स्कूल असेंबली के लिए 22 फरवरी की मुख्य समाचार सुर्खियां

1 minute read
Today's News Headlines in Hindi for School Assembly 22 February 2026

स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 22 फरवरी, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं। 

स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 22 फरवरी 2026

अब जानते हैं देश से जुड़ी 22 फरवरी की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।

  1. ‘विश्व चिंतन दिवस’ हर साल 22 फरवरी को मनाया जाता है। यह स्काउट्स और गाइड्स के लिए खास दिन है। इसकी शुरुआत 1926 में हुई थी। इस दिन युवाओं को सामाजिक और वैश्विक मुद्दों पर सोचने और अपने अधिकारों व जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया जाता है।
  2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार 22 फरवरी को सुबह 11 बजे आकाशवाणी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश और विदेश के लोगों से अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम का 131वां संस्करण होगा।
  3. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 22 फरवरी को दक्षिण तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकाल में तेज बारिश हो सकती है। केरल और माहे में आज गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, अगले सात दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
  4. पीएम नरेंद्र मोदी 22 फरवरी 2026 को मेरठ आएंगे। वे दोपहर 12:30 बजे शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा करेंगे। दोपहर 1 बजे वे करीब 12,930 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
  5. भारत और ब्राजील ने नई दिल्ली में आयोजित बैठक के दौरान डिजिटल अर्थव्यवस्था, दुर्लभ तथा महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों, लघु एवं मध्यम उद्यमों और तटीय क्षेत्रीय विकास में द्विपक्षीय सहयोग को सुदृढ़ करने हेतु अनेक समझौतों को औपचारिक रूप प्रदान किया।
  6. RBI द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 13 फरवरी को समाप्त सप्ताह में 8.663 अरब डॉलर बढ़कर ऑल-टाइम हाई 725.727 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।
  7. गोवा के वेरेम में स्थित नौसेना युद्ध महाविद्यालय में गोवा समुद्री सम्मेलन 2026 का पांचवां संस्करण प्रारंभ हुआ। इस सम्मेलन का विषय ‘हिंद महासागर क्षेत्र: उभरती समुद्री चुनौतियों का समाधान-गतिशील खतरों को कम करने के लिए प्रगतिशील प्रयास’ है। इस दौरान क्षेत्रीय सहयोग और साझेदारी को सुदृढ़ करने पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।
  8. उत्तरी रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और कश्मीर से बेहतर संपर्क के लिए बुडगाम और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन की सेवा 2 जुलाई तक बढ़ा दी है। पहले यह ट्रेन 11 फरवरी से 3 मार्च तक चलनी थी, लेकिन अब 4 मार्च से 2 जुलाई तक जारी रहेगी।
  9. नागरिक उड्डयन मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में हवाई अड्डों की सुविधाओं में सुधार के कारण यात्रियों की संख्या बढ़कर प्रति वर्ष 42 लाख हो गई है।
  10. क्वालकॉम टेक्नोलॉजीज, इंक. ने टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ एक रणनीतिक सहयोग की घोषणा की है। इस सहयोग के अंतर्गत, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स असम के जगीरोड में क्वालकॉम के ऑटोमोटिव मॉड्यूल के उत्पादन और परीक्षण हेतु उच्च-क्षमता वाली सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्ट (OSAT) सुविधा का संचालन करेगा। यह पहल भारत के ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम तथा वैश्विक और राष्ट्रीय ऑटोमोटिव सप्लाई चेन की विविधता को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
  11. बंगाल के प्रख्यात साहित्यकार मणि शंकर मुख़र्जी का 92 वर्ष की आयु में कोलकाता के एक प्राइवेट अस्पताल में निधन हो गया है। 
  12. केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने टेटनस और डिप्थीरिया टीके का शुभारंभ किया है। यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश के कसौली स्थित केंद्रीय अनुसंधान संस्थान में आयोजित किया गया है। यह टेटनस और डिप्थीरिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
  13. भारत सरकार ने चालू वित्त वर्ष में गोवा, मेघालय, सिक्किम और उत्तराखंड के ग्रामीण स्थानीय निकायों को 15वें वित्त आयोग के अनुदानों के अंतर्गत 137 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन को मजबूत करना है।
  14. सर्वोच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) में चुनाव आयोग की मदद के लिए वर्तमान और पूर्व जिला न्यायाधीशों को नियुक्त करने का निर्देश दिया है।
  15. झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने 6,450 करोड़ रुपये का तीसरा पूरक बजट पेश किया है। इस बजट में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास परियोजनाओं और अधूरे कार्यों के लिए अतिरिक्त धन दिया गया है।

