स्कूल असेंबली के लिए 27 फरवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
AI के साथ सारांशित करें
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 27 February 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 27 फरवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 27 फरवरी 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 27 फरवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. विश्व एनजीओ दिवस हर साल 27 फरवरी को मनाया जाता है। NGO का पूरा नाम नॉन-गवर्नमेंटल ऑर्गेनाइजेशन होता है। यह दिन गैर-सरकारी संगठनों के योगदान को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है।
  2. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 27 फरवरी को पंजाब के कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 28 फरवरी तक गरज और आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है।
  3. भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) 2024-25 बैच के लिए अपना 57वां दीक्षांत समारोह 27 फरवरी, 2026 को नई दिल्ली स्थित संस्थान परिसर में आयोजित करेगा। इस अवसर पर स्नातकों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
  4. निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। नामांकन प्रक्रिया 26 फरवरी से शुरू होकर 5 मार्च तक चलेगी, जबकि मतदान 16 मार्च को संपन्न होगा। महाराष्ट्र में सात, तमिलनाडु में छह, बिहार और पश्चिम बंगाल में पांच-पांच, ओडिशा में चार, असम में तीन, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में दो-दो तथा हिमाचल प्रदेश में एक सीट पर मतदान होगा।
  5. दिल्ली में पहली बार अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सव होने जा रहा है। यह महोत्सव 25 मार्च से 31 मार्च तक चलेगा। इसे भारत मण्डपम और शहर के अन्य प्रसिद्ध स्थलों पर आयोजित किया जाएगा।
  6. NMDC के अनुसंधान और विकास केंद्र ने भारत के खनिज और धातु क्षेत्र को बेहतर बनाने के लिए IIT हैदराबाद के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
  7. आयुष मंत्रालय ने ‘प्रधानमंत्री योग पुरस्कार 2026’ के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह पुरस्कार व्यक्तियों और संस्थानों की दो श्रेणियों में दिया जाएगा। हर विजेता को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और 25 लाख रुपये नकद पुरस्कार मिलेगा। आवेदन करने की आखिरी तारीख 21 मार्च है और पात्र व्यक्ति या संस्थान राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
  8. इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) और डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (DSCI) ने ‘साइबर सिक्योरिटी ग्रैंड चैलेंज 2.0’ के विजेताओं को सम्मानित किया है। इसमें प्रथम विजेता को 1 करोड़ रुपये, पहले रनर-अप को 50 लाख और दूसरे रनर-अप को 25 लाख रुपये दिए गए।
  9. नवीनतम EY इकॉनमी वॉच रिपोर्ट के मुताबिक, FY27 में भारत की इकॉनमी 6.8% से 7.2% के बीच बढ़ने का अनुमान है।
  10. रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने उत्तरी सिक्किम में सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा पुनर्निर्मित चुंगथांग-लाचेन मार्ग और 400 फीट लंबे बेली सस्पेंशन ताराम चू पुल का उद्घाटन किया है।
  11. भारत में डीप टेक इनोवेशन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए HCL Tech और IIT कानपुर ने रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस पहल के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, ऑटोमेशन और अन्य उभरती तकनीकों पर संयुक्त रूप से शोध और विकास कार्य किए जाएंगे।
  12. पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) ने आगामी होला मोहल्ला उत्सव को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए एक विशेष पहल शुरू की है।
  13. केंद्र सरकार ने पुद्दुचेरी में केंद्रीय बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) आधारित खाद्य सब्सिडी वितरण परियोजना का शुभारंभ किया है। इस योजना के तहत, रिजर्व बैंक द्वारा जारी डिजिटल करेंसी टोकन सीधे पात्र लाभार्थियों के डिजिटल वॉलेट में जमा किए जाएंगे। इन टोकनों का उपयोग केवल अधिकृत व्यापारियों और उचित मूल्य की दुकानों से खाद्यान्न खरीदने के लिए किया जा सकेगा।
  14. दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) ने सिकंदराबाद रेल निलयम में अगली पीढ़ी के रेल पार्सल ऐप का शुभारंभ किया है। इस ऐप में रीयल-टाइम ट्रैकिंग, स्वचालित सूचनाएं और सुरक्षित डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। आरंभिक चरण में यह सेवा हैदराबाद, विजयवाड़ा और बेंगलुरू सहित सात प्रमुख स्टेशनों पर शुरू की जा रही है।
  15. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिन के जापान दौरे के पहले दिन जापान की कंपनियों के साथ 11 हजार करोड़ रुपये के समझौते किए। ये समझौते कृषि उपकरण, मशीनरी, जल और पर्यावरण, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, प्रिंटिंग और रियल एस्टेट जैसे विभिन्न क्षेत्रों में हुए।
  16. सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) में पहचान सत्यापन हेतु 10वीं कक्षा का प्रवेश पत्र या उत्तीर्ण प्रमाण पत्र पूरक दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है।
