स्कूल असेंबली में समाचार पढ़ने का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों को देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से जोड़ना भी होता है। इसी उद्देश्य से यहां 20 मार्च, 2026 की प्रमुख समाचार सुर्खियां प्रस्तुत की गई हैं, जो असेंबली के लिए उपयुक्त हैं और जिन्हें छात्र आसानी से पढ़ सकते हैं। इस आर्टिकल में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल और शिक्षा से जुड़ी खबरें शामिल हैं। ये सभी सुर्खियां आधिकारिक स्रोतों पर आधारित हैं।
This Blog Includes:
स्कूल असेंबली के लिए राष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 20 मार्च 2026
अब जानते हैं देश से जुड़ी 20 मार्च की कुछ प्रमुख खबरें, जो भारत में चल रही अहम घटनाओं से संबंधित हैं।
- अंतर्राष्ट्रीय खुशी दिवस (International Day of Happiness 2026) हर साल 20 मार्च को मनाया जाता है। इसे वर्ष 2012 में संयुक्त राष्ट्र ने लोगों के जीवन में खुशी और अच्छे जीवन के महत्व को समझाने के लिए शुरू किया था।
- भारत सरकार द्वारा पश्चिम एशिया संघर्ष से प्रभावित भारतीय निर्यातकों को सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से ‘निर्यात प्रोत्साहन के लिए रिजिलियेंस और लॉजिस्टिक इंटरवेंशन योजना’ का शुभारंभ किया गया है।
- वरिष्ठ राजनयिक ‘विक्रम दुरईस्वामी’ को चीन में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान में ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त के पद पर कार्यरत हैं।
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 2026-27 से 2030-31 तक के लिए ‘लघु जलविद्युत विकास योजना’ को मंजूरी दी है। इस योजना पर लगभग 2,585 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसका लक्ष्य 1500 मेगावाट क्षमता की लघु जलविद्युत परियोजनाएं स्थापित करना है।
- भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) आगामी विधानसभा चुनाव में वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, सशस्त्र बल कर्मियों एवं चुनावी ड्यूटी पर तैनात मतदाताओं को डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की सुविधा प्रदान करेगा।
- भारतीय रेलवे अनधिकृत बिक्री को समाप्त करने और रेल यात्रियों के लिए प्रमाणित खानपान सेवाओं की सुनिश्चितता के लिए QR कोड वाले पहचान पत्र और डिजिटल रूप से ट्रेस किए जाने वाले खाद्य पैकेट का इस्तेमाल करेगा।
- संयुक्त राष्ट्र बाल मृत्यु दर अनुमान अंतर-एजेंसी समूह (UNIGME) की 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में बाल मृत्यु दर में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
- इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार, आधार कार्ड दुनिया का सबसे बड़ा बायोमेट्रिक आईडेंटिफिकेशन सिस्टम बन गया है। इसमें लगभग 134 करोड़ एक्टिव यूजर हैं और अब तक 17,000 करोड़ से ज्यादा ऑथेंटिकेशन ट्रांजैक्शन पूरे हो चुके हैं।
- भारत की ऊर्जा क्षमता बढ़कर जनवरी 2026 तक 520.51 गीगावाट हो गई है।
- हिमाचल प्रदेश सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के अनुसार, कार्यालय में जींस और टी-शर्ट पहनने पर प्रतिबंध है और कर्मचारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सरकारी नीतियों पर टिप्पणी करने की अनुमति नहीं होगी।
- पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (CCEA) ने उत्तर प्रदेश के बाराबंकी और बहराइच के बीच नेशनल हाईवे 927 के चार-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड हिस्से के निर्माण के लिए INR 6,969.04 करोड़ की मंज़ूरी दी है।
स्कूल असेंबली के लिए अंतरराष्ट्रीय समाचार सुर्खियां 20 मार्च 2026
इस भाग में दुनिया से जुड़ी ऐसी खबरें दी गई हैं, जो आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
- ब्रिटेन के केंट क्षेत्र में घातक मेनिन्जाइटिस (मस्तिष्क ज्वर) के प्रकोप के बाद तत्काल सार्वजनिक स्वास्थ्य चेतावनी जारी की गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, मेनिन्जाइटिस रोग विभिन्न प्रकार के जीवाणुओं के कारण होता है। इसके प्रमुख लक्षणों में बुखार, सिरदर्द, तेज श्वसन, सुस्ती, कंपकंपी, उल्टी तथा हाथ-पैरों का ठंडा पड़ना शामिल हैं।
