स्कूल असेंबली के लिए 8 फरवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 8 February 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 8 फरवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 8 फरवरी 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 8 फरवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के बस्तर मंडल मुख्यालय जगदलपुर में ‘बस्तर पांडुम महोत्सव 2026’ का उद्घाटन किया। महोत्सव के अंतर्गत 9 फरवरी तक मंडल स्तरीय प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं। इस दौरान 84 टीमों के 700 से अधिक कलाकार 12 सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे, जिनमें आदिवासी नृत्य, हस्तशिल्प, पारंपरिक आदिवासी व्यंजन और स्वदेशी वाद्य यंत्र शामिल हैं।
  2. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और उसके प्रभावों पर होने वाली अनुसंधान संगोष्ठी के लिए भारत को देश और विदेश से 250 से अधिक प्रस्ताव मिले हैं। यह संगोष्ठी इंडिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इम्पैक्ट सम्मेलन के तहत आयोजित की जा रही है। यह सम्मेलन 18 फरवरी को नई दिल्ली में होगा।
  3. केंद्र सरकार ने चालू वित्त वर्ष के दौरान मध्य प्रदेश, पंजाब और तेलंगाना में पंचायती राज संस्थानों तथा ग्रामीण स्थानीय निकायों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 15वें वित्त आयोग के अनुदान के रूप में 1100 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की है।
  4. उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत दावे और आपत्तियां दर्ज करने की समय सीमा बढ़ा दी गई है। चुनाव आयोग के अनुसार, मतदाता अब 6 मार्च 2026 तक फॉर्म 6, 7 और 8 के माध्यम से नाम जोड़ने, संशोधन कराने अथवा नाम हटाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
  5. दिल्ली सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने ‘भारत टैक्सी’ के सहकारी मोबिलिटी प्लेटफॉर्म के साथ औपचारिक साझेदारी की है। इस संबंध में दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम तथा सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
  6. सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, फास्टैग वार्षिक पास ने अपने लॉन्च के छह महीनों के भीतर 50 लाख उपयोगकर्ताओं का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर सुगम तथा किफायती यात्रा विकल्प के रूप में निजी वाहन मालिकों के बीच इस प्रणाली की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाती है।
  7. भारतीय विमानन प्राधिकरण (AAI) ने भारत के प्रथम सहकारी राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म ‘भारत टैक्सी’ के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य विभिन्न हवाई अड्डों पर विनियमित, सुरक्षित एवं यात्री-अनुकूल कैब सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह पहल ‘भारत टैक्सी’ की व्यापक विस्तार रणनीति के अंतर्गत की गई है।
  8. एशियन स्काई ग्रुप की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत प्राइवेट जेट मार्केट में तेजी से उभर रहा है। चीन और ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत इस सेक्टर में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। DGCA के आंकड़ों के अनुसार, देश में प्राइवेट जेट मार्केट में 25% वृद्धि दर्ज की गई है।
  9. केंद्र सरकार ने ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण’ (PMAY-G) के तहत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 3 करोड़ 87 लाख से अधिक घरों को मंज़ूरी दी है। ग्रामीण विकास मंत्रालय इस योजना को 1 अप्रैल 2016 से लागू कर रहा है, जिसका लक्ष्य मार्च 2029 तक 4 करोड़ 95 लाख घरों का निर्माण करना है।
  10. भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार नीता ठाकरे नागपुर की नई महापौर निर्वाचित हुई हैं। महापौर चुनाव में नीता ठाकरे को 104 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार स्नेहल ठाकरे को 36 मत मिले।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 8 फरवरी 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. थाईलैंड में रविवार, 8 फरवरी को संसदीय चुनाव के लिए लाखों मतदाता मतदान करेंगे। इसके साथ ही देश के संविधान से संबंधित जनमत संग्रह के लिए भी वोट डाले जाएंगे।
  2. इजराइल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू बुधवार 11 फरवरी को वाशिंगटन में अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अमरीका-ईरान वार्ता के संबंध में चर्चा करेंगे।
  3. अमरीका ने अपने हथियारों की आपूर्ति नीति में बदलाव करते हुए अधिक रक्षा खर्च करने वाले और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण देशों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इस संबंध में एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। इस कदम का उद्देश्य क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए आवश्यक सहयोगी देशों को अमरीकी हथियारों की आपूर्ति में तेजी लाना है।
  4. चीन की AutoFlight कंपनी ने अपनी उड़ने वाली कार V5000 मैट्रिक्स का सफल परीक्षण पूरा कर लिया है। यह दुनिया की पहली 5 टन श्रेणी की EVTOL कार है, जिसमें 10 लोग बैठ सकते हैं और इसकी रेंज 1500 किलोमीटर है।
  5. लेबनान और सीरिया ने एक द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके अनुसार 300 से अधिक सीरियाई कैदियों को लेबनानी जेलों से उनके मूल देश सीरिया भेजा जाएगा, ताकि वे अपनी बाकी सज़ा पूरी कर सकें।
  6. अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक कार्यकारी आदेश जारी करते हुए ईरान से वस्तु या सेवाएँ प्राप्त करने वाले देशों पर नए शुल्क लगाने की घोषणा की है।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 8 फरवरी 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. ICC T-20 विश्वकप भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में शुरू हो गया है। यह टूर्नामेंट 8 मार्च तक चलेगा, जिसमें 20 टीमें कुल 55 मैच खेलेंगी। रविवार 8 फरवरी को वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच कोलकाता में दोपहर 3 बजे मैच होगा।
  2. भारत ने नेपाल के पोखरा रंगशाला स्टेडियम में आयोजित दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ (SAFF) अंडर-19 महिला चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को 4-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
  3. भारत ने 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए ICC T-20 विश्व कप 2026 के मैच में अमरीका को 29 रन से हरा दिया। 162 रन के लक्ष्य के जवाब में अमरीकी टीम 132 रन ही बना सकी।
  4. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम को 7.5 करोड़ रुपये की ईनामी राशि देने की घोषणा की है। आयुष म्‍हात्रे के नेतृत्व वाली टीम ने हरारे में इंग्लैंड को 100 रन से मात देकर खिताब अपने नाम किया।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने अभ्यर्थियों को बेहतर सहायता और मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से अपने कॉल सेंटर के कार्य समय का विस्तार किया है। सिविल सेवा परीक्षा 2026 और भारतीय वन सेवा परीक्षा 2026 के आवेदन की अंतिम तिथि तक कॉल सेंटर शनिवार, रविवार और अवकाश सहित सभी दिनों में सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित होगा।
  2. ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (OICL) ने एडमिनिस्ट्रेशन ऑफिसर प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट orientalinsurance.org.in पर जाकर PDF फॉर्मेट में अपना रिजल्ट देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
  3. मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (MPESB) ने एक्साइज कॉन्स्टेबल परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए एप्लीकेशन नंबर, जन्मतिथि और कैप्चा कोड दर्ज करना आवश्यक है।
  4. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने 4th ग्रेड परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। परीक्षा में सम्मिलित उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं।
  5. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) 2024 के सफल उम्मीदवारों के लिए इंटरव्यू शेड्यूल जारी कर दिया है। उम्मीदवार अपने इंटरव्यू लेटर आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। इंटरव्यू प्रक्रिया 16 फरवरी से प्रारंभ होगी।

आशा है कि आपको 8 फरवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*