स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 9 अप्रैल, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 9 अप्रैल 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 9 अप्रैल की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- महिला और बाल विकास मंत्रालय 9 अप्रैल से देशभर में पोषण पखवाड़ा के 8वें संस्करण का आयोजन करेगा। पोषण पखवाड़ा का विषय है – जीवन के पहले छह वर्ष में मस्तिष्क का अधिकतम विकास।
- मौसम विभाग (IMD) ने 9 अप्रैल को असम, मेघालय, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा और पंजाब में कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ वर्षा की संभावना जताई है।
- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 9 अप्रैल, 2026 को गोवा के पणजी में कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन (CPA) इंडिया क्षेत्र के ज़ोन VII के पहले सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
- भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने नीतिगत दरों में स्थिरता बनाए रखते हुए रेपो रेट 5.25% पर यथावत रखा है, जबकि स्टेंडिंग डिपोजिट फैसिलिटी (SDF) रेट 5% और मार्जनल स्टेंडिंग फैसिलिटी (MSF) व बैंक रेट 5.5% पर बरकरार हैं।
- राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली से 300 किलोमीटर के भीतर स्थित छह ताप विद्युत संयंत्रों पर कुल 61.85 करोड़ रुपये का पर्यावरण मुआवजा लगाया है।
- भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) के बाद राज्य की मतदाता सूचियों से लगभग 91 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए हैं। आपको बता दें कि इस प्रक्रिया में पहले हटाए गए लगभग 63 लाख नामों के साथ-साथ न्यायिक निर्णय के बाद अयोग्य घोषित किए गए अतिरिक्त 27 लाख मतदाताओं के नाम भी शामिल हैं।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 9 अप्रैल 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं:
- अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी से जारी युद्ध अब करीब 40 दिन बाद रुक गया है। बता दें कि ईरान और अमेरिका में आखिरकार 2 हफ्ते का सीजफायर हो गया है। भारत ने अमरीका और ईरान के बीच संघर्ष विराम का स्वागत किया है।
- मेडागास्कर सरकार ने ऊर्जा आपूर्ति संकट के मद्देनजर 15 दिन की ऊर्जा आपात स्थिति की घोषणा की है।
- भारतीय विदेश मंत्रालय ने ईरान की वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वहां निवासरत भारतीय नागरिकों को दूतावास के समन्वय से सुरक्षित मार्ग अपनाकर शीघ्र देश छोड़ने की सलाह दी है।
- अमेरिका द्वारा ईरान के साथ संघर्ष विराम की घोषणा के पश्चात वैश्विक तेल बाजार में उल्लेखनीय गिरावट देखी गई, जिसमें ब्रेंट तथा वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट कच्चे तेल की कीमतों में क्रमशः 13.3% और 14.9% की कमी दर्ज हुई है।
- बांग्लादेश ने आर्थिक चुनौतियों और वैश्विक अनिश्चितताओं का हवाला देते हुए सबसे ‘कम विकसित देश’ (LDC) का दर्जा समाप्त करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए संयुक्त राष्ट्र से अतिरिक्त समय की औपचारिक मांग की है।
स्कूल असेंबली के लिए क्षेत्रीय समाचार सुर्खियां 9 अप्रैल 2026
यहां भारत के विभिन्न राज्यों से जुड़ी ताजा और महत्वपूर्ण समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं:
- मध्य प्रदेश के रायसेन में 11 से 13 अप्रैल तक तीन दिवसीय 2026 कृषि महाकुंभ आयोजित किया जाएगा।
- त्रिपुरा में धर्मनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान 9 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।
- केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी के 30 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान की तैयारियां पूर्ण हो चुकी है। अब 9 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान प्रक्रिया संचालित होगी। पुद्दुचेरी, कराईकल, माहे और यानम क्षेत्रों में कुल 9,50,639 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 24,919 मतदाता पहली बार मतदान करेंगे।
- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारत मंडपम में 12वें इंडिया रबर एक्सपो 2026 का उद्घाटन किया है। एशिया के सबसे बड़े रबर उद्योग आयोजन के रूप में यह एक्सपो 10 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें 400 से अधिक वैश्विक प्रदर्शक और 45 हजार से अधिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है।
- तेलंगाना सरकार ने राज्य में गैर-संक्रामक रोगों की बढ़ती समस्या पर नजर रखने के लिए कैंसर को आधिकारिक रूप से अधिसूचित रोग घोषित किया है।
- केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने जम्मू मंडल के डोडा जिले में मौसम पूर्वानुमान क्षमता मजबूत करने और आपदा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए ‘डॉप्लर मौसम रडार’ की स्थापना की घोषणा की है।
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 9 अप्रैल 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं:
- हॉकी इंडिया ने आगामी अर्जेंटीना टूर के लिए 24 सदस्यीय भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी है। यह टूर ब्यूनस एरेस में 13 से 17 अप्रैल, 2026 तक होगा। भारतीय टीम की कप्तानी सलीमा टेटे करेंगी। भारत और अर्जेंटीना के बीच चार मैच खेले जाएंगे।
- इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का पंद्रहवाँ मुकाबला 9 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेला जाएगा। यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
- भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) द्वारा आयोजित ’25वां अखिल भारतीय जल क्रीड़ा क्लस्टर 2026′ उत्तराखंड के टिहरी जिले के वसाई में शुरू हो गया है। पांच दिवसीय इस आयोजन में देशभर से 19 टीमें 52 स्पर्धाओं में भाग लेंगी, जिसमें 130 महिलाएं और 310 पुरुष शामिल हैं।
- चीन में आयोजित एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में आयुष शेट्टी ने पहले राउंड में विश्व के 7वें नंबर के खिलाड़ी ली शी फेंग को 21-13, 21-16 से हराया है। अब उनका अगला मुकाबला ताइवान के ची यू जेन से होगा।
- स्पेन के ग्रेनाडा में आयोजित ISSF विश्व कप 2026 में भारतीय निशानेबाज पलक गुलिया और मुकेश नेलावल्ली ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्सड टीम स्पर्धा में जूनियर विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स:
- कक्षा 1 में प्रवेश के लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) की अलॉटमेंट लिस्ट 2026 गुरुवार 9 अप्रैल को जारी की जाएगी। अभिभावक इसे ऑफिशियल वेबसाइट kvsangathan.nic.in पर चेक कर सकते हैं।
- कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ओर से CGL परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी किया गया है। आप ऑफिशियल वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने देशभर के स्कूलों में सैनिटरी नैपकिन की उपलब्धता और स्वच्छता केंद्र बनाएं जाने को अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए सभी स्कूलों को पत्र लिखकर दिशा-निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई स्कूल इसका पालन नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जा सकती है।
- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), दिल्ली की ओर से नर्सिंग ऑफिसर की भर्ती परीक्षा के लिए (AIIMS NORCET 10) एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है। आप ऑफिशियल वेबसाइट aiimsexams.ac.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इस भर्ती परीक्षा के जरिए नर्सिंग ऑफिसर के कुल 2551 पदों पर भर्ती की जाएगी।
- राष्ट्रीय मुक्त शिक्षा संस्थान (NIOS) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अब आप आधिकारिक वेबसाइट sdmis.nios.ac.in के जरिए अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। यह थ्योरी परीक्षाएं 10 अप्रैल से 6 मई, 2026 के बीच होंगी और इसका रिजल्ट जून में जारी होने की संभावना है। बता दें कि NIOS कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 17 मार्च से 1 अप्रैल, 2026 तक आयोजित की गई थीं, जिनके एडमिट कार्ड 9 मार्च को जारी हुए थे।
- उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (UPHESC) ने असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के लिए एग्जाम सिटी स्लिप जारी कर दी है। अब आप UPHESC की ऑफिशियल वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाकर एग्जाम सिटी स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं। बता दें कि यूपीएचईएससी की ओर से असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा का आयोजन 18 और 19 अप्रैल, 2026 को किया जाएगा। यह परीक्षा दो शिफ्ट में कंडक्ट की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 9.30 बजे से लेकर सुबह 11.30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2.30 बजे से लेकर शाम 4.30 बजे तक कंडक्ट की जाएगी।
- उत्तर प्रदेश पॉलिटेक्निक में एडमिशन लेने के लिए आप 30 अप्रैल, 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही आप 26 – 30 अप्रैल तक अपने फॉर्म में सुधार कर सकते हैं।
आशा है कि आपको 9 अप्रैल की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!