  17. भारतीय नौसेना का प्रमुख बहुपक्षीय समुद्री अभ्यास मिलन 2026 विशाखापत्तनम तट के पास विमानवाहक पोत INS विक्रांत पर आयोजित समापन समारोह के साथ संपन्न हुआ। इस अभ्यास में कुल 42 जहाज और पनडुब्बियां तथा 29 विमान सम्मिलित थे, जिनमें मित्र देशों के 18 जहाज भी शामिल थे।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 27 फरवरी 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 27 फरवरी से 2 मार्च तक भारत के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। यह प्रधानमंत्री कार्नी की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी।
  2. पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के विरुद्ध खुले युद्ध की घोषणा की है। इससे पूर्व तालिबान प्रशासन ने सीमा पार कार्रवाई में कई पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराने तथा कुछ को हिरासत में लेने का दावा किया था।
  3. भारत और इजरायल ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान, भू-भौतिकीय अन्वेषण, मत्स्य पालन, जलीय कृषि, UPI और AI के जरिए शिक्षा को बढ़ावा देने जैसे कई क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया है।
  4. ईरान और अमेरिका के राजनयिक तीसरे दौर की परमाणु वार्ता के लिए जेनेवा में बैठक करने जा रहे हैं। वहीं, अमेरिका ने ईरान के तेल व्यापार और हथियारों के नेटवर्क पर ताजा प्रतिबंध भी लगाए हैं।
  5. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने Google के साथ साझेदारी की है ताकि गूगल मैप्स पर अधिकृत आधार केंद्र दिखाए जा सकें। इससे देशभर के लोग अपने नजदीकी आधार केंद्र तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 27 फरवरी 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. ICC T20 विश्व कप के सुपर 8 के ग्रुप 2 का 48वां मैच 27 फरवरी को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच कोलंबो के आर प्रेमदास स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। 
  2. चेन्नई में खेले गए ICC पुरुष T20 विश्व कप के सुपर-8 मैच में भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हरा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 256 रन बनाए, जबकि जिम्बाब्वे 184 रन ही बना सकी।
  3. ICC T-20 विश्व कप 2026 में दक्षिण अफ्रीका ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराकर ग्रुप A से सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. UPSC सिविल सर्विस एग्जामिनेशन 2026 के लिए आवेदन आज यानी 27 फरवरी तक किए जा सकते हैं। आवेदन के बाद करेक्शन विंडो ओपन की जाएगी।
  2. नेशनल एजुकेशन पॉलिसी (NEP 2020) और नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क फॉर स्कूल एजुकेशन (NCFSE 2023) के तहत केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) अगले सत्र 2027-28 से नया CBSE थर्ड लैंग्वेज पॉलिसी 2026 लागू करने जा रहा है। इस नीति के अनुसार कक्षा 6 से सभी छात्रों के लिए दो भारतीय भाषाओं के साथ एक विदेशी भाषा पढ़ना अनिवार्य होगा।
  3. EMRS ने घोषणा की है कि टीचिंग और नॉन-टीचिंग परीक्षा 22 से 25 मार्च, 2026 तक देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा दो शिफ्टों में संपन्न होगी।
  4. CBSE की ओर से बिहार के दो परीक्षा केंद्रों पर CTET री-एग्जाम 1 मार्च को करवाया जाएगा। 
  5. झारखंड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर 25 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
  6. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने टेक्नीशियन ग्रेड 1 और 3 भर्ती के लिए एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी कर दी है। आप RRB चंडीगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट rrbcdg.gov.in पर लॉग इन करके इसे डाउनलोड कर सकते हैं।
  7. UP DElEd 1st और 3rd का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। आप आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रिजल्ट देख सकते हैं और अपनी मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं।
  8. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) सेक्शन कंट्रोलर CBT परीक्षा के लिए प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी गई है। आप अपने प्रश्नों के उत्तरों का मिलान कर सकते हैं। किसी उत्तर से असंतुष्ट होने पर आप 5 मार्च तक आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।
  9. गुजरात के कच्छ जिले में PM श्री योजना के तहत 18 नए स्कूल बनाने की मंजूरी दी गई है। ये स्कूल आदर्श विद्यालय होंगे और अगले शैक्षणिक सत्र से शुरू होंगे। इनमें स्मार्ट क्लास, आधुनिक प्रयोगशालाएं, डिजिटल लाइब्रेरी और खेल की सुविधाएं होंगी।
  10. उत्तर प्रदेश सरकार ने जापान के यामानाशी प्रांत के साथ ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक को लेकर एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के अंतर्गत भारतीय छात्रों को जापान में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त होगा।

आशा है कि आपको 27 फरवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*