स्कूल असेंबली के लिए 4 फरवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 4 February 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 4 फरवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 4 फरवरी 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 4 फरवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. प्रत्येक वर्ष 4 फरवरी को विश्व स्तर पर ‘विश्व कैंसर दिवस’ मनाया जाता है। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य कैंसर के विषय में जागरूकता का प्रसार करना, जनमानस को शिक्षित करना तथा इस गंभीर रोग के विरुद्ध वैश्विक सहयोग और एकजुटता को सुदृढ़ करना है।
  2. मौसम विभाग ने 4 फरवरी को बिहार, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और पंजाब में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। साथ ही उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी इसी तरह की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।
  3. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना की दूसरी पर्वतीय सुरंग के सफल निर्माण की घोषणा की। यह देश के महत्वाकांक्षी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
  4. इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में अब तक 35,000 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। इस वैश्विक समिट में 100 से अधिक देशों के 500 से अधिक स्टार्टअप 500 सत्रों में भाग लेंगे। 16-20 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाला यह समिट अब तक आयोजित चार ग्लोबल एआई समिट में सबसे बड़ा माना जा रहा है।
  5. भारत इस साल इटली के वेनिस में होने वाली 61वीं अंतर्राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी ला बिएनाले डी वेनेज़िया में हिस्सा लेगा। संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, भारत का राष्ट्रीय मंडप सात साल बाद ‘जियोग्राफ़ीज़ ऑफ़ डिस्टेंस: रिमेंबरिंग होम’ नामक समूह प्रदर्शनी में भाग ले रहा है।
  6. भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक दिनांक 4 से 6 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा के नेतृत्व में गठित छह सदस्यीय समिति अपने निर्णयों की घोषणा 6 फरवरी को करेगी। विशेषज्ञों का अनुमान है कि समिति नीति दरों में आगे किसी कटौती को स्थगित कर सकती है।
  7. चिकित्सा आवश्यकताओं के लिए भारत आने वाले विदेशी नागरिकों की यात्रा को आसान बनाने के लिए भारत सरकार ने ई-मेडिकल वीजा और मरीज की देखभाल करने वाले के लिए ई-मेडिकल अटेंडेंट वीजा की सुविधा शुरू कर दी है।
  8. पिछले महीने की 30 जनवरी तक पूरे देश में 676 लाख हेक्टेयर से ज्यादा रबी फसल की बुआई हो चुकी है। कृषि मंत्रालय के अनुसार, इस साल रबी की बुआई में बढ़ोतरी हुई है और पिछले साल की तुलना में 15 लाख हेक्टेयर अधिक क्षेत्र में बुआई हुई है। गेहूं की बुआई 335 लाख हेक्टेयर में और धान की 45 लाख हेक्टेयर में हुई है।
  9. भारत सरकार ने बजट में जैव-फार्मा शक्ति योजना की घोषणा की है। इसके लिए अगले पांच साल में 10,000 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य भारत में जैविक और जैव-समान दवाओं के उत्पादन को बढ़ावा देना और इसका इकोसिस्टम मजबूत करना है।
  10. केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, 31 दिसंबर, 2025 तक देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 96.73 लाख से अधिक आयुष्मान वय वंदना कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
  11. रिजर्व बैंक ने सभी बैंकों को निर्देश दिया है कि सरकारी कार्यों से जुड़ी उनकी शाखाएँ 31 मार्च 2026 को जनता के लिए खुली रहेंगी। यह कदम वित्तीय वर्ष 2025-26 में होने वाले सभी सरकारी प्राप्तियों और भुगतानों के लेखा-जोखा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
  12. केंद्र सरकार ने वनस्पति तेल उत्पाद, उत्पादन एवं उपलब्धता (विनियमन) संशोधन आदेश, 2025 के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य तेल कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अनुसार, संशोधित प्रावधानों के अंतर्गत सभी खाद्य तेल निर्माताओं और प्रसंस्करणकर्ताओं के लिए राष्ट्रीय एकल खिड़की प्रणाली तथा VOPPA पोर्टल पर पंजीकरण को अनिवार्य बनाया गया है।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 4 फरवरी 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. भगवान बुद्ध के पवित्र देवनीमोरी अवशेष 4 फरवरी से श्रीलंका में एक सप्ताह तक अपने पहले अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शन के लिए जाएंगे। उन्हें कोलंबो के गंगारामया मंदिर में रखा जाएगा।
  2. भारत-किर्गिस्तान संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘खंज़र’ का 13वां संस्करण 4 फरवरी से असम के सोनितपुर जिले के मिसामारी में आयोजित किया जा रहा है। यह अभ्यास 17 फरवरी तक चलेगा और इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग और सैन्य साझेदारी को और सुदृढ़ करना है।
  3. अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘प्रोजेक्ट वॉल्ट’ का औपचारिक शुभारंभ किया है। इस योजना का उद्देश्य देश में किसी भी महत्वपूर्ण खनिज की कमी को रोकना है।
  4. सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी 5 से 10 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यह उनके पदभार ग्रहण के बाद पहला भारत दौरा होगा।
  5. साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स मई के अंतिम सप्ताह में भारत की आधिकारिक यात्रा पर आ सकते हैं। यह दौरा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगा। इसके साथ ही अगले महीने साइप्रस के विदेश मंत्री भी भारत का दौरा कर सकते हैं।
