स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 30 जनवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 30 जनवरी 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 30 जनवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- भारत में 30 जनवरी को ‘शहीद दिवस’ मनाया जाता है। यह दिन महात्मा गांधी की पुण्यतिथि है, जिन्हें नाथूराम गोडसे ने नई दिल्ली के बिरला भवन में गोली मारकर हत्या कर दी थी।
- केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय बजट 2026-27 को 1 फरवरी को संसद में प्रस्तुत किया जाएगा। बजट सत्र का प्रथम चरण 13 फरवरी तक चलेगा, वहीं द्वितीय चरण का आयोजन 9 मार्च से 2 अप्रैल के बीच किया जाएगा। बजट सत्र के दौरान कुल 30 बैठकें प्रस्तावित हैं।
- आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में देश की वास्तविक GDP वृद्धि दर 7.4 प्रतिशत अनुमानित है। इसके साथ ही वित्त वर्ष 2026-27 में आर्थिक वृद्धि 6.8 से 7.2 प्रतिशत के दायरे में रहने की संभावना जताई गई है। यह आकलन केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने संसद में प्रस्तुत किया है।
- सर्वोच्च न्यायालय ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा उच्च शिक्षा संस्थानों में लागू समानता सर्वधन नियम–2026 पर रोक लगा दी है। न्यायालय ने नियमों के कुछ प्रावधानों को लेकर आपत्तियाँ दर्ज कीं और उन्हें सामान्य वर्ग के प्रति भेदभावपूर्ण माना।
- इकोनॉमिक सर्वे 2025-26 के अनुसार, भारत ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स में 38वें स्थान पर पहुँच गया है। साल 2019 में भारत इस सूची में 66वें स्थान पर था।
- कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल सरकार को भारत-बांग्लादेश सीमा के नौ जिलों में अधिकृत भूमि 31 मार्च तक BSF को सौंपने का निर्देश दिया है।
- भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और यूरोपीय प्रतिभूति एवं बाज़ार प्राधिकरण (ESMA) के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष तथा यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष की हालिया भारत यात्रा के अवसर पर संपन्न हुआ।
- नीति आयोग ने संपूर्णता अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की है, जो 14 अप्रैल तक चलेगा। इसका उद्देश्य 112 आकांक्षी जिलों और 513 आकांक्षी ब्लॉकों में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, स्वच्छता और मातृ-शिशु स्वास्थ्य जैसे प्रमुख विकास संकेतकों को सुदृढ़ करना है।
- आयुष मंत्रालय ने आयुष निर्यात संवर्धन परिषद (आयुषएक्सिल) और एक त्वरित व्यापार कंपनी के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस पहल से देश में आयुष औषधियों और आरोग्य उत्पादों की व्यवस्थित ऑनलाइन उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
- नकली चांदी के सिक्के घोटाले के बाद रेलवे बोर्ड ने रिटायर कर्मचारियों को गोल्ड प्लेटेड सिल्वर मेडल देने की 20 साल पुरानी परंपरा खत्म कर दी है। यह परंपरा पहले सम्मान और सेवा का प्रतीक मानी जाती थी।
- केंद्र सरकार ने 15वें वित्त आयोग के तहत आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और त्रिपुरा के ग्रामीण स्थानीय निकायों को 1,156 करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान राशि जारी की है। इसका उद्देश्य जमीनी शासन को सुदृढ़ करना और क्षेत्रीय विकास जरूरतों को पूरा करना है।
- न्यायिक प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने प्रौद्योगिकी पर आधारित नई प्रशासनिक पहलें शुरू कीं। इस पहल के अंतर्गत उच्च न्यायालयों के सहयोग से एक डिजिटल व्यवस्था लागू की जाएगी, जिसमें निचली और उच्च अदालतों के आदेश डिजिटल रूप से साझा होंगे और इससे उच्चतम स्तर तक लंबित मामलों का व्यापक डाटा तैयार होगा।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 30 जनवरी 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- यूरोपीय संघ ने आर्थिक संकट और शासन के खिलाफ बढ़ते जनविरोध के बीच देशव्यापी प्रदर्शनों पर तेहरान की हिंसक कार्रवाई को देखते हुए रिवोल्यूशनरी गार्ड के शीर्ष कमांडरों सहित 15 ईरानी अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की।
- एमनेस्टी इंटरनेशनल ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार पर मूलभूत अधिकारों की रक्षा में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कड़ी चेतावनी जारी की है और अगले महीने होने वाले राष्ट्रीय चुनाव से पहले सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है।
- बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच 14 वर्षों के अंतराल के बाद सीधी हवाई सेवा फिर से शुरू हो गई है। इस अवसर पर एयरपोर्ट पर फ्लाइट का पारंपरिक वॉटर सैल्यूट से स्वागत किया गया, और अब ढाका–कराची रूट पर सप्ताह में दो बार उड़ानें संचालित होंगी।
- भारत और बांग्लादेश ने आपसी सहयोग के तहत 23 भारतीय और 128 बांग्लादेशी मछुआरों को उनकी नौकाओं सहित रिहा कर सुरक्षित रूप से स्वदेश भेज दिया। इससे पहले पिछले वर्ष जनवरी और दिसंबर में भारत ने 142 भारतीय मछुआरों की रिहाई में सहयोग किया था, जिसके तहत 128 बांग्लादेशी मछुआरों को भी वापस भेजा गया था।
- अमेरिका के प्रख्यात मौसम वैज्ञानिक और CBS2 के चीफ मेटियोरोलॉजिस्ट रोलैंड स्टेडहैम का 67 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
- भारत 31 जनवरी को दूसरी भारत-अरब विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। इस उच्चस्तरीय बैठक की सह-अध्यक्षता भारत और संयुक्त अरब अमीरात द्वारा की जाएगी। बैठक में अरब लीग के सदस्य देशों के विदेश मंत्री और महासचिव शामिल होंगे।
- अमेरिका के नेशनल म्यूजियम ऑफ एशियन आर्ट – स्मिथसोनियन इंस्टीट्यूशन ने दक्षिण भारत से अवैध रूप से लाए गए तीन ऐतिहासिक कांस्य मूर्तियों को भारत को लौटाने की घोषणा की है। इनमें ‘शिव नटराज’, ‘सोमस्कंद’ और ‘संत सुंदरर विद परावई’ शामिल हैं।
- अरब लीग के महासचिव अहमद अबुल घीत दूसरी भारत-अरब विदेश मंत्रियों की बैठक और उससे जुड़ी अन्य बैठकों में भाग लेने के लिए नई दिल्ली आए हैं।
यह भी पढ़ें: स्कूल असेंबली के लिए 31 जनवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 30 जनवरी 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- महिला प्रीमियर लीग में स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने यूपी वॉरियर्स को 8 विकेट से मात देकर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।
- ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की नई कप्तान सोफी मोलिनी होंगी। स्टार ऑलराउंडर को भारत के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए टीम का नेतृत्व सौंपा गया है। इस घरेलू श्रृंखला के बाद वह सभी प्रारूपों में एलिसा हीली की जगह कप्तानी संभालेंगी।
- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अमेरिका के खिलाड़ी आरोन जोन्स को बारबाडोस में हुए BIM10 लीग 2023-24 के दौरान मैच फिक्सिंग के आरोप में अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- CUET UG 2026 के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 30 जनवरी है। फॉर्म भरने के बाद आप 31 जनवरी तक फीस जमा कर सकते हैं। परीक्षा संभवतः 11 मई से 31 मई 2026 के बीच होगी।
- केंद्रीय कांस्टेबल चयन बोर्ड (CSBC) की ऑफिशियल नोटिफिकेशन के अनुसार बिहार पुलिस ड्राइवर पीईटी परीक्षा का आयोजन 12 मार्च, 2026 को किया जाएगा। जबकि परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 15 फरवरी से आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। इस परीक्षा के जरिए कुल 4361 उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी।
- UPPSC ने LT Grade असिस्टेंट टीचर परीक्षा के लिए प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। उम्मीदवार इसे डाउनलोड कर अपनी आपत्तियां 03 फरवरी, 2026 तक दर्ज कर सकते हैं।
- चिकित्सा परामर्श समिति (MCC) की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, NEET PG राउंड 3 काउंसलिंग के लिए अभ्यर्थी 30 जनवरी, 2026 से च्वाइस लॉकिंग कर सकेंगे। अलॉटमेंट परिणाम की नई तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी।
- इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) ने IB MTS 2026 परीक्षा के लिए आंसर की जारी कर दी है। उम्मीदवार इसे आधिकारिक वेबसाइट mha.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं।
- नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) की ओर से फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (FMGE) का रिजल्ट 17 फरवरी को जारी कर दिया जाएगा। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट डाउनलोड कर सकेंगे।
- उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड ने सेकेंडरी (10वीं) और सीनियर सेकेंडरी (12वीं) बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है, जिसके अनुसार परीक्षाएं 9 से 14 फरवरी 2026 तक दो शिफ्टों में आयोजित की जाएंगी।
आशा है कि आपको 30 जनवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।
One app for all your study abroad needs






60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!
