल गार्ड, स्टेनोग्राफर ग्रेड-I, पोस्टमैन, ब्रांच पोस्ट मास्टर, असिस्टेंट ब्रांच पोस्ट मास्टर आदि कई पदों पर हर वर्ष भर्ती निकाली जाती है। जहां आप अपनी शैक्षणिक योग्यता अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
डाक विभाग में आवेदन के लिए योग्यता
भारतीय डाक विभाग में प्रत्येक पद के लिए पात्रता मानदंड थोड़े भिन्न हो सकते हैं। इसलिए आपको सलाह दी जाती है कि संबंधित पद के लिए आवेदन करने से पहले डाक विभाग द्वारा जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन को जरूर पढ़ लें। इसमें आपको योग्यता, आवदेन शुल्क और चयन प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी मिल जाएगी। इस विभाग में आवदेन की सामान्य योग्यता इस प्रकार है:
- शैक्षणिक योग्यता: डाक विभाग में नौकरी के लिए आमतौर पर 10वीं या 12वीं पास होना आवश्यक है। जबकि अधिकारी पदों के लिए स्नातक होना जरूरी है।
- आयु सीमा: डाक विभाग में आवेदन करने के लिए आपकी आयु सीमा 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। हालांकि OBC,SC/ST और विकलांग आवेदकों को आयु सीमा में कुछ वर्षों की छुट दी जाती है।
- कंप्यूटर कोर्स: कुछ पदों के लिए कंप्यूटर कोर्स की भी मांग की जाती है।
- शारीरिक फिटनेस: आपका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट होना जरुरी है। कुछ पदों पर विकलांग आवेदक भी संबंधित पद के लिए आवेदन कर सकते हैं।
डाक विभाग में नौकरी कैसे पाएं? (स्टेप-बाय-स्टेप गाइड)
भारतीय डाक विभाग में नौकरी पाने के कुछ सामान्य चरण इस प्रकार हैं:
स्टेप 1: औपचारिक शिक्षा पूरी करें
सबसे पहले आपको भारत के मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से 10वीं और 12वीं कक्षा किसी भी स्ट्रीम में न्यूनतम 55% अंकों के साथ पास करनी होगी। यदि आप डाक विभाग में अधिकारी पद के लिए आवेदन करना चाहते हैं, तो आपको किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना आवश्यक है।
स्टेप 2: संबंधित पद के लिए आवेदन करें
इसके बाद आप भारतीय डाक विभाग द्वारा निकाली गई भर्तियों में से चयनित पद के लिए अपनी योग्यता अनुसार आवेदन करें। आपको बता दें कि डाक विभाग में भी अन्य सरकारी विभागों की तरह परीक्षा का निर्धारित सिलेबस होता है। यहां पर आपसे जनरल इंग्लिश, जनरल नॉलेज, रीजनिंग, करंट अफेयर्स और मैथमेटिक्स से संबंधित वस्तुनिष्ठ (MCQ) प्रकार के प्रश्न पूछे जाते हैं।
स्टेप 3: परीक्षा पास करें
डाक विभाग में अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग परीक्षा एवं चयन प्रक्रिया होती है, लेकिन ज्यादातर चयन प्रक्रिया में सबसे पहले लिखित परीक्षा, स्किल टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन शामिल होता है। ध्यान रखें कि इस विभाग में ‘ग्रामीण डाक सेवक’ (GDS), ‘ब्रांच पोस्ट मास्टर’ (BPM) और ‘असिस्टेंट ब्रांच पोस्ट मास्टर्स’ (ABPM) पद के लिए कोई लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाती। बल्कि चयन मेरिट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन द्वारा किया जाता है।
स्टेप 4: स्किल या फिजिकल टेस्ट पास करें
डाक विभाग में मुख्यतः मल्टी टास्किंग स्टाफ, मेल गार्ड और स्टेनोग्राफर ग्रेड-I पदों के लिए स्किल टेस्ट या फिजिकल टेस्ट पास करना अनिवार्य होता है। इस चरण में सफल होने के बाद ही आप अंतिम चरण में प्रवेश कर सकते हैं।