- अमेरिकी नौसेना का विमानवाहक पोत USS Gerald R. Ford ईरान से जुड़े तनाव के बीच अपने परिचालन मिशन से अस्थायी रूप से हट गया है। अब इसे मरम्मत के लिए ग्रीस के सूदा खाड़ी स्थित नौसैनिक अड्डे पर ले जाया जा रहा है।
- पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने ईद-उल-फितर के मौके पर कुछ समय के लिए युद्ध रोकने का फैसला किया है। यह निर्णय सऊदी अरब, तुर्किए और कतर के अनुरोध पर लिया गया है।
- भारत की सहायता से निर्मित 240 फुट लंबे बेली पुल का श्रीलंका के चिलाव-थोडुवावा मार्ग पर उद्घाटन किया गया। यह दोहरा और चौड़ा पुल कोलंबो-पुट्टलम तटीय मार्ग पर यात्री आवागमन और माल परिवहन को बेहतर बनाएगा।
स्कूल असेंबली के लिए खेल समाचार सुर्खियां 20 मार्च 2026
अब खेल जगत से जुड़ी आज की मुख्य खबरों पर नजर डालते हैं, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल अपडेट शामिल हैं।
- महिला एशियाई कप के प्ले-इन मैच में फिलीपींस ने उज्बेकिस्तान को 2-0 से हराकर फीफा महिला विश्व कप-2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
- इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और वर्तमान चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच 28 मार्च को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में खेला जाएगा।
- IPL 2026 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने आयरलैंड के पूर्व ऑलराउंडर ‘जॉन मूनी’ को टीम का नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है।
- FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत 19 अगस्त को पूल-D के मैच में पाकिस्तान से खेलेगा। यह मैच शाम 6:30 बजे एम्स्टेलवीन के वैगेनर हॉकी स्टेडियम में होगा। वहीं भारतीय महिला हॉकी टीम अपना अभियान 16 अगस्त को एम्स्टर्डम के वैगनर स्टेडियम में एशियन चैंपियन चीन के खिलाफ शुरू करेगी।
एजुकेशन न्यूज की आज की समाचार सुर्खियां
इस सेक्शन में छात्रों से सीधे जुड़ी शिक्षा संबंधी खबरें दी गई हैं, जैसे परीक्षाएं, भर्ती और शैक्षणिक अपडेट्स।
- केंद्रीय विद्यालय बाल वाटिका 1, 2, बाल वाटिका 3 और कक्षा 1 में एडमिशन के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है। इन कक्षाओं में एडमिशन के लिए आवेदन 20 मार्च से 2 अप्रैल तक किए जा सकते हैं।
- दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने UG और PG ऑडिट सेमेस्टर के रिजल्ट जारी कर दिए हैं। इसमें BA, B.Sc, B.Com और MA, M.Sc, M.Com जैसे कोर्स के रिजल्ट शामिल हैं। आप इन्हें DDU की आधिकारिक वेबसाइट ddugu.ac.in पर देख सकते हैं।
- राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने ग्रुप-A, B और C परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी किया है। आप आधिकारिक वेबसाइट ncert.nic.in के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
- EMRS Tier 2 का एडमिट कार्ड अब डाउनलोड के लिए उपलब्ध है। आप अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्म तिथि का उपयोग करके NESTS पोर्टल पर लॉग इन कर सकते हैं। Tier 2 की परीक्षाएं शिक्षण और गैर-शिक्षण पदों के लिए 22 मार्च से 25 मार्च, 2026 तक होंगी।
- स्कूल शिक्षा में बड़े बदलाव के तहत NCERT ने नई शिक्षा नीति 2020 के अनुसार पाठ्यक्रम और किताबों से संबंधित अहम जानकारी साझा की है। इसके मुताबिक, कक्षा 10 और 11 के लिए नई किताबें सत्र 2027-28 से लागू होंगी, जबकि 2026-27 के सत्र में छात्र पुरानी किताबों का ही अध्ययन करेंगे।
आशा है कि आपको 20 मार्च की स्कूल असेंबली न्यूज हेडलाइंस पर आधारित यह आर्टिकल पसंद आया होगा। ऐसे ही डेली स्कूल असेंबली न्यूज और स्कूल एजुकेशन से संबंधित लेख पढ़ने के लिए Leverage Edu पर बने रहें।

One app for all your study abroad needs



60,000+ students trusted us with their dreams. Take the first step today!