स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 22 फरवरी 2026

इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

  1. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नए वैश्विक टैरिफ की घोषणा की है। इसके तहत भारत पर अस्थायी रूप से 10% टैरिफ लगेगा। यह नया टैरिफ कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं है, बल्कि पहले लागू किए गए आपातकालीन आर्थिक कानून के शुल्कों की जगह लेगा, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया था।
  2. अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ को गैरकानूनी करार दिया है। इसके बाद बांग्लादेश के अर्थशास्त्रियों और व्यापारिक नेताओं ने सरकार से अमेरिका के साथ हुए समझौते पर फिर से विचार करने को कहा है।
  3. बांग्लादेश ने ‘संयुक्‍त राष्‍ट्र विकास नीति समिति’ को औपचारिक रूप से यह अनुरोध किया है कि वैश्विक और घरेलू आर्थिक झटकों के कारण उसकी LDC श्रेणी से बाहर निकलने की प्रक्रिया तीन वर्षों के लिए स्थगित की जाए। समिति इस विषय पर 24-28 फरवरी के दौरान समीक्षा बैठक आयोजित करेगी।
  4. डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने कांग्रेस को सूचित किया है कि वह 14 वर्षों के बाद सीरिया के दमिश्क में अमेरिकी दूतावास को पुनः खोलने की योजना पर काम कर रहा है। सीरिया में गृहयुद्ध के दौरान वर्ष 2012 में यह दूतावास बंद किया गया था।
  5. अबू धाबी की प्रौद्योगिकी कंपनी G42 एवं एआई चिप निर्माता Cerebras भारत में 8 एक्सफ़्लॉप्स की अधिकतम कंप्यूटिंग क्षमता वाला राष्ट्रीय एआई सुपरकंप्यूटर स्थापित करेंगे। यह प्रणाली ‘मोहम्मद बिन जायद आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस विश्वविद्यालय’ तथा C-DAC के सहयोग से विकसित की जाएगी।
  6. अजमान के शासक एवं सर्वोच्च परिषद के सदस्य हुमैद बिन राशिद अल नुऐमी ने Operation Chivalrous Knight 3 के तहत रमजान के अवसर पर गाजा पट्टी में मानवीय राहत प्रदान करने हेतु हवाई पुल स्थापित करने का निर्देश जारी किया। इस पहल के माध्यम से खाद्य पैकेट, चिकित्सा आपूर्ति और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं UAE ने गाजा में 120 मिलियन अमेरिकी डॉलर की सहायता की घोषणा की। 

स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 22 फरवरी 2026

अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नज़र डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।

  1. ICC T20 विश्व कप के सुपर 8 के ग्रुप 2 का 42वां मैच इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच पल्लेकेले के पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच दोपहर 3 बजे शुरू होगा। 
  2. ICC T20 विश्व कप के सुपर 8 के ग्रुप 1 का 43वां मैच भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। 
  3. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आखिरी और निर्णायक मैच में ऑस्ट्रेलिया को 17 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की T20 सीरीज 2-1 से जीत ली।
  4. FIH प्रो लीग 2026 में 24 फरवरी को भारत सामना स्पेन से होगा और 25 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत इस चरण का अंतिम मैच खेलेगा।

एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां

इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।

  1. बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) ने स्कूल एंट्रेंस टेस्ट (SET) के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं। इच्छुक उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 मार्च और फॉर्म में सुधार की अंतिम तिथि 23 मार्च, 2026 है।
  2. मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट (MPSET) परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट mppsc.mp.gov.in से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
  3. ओ.पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी ने तीन नए एमए प्रोग्राम शुरू किए हैं: विधायी मसौदा तैयार करना, चुनावी विश्लेषण और प्रबंधन और राजनीतिक संचार। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य लोकतंत्र, चुनाव, राजनीतिक अभियान और कानून बनाने से जुड़े पेशेवरों की बढ़ती जरूरत को पूरा करना है।
  4. टेक महिंद्रा ने अपने प्रोजेक्ट इंडस इनिशिएटिव के तहत NVIDIA के साथ साझेदारी की है, ताकि एक नया एजुकेशन-फोकस्ड लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) लॉन्च किया जा सके। इसका उद्देश्य पूरे देश में हाई-क्वालिटी लर्निंग के अवसर देना है।
  5. पीएम मोदी ने कानपुर के ‘राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान’ (NSTI) में एयरोनॉटिक्स और डिफेंस सेक्टर में कौशल विकास के लिए एक राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (NCoE) स्थापित करने की घोषणा की है। यह केंद्र कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) की प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड ITI (PM-सेतु) योजना के तहत फ्रांस सरकार के सहयोग से स्थापित किया जाएगा।

आशा है कि आपको 22 फरवरी की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

Leave a Reply

Required fields are marked *

*

*