स्टेप 5: भारतीय डाक विभाग में नियुक्ति पाएं
परीक्षा, स्किल टेस्ट और फिजिकल टेस्ट पास करने के बाद डाक विभाग आपके सभी दस्तावेजों और मेडिकल रिपोर्ट की जांच करता है। ध्यान रखें कि सभी चरणों को पास करने के बाद भी यदि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में कोई कमी पाई जाती है, तो आपकी नियुक्ति रद्द की जा सकती है।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद डाक विभाग द्वारा आपको एक अपॉइंटमेंट लेटर दिया जाता हैं। इसके बाद आपको संबंधित डाक विभाग में पोस्टिंग मिलती है।
डाक विभाग में सैलरी
यहां डाक विभाग के कुछ प्रमुख पदों की सैलरी रेंज की जानकारी दी गई है:
| पद का नाम | प्रतिमाह सैलरी (INR) |
| ग्रामीण डाक सेवक (GDS) | INR 10,000 – INR 12,000 |
| मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) | INR 18,000 – INR 20,200 |
| ब्रांच पोस्ट मास्टर्स (BPM) | INR 12,000 – INR 24,470 |
| असिस्टेंट ब्रांच पोस्ट मास्टर्स (ABPM) | INR 10,000 – INR 20,392 |
| स्टेनोग्राफर ग्रेड-I | INR 50,000 – INR 60,000 |
नोट: यह जानकारी विभिन्न स्रोतों से ली गई है, इसलिए इसमें बदलाव संभव है।
डाक विभाग में मिलने वाली सुविधाएं
आपको बताना चाहेंगे कि ग्रामीण डाक सेवक (GDS) डाक विभाग व केंद्र सरकार के नियमित कर्मचारी नहीं होते हैं और उनके वेतन, भत्ते और अन्य अधिकार केंद्र सरकार के कर्मचारियों से थोड़े भिन्न होते हैं। हालांकि अन्य सभी पद स्थायी होते हैं और उन्हें विभाग द्वारा नियमित वेतन, महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), यात्रा भत्ता (TA), चिकित्सा सुविधा, पेंशन और सेवानिवृत्ति लाभ जैसी कई अन्य सुविधाएं मिलती हैं।
FAQs
भारतीय डाक विभाग में मुख्य रूप से ग्रामीण डाक सेवक (GDS), स्टेनोग्राफर, पोस्टमैन, ब्रांच पोस्ट मास्टर, असिस्टेंट ब्रांच पोस्ट मास्टर, मेल गार्ड और मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) जैसे पद होते हैं।
भारतीय डाक विभाग में काम करने के लिए सामान्यतः आपका किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं व 12वीं पास होना आवश्यक होता है। जबकि कुछ पदों के लिए स्नातक डिग्री भी मांगी जाती है।
पोस्ट ऑफिस की नौकरी के लिए आपको डाक विभाग द्वारा जारी आधिकारिक भर्ती नोटिफिकेशन के अनुसार आवेदन करना होता है। फिर निर्धारित चयन प्रक्रिया (मेरिट या परीक्षा) को पास करना पड़ता है।
ग्रामीण डाक सेवक (GDS) पद डाक विभाग के अंतर्गत नियमित सरकारी नौकरी नहीं बल्कि एक एक्स्ट्रा-डिपार्टमेंटल पद माना जाता है।
पोस्टल असिस्टेंट पद के लिए आपका किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना और बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान होना आवश्यक है।
संबंधित लेख पढ़ें:
| लोअर डिवीजन क्लर्क कैसे बनें? | ग्राम विकास अधिकारी कैसे बनें? |
| भारत में कृषि अधिकारी कैसे बनें? | भारत में फूड इंस्पेक्टर कैसे बनें? |
हमें आशा है कि इस लेख के माध्यम से आपको भारतीय डाक विभाग में नौकरी पाने की प्रक्रिया की सभी आवश्यक जानकारी मिल गई होगी। ऐसे ही अन्य करियर से जुड़े लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu के साथ बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!