स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 31 जनवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 31 जनवरी 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 31 जनवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- हर वर्ष 31 जनवरी को दुनियाभर में ‘अंतर्राष्ट्रीय जेबरा दिवस’ मनाया जाता है। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य जेबरा प्रजातियों के अस्तित्व संकट और उनकी देखभाल के महत्व पर प्रकाश डालना है तथा जनता को संरक्षणात्मक प्रयासों में भाग लेने हेतु प्रोत्साहित करना है।
- भारत और अरब देशों के विदेश मंत्रियों की दूसरी बैठक 31 जनवरी को नई दिल्ली में आयोजित होगी। बैठक की सह-अध्यक्षता भारत और संयुक्त अरब अमीरात करेंगे। इसमें अरब देशों के विदेश मंत्री और अरब लीग के महासचिव भी भाग लेंगे। यह बैठक भारत में होने वाली पहली अंतरराष्ट्रीय विदेश मंत्री बैठक है।
- 31 जनवरी से सूरजकुंड मेला जाने के लिए DTC दो खास इलेक्ट्रिक बसें चला रही है। ये बसें बदरपुर बॉर्डर मेट्रो स्टेशन से मेला ग्राउंड तक जाएंगी और मेट्रो से आने वाले यात्रियों के लिए आसान यात्रा सुनिश्चित करेंगी।
- कुंभ माह की पूजा के अवसर पर सबरीमाला मंदिर में दर्शन के लिए ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दर्शन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। सीमित संख्या में तीर्थयात्रियों को ही आधार शिविर पर पंजीकृत होने के बाद प्रवेश मिलेगा।
- केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने गणतंत्र दिवस परेड 2026 में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दस्ता और झांकी पुरस्कार प्रदान किए। महाराष्ट्र की झांकी ‘गणेशोत्सव: आत्मनिर्भरता का प्रतीक’ को सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार मिला। भारतीय नौसेना को तीनों सेनाओं में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दस्ता का पुरस्कार मिला, जबकि दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और अन्य सहायक बलों की श्रेणी में विजयी रही।
- भारत की महारत्न और सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी स्टील उत्पादक कंपनी, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने ‘ग्रेट प्लेस टू वर्क’ प्रमाणन हासिल किया है। यह प्रमाणन फरवरी 2026 से फरवरी 2027 तक के लिए दिया गया है।
- उत्तर प्रदेश सरकार ने प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के सभी शिक्षकों, स्टाफ और उनके परिवार के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा शुरू कर दी है। यह सुविधा सरकारी और निजी अस्पतालों दोनों में मिलेगी।
- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत देश के बीस एम्स संस्थान आपस में सहयोग करेंगे।
- दिल्ली मेट्रो ने घोषणा की है कि केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन को येलो और वायलेट लाइन के अलावा मैजेंटा लाइन से भी जोड़ने का काम किया जाएगा। यह जुड़ाव पांचवें चरण गलियारे के तहत होगा और इससे प्रतिदिन लगभग 60 हजार दफ्तर जाने वाले और 2 लाख आगंतुक लाभान्वित होंगे।
- वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार, मुक्त व्यापार समझौते के लागू होने के पश्चात भारत-यूरोपीय संघ व्यापार में निर्यात शुल्क लागू नहीं होगा, जिससे द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग में वृद्धि की संभावना है।
- सुप्रीम कोर्ट ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 6 से 12 तक की लड़कियों को मुफ्त सैनेटरी पैड देने का आदेश दिया है।
- दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी के ट्रांस यमुना क्षेत्र में विकास को तेज करने के लिए 728 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दी है।
- उत्तर प्रदेश सरकार ने घोषणा की है कि 1 फरवरी 2026 से संपत्ति पंजीकरण के दौरान आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य होगा। नई प्रणाली के तहत खरीदार, विक्रेता और गवाह सभी का सत्यापन होना आवश्यक होगा। इससे राज्य में भूमि लेनदेन की सुरक्षा में सुधार होगा।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 31 जनवरी 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- कुर्द नेतृत्व वाली सीरिया डेमोक्रेटिक फोर्सेज (SDF) ने सीरिया सरकार के साथ एक नया समझौता किया है। इस समझौते के तहत कुर्द लोगों को नागरिक और शैक्षिक अधिकार दिए जाएंगे और विस्थापित लोगों को उनके क्षेत्रों में लौटने का आश्वासन मिलेगा।
- संयुक्त अरब अमीरात के केंद्रीय बैंक ने देश का पहला डॉलर से जुड़ा स्टेबलकॉइन मंजूर किया। यह डिजिटल पैसा और क्रिप्टोकरेंसी के नियम बनाने में एक बड़ा कदम है। स्टेबलकॉइन का मूल्य स्थिर रहता है क्योंकि इसे अमेरिकी डॉलर जैसी मुद्रा से जोड़ा गया है।
- संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय और विभिन्न प्रतिष्ठित मानवाधिकार संगठनों ने पाकिस्तानी वकीलों इमान ज़ैनब मज़ारी-हाज़िर और हादी अली चट्टा को दोषी ठहराए जाने और सजा सुनाए जाने की निंदा की है।
- बर्लिन में मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधि समूह ने पाकिस्तान के 27वें संवैधानिक संशोधन के संबंध में अपनी गंभीर चिंताएं व्यक्त की हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यह संशोधन न्यायपालिका की स्वतंत्रता को प्रभावित करेगा और कार्यपालिका को असामान्य रूप से अधिक अधिकार प्रदान करेगा।
- नेपाल के वित्त मंत्री श्री रामेश्वर प्रसाद खनाल की उपस्थिति में भारत ने नेपाल को चुनाव संबंधी सहायता की दूसरी किस्त भेंट की। इस सहायता के अंतर्गत नेपाल सरकार को 250 से अधिक वाहन प्रदान किए गए, जो आगामी चुनावों की तैयारियों में योगदान करेंगे।
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 31 जनवरी 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- संयुक्त अरब अमीरात ने T20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी राष्ट्रीय टीम का एलान कर दिया है। टीम की कप्तानी मुहम्मद वसीम करेंगे। ICC का यह मेगा इवेंट 7 फरवरी से शुरू होगा।
- पेरिस पैरालंपिक 2024 के गोल्ड मेडलिस्ट हरविंदर सिंह एवं ब्रॉन्ज मेडलिस्ट शीतल देवी ने पैरा नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप 2026 में भाग लिया है। यह प्रतियोगिता नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स (NIS), पटियाला में 30 जनवरी से 2 फरवरी तक आयोजित की जा रही है और इसमें 20 से अधिक राज्यों से 190 से अधिक पैरा तीरंदाज शामिल हैं। आयोजन का प्रबंध पंजाब आर्चरी एसोसिएशन द्वारा किया गया है।
- झारखंड राज्य में 27 से 31 जनवरी के बीच आयोजित 69वीं राष्ट्रीय अंडर-17 हॉकी चैंपियनशिप के चौथे दिन लीग मैचों का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा संचालित 63 लड़कियों और लड़कों की टीमें भाग ले रही हैं।
- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने T20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज के लिए मैच अधिकारियों का पैनल घोषित किया। इस पैनल में भारत के चार अनुभवी अंपायर्स और बांग्लादेश के शरफुद्दौला इब्ने शाहिद तथा गाजी सोहेल को शामिल किया गया है।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की परीक्षा की डेटशीट जारी कर दी है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 9 से 14 फरवरी 2026 तक दो शिफ्ट में होंगी।
- राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने सीनियर टीचर ग्रेड-II परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट rpsc.rajasthan.gov.in पर जाकर परिणाम PDF फॉर्मेट में देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
- कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने मल्टी टास्किंग स्टाफ और हवलदार परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी स्लिप जारी कर दी है। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट से इसे डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा 4 से 15 फरवरी के बीच आयोजित की जाएगी।
- राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने NIFTEE परीक्षा 2026 के लिए सिटी स्लिप जारी कर दी है। परीक्षा के लिए उम्मीदवार अपनी परीक्षा स्थल की जानकारी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं। परीक्षा 8 फरवरी को आयोजित होगी।
- इंस्टिट्यूट ऑफ़ बैंकिंग पर्सोनेल सिलेक्शन (IBPS) द्वारा RRB क्लर्क प्रारंभिक परीक्षा का स्कोरकार्ड जारी कर दिया गया है। अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। मुख्य परीक्षा 1 फरवरी को निर्धारित की गई है।
- नेशनल बोर्ड ऑफ एग्ज़ामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने FMGE 2026 परीक्षा के रिजल्ट जारी कर दिए हैं। इसमें कुल सफल उम्मीदवारों का प्रतिशत 23.77% रहा। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपने व्यक्तिगत परिणाम प्राप्त कर सकते हैं।
- राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा प्रोटेक्शन ऑफिसर परीक्षा की फ़ाइनल आंसर-की प्रकाशित कर दी गई है। अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से फाइनल आंसर-की एवं परीक्षा में अर्जित अंकों की पुष्टि कर सकते हैं।
- फरवरी के पहले सप्ताह में परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए 4 करोड़ से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।
आशा है कि आपको 31 जनवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।
One app for all your study abroad needs






60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!