  6. NASA ने Artemis II मिशन का प्रक्षेपण अब मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया है। मिशन को चार अंतरिक्ष यात्रियों के साथ फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से चंद्रमा की परिक्रमा पर भेजा जाना था। स्थगन का निर्णय ईंधन भरने के दौरान हाइड्रोजन लीक पाए जाने के बाद लिया गया। पहले मिशन का प्रक्षेपण 6 फरवरी को तय था, लेकिन फ्लोरिडा में ठंडे मौसम और तेज हवाओं के कारण इसे 8 फरवरी तक स्थगित किया गया था।
  7. भारत और नॉर्वे ने द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की और राजनीतिक संपर्क, व्यापार और निवेश, समुद्री अर्थव्यवस्था, पुन: उपयोग वाली अर्थव्यवस्था, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, एआई, अंतरिक्ष और आर्कटिक क्षेत्र में इसे और सुदृढ़ करने पर सहमति व्यक्त की।
  8. भारतीय वायु सेना इस साल सिंगापुर एयरशो में अपनी हवाई क्षमताओं का प्रदर्शन करेगी। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर टीम भी इसमें भाग लेगी और इसमें स्वदेशी हल्के हेलीकॉप्टर ए.एल.एच. ध्रुव का प्रदर्शन होगा। एयरशो 3 से 8 फरवरी तक चांगी प्रदर्शनी केंद्र में होगा। इसमें चार टीमों का हवाई प्रदर्शन और 37 विमानों का स्थिर प्रदर्शन शामिल है।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 4 फरवरी 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. अंडर-19 एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में 4 फरवरी को भारत का मुकाबला अफगानिस्तान से होगा। हरारे में खेले जाने वाला यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे शुरू होगा। इस मुकाबले की विजेता टीम 6 फरवरी को होने वाले फाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगी।
  2. छठवीं बैडमिंटन टीम एशिया चैंपियनशिप चीन के किंगदाओ में शुरू हो गई है। इस टूर्नामेंट में एशियाई देशों की पुरुष और महिला राष्ट्रीय टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत को थाईलैंड और म्यांमार के साथ ग्रुप-Y में रखा गया है। भारतीय पुरुष और महिला टीमें 4 फरवरी से अपना अभियान शुरू करेंगी।
  3. महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग के एलिमिनेटर मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने वडोदरा में गुजरात जायंट्स को सात विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मैच में 5 फरवरी को दिल्ली कैपिटल्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।
  4. अफगानिस्तान क्रिकेट टीम T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप डी में शामिल है। टीम का पहला मुकाबला 8 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला जाएगा।
  5. एशियन राइफल और पिस्टल चैंपियनशिप 2027 का आयोजन नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) द्वारा 1 से 10 दिसंबर 2027 तक नई दिल्ली में स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में किया जाएगा।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षाओं की शुरुआत हो चुकी है। प्रारंभिक दो दिनों की परीक्षा में देरी एवं अन्य कारणों के चलते सैकड़ों छात्र परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो पाए। तथापि, ऐसे विद्यार्थियों के लिए अप्रैल/मई माह में विशेष परीक्षा आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है।
  2. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं हेतु प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। संबंधित विद्यालयों के शिक्षक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
  3. कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने MTS हवलदार परीक्षा के एडमिट कार्ड का डायरेक्ट लिंक अपनी ऑफिशियल वेबसाइट ssc.gov.in पर जारी कर दिया है। उम्मीदवार लॉगिन डिटेल दर्ज कर कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा 4 फरवरी से आयोजित की जाएगी।
  4. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने सेक्शन कंट्रोलर परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी स्लिप जारी कर दी है। जो उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होंगे, वे इसे आधिकारिक वेबसाइट indianrailways.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं।
  5. परीक्षा पे चर्चा के नौवें संस्करण की तिथि की घोषणा कर दी गई है। पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए ट्वीट के अनुसार PPC 2026 का एपिसोड 6 जनवरी को प्रसारित किया जाएगा। यह कार्यक्रम मायGov की आधिकारिक वेबसाइट mygov.in/ppc-2026 सहित दूरदर्शन, ऑल इंडिया रेडियो, यूट्यूब एवं विभिन्न निजी चैनलों पर प्रसारित होगा।
  6. बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी ने UP BEd एंट्रेस एग्जाम 2026 के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। छात्र इस परीक्षा में भाग लेने के लिए 10 फरवरी से 10 मार्च तक फॉर्म भर सकते हैं। परीक्षा 20 से 25 अप्रैल के बीच होगी।
  7. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) की तारीखों में बदलाव किया है। अब यह परीक्षा 7 और 8 फरवरी को आयोजित की जाएगी। दोनों दिन परीक्षा दो शिफ्ट में संपन्न होगी। बोर्ड ने बताया कि एडमिट कार्ड जल्द ही डाउनलोड के लिए उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।
  8. बिहार लोक सेवा आयोग ने 72वीं प्रारंभिक परीक्षा, APO, ऑडिटर, स्टेनोग्राफर और अन्य भर्तियों की परीक्षा की तारीखें घोषित कर दी हैं। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे छात्र अब इन तारीखों को देखकर अपनी तैयारी कर सकते हैं।

आशा है कि आपको 4 फरवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*